कोडरमा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव व रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कोविड टेस्टिंग किया जा रहा है ताकि संक्रमित होने पर उन्हें सामुचित इलाज किया जा सके। जिला मलेरिया पदाधिकारी सह सर्विलांस पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार द्वारा बताया कि कोरोना जांच में 152 लोग पॉजिटिव पाये गये हैं। इसमें ट्रू नेट जांच में 34, आरटीपीसीआर जांच में 101 एवं एंटी जेन जांच में 17, कुल 152 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। साथ ही 02 संक्रिमत डीसीएचसी में भर्ती हैं और 522 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं दूसरी तरफ होम आइसोलेशन में रह रहे 32 व डीसीएचसी में भर्ती 01 मरीज स्वास्थ्य हो गये हैं। जिले में कुल सक्रिय मामले 524 है।
चौपारण, हजारीबाग। शराब माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक राजीव नयन और थाना प्रभारी स्वपन्न कुमार महतो के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम के थाना क्षेत्र के रेनबो करमा में चल रहे अवैध देसी महुआ शराब भट्?ठी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए पुलिस ने अवैध शराब की छह भट्टीयों को ध्वस्त किया। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक राजीव नयन द्वारा बताया गया कि अवैध भट्ठियों को नष्ट करते हुए करीब 3000 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया। इसके साथ ही वहां से करीब 200 लीटर निर्मित देसी महुआ शराब को भी जब्त किया गया है। वहीं सभी तस्कर भगने में सफल रहे। अवैध रूप से संचालित भट्ठियों में संलिप्त लोगों को पता लगाया जा रहा है। उनके खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज की जाएगी। छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक राजीव नयन, चौपारण थाना प्रभारी स्वपन कुमार महतो के अलावे उत्पाद विभाग के सिपाही एवं चौपारण सशत्र बल के जवान शामिल थे।
बड़कागांव। गोंदलपुरा कोल ब्लॉक के ग्रामीणों की स्वीकृति के लिए निर्धारित आमसभा ग्रामीणों के हो हंगामा के कारण स्थगित हो गया। आम सभा गोंदलपुरा शिव मंदिर के प्रांगण में पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला की अध्यक्षता में की गई, जहां अंचल निरीक्षक अनोज कुमार, राजस्व कर्मचारी अशोक कुमार पांडे, अंचल अमीन ब्रह्मदेव रबानी, कंपनी की ओर से डीजीएम संजय कुमार, शुभम अरमलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम चरण में वन भूमि के लिए ग्रामीणों को मिले पट्टा अथवा मिलने के कगार से संबंधित अधिकार संरक्षित के लिए कंपनी के पोषक क्षेत्र के गांव में आम सभा की जा रही थी। लेकिन ग्रामीण बिना बात सुने ही विरोध प्रदर्शन करने लगे। जिन ग्रामीण रैयतों के पास वन भूमि पर दखल एवं पट्टा प्राप्त है उस आंकड़े को वन भूमि के पास दावा पेश किया जाता ताकि रैयतो को मुआवजा मिल सके। वही ग्रामीणों का कहना है कि जब हम लोग कोयला खदान खोलने के पक्ष में है ही नहीं तो फिर आम सभा का औचित्य ही क्या। अंत में हो हंगामा के बाद आम सभा स्थगित हो गई। ज्ञात हो कि बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपूरा कोल ब्लॉक के नाम से अडानी कंपनी को आवंटन हुआ है। कंपनी के लोग लगातार क्षेत्र में कई तरह के कार्यक्रम चलाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के साथ बैठक, सर्वेक्षण कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन ग्रामीणों द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है।
टीम एबीएन, हजारीबाग। कोरोना संक्रमण को देखते हुए हजारीबाग बार एसोसिएशन को बंद कर दिया गया है। बार संघ के कार्यकारिणी सदस्य सह मीडिया प्रभारी कुणाल कुमार ने बताया कि स्टेट बार काउंसिल के निर्देश पर यशवंत सिन्हा विधि भवन और लाइब्रेरी हॉल को बंद किया गया है। इन भवनों में केवल अधिवक्ताओं का ही प्रवेश किया जा रहा है, क्लाइंट का प्रवेश वर्जित हो गया है उन्होंने बताया कि बार संघ की ओर से मंगलवार को अधिवक्ताओं के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं को समाजिक दूरी बनाकर ते हुए कार्य करने की अपील की है।
टीम एबीएन, हजारीबाग। हजारीबाग व्यवहार न्यायालय में कोरोना विस्फोट हुआ है। एक साथ एक दर्जन से अधिक न्यायिक पदाधिकारी व कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार को न्यायालय परिसर में विशेष व्यवस्था के तहत आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया। जिसमें 110 न्यायिक पदाधिकारी व कर्मचारियों का सैंपल लिया गया जिसमें तेरा लोग संक्रमित पाए गए कोरोना विस्फोट के कारण अधिवक्ताओं एवं न्यायालय पदाधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
दुमका। प्रतिबंधित दवा कफ सिरप और एक बोरा नशीली दवा अफ्राजोल टेबलेट बरामद करते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरापी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरणाकुंडी तेतरपाडा निवासी राजेश राय है। राजेश राय खेल संघ से जुड़ा है। इस बावत मंगलवार को प्रेसवार्ता कर मुफस्सिल थाना परिसर में एसडीपीओ, सदर मो नूर मुस्तफा अंसारी ने बताया कि एसपी अंबर लकड़ा को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत हरणाकुंडी के तेतरपाडा में राजेश राय के घर में भारी मात्रा में कोरेक्स एवं अन्य प्रतिबंधित दवाएं छिपाकर रखा गया है। सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ, सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। तलाशी के क्रम में राजेश कुमार राय के घर के बरामदे के कोने से प्लास्टिक से छिपाकर बोरा एवं कार्टून में बंद भारी मात्रा में कोरेक्स, आॅनरेक्स डनारेक्स, कॉडेक्स आदि बरामद किया गया। इस संबंध में जब राजेश राय से पूछताछ की गई तो राजेश संतोषजनक जबाव नहीं दिया और नहीं कोई कागजात ही उपलब्ध करा सका। पुलिस को अनुसंधान के क्रम में पता चला कि इन दवाओं को पड़ोस में रहने वाले सूरज गुप्ता और उसकी पत्नी जुली कुमारी ने अगस्त माह में घर पर रखने को दिया था। पुलिस करीब 4500 कफ सिरप का शीशी और नशे का दवा बरामद की है। आरोपी सुरज गुप्ता नगर थाना अंतर्गत पटना से रांची होते हुए ट्रांसपोर्ट के माध्यम से प्रतिबंधित दवा की बड़ी खेप बरामद की थी। मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए सूरज गुप्ता समेत दो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पांच दिन पूर्व ही सुरज जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद सुरज ने एक बोरा कफ सिरप राजेश के घर से वापस भी लाया था। हरणाकुंडी निवासी सुरज कुमार का नगर थाना रोड में मेडिकल की दुकान है। इसी दुकान की आड़ में वह बाहर से प्रतिबंधित कफ सिरप मंगाकर जिला के विभिन्न प्रखंडों में भेजता है। इस काम में सुरज की पत्नी जुली कूमारी उसका साथ देती है। पुलिस सुरज गुप्ता और उसकी पत्नी जुली कुमारी की तलाश में जुटी है। इस संबंध में राजेश राय की पत्नी पल्लवी शर्मा ने पुलिस को बताया कि अगस्त माह में सुरज की पत्नी जुली कुमारी ने दवा रखने को दी और कहा कि इसके बदले वह हर माह छह सौ रुपया देगी। जबकि पुलिस का कहना है कि इस काम में पुरा परिवार लगा हुआ है। सुरज दवा राजेश के मकान पर रखता और मौका मिलने पर उसे बाहर भेजता था। प्रेसवार्ता में ड्रग इंस्पेक्टर विकास कुमार ने कहा कि राजेश के घर से काफी मात्रा में प्रतिबंधित दवा मिला है। जिसकी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस भादवी की धारा 420/120 बी/34 एवं एनडीपीएस एक्ट-18 समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस छापेमारी कर रही है।
टीम एबीएन, पलामू। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा है कि कोरोना के तीसरे लहर के व्यापक प्रभाव को देख सरकार ने सभी स्कूलों /शैक्षणिक संस्थानों को 15 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया है। लॉकडाउन की अवधि आगे न बढ़े, इसके लिए जिला प्रशासन को आगे बढ़ कर शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर देना होगा। लंबे समय तक शैक्षणिक संस्थानों को बंद करना स्कूल संचालकों और विद्यार्थियों के हित में कतई नहीं हैं। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन से विनम्र आग्रह है कि 15-18 वर्ष के बच्चों में टीकाकरण तेज करने के लिए स्थानीय जिला प्रशासन सभी स्कूलों को टीकाकरण का केंद्र बनाये। जिसमें उन्हें सभी स्कूलों का अपेक्षित सहयोग भी प्राप्त होगा। सभी विद्यालय यथासंभव टीकाकरण में सहयोग प्रदान करेंगे।
टीम एबीएन, पांकी (पलामू)। पांकी विस क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह पांकी अनुमंडल संघर्ष समिति के संयोजक लाल सूरज ने कहा कि सरकार स्थानीय स्तर पर मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई, जिसका परिणाम हरिहरगंज सड़क हादसा है। जिसमें पांकी के रतनपुर पंचायत के जीरो गांव के तीन, भंवरदह के एक सहित कई मजदूरों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी और कई मजदूर घायल हुए थे। वे हरिहरगंज सड़क हादसे में मृत मजदूरों के परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि अगर आसानी से मजदूरों को गांव में रोजगार मिलता तो क्यों बाहर जाते? इसपर जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस घटना के लिए उन्होंने सरकार और प्रशासन को जिम्मेवार ठहराया। श्री सुरज ने कहा कि सरकार मृतक के स्वजनों को पांच-पांच लाख मुआवजा, आवास, पेंशन दे और इनके रोजी रोजगार की व्यवस्था करे। उन्होंने मृतक मजदूर के परिजनों को सांत्वनी दी तथा गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। कहा कि मृतक के परिजन बेहद गरीब तथा असहाय हैं। मजदूरी कर अपना पेट भरते थे। सभी आदिवासी एवं दलित थे। सरकार कुछ राशि देने की घोषणा कर घड़ियाली आंसू बहा रही है। प्रशासन के लोग चंद राशि देकर अपनी जवाबदेही से बचना चाहते हैं। मजदूरों के परिवार को आगे के जीवन को जीने की गारंटी कौन देगा? अगर सरकार का यही हाल रहा तो घटना लगातार घटती रहेगी और मजदूर पलायन करते रहेंगे। मांगें पूरी नहीं होने पर मजदूरों के हक अधिकार को लेकर पांकी विधानसभा में आंदोलन किया जाएगा। मधु सेवा संस्था की ओर से मृतक के परिजनों को खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी तथा मृतक के परिजनों को अन्य तरह की मदद देने तथा दिलाने का भरोसा दिया। मौके पर मधु सेवा संस्था के अध्यक्ष दिलीप कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अजगुत सिंह, मुखिया सुरत उंराव, सुरेंद्र सिंह, कामख्या सिंह, अनिल पासवान,देवचंद यादव, बच्चु सिंह, कैलाश भुइयां, कामता यादव, प्रमोद भुइयां, निर्मल यादव, लक्षु यादव, अमर यादव, दिनेश यादव, मदन सिंह, गुड्डू सिंह, लिपट मंडल, जगरनाथ यादव समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse