झारखंड

View All
Published / 2022-01-05 17:00:48
कोरोना : रिम्स के डॉक्‍टर, नर्स समेत 179 कर्मी संक्रमित

टीम एबीएन, रांची। झारखण्ड में कोरोना का कहर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। राज्‍य के सबसे बड़े सरकारी अस्‍पताल रिम्‍स में बुधवार को कोरोना विस्‍फोट हुआ। बुधवार को रिम्‍स के दर्जनों डॉक्‍टर, नर्स समेत 179 हेल्‍थ वर्कर्स कोरोना पॉजिटिव मिले। बुधवार को रिम्‍स में कुल 1493 लोगों की कोरोना जांच की गयी थी, जिसमें 245 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं कांके के भाजपा विधायक समरी लाल भी कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्‍हें रिम्‍स में एडमिट कराया गया है। बुधवार को रिम्‍स में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। मृतक का नाम अशोक मिंज है वह रांची के ललगुटवा का रहनेवाला है। इससे पहले रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के आवासीय कार्यालय में भी कोरोना विस्‍फोट हुआ है। 26 पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एसएसपी के आवासीय कार्यालय को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। एसएसपी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। राजधानी रांची में कोरोना तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को 1196 कोरोना पॉजिटिव अकेले रांची से मिले। जबकि पूरे राज्‍य में 2681 पॉजिटिव केस मिले।

Published / 2022-01-05 14:53:45
कांके विधायक समरी लाल रिम्स में भर्ती, कोरोना संक्रमण की आशंका

रांची। कांके विधायक समरी लाल को रिम्स के न्यू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक समरी लाल को सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है। विधायक का कोरोना जांच के लिए सैंपल भी लिया गया है, जिसकी रिपोर्ट देर रात तक आ सकती है। वहीं, रिम्स के मेडिसिन विभाग के डॉ बिंदे कुमार ने बताया कि विधायक समरी लाल पहले से भी सांस संबंधी समस्या से ग्रसित हैं। उनका इलाज अस्पताल के मेडिसिन विभाग में पहले से चल रहा है।

Published / 2022-01-05 13:32:25
ओरमांझी : दो केंद्रों पर शुरू हुई धान की खरीदारी

ओरमांझी, रांची। प्रखंड में दो केंद्रों पर धान की खरीदारी हो रही है। ओरमांझी लैंपस में 2000 क्विंटल धान की खरीदारी हुई है। ओरमांझी और इचादाग लैंपस को धान की खरीदारी के लिए केंद्र बनाया गया है। वहीं धान का उठाव नहीं होने से ओरमांझी लैंपस का गोदाम भर गया है। इस कारण केंद्र में धान की खरीदारी बंद कर दी गई। हालांकि इचादाग लैंपस में धान की खरीदारी हो रही है। सरकार ने किसानों को प्रति क्विंटल धान का कीमत 2050 रुपये निर्धारित की है। एक किसान अधिकतम 50 से 100 क्विंटल तक धान बेच सकता है। जबकि सरकार ने प्रति एकड़ 16 क्विंटल धान की खरीदारी करने के लिए किसानों का रजिस्टेशन किया है, जो किसान सरकार के यहां रजिस्टर्ड हैं, उन्ही किसानों का धान लिया जाएगा।

Published / 2022-01-05 13:31:31
कोडरमा : जिले में मिले 112 कोरोना संक्रमित, 65 हुए ठीक

कोडरमा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव व रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कोविड टेस्टिंग किया जा रहा है ताकि संक्रमित होने पर उन्हें सामुचित इलाज किया जा सके। जिला मलेरिया पदाधिकारी सह सर्विलांस पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार द्वारा बताया कि कोरोना जांच में 112 लोग पॉजिटिव पाये गये हैं। इसमें ट्रू नेट जांच में 22, आरटीपीसीआर जांच में 82 एवं एंटी जेन जांच में 08 कुल 112 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। साथ ही 571 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं दूसरी तरफ होम आइसोलेशन में रह रहे 63 व डीसीएचसी में भर्ती 02 मरीज स्वास्थ्य हो गये हैं। जिले में कुल सक्रिय मामले 571 है।

Published / 2022-01-05 13:03:49
पाकुड़िया से साइबर आरोपी को गिरफ्तार कर ले गयी गुजरात पुलिस

टीम एबीएन, पाकुड़िया (पाकुड़)। गुजरात पुलिस की टीम ने पाकुड़िया में छापेमारी कर साइबर क्राइम के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर बुधवार को गुजरात ले गयी। टीम में गुजरात के पुछ थाने के इंस्पेक्टर बीएस पटेल, सब इंस्पेक्टर पीके झाला ने पाकुड़िया थानेदार चंदन कुमार गुप्ता के सहयोग से मंगलवार की देर रात्रि को लखिपोखर गांव में इब्राहिम मुज्जफर मियां अंसारी के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। टीम ने बुधवार की सुबह गिरफ्तार इब्राहिम को पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड -19 की जांच करायी। जांच के बाद गुजरात की पुलिस टीम उसे गुजरात का पुछ के लिए निकल गयी। इंस्पेक्टर बीएस पटेल ने बताया कि इब्राहिम के खिलाफ गुजरात के पुछ थाने में साईबर क्राईम का मामला दर्ज है, उसने गुजरात के ही एक आर्मी के खाते से निजी एटीएम से साढ़े पांच लाख रुपये साइबर ठगी कर निकासी की है। इसके विरुद्ध अक्टूबर 2021 में 406, 420, आई टी एक्ट 66 सी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इधर, गिरफ्तार इब्राहिम ने बताया कि वह निर्दोष है वह गुजरात काम करने के लिए गया था उसी दौरान उसे काम में ले जाने वाले एक अन्य व्यक्ति ने उसका एटीएम कुछ दिन अपने पास रखा था रुपया कैसे आया और कैसे निकासी हुआ उसे कुछ भी पता नहीं है।

Published / 2022-01-05 13:01:27
पाकुड़ : ट्रक-बस की टक्कर में 17 की मौत, 26 घायल, कई गंभीर

टीम एबीएन, पाकुड़। पाकुड़ जिले के लिए बुधवार मनहूस दिन साबित हुआ। यहां पांच दिसंबर (बुधवार) को सुबह घने कोहरे के कारण अमलापाड़ा थाना क्षेत्र के पढ़ेरकोला से कुछ दूरी पर कमरडीहा ग्राम के निकट साहिबगंज बरहरवा से आ रही बस और दुमका की ओर से आ रही एलपीजी गैस सिलेंडर की गाड़ी में आमने सामने टक्कर हो गयी, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 26 से अधिक लोग घायल हो गये हैं। जिला प्रशासन ने सभी को सोनाजोड़ी स्थित अस्पताल लाया, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है कि बस बरहरवा से 40-50 यात्रियों को लेकर जसीडीह के लिए रवाना हुई थी। उपायुक्त वरुण कुमार रंजन एवं एसपी पी जनार्दन सूचना मिलते ही दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। घायलों और मृतकों को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया। इसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। जिससे सभी को तत्काल निकाला जा सका। सर्वप्रथम सभी का इलाज अमलापाड़ा सीएससी अस्पताल में किया गया। उपायुक्त के निर्देश पर सभी घायलों को एंबुलेंस से पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया। वहां से कई घायलों को रेफर दिया गया। उधर, सदर अस्पताल में डीडीसी अनमोल कुमार सिंह, एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल आदि इलाज तथा अन्य जानकारी के लिए मौजूद थे। बताते चलें कि सीएस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घायलों की जान बचाने हेतु यथाशीघ्र रक्तदान करें। घटना की सूचना मिलते ही दुमका डीआईजी सुदर्शन भगत सदर अस्पताल पाकुड़ पहुंच घायलों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया। उन्होंने घटना में 16 लोगों के मरने तथा 25 लोगों के घायल होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि यह जांच का विषय है। प्रथम दृष्टया कुहासा एवं तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। पुलिस प्रशासन इस बात के लिए सजग है कि घटना कैसे रोकी जाए। पूर्व से भी चालकों को हिदायत दी गई है। कहीं न कहीं इसमें चालकों की लापरवाही भी एक कारण हो सकती है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सदर अस्पताल में भी घायलों के नजदीकी पहुंच रहे हैं एवं बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने का मन बना रहे हैं। मृतकों में नमीता देवी देवघर, चालक देवकांत झा देवघर, बिकास मरांडी देवघर, बिमला देवी दुमका, परमानंद साहा दुमका, संजय साहा दुमका, सबुदिन अंसारी, लिट्टीपाड़ा पाकुड़, बसमोति हेंब्रम अमरापाड़ा पाकुड़, दीपक बेसरा दुलमिडंगा हिरणपुर पाकुड़, श्रीनाथ हेंब्रम अमरापाड़ा पाकुड, निर्मल साहा बरहड़वा साहेबगंज, सुधाकर कर्मकार बरहरवा, सोनी देवी साहेबगंज, मलिसेंट मुर्मू बाकुडीह, राकेश मंडल बाकुडीह, बबलू टुडू साहेबगंज, अमती रजवार पश्चिम बंगाल शामिल हैं। जबकि घायलों में स्वीटी हेंब्रम अमलापाड़ा, बसंती हेंब्रम अमलापाड़ा, पीयूष रजवार वीरपुर सिउड़ी पश्चिम बंगाल, मेघनाथ रजवार वीरपुर सिउरी बंगाल, प्याली माल तो हाथी गड़ा हिरणपुर, जयान हसदा सहरी हिरणपुर निजी स्कूल के शिक्षक, श्रुति कुमारी बरहरवा, सुरेंद्र यादव साराठ, रॉकी कुमार मंडल तीन पहाड़ ,ऋषि देव मंडल महाराजपुर साहिबगंज, मोनिका बस्की बरहरवा, मंडल टुड्डू प्तना साहेबगंज, बड़कू टुड्डू हुसैनाबाद देवघर, राजेश चौबे बरहरवा, रजिवरंजन मंडल कुरुवा दुमका, बीरेंद्र भगत दी घी बरहरवा, चंद्रमोहन निशितपुर साहिबगंज, मुन्ना सहा, विष्णु बगती, मिथुन बगती,सभी निश्चित पुर साहिबगंज, इब्राज नदाप राधानगर साहिबगंज, विकास घोस कठल बडी बरहरवा, बिक्रम दास बरहरवा, मेघनाथ सिउरी शामिल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर है।

Published / 2022-01-05 12:45:11
बंगाल से किशोरी को लेकर फरार अभियुक्त को हंसडीहा पुलिस ने दबोचा

हंसडीहा। पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान जिले के कटुआ थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के साथ फरार उसी जिले के आरोपी युवक को हंसडीहा पुलिस ने मंगलवार रात हिरासत में ले लिया। साथ ही कटुआ थाना की पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई। जानकारी के अनुसार हंसडीहा थाना प्रभारी आकृष्ट अमन को मंगलवार रात्रि ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा रोड में एक युवक युवति संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना मिलने के तुरंत बाद हंसडीहा थाना के एएसआई मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच दोनों को लेकर थाना ले आई। जहां पूछताछ के क्रम में युवती ने बताया कि प०बंगाल के बर्दमान जिले के कटुआ थाना क्षेत्र के भमसोर गांव निवासी रतन शेख उसे जबरजस्ती भगा कर ले आया है। जब पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह कटुआ थाना अंतर्गत मजदूरी का काम करता था इस बीच दोनों में प्रेम हो गया। जिसके बाद युवति को उसके घर से भगाकर हंसडीहा ले आया। युवक रतन शेख हंसडीहा में किराये के मकान में रह कर यहां कवाड़ी का समान खरीदने का काम करता है। इस संबंध में जब हंसडीहा पुलिस के द्वारा कटवा थाना पुलिस से संपर्क किया गया तो बताया गया कि 3 जनवरी 2022 को पीड़िता के भाई के लिखित आवेदन के आधार पर कटवा थाना कांड संख्या- 03/22 धारा 363/365 कढउ नाबालिक लड़की के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। वहीं हंसडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार को कटुआ थाना के सब इंस्पेक्टर नूर जमा अपनी पुलिस टीम के साथ हंसडीहा थाना पहुंची जिन्हें पीड़िता एवं अभियुक्त रतन शेख को उचित कागजी कार्रवाई के उपरांत सौंप दिया गया।

Published / 2022-01-05 12:35:42
गुमला जिला में अबतक किशोरों का 78% टीकाकरण हुआ : उपायुक्त

गुमला। 03 जनवरी 2022 से गुमला जिलांतर्गत शुरम हुए 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के शत-प्रतिशत कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम तथा वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार से बचाव एवं रोकथाम के मद्देनजर उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने परिसदन भवन गुमला के सभागार में प्रेस वार्ता कर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को जिला में कोरोना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में इस महामारी के संभावित तीसरे लहर के प्रकोप से बचाव में अपना सहयोग देने की अपील की। उन्होंने आमजनों को इस महामारी से बचाव के निमित्त सदैव मास्क पहनने, अनावश्यक भीड़-भाड़ वाली जगहों पर न जाने, हाथ धुलाई की आदतों को अपनाने तथा कोरोना टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने प्रिंट/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों से आमलोगों के बीच कोरोना के टीके के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रतिनिधियों के अपने स्तर से भी लोगों को कोविड समुचित व्यवहार के अनुपालन कराने, मास्क पहनने की आदत अपनाने एवं सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। उपायुक्त ने 03 जनवरी 2022 से गुमला जिलातंर्गत प्रारंभ हुए 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उक्त कार्यक्रम के तहत जिले में 15-18 वर्ष के 74000 बालक-बालिकाओं को कोरोना का टीका लगाने हेतु लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें से 03 एवं 04 जनवरी 2022 को लगभग 14000 बालक-बालिकाओं को कोरोना का प्रथम डोज का टीका लगाया गया है। आने वाले एक सप्ताह के अंदर शेष लक्षित सभी बालक-बालिकाओं को शत-प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित कर लिया जायेगा। इसके साथ ही 10 जनवरी 2022 से 60 वर्ष अधिक आयुवर्ग के लोगों/ बीपी-शुगर आदि से ग्रसित व्यक्तियों, स्वास्थ्य कर्मी एवं फ्रंटलाईन कर्मियों को बूस्टर डोज दिया जाना है। जिसके लिए रणनीति तैयार कर ली गई है। ससमय चिन्हित लोगों को बूस्टर डोज दे दिया जाएगा। वैक्सीन लेने के पश्चात टीका लेने वाले व्यक्ति को कम से कम आधे घंटे तक चिकित्सीय निगरानी में रखने का निर्देश दिया गया है। खासकर चक्कर आने या तबीयत खराब होने की स्थिति में अनिवार्य रूप से चिकित्सीय निगरानी में रखा जाना है। इसके साथ ही उपायुक्त ने व्यवसायिक वाहन चालकों को टीका लेने के पश्चात निश्चित रूप से आधे घंटे तक बैठने की बात कही। उपायुक्त ने बताया कि जिले में कोरोना से अबतक 42 लोगों की मृत्यु हुई है। उनके आश्रितों को सरकार द्वारा प्रति व्यक्ति 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जानी है। उन्होंने बताया कि 38 मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि देने के लिए प्रतिवेदित किया गया है। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संभावित तीसरे लहर से बचाव एवं रोकथाम के निमित्त जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 350 आॅक्सीजन युक्त बेडों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त 700 सामान्य बेड कोरोना से प्रभावित मरीजों के समुचित ईलाज हेतु व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 20 जनवरी तक पुगु में आरटीपीसीआर केंद्र स्थापित कर कोरोना जांच प्रारंभ कर दिया जाएगा। कोरोना संक्रमितों के उच्चतम ईलाज हेतु सदर अस्पताल में पीएसए प्लांट का भी अधिष्ठापन कर लिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायडीह-मांझाटोली, डुमरी, भरनो सहित जिले में प्रवेश करने वाले मुख्य राजमार्गों पर कोविड जांच केंद्र बनाया गया है। जिले में अन्यत्र राज्यों से आने वाले व्यक्तियों का जिले में प्रवेश से पूर्व कोविड जांच कराना अनिवार्य होगा। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कोविड जांच एवं पॉजिटिव मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में अबतक 04 लाख 88 हजार 969 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें से 9889 लोग पॉजिटिव पाये गये। वहीं पॉजिटिविटी दर 0.20 प्रतिशत व राज्य में मृत्यु दर 0.42 प्रतिशत है। इसके साथ ही अभी तक इंस्टिट्यूसनल क्वारंटाइन में 06 मरीज तथा होम क्वारंटाइन में 49 मरीज चिकित्सकों की देखरेख में ईलाजरत हैं। कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देश के मद्देनजर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले फुटबॉल प्रतियोगिता, मेला, गैदरिंग पर रोक लगाने का कार्य किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, एसएमपीओ रेचल जोजोवार, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित थे।

Page 1511 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse