झारखंड

View All
Published / 2022-01-09 15:18:00
झारखण्ड : प्रकाश नारायण सिंह बने भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री

टीम एबीएन, रांची। रविवार को रांची के गुरुद्वारा स्टेशन रोड स्थित होटल गुरु में भारतीय किसान संघ का प्रदेश सम्मेलन कोरोना गाइडलाइन के तहत सम्पन्न हुआ। जिसकी अध्यक्षता पूर्व वन अधिकारी अनील शर्मा ने की। बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य कृष्णा मुरारी ने कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रदेश सम्मेलन के दौरान भारतीय किसान संघ के प्रदेश की नयी कार्यकारणी का गठन किया गया, जिसमें संरक्षक ध्रुव नारायण सिंह, प्रशांत खाखा, जय कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष, मधीरण महतो, प्रकाश नारायण प्रदेश महामंत्री, धीरेन्द्र अग्रवाल कोषाध्यक्ष, मनोज साहू, सिद्धेश्वर सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष, दीपक उरांव, वीरेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री अनिल शर्मा बनाये गये। इस दौरान अतिथियों ने संघ की मजबूती पर चर्चा की। कोरोनाकाल में किसानों की समस्याओं के समाधान पर भी लोगों ने अपने विचार रखे। इस दौरान एग्रो इकोनॉमिक्स के झारखंड प्रांत संंयोजक मीरा शर्मा, महिला प्रमुख सत्यजित कुमार युवा प्रमुख बनाए गए। संघ के प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रकाश कुमार सिंह का संघ के प्रति समर्पण और सक्रियता को देख उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेवारी दी गई। इस सम्बंध में एबीएन न्यूज़ 24 से बातचीत में प्रकाश नारायण ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उन्हें हरसम्भव सहयोग की जरूरत है। इसमें सुधार के लिए किसान संघ की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। संघ के वरीय पदाधिकारियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करेंगे; ताकि किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके।

Published / 2022-01-09 15:14:38
पूर्वी सिंहभूम जिला बूस्टर डोज लगाने को तैयार

टीम एबीएन, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य विभाग फ्रंटलाइन वर्कर एवं 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन का बूस्टर डोज लगाने को तैयार है। बूस्टर डोज के मुद्दे पर शनिवार को झारखंड राज्य स्वास्थ मुख्यालय एवं जिला के चिकित्सा पदाधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक भी हुई थी। जिसमें सिविल सर्जन डॉ एके लाल, आरसीएच पदाधिकारी डॉ जुझार मांझी, एसीएमओ डॉ साहिर पाल समेत अन्य शामिल हुए थे। इससे फ्रंटलाइन वर्करों (स्वास्थ्य कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों, पुलिस कर्मचारियों एवं अन्य) की सूची पर चर्चा हुई। बूस्टर डोज के पहले चरण में जिला में 60 वर्ष आयु के 45 हजार 200 लोगों को वैक्सीन लगाने की तैयारी है। जिला में बूस्टर डोज को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने प्रखंड स्तर पर कर्मचारियों की टीम बनाई है। दूसरी ओर कोल्हान केयर अन्य दो जिला में भी उम्रदराज लोगों को वैक्सीन का बूस्टर डोज देने की तैयारी शुरू है। इससे सरायकेला खरसावां जिला में 20 हजार 986 और पश्चिमी सिंहभूम जिला में 29 हजार 602 लोगों को वैक्सीन का बूस्टर डोज लगेगा। सूचना के अनुसार बूस्टर डोज अभी उन्हीं उम्रदराज लोगों को लगेगा, जिन्हें सेकेंड डोज लिए 90 दिन हो गए हैं।

Published / 2022-01-09 15:10:54
एचईसी कर्मचारी का शव धुर्वा डैम से बरामद

टीम एबीएन, रांची। धुर्वा डैम से रविवार को पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक नरेंद्र कुमार उर्फ लाल बाबू सिंह (58) धुर्वा बस स्टैंड का निवासी था। रविवार की सुबह टहलने निकले लोगों ने उसका शव डैम में तैरते देखा था। सूचना मिलने पर नगड़ी पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। बताया जाता है कि नरेंद्र कुमार उर्फ लाल बाबू सिंह एचईसी में पेयजल आपूर्ति डिवीजन में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से तनाव में चल रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। रविवार की सुबह वह अकेले ही घर से निकल गए थे। परिजनों ने कहा कि दाह संस्कार के बाद नगड़ी थाना में यूडी केस दर्ज कराया जाएगा। आशंका है कि लाल बाबू सिंह ने तनाव में धुर्वा डैम में कूदकर आत्महत्या कर ली।

Published / 2022-01-09 15:08:26
सिमडेगा मॉब लिंचिंग का मास्टरमाइंड सुबन बुढ़ गिरफ्तार

टीम एबीएन, सिमडेगा। बेसराजारा गांव में मॉब लिंचिंग केस के मुख्य आरोपी और बॉम्लबकेरा का ग्राम प्रधान सुबन बुढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुबन बुढ़ पर मॉब लिंचिंग में मारे गए संजू प्रधान की पत्नी ने संजू को जबरदस्ती घर से खींचकर ले जाने, बेरहमी से पिटाई करने और आग लगाकर हत्या का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और जिले की पुलिस पर काफी दवाब था। जिसके बाद घटना के 4 दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुबन बुढ़ को ठेठईटांगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है; जबकि दूसरे आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Published / 2022-01-09 15:05:37
धनबाद : सैनिक स्कूल परीक्षा देने आए 21 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित

टीम एबीएन, धनबाद। झारखंड के कई जिलों में कोरोना विस्फोट जारी है। रांची, जमशेदपुर के बाद धनबाद से भी ऐसी खबरें सामने आयी है। जहां सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा देने आए 21 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। परीक्षा से पहले की गई जांच में सभी 21 बच्चों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी बच्चों की अलग से परीक्षा ली गई। जिले के बैंक मोड़ स्थित गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल में सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा चल रही थी। परीक्षा में कुल 235 बच्चे शामिल हुए थे। सभी बच्चे क्लास 6 और 9 के बताए जा रहे हैं। बच्चों में हल्के लक्षण रहने के कारण सभी बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ होम आइसोलेशन में भेज दिया गया।

Published / 2022-01-09 15:01:02
इटकी थाना में बाजार की व्यवस्था और जाम से मुक्ति पाने की बनी रणनीति

टीम एबीएन, रांची। इटकी थाना में रविवार को बाजार की व्यवस्था को लेकर किसान और शांति समिति के सदस्यों के साथ पुलिस प्रशासन की बैठक थाना प्रभारी रजनी रंजन की अध्यक्षता में हुई। मिशन मैदान के थोक सब्जी बाजार, इटकी के खुदरा सब्जी बाजार में किसानों की समस्या और लगनेवाले जाम पर चर्चा की गई। जगमोहन होटल और बाजार के सामने लगने वाले जाम पर नियंत्रण पाने के लिए स्थायी रूप से एक पुलिस चौकीदार की ड्यूटी लगाने, शांति समिति के सदस्यों के साथ मिलकर सही ढंग से दुकान लगवाने, मिशन मैदान के सामने मुख्य मार्ग पर सब्जी की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय किया गया। कोरोना गाइड लाइन के तहत बाजारों में अनिवार्य रूप से मास्क लगाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में एएसआई सुधीर कुमार, जगमोहन महतो, सलीम अंसारी, मुर्तजा आलम, नंदलाल महतो, अनिल तिवारी, मोहन महतो और लाला खान आदि मौजूद थे।

Published / 2022-01-09 14:17:04
झारखंड : कोरोना राहत किट में मिली एक्पायरी दवाई, होगी कार्रवाई

एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना मरीजों के इलाज में भारी लापरवाही उजागर हुई है। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को जो मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट दिया जा रहा है उसमें एक्सपायर्ड दवा दी गई है। किट में मास्क, जरूरी दवा और सेनेटाइजर दिया गया है। राज्य में बड़ी संख्या में संक्रमित मरीजों को मुख्यमंत्री कोरोना राहत किट दिए गए हैं। लेकिन, उनमें एक्सपायरी दवाइयां थीं। किट में मौजूद एंटी एलर्जी की दवा लेवोसेल एम 11 नवंबर 2021 को ही एक्सपायर हो गई थी। एक्सपायर हो चुकी दवाइयों का यह किट सैंकड़ों मरीज तक पहुंच चुका था। बता दें कि एंटी एलर्जी की दवा सभी मरीजों को लगातार 10 दिन तक खाने की सलाह दी जाती है। किट में एक्सपायरी दवा का मामला सामने आने पर हड़कंप मच गया है। बुंडू एसडीएम अजय कुमार ने कहा कि इस मामले की जानकारी रांची डीसी को दे दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें जिला प्रोग्राम मैनेजर समरेश की लापरवाही उजागर हुई है। इधर, रांची सिविल सर्जन डॉ कुमार ने कहा कि पुराने किट में दवा चेंज करने के दौरान गलती हुई है। जिसकी गलती से किट के माध्यम से एक्सपायरी दवा गई है, उस पर जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

Published / 2022-01-09 14:13:37
लोहरदगा : 28 मवेशी मुक्त, तस्कर फरार

टीम एबीएन, लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले से पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर सतबरवा से लोहरदगा कथित तस्करी कर लाए जा रहे 28 गोवंश को बरामद किया। हालांकि इस दौरान तस्कर फरार होने में सफल रहे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पेशरार थाना क्षेत्र के कौआटांड़ में पुलिस ने 28 मवेशियों को पशु तस्करों से मुक्त कराया एवं जिम्मानामा बनाकर स्थानीय लोगो के बीच उन्हें देखरेख के लिए बांट दिया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान तस्कर फरार होने में सफल रहे। सूत्रों के मुताबिक कथित पशु तस्कर इन मवेशियों को ट्रक व पिकअप में लादकर झारखंड के बाहर ले जाने की फिराक में थे।उन्होंने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पेशरार थाना के प्रभारी ऋषिकांत ने बताया कि सूचना मिली थी कि पशु तस्कर लातेहार थाना क्षेत्र के सतबरवा से पेशरार थाना क्षेत्र के जंगलों से होते हुए लोहरदगा एवं अन्य जगहों पर मवेशियों को ले जा रहे हैं जिसके आधार पर कार्रवई की गई। उन्होंने बताया कि फरार पशु तस्करों की तलाश की जा रही है।

Page 1503 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse