झारखंड

View All
Published / 2022-01-10 08:56:28
डीएवी सिन्दरी के 125 छात्र-छात्राओं लगी वैक्सीन

टीम एबीएन। डी ए वी पब्लिक स्कूल सिंदरी में सोमवार को 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों का कोरोना टीकाकरण किया गया। वैक्सीनेशन का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया सह जोड़ापोखर के सौजन्य से किया गया। जिसमें डॉ राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में एएनएम सविता कुमारी, गीता कुमारी और ललिता मुर्मू (सहायिका) ने वैक्सीनेशन के कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। विद्यालय के 15 वर्ष और उससे ऊपर के आयु वर्ग के लगभग 125 छात्र छात्राओं का टीकाकरण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष कुमार ने वैक्सीनेशन के महत्व और उपयोगिता के बारे में बच्चों को अवगत कराया।

Published / 2022-01-10 08:49:56
एचईसी : बकाया भुगतान के लिए कामगारों ने किया मुख्यालय जाम

टीम एबीएन, रांची। सात माह के वेतन भुगतान की मांग को लेकर एचईसी के कामगारों ने सोमवार को मुख्यालय जाम कर दिया है। कामगार सुबह आठ बजे से ही मुख्यालय के पास जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। कामगारों की मांग है कि एचईसी प्रबंधन हर माह दो माह का बकाया वेतन भुगतान करे। टूल डाउन हड़ताल के दौरान का वेतन दिया जाए। उनपर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाए। साथ ही कैंटिन भत्ता का भुगतान किया जाए। जबकि प्रबंधन सिर्फ डेढ़ माह का वेतन भुगतान करने की बात कह रहा है। लेकिन प्रबंधन की ओर से इसका कोई आदेश जारी नहीं किया जा रहा है और न ही यूनियनों के साथ वार्ता ही की जा रही है। इस कारण कामगारों को प्रबंधन पर भरोसा नहीं हो रहा है। उधर प्रबंधन का कहना है कि सोमवार को ही एक माह के वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

Published / 2022-01-10 08:46:00
ठगी का एप बना एनीडेस्क, साइबर अपराधी गिरफ्तार

एबीएन डाक, रांची। एनीडेस्क एप से पांच लाख की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को सीआईडी ने गिरफ्तार किया है। सीआईडी की टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधी राहुल मंडल को घर से गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम और पांच सिम कार्ड बरामद हुआ है। हरमू हाउसिंग कॉलोनी के रहने वाले प्रभात कुमार ने साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज कराया था। साइबर अपराधियों ने गूगल सर्च इंजन में एसबीआई कस्टमर केयर का फर्जी नंबर डालकर प्रभात कुमार का गुम हुआ एटीएम कार्ड बंद करवाने के नाम पर स्क्रीन शेयरिंग एप्लीकेशन एनीडेस्क एप प्रभात कुमार के मोबाइल में डाउनलोड कराया था। जिसके बाद पांच लाख रुपया का निकासी कर ली थी।

Published / 2022-01-10 08:26:01
बोकारो : मंदिर में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका

टीम एबीएन, बोकारो। चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पत्थरकट्टा पुनर्वास क्षेत्र में स्थित हरि मंदिर के प्रांगण में एक युवक का शव मिला है। युवक की पत्थर से कूच कर हत्या की गई है। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद चास मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने युवक के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। जिस शख्स की लाश मिली है उसकी पहचान गांव के ही जयदेव पांडे नामक युवक के रूप में की गई है। वो बीती रात घर से निकला था। घरवालों और ग्रामीणों के अनुसार बीती रात हरि मंदिर के प्रांगण में जयदेव पांडे के साथ और 2 लोग भी थे, जो उसके दोस्त थे। जहां आपस में कुछ कहासुनी होने की बात लोगों ने बताई है और घरवालों ने इसकी हत्या होने की शिकायत पुलिस से की है। वहीं पुलिस ने बताया कि मृतक के दोनों दोस्त पिंटू गोराई और गोविंद बाउरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच कर जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि जांच चल रही है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं आपको बता दें कि 1 सप्ताह के अंदर यह दूसरी दिल दहलाने वाली घटना चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घटी है। इससे पहले दो लोगों की हत्या बिजुलिया गांव में कर दी गई थी, जिससे पूरा क्षेत्र दहल गया था। अभी वह मामला सुलझा भी नहीं कि दूसरी इतनी बड़ी घटना घट जाने से पूरे इलाके में सनसनी और खौफ का माहौल पैदा हो गया है। वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी लोगों ने सवाल खड़े किए हैं।

Published / 2022-01-10 08:19:53
कपड़े-अंगूठी से हुई बीचा मुखिया के शव की पहचान

टीम एबीएन, रामगढ़। रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के बीचा पंचायत के मुखिया महेश बेदिया का शव सोमवार को सौंदा डी पोखरिया से मिला है। मुखिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार शाम मुखिया मतकमा चौक के पास गाड़ी बनवाते देखे गए थे, उसी के बाद से बीचा पंचायत के मुखिया महेश बेदिया कोई पता नहीं चल रहा था, जिसके बाद परिजनों ने भुरकुंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अब सोमवार को मुखिया का शव सौंदा डी पोखरिया से मिलना है। इससे क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं हालांकि अभी पुलिस कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। परिजनों ने शव की शिनाख्त उनके कपड़े और अंगूठी से की है। पूरे मामले में अन्य पंचायत के मुखिया निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की भी मांग कर रहे हैं।

Published / 2022-01-10 08:14:46
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल से ऑक्सीजन पाइप की चोरी उठा रहा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

टीम एबीएन, हजारीबाग। जिले का मेडिकल कॉलेज अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार अपराधी मेल सर्जिकल वार्ड के 15 बेड के ऑक्सीजन पाइप काट कर फरार हो गए। दरअसल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट लगाया गया है। जिससे मरीजों को उनके बेड तक पाइप लाइन के जरिए ऑक्सीजन देना है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की घोर कमी होने के बाद सरकार के द्वारा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर प्लांट के जरिए मरीजों के बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया था, जिसमें बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाना है। उसी बेड के ऑक्सीजन पाइप को अपराधियों ने काटी है। महत्वपूर्ण बात यह है कि दूसरी लहर के दौरान हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी होने की बात भी प्रकाश में आई थी। जिसके बाद जांच की जा रही थी। जांच करने के दौरान कई ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद भी कर लिए गए थे और एफआईआर दर्ज की गई थी। इस घटना को लेकर पूरे देश में हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल की किरकिरी हुई थी। आलम यह हुआ था कि जनप्रतिनिधि से लेकर आम जनता तक सभी ने पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए पूरी घटना की घोर निंदा की थी। एक बार फिर आज ऑक्सीजन पाइप की चोरी हुई है। घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट डॉ विनोद ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि हमलोग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ऑक्सीजन युक्त बेड तैयार कर रहे हैं। इस दौरान इस तरह की घटना काफी निंदनीय है। बताते चलें कि इन दिनों पूरे देश में ऑक्सीजनयुक्त बेड तैयार करने को लेकर युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। केंद्र से लेकर राज्य सरकार ने सभी अस्पताल को निर्देश दिया है कि वह ऑक्सीजनयुक्त बैड तैयार करें। अगर तीसरी लहर आती है तो मरीजों को परेशानी ना हो। लेकिन हजारीबाग में जो घटना घटी है, यह पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है कि आखिर हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था है या नहीं। वहीं यह भी सवाल खड़ा हो रहा है कि पिछले दिनों यहां सुरक्षा को लेकर जवान तैनात किए गए थे, वह कहां हैं और सीसीटीवी काम कर रही है या नहीं।

Published / 2022-01-10 06:18:06
पारसनाथ से पिकनिक मनाकर लौट रहे ऑटो सवारों को ट्रेलर ने रौंदा, चार की मौत

टीम एबीएन, पारसनाथ। पारसनाथ में पिकनिक मनाकर घर लौट रहे युवक घर के पास ही बोकारो में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। पारसनाथ से लौट रहे दो ऑटो को ट्रेलर ने रौंद दिया। इसमें पिकनिक मनाकर लौट रहे चार युवकों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। घटना देर रात की है और घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल और रांची के रिम्स में ले जाया गया है। इधर, हादसे से गुस्साए लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा पेटरवार थाना क्षेत्र के एनएच 23 लुकैया शगुन पेट्रोल पंप के पास हुआ। बोकारो रामगढ़ उच्च पथ 23 पर लुकैया शगुन पेट्रोल पंप के पास ही रविवार देर रात अज्ञात टेलर ने दो ऑटो को रौंद डाला। इन ऑटो में 15 युवा सवार थे। इसमें चार की मौत हो गई, जबकि शेष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पेटरवार प्रखंड के लुकैया के ही रहने वाले थे और घर के पास ही हादसा हो गया। ऑटो में सवार सभी युवक पारसनाथ से पिकनिक मना कर अपने घर लौट रहे थे। इसके बाद ट्रेलर चालक वाहन के साथ फरार हो गया। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल भेजा गया। इनमें सो कुछ युवकों को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर, इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क को रात से ही जाम कर रखा है। प्रशासन जाम को खुलवाने के प्रयास में है, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हैं।

Published / 2022-01-10 06:07:53
कोरोना पॉजिटिव गर्भवती की प्रसव से पूर्व एमजीएम में मौत, हंगामा

टीम एबीएन, जमशेदपुर। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। वहीं एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से ऑपरेशन थियेटर बनाया गया है, जहां महिला की मौत हुई है। इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई है। बहरहाल इस मामले की जांच की जा रही है। परिजन मुआवजे की भी मांग कर रहे हैं। बता दें कि बागबेड़ा की रहने वाली 25 वर्षीय गर्भवती महिला को प्रसव के लिए उसके परिजन खासमहल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां से डॉक्टर ने महिला को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इधर एमजीएम अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर्स ने महिला के शरीर में खून की मात्रा काफी कम पाई, जिसके बाद परिजनों को ब्लड का इंतजाम करने के लिए कहा और महिला को ऑपरेशन थियेटर में ले जाने से पूर्व कोरोना जांच कराई। थोड़ी देर बार महिला की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद डॉक्टर उसे संक्रमित गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से बनाए गए ऑपरेशन थियेटर लेकर गए। इस दैरान महिला की स्थिति अचानक खराब होने लगी। इधर परिजन ब्लड का इंतजाम नहीं कर सके। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस पर डॉक्टर्स ने खुद ब्लड का इंतजाम किया। लेकिन प्रसव से पूर्व महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसी के साथ परिजन मुआवजे की मांग करने लगे। इस मामले में एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ नकुल चौधरी का कहना है कि मृतका के शव को शीत गृह में रखा गया है, परिजनों ने जो आरोप लगाया है उसकी जांच की जा रही है।

Page 1502 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse