टीम एबीएन, धनबाद। सिंदरी खाद कारखाने में आंदोलन की समाप्त हो गया है। कारखाना प्रबंधन और आंदोलरत नेताओं के साथ कई बातों पर आम सहमति बनी। जिसके बाद इस आंदोलन की समाप्ति की घोषणा लगभग गुरुवार शाम 7 बजे की गयी। इसके बाद सभी मजदूर काम पर लौट आए हैं। बीते सोमवार से ही लगातार आंदोलन चल रहा था, जिस पर आम सहमति बनने के बाद चौथे दिन आंदोलन की समापन की घोषणा की गयी। सोमवार दोपहर से लेकर गुरुवार की संध्या लगभग 7 बजे तक यह आंदोलन चला। इस आंदोलन को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से धनबाद एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी, सिंदरी एसडीपीओ अभिषेक कुमार, सिंदरी थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद शामिल हुए। हर्ल कंपनी की तरफ से जीजीएम कामेश्वर झा, संसाधन विभाग के कुंदन किशोर, लाइजनिंग ऑफिसर नवीन सिंह, एचआर नीरज कुमार, ओपी कुशवाहा, विक्रांत कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे। वहीं संयुक्त मोर्चा के लगभग सभी पार्टियों के एक-एक प्रतिनिधि भी इस वार्ता में शामिल हुए जिला प्रशासन संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधि और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच एक वार्ता कर आम सहमति बनाई गई जिसके बाद आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की गयी।
टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस ने डोरंडा इलाके में स्थित न्यू सोनी ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा कर लिया है। मामले में रांची पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग चोरी के सभी गहने बरामद कर लिए गए हैं।। 1153 ग्राम सोने के जेवरात की चोरी हुई थी, जिनकी कीमत लगभग 62 लाख रुपये है। रांची में 62 लाख के गहने की चोरी हुई, डोरंडा थाना क्षेत्र के पत्थर रोड में स्थित न्यू सोनी ज्वेलर्स को चोरों ने अपना निशाना बनाया था। मंगलवार देर रात इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। चोरों ने जेवर दुकान के बाहर वाले शटर को गैस कटर से काट दिया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दुकानदार अमित वर्मा ने बताया था कि चोरों ने सोने और चांदी के जेवरात की चोरी की थी। सोने का कुल 1153 ग्राम और चांदी के 14.778 ग्राम जेवरात की चोरी हुई, जिसकी कुल कीमत 55 लाख रुपए से ज्यादा है। इसमें अंगुठी, हार, पायल समेत अन्य जेवरात शामिल है।
एबीएन डेस्क। होमगार्ड अभ्यर्थियों का आंदोलन इन दिनों चरम सीमा पर है। हजारीबाग से होमगार्ड सफल अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए 2 दिन पहले पैदल ही निकल पड़े थे। जिन्हें गुरुवार को ओरमांझी थाना के निकट टोल प्लाजा पर रोक दिया गया। अंत में पुलिस ने उन्हें डिटेन कर हजारीबाग मुफस्सिल थाना लाया। जहां विधायक अंबा प्रसाद उनसे मुलाकात करने पहुंची और उन्हें विश्वास दिलाया कि वह उनके साथ हैं सरकार से न्याय मिलेगा। सफल होमगार्ड अभ्यर्थी हजारीबाग में इन दिनों आंदोलनरत हैं। पिछले 32 दिनों से ये अपनी मांग को लेकर हजारीबाग समाहरणालय के सामने धरना पर हैं। 2 दिन पहले होमगार्ड अभ्यर्थी मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए हजारीबाग से पैदल मार्च पर निकले थे। जिन्होंने हजारीबाग में ऐलान किया था कि जब तक मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होगी, उन्हें अपनी बातों को नहीं बताएंगे वापस हजारीबाग नहीं आएंगे। लेकिन उन्हें गुरुवार को ओरमांझी थाना अंतर्गत टोल प्लाजा के पास रोक दिया गया और कहा गया कि अब आप वापस लौटें। लेकिन अभ्यर्थियों का कहना था कि वापस नहीं लौटेंगे। ऐसे में पुलिस ने उन्हें डिटेन कर हजारीबाग मुफस्सिल थाना लाया। जहां उनसे मुलाकात करने बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद पहुंची और विश्वास दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा यह सरकार छात्रों के साथ है।
एबीएन डेस्क। गुरुवार की देर रात राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र में भारत माता चौक के समीप तेज रफ्तार स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी चला रहे अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा सवार पवन गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पवन को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर है। बताते चलें कि रांची में तेज रफ्तार का कहर लोगों की जान ले रहा है। अमूमन रोजाना सड़क हादसे में किसी न किसी की जान जा रही है। गुरुवार की रात भी सड़क हादसे में एक युवक की जान गई है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सबसे पहले घायल पवन को अस्पताल भेजवाया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि स्कूटी सवार युवक काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। तेज रफ्तार होने की वजह से स्कूटी चला रहे युवक ने अपना नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से जा टकराया। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। इससे अमित का सिर फट गया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूटी सवार किशोरगंज चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गये। टक्कर जोरदार होने की वजह से बिजली पोल का बॉक्स टेढ़ा हो गया। दोनों युवक पुरानी रांची के रहने वाले हैं। घटना की सूचना दोनों युवक के परिजनों को दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन को सौंप दिया जाएगा।
एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। कई सरकारी विभागों और कार्यालयों के बाद झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी (सीयूजे) में कोरोना विस्फोट हुआ है। यहां एक साथ 43 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोरोना संक्रमित होने वालों में यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी से लेकर कोरोना संक्रमण को लेकर घोर लापरवाही भी सामने आई है। बता दें कि यूनिवर्सिटी कैंपस से 300 सैंपल जांच के लिए लिया गया था। इसमें बुधवार को आई रिपोर्ट में 43 लोग पॉजटिव मिले हैं। रिपोर्ट आने से पहले ही लगभग 90 फीसदी लोग कैंपस छोड़कर जा चुके हैं। ऐसे में 43 में से मात्र 8 कोरोना पॉजिटिव मरीज ही कॉलेज में मौजूद हैं। 35 संक्रमितों का कुछ पता नहीं है। बताया जा रहा है कि यह मामला काफी गंभीर है। प्रशासन की बड़ी लापरवाही की वजह से कोरोना संक्रमित मरीज राज्य में घूम रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से रांची समेत झारखंड के विभिन्न जिलों में कोरोना तेजी से फैल रहा है। लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। रांची में सबसे अधिक एक्टिव केस है। इसके बावजूद लोगों में लापरवाही देखी जा रही है।
एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार अब लोगों को डर पैदा करने लगा है। राज्य में गुरुवार 13 जनवरी को सभी जिले में नए केस मिले हैं, जिसकी कुल संख्या 4 हजार है। 2731 संक्रमित के कोरोना मुक्त होने के बावजूद राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 32250 हो गयी है। राज्य के सभी 24 जिलों में कोरोना के नए मामले मिले हैं। 13 जनवरी 2022 को जहां-जहां नए केस मिले हैं, उसमें रांची सहित 10 जिले में 100 से ज्यादा नए संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को रांची में जहां सबसे ज्यादा 1295 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं बोकारो में 183, चतरा में 105, देवघर में 120, धनबाद में 118, जमशेदपुर में 906, गिरिडीह में 11, गोड्डा में 108, गुमला में 57, हजारीबाग में 320, जामताड़ा में 14, खूंटी में 60, कोडरमा में 03, लातेहार में 35, लोहरदगा में 38, पलामू में 127, पाकुड़ में 28, रामगढ़ में 64, सिमडेगा में 51, पश्चिमी सिंहभूम 83, दुमका में 87, गढ़वा में 32, साहिबगंज में 103 और सरायकेला में 51 कोरोना संक्रमित मिले हैं। राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 32250 है। कोरोना से 13 जनवरी 2022 को जमशेदपुर में 01, हजारीबाग में 01, रांची में 02 और सरायकेला में 01 मौत होने के साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या 5189 हो गयी है। झारखंड में बड़ी संख्या में मिल रहे नए केस की वजह से राज्य का कोरोना इंडिकेटर्स में लगातार खराब स्थिति में होते जा रहा है। राज्य में 7डेज ग्रोथ रेट 0.99% हो गया है। वहीं 7 डेज डबलिंग रेट 70.46 दिन से घटकर 70.02 दिन का रह गया है। रिकवरी रेट भी 91.15% हो गया है। मोर्टेलिटी रेट 1.33% है।
टीम एबीएन, रांची। रिम्स के सुपर स्पेशियलिटी विंग के कार्डियोलोजी विभाग में तीसरे तल से नीचे गिरने से राणा नाम के व्यक्ति की मौत हो गई। वह मिर्गी रोग से पीड़ित था और नशापान भी करता था। वह पिछले कई साल से रिम्स में ही रहता था और वहीं पर अपना इलाज कराता था। इसके अलावा वह वहां आने वाले मरीजों का सहयोग भी करता था। बख्शीश में मिले रुपये से वह अपना पेट पालता था। बरियातू थाना पुलिस के मुताबिक गुरुवार को देर शाम सात बजे वह तीसरे तल से नीचे गिर गया। नीचे गिरने से उसके सिर और कमर के ऊपरी हिस्से के विभिन्न अंगों में चोट लगी। घटना के समय मौके पर मौजूद निजी सुरक्षाकर्मी उसे इमरजेंसी ले गए। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वह अस्पताल परिसर में राणा नाम से जाना जाता था। वह कहां का रहने वाला था और उसके परिवार में और कौन-कौन सदस्य हैं, इसक पता तत्काल नहीं चल सका है। पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में तीसरे तल की रेलिंग के समीप खड़ा राणा किस परिस्थिति में नीचे गिर गया, इसका पता लगाया जा रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि नशे की हालत में ही वह रेलिंग से नीचे की ओर झुका होगा और असंतुलित होकर नीचे जमीन पर गिर गया होगा। बताया गया कि वहां लगे सीसीटीवी से उसके छत से नीचे गिरने की सही स्थिति का पता चल सकेगा। इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और अमन साव के नाम पर एक करोड़ की लेवी मांगने के मामले के आरोपी को बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशीष कुमार पाठक है और वह आदित्यपुर सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि नगड़ी निवासी व्यवसायी डॉ संदीप कुमार राज से बीते 23 दिसंबर को फोन पर एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। फोनकर्ता ने गैंगस्टर सुजीत व अमन साव के नाम पर रंगदारी की रकम मांगी थी। इस मामले में नगड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दर्ज प्राथमिकी के बाद डीएसपी मुख्यालय टू प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी का लोकेशन निकाला। जब पुलिस मधुबनी पहुंची तो वह व्हाट्सएप वीडियो कॉल से अपने दूसरे साथी से बातचीत कर रहा था। उसी समय उक्त अपराधी के मोबाइल नंबर को ट्रेस करती पुलिस वहां पहुंची और उसे घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे लेकर गुरुवार को रांची आयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse