टीम एबीएन, रांची। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आज रांची के सांसद संजय सेठ ने ने सूर्य नमस्कार महा अभियान में भाग लिया। पतंजलि द्वारा आयोजित सूर्य नमस्कार महा अभियान में रांची के कई गणमान्य लोग व पतंजलि परिवार से जुड़े लोग भी शामिल थे। सांसद श्री सेठ ने कहा कि यह अभियान नहीं एक महायज्ञ है ताकि इस देश के नागरिक स्वस्थ रह सकें। कोरोना संक्रमण काल में योग और सूर्य नमस्कार ने हमारी रक्षा की है। अन्य पद्धतियों में यह भी एक महत्त्वपूर्ण पद्धति रही, जिससे कई लोगों की जानें बच सकी। सांसद श्री सेठ ने कहा कि सूर्य नमस्कार के वैज्ञानिक महत्व को देखते हुए भारत सरकार ने 75 करोड़ सूर्य नमस्कार महा अभियान आरंभ किया है। जिसके तहत आज हम सब सूर्य नमस्कार कर रहे हैं। श्री सेठ ने कहा कि भारतीय दर्शन ने दुनिया को हमेशा से स्वस्थ जीवन शैली दी है। स्वस्थ जीवन शैली का मतलब स्वस्थ खान-पान, स्वस्थ रहन-सहन और सबकुछ स्वस्थ। इन्हीं में एक महत्वपूर्ण है सूर्य नमस्कार। सूर्य नमस्कार संपूर्ण व्यायाम है। सूर्य नमस्कार एक ऐसा व्यायाम है, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए लाभकारी है। शरीर में की किसी भी प्रकार की बीमारी हो। बीमारी नहीं हो तो शरीर को स्वस्थ रखना हो। हर मामले में सूर्य नमस्कार बहुत ही लाभप्रद है। उन्होंने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने पहले कार्यकाल में ही योग को वैश्विक पहचान दिलाई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की परंपरा की नींव रखी और आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। योग दिवस और योग का ही एक महत्वपूर्ण घटक है सूर्य नमस्कार। सूर्य नमस्कार संपूर्ण यज्ञ है, जो हम अपने शरीर की शुद्धता और शरीर की स्वच्छता, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए करते हैं। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जब हम सूर्य की आराधना करते हैं तो ऐसे में सूर्य नमस्कार का महत्व और भी बढ़ जाता है। श्री सेठ ने कहा कि भारत सरकार द्वारा सूर्य नमस्कार का देशव्यापी आयोजन हमारे लिए बहुत ही लाभकारी है। हमारे व्यक्तिगत दृष्टि से, हमारे सामाजिक दृष्टि से और हमारे राष्ट्र की दृष्टि से। सूर्य नमस्कार हमें यह बताता है कि भारत ने आदि अनादि काल से दुनिया को स्वस्थ रहने की रीत सिखाई। चाहे महाभारत का काल हो, चाहे रामायण का काल हो। हर काल में सूर्य नमस्कार के महत्व को बताया है। उन्होंने सबसे आह्वान किया कि हम अपनी उस गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण करें। संवर्धन करें, जिन्होंने दुनिया को जीवन का मंत्र दिया।
गुमला। राज्य प्रवासी मजदूर नियंत्रण कक्ष से प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा अंचलाधिकारी भरनो संजीव कुमार, श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी भरनो मुन्ना राम तथा पुलिस अवर निरीक्षक राजेश के संयुक्त टीम के माध्यम से भरनो प्रखंड के सुपा ग्राम स्थित स्मार्ट मार्का ईंट भट्ठा की जांच पड़ताल की गई। राज्य प्रवासी मजदूर नियंत्रण कक्ष को ईंट भट्ठे में काम करने वाले छत्तीसगढ़ राज्य के जांजगीर चांपा तथा बलौदा बाजार जिले के मजदूरों ने दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर बताया कि वे सभी अपने घर छत्तीसगढ़ वापस जाना चाहते हैं किंतु ईंट भट्ठे के मालिक नईम मीरदाहा द्वारा श्रमिकों को घर वापस जाने नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में आज संयुक्त टीम द्वारा जांच किया गया तथा प्रत्येक श्रमिकों से पूछताछ भी की गई। पूछताछ के दौरान सभी श्रमिकों ने घर वापस लौटने की इच्छा जाहिर की। जिस पर टीम द्वारा सभी श्रमिकों को सकुशल उनके राज्य वापस भेजने हेतु ईंट भट्ठा के मालिक एवं श्रमिकों के बीच में आपस में समझौता कराया गया। समझौता कराने के बाद ईंट भट्ठे के मालिक द्वारा सभी श्रमिकों को घर वापस भेजने हेतु 12800 रुपये वाहन का किराया तथा 04 हजार रुपये राहगीर खर्च के रूप में उपलब्ध कराया गया। ज्ञातव्य है कि ईंट भट्ठे में कार्य करने वाले छत्तीसगढ़ के श्रमिक परिवारों के कुल 32 लोगों को आज जिला प्रशासन के सहयोग से सकुशल उनके राज्य वापस भेजा गया। मुक्त कराये गए श्रमिकों में जांजगीर-चांपा जिला के मुक्ता ग्राम निवासी बबलू महिलागे, बलौदाबाजार जिला के कहरौत ग्राम निवासी मुचु पुरेना, बलौदा बाजार जिले के बिरकुलि ग्राम निवासी दादूराम खरे, जांजगीर-चांपा जिला के मुक्ता ग्राम निवासी राजकुमार महिलागे, जांजगीर चांपा जिला के करमंदी ग्राम निवासी सतेश्वर लाहिरी, दोयाडीह ग्राम निवासी मनोज भारद्वाज तथा बलोदा बाजार जिला के कहारौद ग्राम निवासी चंदू मारकंडे तथा उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।
गुमला। गुुमला पुलिस ने लातेहार में गिरफ्तार भाकपा माओवादी सदस्य निर्मल मिंज की स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर गुमला जिले से चार माओवादी समर्थकों को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। शनिवार को एसपी ऐहतेशाम वकारीब ने अपने कार्यालय परिसर में प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लातेहार में भाकपा माओवादी सदस्य के स्वीकारोक्ति बयान में गुमला में माओवादियों में शामिल व हथियार स्पलाई करने वालों का नाम बताया गया था। जिसके बाद एसपी ने एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पालकोट थाना क्षेत्र के श्रवण सिंह पिता स्व. देवकी नंदन सिंह को एक सिंगल सॉट रायफल के पकड़ा गया। गिरफ्तार श्रवण सिंह ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि गुमला थाना क्षेत्र के टोटो निवासी छोटु खान उर्फ सोहेब खान पिता सगीर खान के साथ मिलकर माओवादी संगठन व छोटे अपराधी संगठनों के बीच बिहार से हथियार मंगवाकर स्पलाई करता है। श्रवण ने बताया कि माओवादी सदस्य निर्मल मिंज उर्फ निर्मल जी को दो .315 बोर का देशी हथियार सप्लाई किया था। उसके निशानदेही पर डुमरी थाना क्षेत्र के ढोठीपाट से एक .315 बोर का देशी हथियार बरामद किया गया और उक्त गांव से सुरेंद्र तिर्की पिता स्व. इलियस तिर्की एवं डुमरी के ही डहकुल दमगडहा गांव निवासी आलोक बाखला पिता स्व. हाबिल बाखला को गिरफ्तार किया गया। छापामारी दल में गुमला जिला पुलिस बल के पदाधिकारी व जवान शामिल थे। गिरफ्तार अपराधी श्रवण सिंह के खिलाफ गुमला व पालकोट थाना में मामला दर्ज है।
घाघरा, गुमला। घाघरा बीडीओ बिष्णुदेव कच्छप की अध्यक्षता में कोविड-19 टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के संबंध में प्रखंड सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीडीओ ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सभी एएनएम एवं सहिया के साथ समन्वय स्थापित करते हुए टीकाकरण हेतु निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने प्रखंड के सभी कर्मियों को अपने-अपने पंचायतों में मेडिकल टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए टीकाकरण की इस मुहिम को सफल बनाने में अपना भरपूर योगदान देने पर विशेष जोर दिया तथा उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण के द्वितीय डोज के प्रगति की भी समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में उन्होंने वैसे सभी लोग जिनका कोविड-19 टीकाकरण के द्वितीय डोज लेने की अवधि हो गई है, वैसे लोगों को चिन्हित करते हुए उन्हें दूसरा डोज दिलवाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी बिष्णुदेव कच्छप सहित प्रखंड के सभी कर्मचारी, सभी राशन दुकानदार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। कोरोनारोधी टीकाकरण को गति देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा टीका महोत्सव अंतर्गत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शिविर का आयोजन कर 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों और वैसे अभिवावक जिन्होंने अबतक वैक्सीन नहीं लिया उन्हें वैक्सीन देने की कवायद शुरू की गई। इसी कड़ी में आज जिले के कुल 08 शैक्षणिक संस्थानों में शिविर का आयोजन कर कुल 609 किशोरों को वैक्सीन का पहला डोज दिया गया। इस दौरान कोविड का टीका लेने आये सभी किशोरों में काफी उत्साह देखने को मिला। शैक्षणिक संस्थानों के नाम निम्नलिखित है, जहां आज विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन कर 15 से 18 वर्ष के किशोरों के टीकाकरण किया गया। कहां कितने को लगा टीका : शारदा विद्या मंदिर, जयनगर - 80, संस्कार पब्लिक स्कूल, नवलशाही - 120, आदर्श पब्लिक स्कूल, नवलशाही - 80, श्री महेश अकादमी, डोमचांच - 50, विवेकानंद आइडल पब्लिक स्कूल - 60, मंजुला शर्मा मेमोरियल अकादमी - 50, सनसाइन एजुकेशन अकादमी - 89, भारती हाई स्कूल, नवलशाही - 80। विदित हो कि उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के मार्गदर्शन पर जिला प्रशासन द्वारा कल दिनांक 12 जनवरी से जिले में टीका महोत्सव अभियान अंतर्गत टीकाकरण शिविर का आयोजन कर 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों और वैसे अभिवावक जिन्होंने अबतक वैक्सीन नहीं लिया उन्हें वैक्सीन दी जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन, कोडरमा का उन सभी लोगों से आग्रह है कि जिन्होंने अभी तक कोविड का वैक्सीन नहीं लिया है, वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीका अवश्य लगवालें और खुद को एवं अपने परिजनों को इस वायरस से बचाएं।
गुमला। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम की श्रृंखला में आज नेहरू युवा केंद्र गुमला (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस एवं साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत आज रक्तदान शिविर का आयोजन सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में किया गया। रक्तदान कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला युवा पदाधिकारी मोना प्रेरणा सुरीन द्वारा रक्तदान किया गया। इसके पश्चात नेहरू युवा केंद्र गुमला के युवाओं ने भी रक्तदान शिविर में भाग लेकर ब्लड डोनेट किया। रक्तदान शिविर में जिला युवा पदाधिकारी सहित युवाओं द्वारा कुल 13 यूनिट क्तदान किया गया। रक्तदान शिविर में जिला युवा पदाधिकारी मोना प्रेरणा सुरीन सहित श्वेत शील खाखा, रोहित भगत, अंकित उरांव, संजीत लकड़ा, गुलशन शर्मा, कुंदन कुमार, विकास कुमार, जीतेंद्र बड़ाइक, शगील रजा, चेतन कुमार केसरी, रानी साहिबा, शालिनी लकड़ा ने आज रक्तदान किया। रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जिला युवा पदाधिकारी मोना प्रेरणा सुरीन ने कहा कि रक्तदान कर न केवल किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है, बल्कि कई बीमारियों से भी बचा जा सकता है। एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसलिए रक्तदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरुकता बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को रक्तदान करने हेतु प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवा वर्ग से अधिक से अधिक रक्तदान करने की भी अपील की।
गुमला। गणतंत्र दिवस 2022 की आवश्यक तैयारियों के निमित्त उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन समिति की बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। उपायुक्त ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार के मद्देनजर सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में गणतंत्र दिवस का आयोजन करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर कोविड-19 संबंधी गाइडलाइन्स का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दिया। जिसके तहत कार्यक्रमस्थल पर व्यक्तियों के प्रवेश, कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होने वाले सभी व्यक्तियों को मास्क की अनिवार्यता भी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दंडाधिकारी सहित आवश्यक बलों की प्रतिनियुक्ति विभिन्न प्रवेश द्वारों एवं स्टेडियम के अंदर तथा बाहर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्टेडियम के मुख्य द्वार पर कोविड टेस्टिंग एवं कोविड-19 टीकाकरण टीमों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। बैठक में उपायुक्त के द्वारा परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम एवं झंडोत्तोलन को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल को दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिला अग्निशमन पदाधिकारी को 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास परेड तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था का निर्देश दिया। बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर परमवीर अल्बर्ट एक्का के बड़े बेटे विंसेंट एक्का को गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित करने तथा सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही देश की रक्षा में शहीद हुए स्वर्गीय नयमन कुजूर की पत्नी सहित जिले के ऐसे अन्य शहीद वीर सपूतों के परिजनों को भी जिला मुख्यालय में सम्मानित किए जाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा बिरसा मुण्डा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा के रंग-रोगन, माल्यार्पण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किए जाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आईटीडीए भवन परिसर से स्थापना शाखा जाने वाली सड़क, पुलिस अधीक्षक के कार्यालय, गोपनीय कार्यालय, उप विकास आयुक्त के कार्यालय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय, से होते हुए मेन रोड तक की साफ-सफाई तथा अनावश्यक उगी झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर परिषद को दिया। उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को माल्यार्पण स्थल की साफ-सफाई एवं झाड़ियों की कटाई करने तथा संबंधित विभागों को रंग-रोगन का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किए जाने वाले कोरोना काल एवं 15-18 तथा 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, कोरोना काल में निरंतर अपनी सेवाएं देने वाले पीडीएस डीलरों, निर्वाचन संबंधी कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले बीएलओ, उन्नत किसानों, अंतर्राष्ट्रीय एवं उभरते हुए खिलाड़ियों आदि की सूची 20 जनवरी तक उप विकास आयुक्त के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में प्रात: 09.00 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख संस्थानों/ विशिष्ट स्थानों पर झंडोत्तोलन के कार्यक्रम का समय भी निर्धारित किया गया। कहां कब होगा झंडोत्तोलन : टावर चौक स्थित शहीद चौक पर माल्यार्पण/ सलामी 08.00 बजे पूर्वाह्न, इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण 08.35 बजे पूर्वाह्न, शहीद स्मारक गुमला में माल्यार्पण पूर्वाह्न 08.40 बजे पूर्वाह्न, बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण 08.50 बजे पूर्वाह्न, परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में 09.00 बजे पूर्वाह्न, उपायुक्त कार्यालय आईटीडीए भवन में 10.00 बजे पूर्वाह्न, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10.05 बजे पूर्वाह्न, उप विकास आयुक्त कार्यालय में 10.10 बजे पूर्वाह्न, सदर अनुमंडल कार्यालय में 10.15 बजे पूर्वाह्न, जिला परिषद कार्यालय में 10.25 बजे पूर्वाह्न, गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में 10.35 बजे पूर्वाह्न तथा पुलिस लाईन चंदाली में 11.15 बजे पूर्वाह्न। गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास दिनांक 21 जनवरी से 23 जनवरी 2022 तक तथा पुन: परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी 2022 को पूर्ण वर्दी के साथ परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में किया जाएगा। गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ, जेएमपी, डीएपी, होमगार्ड के जवान तथा वन रक्षी के जवान शामिल होंगे। पूर्वाभ्यास की अवधि में परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में पेयजल की व्यवस्था का भार कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को सौंपा गया। परेड के पूर्वाभ्यास एवं 26 जनवरी 2022 के परेड के लिए गुमला कस्तूरबा गांधी विद्यालय से अपना बैंड दल समय पर उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई। जिसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी गुमला आवश्यक समन्वय करेंगे। इस निमित्त बैंड दल को विद्यालय से लाने एवं ले जाने हेतु वाहन की व्यवस्था जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला नजारत उप समाहर्त्ता को सुनिश्चित कराने का उत्तरदायित्व सौंपा गया। झंडोत्तोलन के साथ राष्ट्रीय गान की प्रस्तुतिकरण की व्यवस्था जिला शिक्षा पदाधिकारी करेंगे, जिसमें उनके द्वारा यह ध्यान रखा जाएगा कि राष्ट्रीय गान टीम में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे-बच्चियां न हो। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि राष्ट्रगान दल प्रात: 08.00 बजे तक निश्चित रूप से परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में पहुंच जाएं। राष्ट्रगान दल को स्टेडियम तक लाने एवं ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था जिला नजारत उप समाहर्त्ता गुमला करेंगे। इसके साथ ही 26 जनवरी 2022 को प्रात: 08.00 बजे से लेकर पूर्वाह्न 11.30 तक छोटी-बड़ी वाहनों का परिचालन बंद करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डॉ.एहतेशाम वकारीब, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद रवि आनंद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्राण रंजन, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, एलडीएम गुमला, जिला नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, जिला खेल पदाधिकारी कुमारी हेमलता बून, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, अग्निशमन प्रभारी पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेंद्र सोन केशरी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुकेशनी केरकेट्टा, सदर अंचल अधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, पणन सचिव बाजार समिति व अन्य उपस्थित थे।
चतरा। जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव दफनाने को लेकर दो समुदायों के बीच जमकर बवाल हो गया। खेल के मैदान और कब्रिस्तान को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इसके बाद तीन और थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव दफनाया गया। घटना का कारण खेल के मैदान को कब्रिस्तान बताकर चहारदीवारी निर्माण बताया जा रहा है। मालूम हो कि उक्त जमीन में मुस्लिम समुदाय के लोग शव को दफना रहे थे। जिसका विरोध हिन्दु समुदाय के लोगों ने किया। उन्होंने कहा कि यह खेल का मैदान है। यहां पर खेल प्रेमी अपनी प्रतिभा को संवारते हैं। ऐसे में शव को यहां पर दफनाने से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मुस्लिम समुदाय के लोग ने कहा कि आप लोग का यहां पर कुछ नही है। केवल मुस्लिम वर्ग को शव दफनाने के लिए यह जमीन है। जिसकों लेकर दोंनों समुदाय के बीच झड़प हो गया। डीएसपी केदार राम, सदर थाना प्रभारी लव कुमार, इटखोरी थाना प्रभारी निरंजन कुमार मिश्रा, मयूरहंड थाना प्रभारी कौशल सिंह, बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा, इंस्पेक्टर शिव प्रकाश कुमार ने घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को हस्तक्षेप कर समझा बुझाकर मामला शांत कराया। घटना की तहरीर नहीं दी गई। पुलिस घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। डीएसपी केदार राम का कहना है कि शव दफन करा दिया गया है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse