झारखंड

View All
Published / 2022-01-18 12:36:51
श्रम अधीक्षक ने 12 मजदूरों का बकाया 1.5 लाख भुगतान कराया

टीम एबीएन, गुमला। श्रम अधीक्षक एतवारी महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में बकाया मजदूरी से संबंधित प्राप्त शिकायतवाद की सुनवाई करते हुए आज पुनः 12 मजदूरों के शेष 01 लाख 05 हजार 415 रुपये के बकाया मजदूरी राशि का भुगतान कराया। इस संबंध में श्रम अधीक्षक ने बताया कि सिसई प्रखंड स्थित जोरगो टोली ग्राम निवासी सोनू बारला ने बकाया मजदूरी राशि के भुगतान हेतु शिकायतवाद किया था। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता सोनू बारला तथा अन्य 11 सिक्योरिटी गार्ड सिसई प्रखंड के भुरसो पंचायत स्थित लावागई चेंगरी ग्राम निवासी प्रमोद नाग, सिसई प्रखंड के सोगड़ा पंचायत स्थित ग्राम समल जोरगो टोली निवासी मोहन बारला, लातेहार के लेघपा पंचायत स्थित चूरिया ग्राम निवासी रामफल उरांव, सदर प्रखंड के रैना नगर निवासी रवि मिंज, सदर प्रखंड के पतिया पंचायत स्थित कोईंजारा गढ़टोली निवासी मुन्ना गोप एवं गणेश गोप, सिसई प्रखंड को सोगड़ा पंचायत स्थित सोगड़ा कुधादामर निवासी कृष्णा गोप एवं जयदीप गोप, सदर प्रखंड के पतिया पंचायत स्थित नक्टी टोली निवासी लक्ष्मण गोप, महुआटांड़ के जरहा टोली ग्राम निवासी संजय केरकेट्टा एवं सिसई प्रखंड के सोगड़ा पंचायत स्थित सोगड़ा कुधादामर निवासी सोमरा खड़िया विजय इलेक्ट्रिकल लिमिटेड पालकोट रोड गुमला तथा इंडिगो सिक्योरिटी फोर्स सेक्टर-04, एचईसी कॉलोनी, उलातू टोला, साई मंदिर, रांची के नियोजक के यहां सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करते थे। किंतु इन सभी 12 मजदूरों का कुल 02 लाख 68 हजार 108 रुपये की मजदूरी राशि को नियोजक द्वारा लंबित रखा गया था। जिसमें से विगत 12 जनवरी को मजदूरों के 01 लाख 62 हजार 693 रूपये के बकाए मजदूरी राशि का भुगतान कराया गया था। आज पुनः शेष बकाया मजदूरी से संबंधित मामले के निष्पादन हेतु श्रम अधीक्षक ने दोनों पक्षों में आपसी समझौता करवाया। समझौते के तहत विजय इलेक्ट्रिकल लिमिटेड पालकोट रोड गुमला के प्रतिनिधि चिंटू गौड़ा द्वारा शिकायतकर्ता सोनू बारला सहित अन्य सभी 11 मजदूरों (सिक्योरिटी गार्ड) के बकाया मजदूरी राशि का भुगतान करने के लिए सहमति जताते हुए 01 लाख 05 हजार 415 रुपये का नगद तथा नेफ्ट के माध्यम से भुगतान कराया गया। बकाया मजदूरी राशि के भुगतान के समय श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, शिकायतकर्ता सोनू बारला सहित 11 सिक्योरिटी गार्ड, विजय इलेक्ट्रिकल लिमिटेड पालकोट रोड गुमला के प्रतिनिधि चिंटू गोड़ा एवं श्रम कार्यालय के कर्मीगण उपस्थित थे।

Published / 2022-01-18 12:30:42
उपायुक्त गुमला की अध्यक्षता में हुई कार्यान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में विशेष केंद्रीय सहायता, आकांक्षी जिला योजना, अनाबद्ध निधि तथा पर्यटन मद अंतर्गत स्वीकृत एवं कार्यान्वित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में की गई। उपायुक्त ने विशेष केंद्रीय सहायता योजनांतर्गत कार्यान्वित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 87 स्वीकृत योजनाओं में से 77 योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं, जबकि शेष 10 योजनाएं अपूर्ण हैं। ये सभी अपूर्ण योजनाएं माईक्रोलिफ्ट सिंचाई से संबंधित हैं। इसपर उपायुक्त ने सभी अपूर्ण योजनाओं को जनवरी माह के अंत तक पूर्ण करते हुए उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि भारतीय लोक कल्याण संस्थान रांची द्वारा बिशुनपुर प्रखंड में 08 एवं घाघरा प्रखंड में 02, कुल 10 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में विकासित किया जाना था। जो अपूर्ण पाया गया। भारतीय लोक कल्याण संस्थान रांची के प्रतिनिधि द्वारा कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। इसपर उपायुक्त ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित किए जाने वाले सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने उक्त कार्य में उच्च गुणवत्तायुक्त सामग्रियों का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश भारतीय लोक कल्याण संस्थान रांची को दिया। वहीं कार्य में शिथिलता बरतने तथा जांच में निम्न स्तर के निर्माण सामग्रियों का उपयोग पाए जाने पर संबंधित संस्थान पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने आकांक्षी जिला योजनांतर्गत कार्यान्वित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिला परिषद द्वारा बिशुनपुर प्रखंड के निरासी पंचायत स्थित कुमाड़ी सरयू मार्ग में आरसीसी पुलिया एवं गार्डवाल निर्माण कार्य अपूर्ण पाया गया। जिला अभियंता द्वारा ढलाई कार्य की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई। जिसपर जिला योजना पदाधिकारी ने बताया कि विगत 02 वित्तीय वर्षों से अधिक समय बीत जाने पर भी उक्त निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। इसपर उपायुक्त ने जिला अभियंता को अगले तीन दिनों के अंदर स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की भौतिक स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी तकनीकि पदाधिकारियों को उनके संबंधित विभागों द्वारा संचालित एवं पूर्ण योजनाओं में अबतक सृजित ऐसेट्स का पूरा ब्यौरा ऐसेट पंजी में संधारित कर प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला अभियंता को जिला परिषद, जिला पंचायत तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी योजनाओं में सृजित ऐसेट्स का ब्यौरा प्रतिवेदित करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने पर्यटन मदांतर्गत कार्यान्वित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि पर्यटन मदांतर्गत 47 योजनाओं में से 30 योजनाएं पूर्ण व शेष 17 योजनाएं अपूर्ण हैं। जिसपर कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 20-21 में 22 योजनाओं में से 09 योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं। वहीं सिरा-सीता धाम पर्यटनस्थल में ढकनी चुआं कुण्ड के सौंदर्यीकरण का कार्य वन भूमि होने के कारण अपूर्ण है। जिसके लिए वन विभाग से एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया की जा रही है। लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा 02 योजनाओं में कार्य अपूर्ण पाया गया। जिसपर कार्यपालक अभियंता ने मार्च माह तक दोनों अपूर्ण योजनाओ को पूर्ण करने की बात कही। इसके साथ ही आंजनधाम में निर्माणाधीन प्रखंड स्तरीय गेस्ट हाउस भवन तथा डुमरी प्रखंड के टांगीनाथ पर्यटक स्थल में निर्माणाधीन गेस्ट हाउस भवन के कार्य की समीक्षा के क्रम में जिला अभियंता जिला परिषद ने पर्यटक स्थल टांगीनाथ में मार्च माह तक तथा आंजनधाम के प्रखंड स्तरीय गेस्ट हाउस भवन का निर्माण फरवरी माह में पूर्ण करने की बात कही। उपायुक्त ने सभी विभागों को उनसे संबंधित सभी अपूर्ण योजनाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला उद्यान पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल/ एनआरईपी प्रदीप कुमार भगत, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी मंतोष कुमार मणि, जिला अभियंता जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, एडीपीओ पीयुष कुमार व अन्य उपस्थित थे।

Published / 2022-01-18 12:20:36
आजादी का अमृत महोत्सव : डीएवी के 2100 विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 18 जनवरी 2022, को सत्यानन्द योग मिशन के दिशा-निर्देशन में मिशन का योग केंद्र कांके रोड, आईएस ऑफिसर्स क्लब, जस्टिस आवासीय परिसर और डीएवी के विद्यालयों में फिजिकल रूप से सैकड़ों शिक्षक और ऑनलाइन में जुड़े हजारों विद्यार्थियों ने दस चक्र सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। डीएवी हेहल के 800 छात्र, डीएवी पुंदाग के 600 छात्र, डीएवी गांधीनगर के 700 छात्र, सभी मिलाकर 2100 छात्रों ने दस चक्र सूर्य नमस्कार किया। इसके साथ तीनों विद्यालय के 130 शिक्षक अपने प्राचार्य के साथ आचार्य मुक्तरथ एवं इनके सहयोगी पियुष सिंह एवं रजनीश कुमार के सान्निध्य में विद्यालय परिसर में दस चक्र सूर्य नमस्कार के अभ्यासों को किया। डीएवी हेहल में शिक्षकों और ऑनलाइन जुड़े छात्रों को सम्बोधित करते हुए मुक्तरथ जी ने कहा बच्चों के बढ़ते उम्र में हार्मोनल असंतुलन से बचाता है सूर्यनमस्कार। यदि सात वर्ष के उम्र से ही सूर्य नमस्कार लाईफ में जुड़ जाये तो शारीरिक तंदुरूस्ती के साथ मानसिक सबलता आती है।

Published / 2022-01-18 12:17:26
आजादी का अमृत महोत्स : डीएवी पुंदाग में किया गया सूर्य नमस्कार

टीम एबीएन, रांची। एसआरडीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग, रांची में "आज़ादी का अमृत महोत्सव" के अंतर्गत दो दिवसीय योग का कार्यक्रम आयोजित किया गया।योग स्वस्थ जीवन का आधार है। कोरोना महामारी के दौर में अपने शरीर को स्वस्थ रखने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में योग मददगार साबित हो सकता है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम से कक्षा अष्टम से दशम तक के विद्यार्थी, उनके अभिभावक तथा कुछ शिक्षक ऑनलाइन जुड़ें, जबकि प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा एवं विद्यालय में उपस्थित शिक्षक - शिक्षिकाओं ने विद्यालय परिसर में सूर्य नमस्कार के आसनों का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार करते हुए अपना वीडियो बनाकर अपने विद्यालय के खेल शिक्षक आशीष जयसवाल को भेजा। प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वे योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएं। योग भारत से निकलकर पूरी दुनिया में फैल चुका है। पूरी दुनिया योग से लाभान्वित हो रही है। हम भी प्रति दिन कुछ समय योग करके स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।वर्तमान समय में सुस्वास्थ्य से बढ़कर कोई नेमत नहीं है। सही कहा गया है कि स्वास्थ्य ही धन है। इसलिए हमें नियमित रूप से अवश्य ही योग करना चाहिए।

Published / 2022-01-18 12:12:11
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ राज्य में 2499 मिले संक्रमित

एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार मंद होने लगी है। इसके अलावा कोरोना संक्रमितों के ठीक होने के मामले बढ़े हैं। इससे लोगों को राहत मिली है। झारखंड में 17 जनवरी को 58,197 सैंपल की जांच की गई। इसमें 2,499 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी शामिल हैं। अर्जुन मुंडा इन दिनों रांची में ही हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी दी। वहीं 17 जनवरी को 4266 कोरोना संक्रमित ठीक हुए। हालांकि इस बीच कोरोना से राज्य में 06 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक कोरोना से 5209 लोगों की जान जा चुकी है। इधर, सोमवार को झारखंड में एक्टिव केस की संख्या 29974 रही। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री इन दिनों रांची में ही हैं। बीते दिनों कराई गई उनकी कोरोना की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। सोमवार को ट्वीट कर उन्होंने यह जानकारी दी। इसी के साथ उन्होंने संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना जांच कराने की अपील की है।

Published / 2022-01-17 16:47:34
28 से 30 जनवरी तक होगी जेपीएससी की परीक्षा

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 7वीं से लेकर 10वीं जेपीएससी मुख्य परीक्षा 28 से 30 जनवरी तक चलेगी। 28 जनवरी को पहली पाली में पहले पेपर की और दूसरी पाली में दूसरी पेपर की परीक्षा निर्धारित की गई है। इसी तरह 29 जनवरी को पहली पाली में पेपर तीसरे और दूसरी पाली में चौथे पेपर की परीक्षा ली जाएगी। 30 जनवरी को पहली पाली में पांचवीं पेपर और दूसरी पाली में छठी पेपर की परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली की परीक्षा 3 घंटे की होगी। इस मुख्य परीक्षा के लिए रांची में लगभग 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। पहली पाली की परीक्षा 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ली जाएगी। आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ अटेंडेंस शीट और परीक्षा केंद्र की जानकारी वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। अगर इसमें किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो उम्मीदवारों को पूछताछ काउंटर पर 18 जनवरी से 25 जनवरी तक लिखित आवेदन देकर एडमिट कार्ड की त्रुटि दूर कराने की व्यवस्था दी गई है। आयोग ने इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए 18 जनवरी से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा दी है। उम्मीदवार अपना जन्म तिथि और प्रारंभिक परीक्षा का रोल नंबर डालकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

Published / 2022-01-17 16:25:21
आरपीएफ ने पैसेंजर ट्रेन में डेढ़ क्विंटल लकड़ी की बरामद

टीम एबीएन, कोडरमा। आरपीएफ ने सोमवार को आसनसोल से वाराणसी जा रही पैसेंजर ट्रेन से गुप्त रूप से छापामारी की गई, जिसमें गाड़ी के छठे डब्बे के आगे दरवाजे के पीछे लकड़ियों का ढेर छुपाया गया था। करीब डेढ़ क्विंटल कुल लकड़ी को बरामद किया गया। ट्रेन में बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई पर किसी ने अपना अपना दावा पेश नही किया। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक जवाहर लाल ने बताया कि गझंडी रेलवे स्टेशन पर लकड़ी को उतारा गया और वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। जब्त लकड़ी की कीमत 1200 रुपए आंकी गई है।

Published / 2022-01-17 16:23:36
जोधपुर एक्सप्रेस को रेड सिग्नल दिखाने पर सात गिरफ्तार

टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा के रास्ते चलने वाली ट्रेन संख्या 22308 डाउन बीकानेर हावड़ा एक्सप्रेस को सोमवार की सुबह 8 बजे ग्रीन सिग्नल पास किया जा रहा था। अचानक ट्रेन में सफ़र कर रहे यात्रियों ने चैन पुल्लिंग कर दी और ट्रेन रेड सिग्नल पर लगभग 10 मिनट तक खड़ी रहे। ट्रेन के खड़ी होते ही आरपीएफ सक्रिय हुई और चेन पुलिंग करने वाले 7 यात्रियों को पकड़ा और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि इस संबंध में कोडरमा आरपीएफ ने कांड संख्या 6/ 2022 यूएस की धारा 141 पंजीकृत की गई। सभी गिरफ्तार यात्रियों को माननीय न्यायालय रेल धनबाद को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रस्तुत किया गया और रेल न्यायालय के द्वारा प्रति यात्रियों को 800 रुपया प्रति यात्री जुर्माना लेने के बाद रिहा कर दिया गया।

Page 1487 of 1652

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse