झारखंड

View All
Published / 2022-01-19 03:51:40
झारखंड : मंगलवार को मिले 2514 नए संक्रमित, 4 की मौत

एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले थोड़ी कम हुई है, लेकिन अभी भी हजारों में नए संक्रमित मिल रहे हैं। राज्य में मंगलवार को 2514 नए मरीज मिले हैं। वहीं मंगलवार को झारखंड में कोरोना से 4 संक्रमितों की मौत हुई है। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5213 हो गई है। फिलहाल, राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 28,586 है। मंगलवार को राज्य में 3898 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। मंगलवार को झारखंड में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज रांची जिले में मिले हैं। रांची में कुल 829 मरीज मिले हैं, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 542 नए मरीज मिले हैं। वहीं जिन 4 मरीजों की मौत कोरोना से हुई है उनमें से 3 की पूर्वी सिंहभूम में मौत हुई है, जबकि 1 मौत रामगढ़ में हुई है।

Published / 2022-01-18 17:53:49
टीएमएच में भर्ती नहीं लेने पर मौत, तोड़फोड़

टीम एबीएन, जमशेदपुर। जमशेदपुर के जोजोबेड़ा के अभिषेक कुमार की मंगलवार को मौत के बाद टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। परिजन अभिषेक को इलाज के लिए टीएमएच लेकर पहुंचे थे, लेकिन उसे भर्ती नहीं लिया गया। इलाज नहीं होने के कारण युवक की मौत हो गई, इसपर लोग भड़क गए और तोड़फोड़ की। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर जोजोबेड़ा निवासी 18 वर्षीय अभिषेक कुमार को इलाज के लिए लेकर टीएमएच पहुंचे थे। सड़क हादसे में घायल अभिषेक को भर्ती नहीं लिए जाने से मौत होने पर लोगों ने इमरजेंसी वार्ड का शीशा तोड़ दिया। थोड़ी देर में हंगामा करने वाले वहां से भाग गए।

Published / 2022-01-18 17:31:38
टेरर फंडिंग : आरोपियों को हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत

टीम एबीएन, रांची। टेरर फंडिंग मामले में आधुनिक पावर कंपनी के एमडी महेश अग्रवाल, वीकेवी कंपनी के ट्रांसपोटर्स अमित अग्रवाल उर्फ सोनू अग्रवाल एवं विनीत अग्रवाल को झारखंड हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन व जस्टिस एसएन प्रसाद की खंडपीठ ने इनकी ओर से दाखिल क्वैसिंग याचिकाओं को खारिज कर दिया है। अर्थात् तीनों को आगे भी मुकदमा का सामना करना पड़ेगा। याचिका 4 फरवरी 2020 को दाखिल की गई थी। पूर्व में बहस पूरी होने के बाद खंडपीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अग्रवाल बंधुओं की ओर से एनआइए कोर्ट द्वारा इनके खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर लिए गए संज्ञान के खिलाफ हाईकोर्ट में क्वैसिंग याचिका दाखिल की गई थी। तीनों पर उग्रवादी संगठन को फंडिंग देने का आरोप है। एनआइए ने तीनों के खिलाफ जांच पूरी करते हुए 15 जनवरी 2020 को पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। जिस पर विशेष अदालत ने संज्ञान लिया था। अब इनके पास सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल करने का विकल्प है। गौरतलब है कि सीसीएल, पुलिस, उग्रवादी और शांति समिति के बीच समन्वय बैठाने की आड़ में मोटी रकम लेवी के रूप में वसूली जाती थी। एनआइए ने टंडवा थाने में दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 2/2016) को टेक ओवर करते हुए कांड संख्या 3/2018 दर्ज किया है। क्या है मामला : एनआइए की जांच में तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) को फंड देने कि पुष्टि हुई है। टीपीसी को लेवी देने के लिए ही ऊंची दर पर मगध और आम्रपाली प्रोजेक्ट से कोयला ढुलाई का ठेका लिया जाता था। ऊंची दर पर ली गई राशि का अधिकतर हिस्सा टीपीसी को जाता था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला बहस के दौरान सुदेश केडिया के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया गया। कहा गया कि इनके खिलाफ प्रथम दृष्टया का कोई मामला नहीं बनता है। इसको देखते हुए एनआइए कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को खारिज करते हुए उन्हें राहत दी जानी चाहिए। इनलोगों का नाम पूरक चार्जशीट में शामिल किया गया था।

Published / 2022-01-18 17:26:39
झारखंड : बर्फीली हवा से तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट, कनकनी बढ़ी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है, जिस वजह से आसमान में बादल छंटते ही ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिली है। इन दिनों सुबह के वक्त में धुंध और कोहरा देखने को मिला रहा है। वहीं तापमान में लगभग 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली है। क्योंकि पहाड़ों बर्फवारी हो रही है, जिससे आने वाली हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। बर्फीली हवा के कराण तापमान में लगभग 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। लेकिन कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बर्फबारी का दौर चल रहा है, जिसके कारण पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी हुई है। अभी दो-तीन दिनों तक बर्फबारी होने का अनुमान है। इसलिए ठंड में किसी भी प्रकार की राहत की उम्मीद नहीं बताई जा रही है। वहीं, 4 दिन बाद फिर उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ शुरू होगा। इससे ठंड में और भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती। पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा है। वही राज्य के एक-दो स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप भी देखने को मिलेगा। झारखंड में उच्चतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया है, जबकि झारखंड में न्यूनतम तापमान बोकारो में 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 7.5, जमशेदपुर में 9.4, डालटेनगंज 8.6, बोकारो 6.2, चाईबासा में 9.2, देवघर में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में उच्चतम तापमान 21.4, जमशेदपुर में 23.6, डाल्टनगंज 20.8, बोकारो में 22.1, चाईबासा में 23.8 और देवघर में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

Published / 2022-01-18 15:48:03
गुमला जेल में पार्टी : जेलर सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित

रांची। जेल में पार्टी मामले में कार्रवाई हुई है। गुमला जेल में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पार्टी को लेकर जेलर सहित चार पुलिसकर्मी निलंबित कर दिया गया है। झारखंड के गुमला जेल में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह के द्वारा 31 दिसंबर को की गई पार्टी का फोटो वायरल होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गयी है। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद जेल आईजी मनोज कुमार ने गुमला जेल के प्रभारी जेलर सहित चार को निलंबित कर दिया है। गुमला के अधीक्षक सुनील कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा हुई है। सहायक कारापाल कौलेश्वर राम पासवान (प्रभारी कारापाल), उच्च कक्षपाल मोहरा सांगा, दफा इंचार्ज उपेंद्र राय, कक्षपाल मुन्ना साह को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई होगी। अनुबंध पर कक्षपाल के पद पर कार्यरत दो भूतपूर्व सैनिक मारकुश लकड़ा और वाल्टर केरकेट्टा का अनुबंध समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। जेल आईजी मनोज कुमार ने एआइजी हामिद अख्तर और गुमला जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर गुमला के प्रभारी जेलर समेत चार जेलकर्मियों को निलंबित किया है। मामले में मंडल कारा गुमला के काराधीक्षक के खिलाफ अलग से विभागीय कार्रवाई होगी। जेल आईजी के आदेश पर अनुबंध पर कक्षपाल के पद पर तैनात दो भूतपूर्व सैनिकों का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। वहीं जेल में पार्टी करने वाले सुजीत सिन्हा का तबादला प्रशासनिक आधार पर केंद्रीय कारा दुमका कर दिया गया है। तीन माह पूर्व ही सुजीत को धनबाद कारा से गुमला भेजा गया था। बीते दिनों सुजीत सिन्हा का गुमला मंडल कारा में पार्टी किए जाने की तस्वीर वायरल हुई थी। फोटो वायरल होने के बाद जांच समिति ने राज्य सरकार और कारा निरीक्षणालय से कार्रवाई की अनुशंसा की थी, जिसके बाद जेल आईजी ने यह कार्रवाई की है। इस पूरे प्रकरण में गुमला थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है।

Published / 2022-01-18 15:40:31
नशे में धूत हाइवा चालक ने बाइक सवार को मारा धक्का, युवक का मौत, 2 घायल

पाकुड़।पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के शहरग्राम आमड़ापाड़ा पैनम रोड़ पर गोबिंदपुर के पास हाइवा चालक ने बाइक सवार युवक को धक्का देने से धंनजय केवट नामक युवक का मौत हो गया ।जबकी दो लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार तीन लोग पाकुड़ से अपने घर आमड़ापाड़ा के रांगा जा रहा था इसी दौरान आमड़ापाड़ा की ओर से आती हाइवा चालक शराब के नशे में धूत होकर गोबिदपुर के पास सामने से धक्का मार दिया। जिससे मौके पर ही बाइक सवार धंनजय केवट का मौत हो गया । जबकी दो अन्य घायल का इलाज अस्पताल में जारी है। स्थानिय ग्रामीण आक्रोषित होकर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर हाइवा चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया । हलाकी पुलिस द्वारा समझाने के बाद सड़क जाम छोड़ दिया गया। पुलिस हाइवा जब्त कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज आगे की कार्रवाई कर रही है।

Published / 2022-01-18 14:54:28
दंता हॉस्पिटल : सीएम हेमंत ने अत्याधुनिक प्राइम स्कैन इकोसिस्टम आॅफ मशीन का किया उद्घाटन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज वर्चुअल माध्यम से दन्ता हॉस्पिटल, बोकारो में अत्याधुनिक प्राइम स्कैन इकोसिस्टम आॅफ मशीन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड जैसे राज्य में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में इस अत्याधुनिक मशीन का स्थापित होना गौरव की बात है। इससे दांतों से संबंधित सभी बीमारियों का संपूर्ण इलाज हो सकेगा। यहां के लोगों को दांतों की बीमारियों के लिए बड़े शहरों के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना होगा। उन्होंने इसके लिए हॉस्पिटल के संचालकों को बधाई दी। मौके पर हॉस्पिटल के संचालकों ने बताया कि झारखंड और बिहार में पहली बार इस अत्याधुनिक प्राइम स्कैन इकोसिस्टम आॅफ मशीन की सुविधा लोगों को मिलने जा रही है। इस मशीन के जरिए दांतो का कारगर और सटीक इलाज हो सकेगा। इसके अलावा दांतों के इलाज में पहले जहां कई कई -कई दिन लग जाते हैं, वहीं इस मशीन से अब काफी कम समय में दांतों से जुड़ी बीमारियों का पूरा उपचार हो सकेगा । लोगों को दांतो के इलाज के लिए बार-बार चिकित्सकों और अस्पताल में जाने की जरूरत नहीं होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे और दन्ता के डॉ अभय सिन्हा तथा डॉ मनीषा सिन्हा के अलावा हॉस्पिटल के कई चिकित्सक मौजूद थे।

Published / 2022-01-18 14:52:25
झामुमो के स्थापना दिवस समारोह पर लगातार दूसरे साल गहराया संकट

टीम एबीएन, रांची। कोरोना की वजह से लगातार दूसरे साल झामुमो धनबाद में अपना स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाएगा। पार्टी की ओर से हर साल शहर के गोल्फ ग्राउंड में स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाता है। चार फरवरी 1973 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शिबू सोरेन एके राय और विनोद बिहारी महतो ने झामुमो की स्थापना की थी। इसके बाद से हर साल इसी दिन पार्टी की ओर से स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में किया जाता है। कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के सभी सांसद विधायक भाग लेते थे। 2021 में कोरोना की वजह से पार्टी ने स्थापना दिवस समारोह नहीं मनाने का फैसला किया था। इस बार भी सरकार द्वारा राज्य में लगाए गए मिनी लॉकडाउन में 100 से अधिक लोगों के जुटने पर रोक लगाने की वजह से यह माना जा रहा है कि पार्टी अपना कार्यक्रम नहीं करेगी। झामुमो के जिलाध्यक्ष रमेश टुडू ने बताया कि अबतक स्थापना दिवस समारोह को लेकर कोई दिशा निर्देश केंद्र से नहीं आया है। माना जा रहा है कि इस बार भी कोई बड़ा कार्यक्रम गोल्फ ग्राउंड में आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी सभी प्रखंडों में छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी स्थापना दिवस समारोह मनाएगी।

Page 1486 of 1652

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse