टीम एबीएन, पलामू। पलामू ज़िले के शहर थाना पुलिस ने 3 माह पहले हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 2 अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 2 मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों की उम्र 18 वर्ष है। यह दोनों युवक चोरी करने के लिए ही शहर में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अरुण महथा ने बताया कि पिछले वर्ष 17 अक्टूबर को पांकी रोड में सुरेश सिंह चौक के पास रहने वाले अश्विनी कुमार सिंह के घर से 2 मोबाइल फोन और 47 हज़ार रुपये की चोरी हुई थी। पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रखी थी। इस मामले में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस के समक्ष दर्ज कराई गई शिकायत में पीड़ित पक्ष की तरफ से अश्विनी कुमार ने बताया था कि घटना के दिन मां रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे घर का दरवाजा खुला छोड़ मॉर्निंग वॉक पर गई थी। इसी दौरान चोर उनके घर में घुसे। मोबाइल व पैसा लेकर फरार हो गए। सुबह में 6:30 बजे अश्विनी की पत्नी उठीं तो देखा कि मोबाइल और पैसा गायब है। मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई। टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस को चोरी किए गए 1 मोबाइल के गढ़वा ज़िला के नगर ऊंटारी इलाके में इस्तेमाल किए जाने का पता चला। पुलिस ने वहां पहुंच कर अनूप सिंह को पकड़ा। अनूप ने बताया कि बेटे ने उन्हें यह मोबाइल फोन दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे युवक को भी पकड़ा गया। दूसरे युवक के पास से दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद हो गया। जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार किया गया एक युवक चोरी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
टीम एबीएन, गिरिडीह। गिरिडीह में भाकपा माओवादी संगठन ने फिर उत्पात मचाया। टॉप नक्सली कमांडर प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के विरोध में प्रतिरोध दिवस मना रहे उग्रवादियों ने शुक्रवार देर रात दो मोबाइल टॉवर उड़ा दिए। खुखरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की पुलिस जांच कर रही है। बता दें बीते दिनों भाकपा माओवादी के शीर्षस्थ नेता प्रशांत बोस गिरफ्तार कर लिए गए थे। इसके विरोध में नक्सलियों की ओर से प्रतिरोध दिवस मनाया जा रहा है। इस प्रतिरोध दिवस के तहत नक्सलियों ने यह उत्पात मचाया। उग्रवादियों ने गिरिडीह के खुखरा थाना क्षेत्र के जमुनियाटांड़ के समीप दो मोबाइल टावर को उड़ा दिए। यह घटना शुक्रवार देर रात की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना लगातार कहर बरपा रहा है। शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,015 नए मामले सामने आए, इनमें नौ मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची में 487 के साथ कई जिलों में 100 से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले। अब राज्य में 23,770 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अब तक कुल 5,244 लोग संक्रमण के चलते जान गंवा चुके हैं। आरटीपीसीआर-रैपिड एंटीजन टेस्ट के शुल्क में 100 रुपये घटाए : झारखंड सरकार ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर कोविड-19 से जुड़ी जांच के शुल्क में 100 रुपये घटा दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से कोविड-19 के लिए आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट की दरों में 100 रुपये की कमी की है। राज्य में एक आरटीपीसीआर परीक्षण की कीमत अब 300 रुपये होगी और एक रैपिड एंटीजन टेस्ट 50 रुपये में कराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षण सामग्री की कीमतों में कमी के बाद यह निर्णय लिया गया है। झारखंड में बीते गुरुवार को 2,617 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे, इसके साथ ही यहां कुल मामलों की संख्या 4,12,939 हो गई थी। जबकि 12 लोगों की मौत होने से मरने वालों की कुल संख्या 5,225 तक पहुंच गई थी।
टीम एबीएन, रांची। पाकिस्तान और राजस्थान से आए पश्चिमी विक्षोभ का पूरे झारखंड पर असर नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक आने वाले 5 दिनों में राज्य के लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन 26 जनवरी के बाद से एक बार फिर राज्य भर में पारा गिरता नजर आएगा। राज्य के कई इलाकों में 22, 23, 24 और 25 जनवरी को हल्की और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वज्रपात के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए 23 जनवरी के लिए झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची मौसम विज्ञान के मुताबिक 23 जनवरी को राज्य में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ओलावृष्टि की भी संभावना है। राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य के जिलों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। बारिश और ओलावृष्टि के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। सुबह और शाम में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं ठंड का एहसास भी लोगों को होगा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि सामान्यतः 14 जनवरी के बाद तापमान बढ़ने लगता है। लेकिन इस बार वेस्टर्न इफेक्ट और साइक्लोन के कारण मौसम बदला है। ऐसे में झारखंड में ठंड का कहर अभी जारी रहेगा। सुबह और शाम कनकनी से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। वहीं पिछले 24 घंटे में तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का रहा तो सबसे कम तापमान 09.0 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया।
टीम एबीएन, रांची। रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में सजायाफ्ता नक्सली कृष्ण मोहन झा उर्फ अभय जी उर्फ विकास जी उर्फ धनंजय उर्फ काली झा की मौत हो गई। वह सिरोसिस ऑफ लीवर की बीमारी से पीड़ित था। तबीयत खराब होने के बाद उसे जेल अस्पताल में भरती कराया गया था। वहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई थी। कारा प्रशासन की ओर से शुक्रवार को प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पत्नी और भाई को सौंप दिया गया। शव को परिवार वाले अंत्येष्टि के लिए बिहार के मुजफ्फरपुर ले गए। वह मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के बथना परिया का रहने वाला था। उसका हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित असवाल चौक और लातेहार के अंबा कोठी में भी आवास था। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के जेलर यासीन खान ने बताया कि शव भेजने में जेल प्रशासन की ओर से सहयोग किया गया। जानकारी के मुताबिक बीएचयू से स्नातक कृष्ण मोहन झा को पढ़ाई के दौरान एमसीसी के किसी नेता के साथ रहने का मौका मिला़ था। वह बाद में समाजिक जीवन छोड़कर हार्डकोर नक्सली बन गया। उसे कोयल शंख जोन का एरिया कमांडर बनाया गया था। वह वर्ष 2016 में पंडरा ओपी क्षेत्र के पंडरा से मार्बल कारोबारी राजू मंडल का अगवा कर हत्या करने के मामले में पकड़ाया था। इस मामले में उसे उम्र कैद की सजा हुई थी। इसी समय उसकी तबीयत गुमला कारागार में खराब हो गई थी, तब उसे रांची केंद्रीय कारागर में स्थानांतरित किया गया था और एम्स के डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार इलाज चल रहा था। उसके विरूद्ध गुमला और लातेहार में कई नक्सली और आपराधिक मामले दर्ज थे। इन मामलों में वह अभी विचाराधीन था।
एबीएन डेस्क। झारखंड को पूरी तरह नक्सलमुक्त करने हेतु राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत झारखंड पुलिस लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आज सीपीआई माओवादी के जोनल कमांडर 10 लाख के इनामी नक्सली महाराज प्रमाणिक ने एके-47 के साथ सरेंडर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली महाराज प्रमाणिक ने शुक्रवार को आईजी अभियान एवी होमकर और रांची के जोनल आईजी पंकज कंबोज के सामने आत्मसमर्पण किया है। इस मौके पर आईजी ऑपरेशन एवी होमकर ने कहा कि महाराज प्रमाणिक द्वारा आत्मसमर्पण करना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। बता दें कि 14 जून 2019 को माओवादी नक्सली महाराज प्रमाणिक के नेतृत्व में माओवादियों ने सरायकेला के कुकुरूहाट में पुलिस बल पर हमला किया था। इस हमले में पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। इसके अलावा महाराज प्रमाणिक ने लांजी समेत कई घटनाओं को अंजाम दिया था।
टीम एबीएन, देवघर। झारखंड के देवघर जिला पुलिस ने छापेमारी कर जयमंगला आश्रम से गुरुवार रात अपराध की योजना बना रहे एक दर्जन सशस्त्र अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि 19 जनवरी की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी बाबा परिहस्त के गिरोह के 10-15 सशस्त्र अपराधी स्थानीय शिवगंगा लेन के जयमंगला आश्रम में एकत्र होकर अपराध की योजना बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 12 सशस्त्र अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से दो 9 एमएम बोर का देशी सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल (मैगजीन समेत), पांच 7.65 एमएम बोर के देशी सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल (मैगजीन समेत), देशी रायफल (मस्केट)- दो, रिवाल्वर- एक, देशी कट्टा- एक, 12 बोर के बंदूक के जिंदा कारतूस- 24, 9 एमएम का जिंदा कारतूस-14, 08 एमएम का जिंदा कारतूस-दो, 7.62 का जिंदा कारतूस-दो, 9 एमएम का अतिरिक्त मैगजीन- छह, 9 एमएम का खोखा-दो, 7.65 एमएम का खोखा- 15, एक स्टील के चाकू के साथ ही चार बाइक बरामद किए गए हैं।
जमशेदपुर। शुक्रवार का दिन जमशेदपुर के लिए एक चिंता की खबर लेकर आया। टाटा मेन हॉस्पिटल से भुवनेश्वर स्थित लैब में कोरोना संक्रमितों के 180 सैम्पल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे उनमें 20 में कोविड ओमिक्रॉन के वैरियंट पाये गए हैं, जबकि शेष डेल्टा के सब वैरियंट पाये गए हैं। आज दोपहर जैसे ही भुवनेश्वर से जिनोम सिक्वेसिंग की रिपोर्ट जमशेदपुर पहुंची टाटा मेन हॉस्पिटल के विशेषज्ञ इसका विश्लेषण करने में जुट गए कि इसका जमशेदपुर में कोविड के प्रसार पर कितना सकारात्मक और कितना नकारात्मक असर होगा। टाटा स्टील के स्वास्थ्य सलाहकार डा राजन चौधरी ने यहां पत्रकारों को बताया, यह सही बात है कि आज जिनोम सिक्वेसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजे गए लैब की पहली रिपोर्ट हमें मिल गयी है। ये सैंपल तीन जनवरी को लिए गए थे जबकि दिसंबर माह में भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट अभी तक नहीं आयी है। जिन संक्रमितों के सैंपल ओमिक्रोन वैरियंट के पाये गए हैं जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री एवं उनके स्वास्थ्य पर पड़े असर का विश्लेषण किया जा रहा है। किन्तु हमारा मानना है कि ओमिक्रॉन वेरियंट बहुत खतरनाक तो नहीं है किन्तु यह गुणात्मक रुप से सक्रमण बढ़ाता है। ऐसा कहा जाता है कि शहर में बहुतों को इस वेरियंट ने प्रभावित किया होगा, और ऐसिम्टोमैटिक मरीजों को स्वत: ठीक करके चला भी गया होगा। ऐसे लोगों में इम्यूनिटी डेवलप हो गयी होगी। फिर भी हम आम लोगों को सलाह देंगे कि आप लोग घर से बाहर निकलते वक्त मास्क अवश्य पहने, सामाजिक दूरी का पालन करें और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। अन्यथा संक्रमण की दर फिर बढ़ सकती है। आपको बता दें कि टाटा मेन हॉस्पिटल जमशेदपुर का सबसे बड़ा अस्पताल है और यहां सबसे ज्यादा कोविड मरीज अब तक इलाज किए गए हैं। यहां से मिले आंकड़ों के विश्लेषण पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमण की दर का इंडिकेटर माना जाताहै। यद्यपि टाटा मेन हास्पिटल के मेडिकल एडवाइजर डा़ राजन चौधरी ने बताया कि शहर में थर्ड वेव का असर लगातार कम होता जा रहा है। दो सप्ताह पहले कोविड- 19 से संक्रमित 221 मरीज भर्ती हुए थे जबकि पिछले सप्ताह यह घटकर 100 के लगभग हो गया है। केवल जमशेदपुर में ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में भी कोविड 19 के मरीजों की संख्या घटती जा रही है। अब तक जो आंकड़े मिल रहे हैं उससे यहीं लगता है कि संक्रमण की स्तर धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। आंकड़े एक-दो सप्ताह इसी तरह से रहे तो संक्रमण का स्तर इसी तरह से कम होता जाएगा। हम यह कह सकते हैं कि शहर में संक्रमण का स्तर अपने उच्चतम स्तर को पार कर अब ढ़लान की ओर है। डा़ चौधरी ने शहरवासियों को एक बार फिर चेतावनी दी है कि संक्रमण का स्तर कम होने का मतलब यह नहीं है कि खतरा पूरी तरह से खत्म हो गया है। थर्ड वेव के वेरिएंट में कुछ ऐसे बदलाव हुए हैं जिसके कारण यह मानव शरीर को तेजी से संक्रमित करता है और इसका फैलाव भी तेजी से होता है। पहले व दूसरे वेब में भी आंकड़े कम होने के बाद लोगों ने एहतियात बरतना भूल गए थे जिसका नतीजा था कि संक्रमण फिर तेजी से बढ़ा और छोटे उम्र के युवाओं को सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse