झारखंड

View All
Published / 2022-01-23 03:08:58
मोबाइल टावर के बाद अब नक्सलियों ने उड़ाया पुल

टीम एबीएन, गिरिडीह। भाकपा माओवादी नेता प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के विरोध में नक्सली संगठन 21 जनवरी से प्रतिरोध दिवस मना रहा है। इसको लेकर संगठन संपत्तियों को नुकसान पहुंचाकर लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहा है। प्रतिरोध दिवस के दूसरे दिन शनिवार रात नक्सलियों ने बराकर नदी पर बने पुल के एक हिस्से को विस्फोट कर उड़ाया दिया। बताया जाता है कि शनिवार रात लगभग ढाई बजे नक्सलियों का दस्ता मुफस्सिल थाना इलाके के बरागढहा गांव स्थित बराकर नदी पर पहुंचा और यहां बने पुल पर ब्लास्ट किया। इस वारदात में पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना की जानकारी के बाद रविवार की सुबह पुलिस की टीम गांव की तरफ रवाना हुई है। इससे एक दिन पहले दो मोबाइल टॉवर उड़ा दिया था।

Published / 2022-01-22 17:59:13
परीक्षा के कट ऑफ डेट को बदलना गलत : रघुवर दास

टीम एबीएन, रांची। वर्तमान जेएमएम-कांग्रेस सरकार ने राज्य में नियुक्तियों से संबंधित पूर्व में जारी किए गए विज्ञापन जिनके संबंध में चयन की प्रक्रिया पूरी भी कर ली गई थी, को रद्द कर दिया है। नई नियमावली इत्यादि बनाकर नए सिरे से नियुक्तियां करने के लिए विज्ञापन जारी कर दिए हैं। नए विज्ञापन जारी करने के क्रम में उम्र सीमा से संबंधित कट ऑफ डेट को भी बदल दिया गया है। इसके कारण लाखों की संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित हो रहे हैं। हमारी सरकार के कार्यकाल में यह मानते हुए कि राज्य के गठन के बाद कई वर्षों तक विभिन्न पदों पर नियुक्तियां नहीं की जा सकी थी, अधिक से अधिक युवाओं अभ्यर्थियों को परीक्षाओं में शामिल करने के उद्देश्य से 2010 अथवा 2016 को कट ऑफ डेट निर्धारित किया गया था। उसी कट ऑफ डेट के आधार पर 2019 तक विज्ञापन निकाले गए, जिसमें अभ्यार्थीगण शामिल भी हुए और कई मामलों में सफल भी हुए। परंतु अब राज्य सरकार ने कट ऑफ डेट को बदलकर 2021 कर दिया है, जिससे भारी संख्या में अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर हो गये हैं। झामुमो कांग्रेस की सरकार ने राज्य के नौजवानों से नौकरियां देने का वादा किया था। अब नौकरियां देना तो दूर उनको चयन की प्रक्रिया से भी बाहर कर देना का काम किया है, ताकि अपने मन मुताबिक और फायदे के लिए नियुक्तियां की जा सके। यह आम धारणा जनता में बनी हुई है कि राज्य का पूरा तंत्र भ्रष्टाचार, लेनदेन और मनचाही नियुक्तियों बेचने का कार्य कर रहा है। स्थानीय नीति में हमारी सरकार ने स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने का कार्य किया था। उसे भी रद्द कर दिया गया है। इससे संबंधित अनेकों मामले न्यायालय में भी चल रहे हैं। राज्य सरकार के सभी विज्ञापनों में यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि सारी नियुक्तियां रमेश हांसदा के मामले में होने वाले निर्णय पर से प्रभावित होंगी। जाहिर है कि रमेश हांसदी के मामले में माननीय न्यायालय ने यह टिप्पणी भी की है कि राज्य के द्वारा बनाई गई नियमावली असंवैधानिक है। ऐसे में नियुक्तियों का विज्ञापन जारी कर और नियुक्तियों के लिए प्रक्रियाओं को आरंभ कर राज्य सरकार झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और उनकी आंखों में धूल झोंकने का कार्य कर रही है। माननीय न्यायालय द्वारा यदि नियमावली रद्द हो जाएगी तो सारी नियुक्ति प्रक्रिया स्वतः ही निरस्त हो जाएगी। ऐसा लगता है कि राज्य सरकार की मंशा ही यही है कि नियुक्तियों के मामले को उलझा कर, लटका कर, भटका कर रखा जाए। युवा धोखे में रहे और झामुमो-कांग्रेस सरकार अपना लूटतंत्र चला कर अपना घर भरती रहे। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि यदि भाजपा की सरकार राज्य में आएगी तो सभी अभ्यर्थियों को, जो समय से परीक्षा नहीं होने के कारण वंचित रहे हैं, उनको उम्र सीमा का लाभ देते हुए उनको चयन प्रक्रिया में जरूर मौका दिया जाएगा। बताते चलें कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास कल 23 जनवरी रविवार को रांची प्रेसक्लब में अपराह्न 12.30 बजे प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे।

Published / 2022-01-22 17:51:15
धनबाद : कार-ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत

टीम एबीएन, धनबाद। झारखंड में धनबाद जिला मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर बरवा अड्डा थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गुरुवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हजारीबाग जिले के नगमा के रहने वाले 50 वर्षीय गिरधारी महतो कार से धनबाद आ रहे थे। बरवाअड्डा जोड़ा पीपल के समीप जीटी रोड पर कार का टायर फट गया। कार की गति काफी तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। हादसे में गिरधारी महतो और चालक महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना बरवाअड्डा थाना की पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया है। इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Published / 2022-01-22 17:41:16
सिमडेगा डीसी से पीएम ने ली जिले की विकास योजनाओं की जानकारी

टीम एबीएन, रांची। देश के आकांक्षी जिलों में शामिल आदिवासी बहुल सिमडेगा के लिए 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक रहा। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां के उपायुक्त सुशांत गौरव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जिले में चल रही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की जानकारी ली है। उपायुक्त ने भी पीएम को सिमडेगा के विकास और इसके राह में आने वाली चुनौती से अवगत कराया। देश के पिछड़े जिलों में सिमडेगा का स्थान चौथा है। आदिवासी बहुल इस जिले को विकास की पटरी पर लाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी योजनाओं और विकास कार्यों की गति की जानकारी उपायुक्त से पीएम मोदी ने ली है। पीएम के साथ अपने वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा पठारी क्षेत्र है। यहां खेती और मिट्टी का कटाव समेत कई चुनौतियां है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में 15 सौ परिवारों को सोलर लिफ्ट इरिगेशन के माध्यम से 5 हजार एकड़ भूमि पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे यहां कृषि का विकास हुआ। उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा में 25 हजार एकड़ भूमि में रागी का उत्पादन किया गया है। साथ ही पीएम को बताया गया कि जिले में स्वास्थ्य को लेकर बेहतर कार्य किए गए हैं। सदर अस्पताल को उच्च कोटि की सुविधा से लैस किया गया है, जिससे जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी बातों को रखते समय उपायुक्त सुशांत गौरव उस समय भावुक हो गए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे पूछा कि जिले में अपने अधिकारियों की टीम के साथ आप कैसे कार्य करते हैं और उन्हें किस प्रकार कार्य के लिए मोटिवेट करते हैं। इस पर उपायुक्त ने भावुकता के साथ अपनी पूरी टीम और जिले वासियों का भरपूर सहयोग बताते हुए अपना पक्ष रखा। पीएम के साथ वार्ता में सिमडेगा में खेल और खेल की सुविधा पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा में हाॅकी की दो नेशनल प्रतियोगिता भी हुई। ओलंपिक खिलाड़ी सलीमा टेटे का जिक्र करते हुए उपायुक्त ने बताया कि 30 चट ग्राउंड और एक एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का निर्माण होना है। साथ ही उपायुक्त ने पीएम को बताया कि जिले के स्कूलों में बच्चों के अनुकूल सुविधा भी बढ़ाई गई है।

Published / 2022-01-22 17:25:56
सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल जमशेदपुर ने पूरा किया 77 साल का सफर

टीम एबीएन, जमशेदपुर। सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल ने स्थापना के 78वें साल में प्रवेश कर लिया है। 22 जनवरी 1945 को पहली बार इस स्कूल में पढ़ाई शुरू हुई थी। इन 77 वर्षों में स्कूल शहर का गौरव बन गया है। इस स्कूल ने कई मेधावी छात्राएं देश को दिए, जो आज उच्च पदों पर रहकर देश की सेवा कर रही हैं। इस स्कूल की स्थापना के पीछे भी दिलचस्प कहानी है। जब टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी की स्थापना हुई थी, तब यहां शिक्षा का कोई माहौल नहीं था। कंपनी के विस्तारीकरण के साथ शहर की आबादी भी बढ़ने लगी। तब टाटा कंपनी ने शिक्षा के क्षेत्र में विकास करना शुरू किया। कंपनी ने कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए एक के बाद एक कई स्कूल खोले। शिक्षा के विकास के लिए इसी क्रम में ईसाई धर्मावलंबियों ने एक स्कूल खोला, जिसका नाम सेक्रेड हर्ट कान्वेंट स्कूल रखा गया। सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल एक क्रिश्चियन स्कूल है, जिसका गठन अपोस्टोलिक कारमेल सिस्टर्स के धर्म परिषद में कैथोलिक चर्च में किया गया तथा उन्हीं के द्वारा यह संचालित है। यह स्कूल जमशेदपुर के बिशप के धार्मिक क्षेत्राधिकार में है। 15 जनवरी 1945 को इस स्कूल का गठन हुआ और 22 जनवरी 1945 से इसमें पढ़ाई शुरू हो गई। इस स्कूल की शुरुआत 5 बेल्डीह ट्राइंगल से हुई तथा बाद में सीएनआर हॉल तथा दलमा विला में इसे चलाया जाने लगा। टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी ने स्कूल को पार्क रोड नॉर्दन टाउन में जमीन दी तथा जनवरी 1951 में वहां भवन बनाया गया, जो वर्तमान स्कूल है। मार्च 1952 में माध्यमिक परीक्षा में इस स्कूल का पहला बैच शामिल हुआ। वर्तमान में स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर रश्मिता एसी वर्ष 2019 से स्कूल का संचालन कर रही हैं।

Published / 2022-01-22 13:16:08
लोहरदगा : बाइक चोर गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार, 21 बाइक बरामद

टीम एबीएन, कुडू (लोहरदगा)। कुडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक शातिर अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का पदार्फाश किया है। और बाइक चोरी में संलिप्त कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। वहीं चोरों के कब्जे से तकरीबन 10 लाख रुपए की कीमत की 21 बाइक बरामद कीया है। जिसमे यामाहा, पल्सर, केटीएम, हीरो आदि विभिन्न कंपनियों की 17 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी शामिल है। सालों से बाईक चोरी के धंधे में सक्रिय यह चोर गिरोह के सदस्य चोरी करके गिरोह में शामिल मैकनिक द्वारा मोडिफाई कर लोहरदगा और आसपास के जिले के अंचल और ग्रामीण क्षेत्र में सस्ते दामों में बेचते थे। शनिवार 22 जनवरी को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ठ नारायण सिंह ने कुडू थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा के आदेश के बाद उनके के नेतृत्व में गठित टीम जिसमे इन्स्पेक्टर सीएम हांसदा, कुडू थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअंनि सलन पॉल केरकेट्टा, सिदो मुर्मु, राधा रागिनी, सअनि संजय कुमार, रामदेव कुमार राय, राजकुमार बैठा, अलवीना लकड़ा के अलावा सशत्र बल के जवान शामिल थे। टीम द्वारा चडरा स्कुल के समीप बाइक से आ रहे दो युवक आनंद उरांव और नीरज उरांव को डिटेन कर पूछताछ की गयी। इसके बाद राज खुलते गए। जिसके बाद लातेहार, घाघरा, सिसई और लोहरदगा शहर और विभिन्न गांव से कुल 21 बाइक बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि शातिर बाइक चोरों की यह टोली लोहरदगा और आसपास के कई जिलों से बाइक उड़ाते थे। ये लोग बाइक की चोरी कर उसे मोडीफाई कर एवं उसका नम्बर बदल कर बिक्री करने का काम करते थे। पकड़ी गयी ज्यादातर बाइक का मॉडल बदल दिया गया है और उन्हें फर्जी नम्बर लगाकर चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि जिले में यह एक बार में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। इसके अलावा और भी कई बाइकें चोरी करने की बात कबूली हैं। जिनकी शिनाख्त की जा रही है। गिरोह का मास्टर माइंड अभी फरार है। जल्द ही उसे भी दबोच लिया जायेगा। एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि में कुडू थाना प्रभारी का अहम योगदान रहा। छापेमारी में शामिल पुलिस की टीम को जिले की एसपी द्वारा पुरुष्कृत किया जाएगा। चोरी की गाड़ी की खरीद-बिक्री में आठ गये जेल : मामले में गिरफ्तार कैरो थाना क्षेत्र के हन्हट गांव निवासी आनंद उरांव (19)पिता रामदेव उरांव, कुडू थाना क्षेत्र के ननतिलो गांव निवासी नीरज उरांव (20) पिता सुरेंदर उरांव और नितेश उरांव (20) पिता महावीर उरांव, लोहरदगा थाना क्षेत्र के कैमो केन टोली निवासी बबलू उरांव (21) पिता स्व भुनुवा उरांव, हिरही टोंगरी टोली निवासी छोटू बाखला (19) पिता सुरेश भगत और शुभम उरांव (20) पिता बारगी उरांव एवं ब्रह्मांडिहा करंज टोली निवासी विकास टाना भगत (21) पिता माया टाना भगत और कार्तिक उरांव (21) पिता बिरसा उरांव के खिलाफ कांड संख्या 10/2022 और संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

Published / 2022-01-22 13:09:47
मां भद्रकाली की पूजा के बाद बोलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा- उत्तर प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार

चतरा। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 2022 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का समग्र विकास हुआ है और आतंक फैलाने वाले या तो जेल के सलाखों में हैं या उत्तर प्रदेश छोड़कर भाग खड़े हुए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पूर्ववर्ती सरकार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2012 से 2017 के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चौपट थी, लेकिन मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में अमन शांति व भाईचारा का माहौल है और 2022 के चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में अपना सरकार बनाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार झारखंड के प्रसिद्ध इटखोरी मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंची थी। इस मौके पर सिमरिया के विधायक किशुन कुमार दास, भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा व पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, जिला महामंत्री मृत्यंजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुधीर राय, भद्रकाली मंदिर प्रबंधन समिति के पदेन अध्यक्ष सह चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, सदस्य रत्न शर्मा, सुरेन्द्र सिंह सहित भाजपा के सभी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Published / 2022-01-22 13:09:17
तीन सोलर चोर गिरफ्तार, जेल

सिमरिया। पुलिस ने शनिवार को तीन सोलर चोरों को पकड़ कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार चोरों में विशाल कुमार, राजन कुमार उर्फ लंगड़ा, और साहेब उर्फ नेपाली का नाम शामिल है। तीनों प्रखंड मुख्यालय के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि तीनों नशा पान करते हैं। इसी क्रम में छोटी मोटी चोरी भी करते हैं। इन लोगों ने मुख्यालय से कई सोलर प्लेट मोबाइल आदि की चोरी को स्वीकार किया है। इन पर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इन चोरों को ग्रामीणों ने सिमरिया चौक पर सोलर प्लेट की चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया था।

Page 1478 of 1652

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse