टीम एबीएन, चान्हो। प्रखंड के रानीचांचों में मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एक पक्ष के आवेदन के अनुसार पुष्पा कुमारी नामक महिला अपने घर में थी, जिसे घर से बाहर बुलाकर गांव के 10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसकी गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। वहीं जब उसे बचाने के लिए दो लोग सामने आए तो उनके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हालांकि गांववालों के जमा होने पर मारपीट करने वाले भाग गए। इस मामले में पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर सरला मुंडा नामक व्यक्ति ने प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया। उसने बताया कि ऑफिस में घुसकर 10-12 लोगों ने कई सामानों की चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीम एबीएन, दुमका। दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव में एक जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के संचालक की अज्ञात अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने गुरूवार को बताया कि दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के धनवे गांव से जनवितरण प्रणाली दुकानदार अशोक कुमार मंडल कल बुधवार की देर शाम अपनी पीडीएस की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इस बीच अज्ञात अपराधियों ने उसकी जमकर पिटाई कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों ने अशोक की घायलावस्था में सड़क के किनारे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार के परिजन पहले इलाज के लिए पहले उसे निकट के सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे गोड्डा जिले के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान अशोक की आज सुबह उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाटर्म के लिए दुमका फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में पिछले कुछ दिनों से कड़कड़ाती ठंड पड़ रही है। इसके साथ घना कोहरा का भी असर देखा जा रहा है। कोहरे के जद में राजधानी रांची समेत आसपास के इलाके भी आ गए हैं। रविवार को सुबह घना कोहरा और हल्की बारिश देखने को मिली। रांची में ठंड और हल्की बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त है। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में कोहरे और धुंध का प्रकोप हर तरफ देखा गया। रविवार को रांची में बारिश हुई। जिससे सुबह से शहर के अलावा ग्रामीण इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा दिखा। इसके अलावा रांची में ठंड से कनकनी की वजह से लोग घरों में ही दुबके नजर आए। रांची मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक घना कोहरे का अंदेशा जताया है। वहीं 26 जनवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो झारखंड के उत्तरी इलाकों में बारिश होगी। वहीं कई इलाकों में वज्रपात के साथ ओलावृष्टि भी होने की संभावना जताई है। 23 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत राज्य भर में ओलावृष्टि के साथ बारिश भी होने की संभावना जताई। बारिश के बाद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी, लेकिन लोगों को ठंड का एहसास होगा। सुबह और शाम में कोहरा छाये रहने की भी संभावना जतायी गयी है। पिछले 24 घंटे में झारखंड के लगभग सभी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गयी। सबसे अधिक वर्षा 22 mm सतगांव (कोडरमा) में रिकॉर्ड की गयी। वहीं उच्चतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया है, जबकि न्यूनतम तापमान डाल्टनगंज में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान की बात करें तो रांची में न्यूनतम तापमान 14.0, जमशेदपुर में 16.0, डालटनगंज 15.6, बोकारो 15.2 चाईबासा में 16.6, देवघर में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 24.6, जमशेदपुर में 26.5, डाल्टनगंज 26.0, बोकारो में 25.1, चाईबासा में 27.8 और देवघर में 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
टीम एबीएन, धनबाद। निरसा में ईसीएल कोलियरी के सब स्टेशन पर धावा बोलकर अपराधियों ने लूटपाट की है। 25 से 30 की संख्या में आए अपराधियों के द्वारा करीब 2 लाख रुपये का केबल लूटा गया है। घटना के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए हैं। बंधक बने ईसीएल के सुरक्षा कर्मी सिकंदर नोनिया के अनुसार करीब 25 से 30 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने उनको और दूसरे सुरक्षाकर्मियों को पिस्टल दिखाकर एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद स्टोर रूम से 110 मीटर लंबा केबल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए केबल की कीमत दो लाख रुपये बतायी जा रही है। बंधक बने कर्मियों को दूसरी पाली में पहुंचे कर्मचारियों ने मुक्त कराया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद निरसा थाना प्रभारी दिलीप कुमार और एसडीपीओ पीताम्बर खरवार मौके पर पहुंचे। पुलिस के द्वारा जहां मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं घटना के बाद कर्मियों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। अपराधियों के द्वारा ईसीएल कोलियरी में लूटपाट की घटनाओं को अक्सर अंजाम दिया जाता है। मामले को लेकर पुलिस से शिकायत भी की जाती है लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकलता है। घटना के बाद काम करने वाले अपनी सुरक्षा के प्रति बेहद चिंतित हैं। प्रबंधन और प्रशासन से गुहार लगाकर कर्मी थक चुके हैं लेकिन अपराधियों पर कभी कोई कार्रवाई नहीं होती है।
टीम एबीएन, रांची। धान खरीद मामले में हेमन्त सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसान विरोधी हेमन्त किसानों को आत्महत्या केलिय बाध्य कर दिया है। यह सरकार किसानों के आत्महत्या की दोषी है। उन्होंने कहा किसान मेहनत कर अपनी फसल उगाते हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी फसल को न खरीदकर उन्हें मुसीबत में डाल रही है। बोकारो की घटना से स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार किसानों की कितनी बड़ी विरोधी है। उन्होंने कहा कि यह कैसी व्यवस्था जहां किसान अपने हक और अधिकार के लिए दर-दर भटकता रहे। कोरोना काल मे भी अपने खून पसीना एक कर के भरपूर धान का उत्पादन किया। राज्य सरकार ने काफी विलंब से खरीदारी शुरू की। साथ ही अपनी व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के बजाए सरकार ने किसानों पर ही मात्रा का प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का मतलब व्यापार और हानि लाभ नहीं बल्कि लोक कल्याण होता है। सरकार के निर्णय लोक विरोधी नहीं बल्कि लोक कल्याण से जुड़े होने चाहिये। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान धान की खरीद केलिय गिड़गिड़ा रहे दूसरी तरफ पैक्स में खरीद से इनकार होता रहा। आखिर किसान भी कहां जाएं। कहा कि हेमंत सरकार एक प्रकार से किसानों के स्वाभिमान और सम्मान को बिचौलियों के हाथों गिरवी रखवाना चाहती है।श्री प्रकाश ने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार कॉल सेंटर के माध्यम से समस्या के समाधान का ढिंढोरा पिट रही दूसरी तरफ किसानों का कोई सुननेवाला नहीं। उन्होंने कहा कि यह सरकार अब किसान विरोधी ही नहीं किसानों की हत्यारी सरकार भी बन चुकी है। कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का किसानों के साथ प्रारम्भ से ही ऐसा व्यवहार जगजाहिर है। यह पार्टी किसानों के हितैसी होने का केवल नाटक करती है।
टीम एबीएन, पाकुड़। बीते शनिवार को हिरणपुर थाना क्षेत्र के विरगांव स्थित पत्थर खदान में स्नान करने के दौरान गायब मजदूर मामले में पीड़ित परिवार सहित आसपास के ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हिरणपुर-बरहरवा मुख्य मार्ग को विरगांव के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम में लापता व्यक्ति की पत्नी सहित उसके छोटे छोटे बच्चे व ग्रामीण शामिल हैं। पीड़ित महिला की मांग है कि पहले पत्थर खदान के मालिक द्वारा मुआवजे का एलान हो उसके बाद व्यक्ति को खदान से निकाला जाए। लोगों का कहना है कि अभी तक प्रशासन से कोई भी नहीं आया। बहरहाल सड़क जाम की वजह से कई लोगों को रूट चेंज कर अपने गंतव्य स्थान तक जाना पड़ा। इधर सड़क जाम की सूचना पर हिरणपुर थाना पुलिस जाम स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया-बुझाया। कड़ी मशक्कत व मान-मनौवल के बाद ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे के बाद जाम हटाया। हालांकि खदान में डूबे व्यक्ति का शव अब तक बरामद नहीं हुआ है। प्रशासन अब गोताखोरों के आने का इंतजार कर रही है। गौरतलब हो कि विरगांव स्थित पत्थर खदान में शनिवार को रांगा थाना निवासी 40 वर्षीय सुरजा मालतो व उसकी पत्नी स्नान करने आये थे लेकिन गहराई का सही आंकलन नहीं होने की वजह से स्नान के दौरान लापता हो गए। पत्थर खदान केसीसी विल्डकोन नामक कंपनी का बताया जाता है। लोगों ने कंपनी के प्रति भी गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
टीम एबीएन, रांची झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयन्ती आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में मनाई गई। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सुभाष चन्द्र बोस की चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। ठाकुर ने नेताजी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस त्याग एवं अनुशासन के प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने देश की आजादी के लिये अपने सारे सुख-वैभव का त्याग कर स्वतंत्रता प्राप्ति के लिये कठिन से कठिन मार्ग को अपनाया एवं अंग्रेजों को अपने नाम का लोहा मनवाया। उन्होंने इसी उद्देश्य से आजाद हिन्द फौज का गठन किया एवं नारा दिया कि तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा। उनमें युवाओं को संगठित कर राष्ट्रीयता समर्पण और एकता के सूत्र में पिरोने की अभूतपूर्व क्षमता थी। ठाकुर ने कहा कि नेताजी सुभाषचन्द्र बोस आज भी भारतवासियों के हृदय पटल पर उनकी भव्यमूर्ति ज्यों की त्यों अंकित है। नेताजी स्वंय में महान थे और उनका त्याग और बलिदान था। भारतवर्ष की भावी पीढ़ी के लिए वे सदैव प्रेरणा स्त्रोत बने रहेंगें। उनके आदर्शों पर चलकर जनता देश के कल्याण के लिय कटिबद्ध रहेगी। प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने नमन करते हुए कहा कि जय हिंद एवं तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा जैसे ओजस्वी नारों के माध्यम से देश के युवाओं में स्वतंत्रता संग्राम के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार करने वाले आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें पूरा देश नमन कर रहा है। आज नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, कार्यालय प्रभारी अमुल्य नीरज खलखो, प्रवक्ता सतीश पॉल मुंजनी, रवीन्द्र सिंह, मदन मोहन शर्मा, सन्नी टोप्पो, केदार पासवान, कुमार राजा मेहुल प्रसाद, छोटू सिंह, प्रिया बर्मन, जोशाय मार्डी, नरेन्द्र लाल गोपी, अजय कुमार, पीटर तोपनो, विपिन लुगुन, बसंत, नरेश सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें याद किया गया। सनद रहे कि डीएवी विद्यालयों में दो दिवसीय शिक्षण संवर्द्धन कार्यशाला आयोजित की गई है। आज दो दिवसीय कार्यशाला के अंतिम दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ नेताजी को भावांजलि अर्पित करके किया गया। यह कार्यशाला ऑनलाइन आयोजित की गई है। इस अवसर पर शिक्षकों ने देश के स्वाधीनता संग्राम में नेताजी की भूमिका को अभूतपूर्व बताया। प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने नेता जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि नेताजी प्रखर व्यक्तित्व के स्वामी थे। उन्होंने अपनी मेधा के बल पर अंग्रेज़ी हुकूमत को लोहे के चने चबवा दिए। लाख कोशिश के बाद भी वे अंग्रेजों के हाथ नहीं आएं और उन्होंने आज़ाद हिन्द फौज का गठन करके आज़ादी के संघर्ष को जारी रखा।उन्होंने "दिल्ली चलो" तथा "जय हिंद" का नारा दिया,जो आज भी सबमें नई ऊर्जा का संचार करता है।नेताजी अमर रहेंगे।विद्यालय में उपस्थित सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भी नेता जी को पुष्पांजलि अर्पित किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse