टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के डोमन जानकी केशरवानी कमेटी ने समारोह आयोजित कर समाज के नवनिर्वाचित युवा पदाधिकारियों को समान्नित किया। प्रखंड स्तर पर नव निर्वाचित 35 युवा पदाधिकारियों को समान्नित किया गया। समारोह केशरवानी भवन चौपारण में हुआ। जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष राजेश केशरी व संचालन समाजसेवी सह चिकित्सक डॉ रामानुज ने किया। समारोह में समाज के उत्थान व विकास पर चर्चा हुई। समाज के महिलाओं को सामाजिक व राजनीतिक स्तर पर बढ़ावा देने, शिक्षा पर जोर, गरीब स्वजाति का उत्थान व सहयोग, शादी में तिलक दहेज प्रथा पर रोक सहित कई अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुआ। कार्यक्रम में चौपारण के अलावे तिलैया, बरही, चतरा, कान्हाचट्टी, हजारीबाग, बाराचट्टी, दनुवा बसरिया, सरैया के कई सम्मानित सदस्य सहित स्थानीय समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश कुशरी, शिव प्रसाद उसरी, डॉ रामानुज केशरी, राजेश केशरी, अर्जुन प्रसाद केशरी बृजनन्दन प्रसाद केशरी, अंकित कुमार तथा समाज के अन्य गणमान्य उपस्थित हुए।
टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के डोमादाड़ी में श्मशान घाट जाने वाले मार्ग में किये गये अतिक्रमण को प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी मशीन लगवाकर हटा लिया है। सीओ ने बताया कि बेला पंचायत के पूर्व मुखिया मुरली दांगी ने उक्त मार्ग पर अतिक्रमण किया था। ग्रामीणों की शिकायत पर स्थल जांच के क्रम में अतिक्रमण की पुष्टि हुई। प्रशासन ने नोटिस भेज कर मुरली दांगी से अतिक्रमण हटाने की बात कही थी। लेकिन उन्होंने प्रशासन की बात को अनसुनी कर दिया। ततपश्चात प्रशासन ने अतिक्रमण को हटा दिया। क्या कहते हैं मुरली दांगी : इस संबंध में मुरली दांगी ने कहा कि उन्होंने उक्त जमीन पपरो के लोगों से खरीदी है। जिसका अंचल ने दाखिल-खारिज के बाद उनके नाम से सरकारी रसीद भी कट चुका है। बावजूद प्रशासन उसे सरकारी जमीन बताकर उनकी चहारदीवारी को तोड़वा दी है।
टीम एबीएन, गढ़वा। गढ़वा पुलिस ने छापामारी कर कुख्यात नक्सली सुशील कुमार राम उर्फ रितेश जी उर्फ नितेश जी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ सुशील का सहयोगी जिले के कांडी थाना अंतर्गत बभीलमा निवासी दशरथ राम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सुशील पलामू जिला अंतर्गत पांडू थाना क्षेत्र के ढांचाबार ग्राम निवासी बैजनाथ राम का पुत्र बताया जाता है। एक दर्जन से अधिक नक्सली कांडों का अभियुक्त सुशील लातेहार जिला में कटिया जंगल का चर्चित नक्सली कांड जिसमें पुलिस जवान के पेट में बम प्लांट किया गया था, में भी शामिल था। गढ़वा एसपी अंजनी कुमार झा ने सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर या जानकारी दी। एसपी ने बताया कि भाकपा माओवादी का प्रशांत बोस एवं अरविंद जी का करीबी सहयोगी रह चुके दुर्दांत अपराधी सुशील कुमार राम जिले के कांडी थाना क्षेत्र में रहकर अपने संगठन को मजबूत कर रहा है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के अनुसार वह लेवी के लिए सड़क निर्माण करने वाली कंपनी ईट भट्ठा मालिक, क्रशर संचालक आदि को लेवी के लिए परेशान कर रहा है। वह वर्तमान में भारतीय पब्लिक कम्युनिस्ट पार्टी नाम से संगठन बनाकर अपराधिक घटनाओं का अंजाम दे रहा था। इस संगठन का सुप्रीमो सुशील धुरकी में सड़क निर्माण करा रही कंपनी की गाड़ियों को जला दिया था। साथ ही कंपनी के साइट इंजीनियर का अपहरण भी कर लिया था। उक्त मामले सहित इसके विरुद्ध एक दर्जन से भी अधिक नक्सली वारदात को अंजाम दिया था। इसके पास से देशी कट्टा, 12 बोर का दो बंदूक, 14 पीस जिंदा गोली सहित काफी संख्या में सामान बरामद किया गया है। छापेमारी टीम में श्री बंशीधर नगर एसडीपीओ प्रमोद केसरी, श्री बंशीधर पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, धुरकी थाना प्रभारी सदानंद कुमार, कांडी थाना प्रभारी फैज रब्बानी, धुरकी पुअनि राम बल्लभ कुमार एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
कोडरमा। झुमरी तिलैया भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति, सदस्य रमेश सिंह एवं रामचन्द्र सिंह और वरीय नेता रमेश हर्षधर के नेतृत्व में तथा भाजपा झुमरी तिलैया नगर मंडल के मंडल अध्यक्ष किशोर पंडित की अध्यक्षता में आज दिनांक 31-01-2022 को स्थानीय झंडा चौक पर आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय के निदेशक डॉ रविंद्र रॉय पर किये गये जानलेवा हमला के विरोध में महागठबंधन वाले सरकार हेमंत सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया गया। जहां प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि हुडको निदेशक डॉ रविंद्र रॉय पर जानलेवा हमला किया जाना एक निंदनीय कुकृतय को जन्म देती है। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामचंद्र सिंह ने कहा कि यह घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत जानलेवा हमला करवाया जाना एक अपूरणीय घटना की जांचोपरांत वैसे उपद्रवियों के खिलाफ दोषी को जेल के सलाखों के पीछे धकेल दिया जाना चाहिए, जिसकी मैंै घोर निंदा करता हूं। वहीं मौके पर उपस्थित अशोक आर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष बिरेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष देव नारायण मोदी, जिला मंत्री सुधीर सिंह, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री देवेंद्र कुमार, जिला मंत्री शशि भूषण प्रसाद, विनोद सिन्हा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार गुतुल, सुधीर यादव कोडरमा ग्रामीण अध्यक्ष दिनेश सिंह, जिला मंत्री सुधीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिन्हा, राजकिशोर प्रसाद, अजय झा, बब्लू सिंह, दिलीप राम चंद्रवंशी, सुजीत सिन्हा, संदीप गुप्ता, शशि भूषण सिन्हा, जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर जोशी, नगर उपाध्यक्ष इंद्रद्रेव मोदी, किशुन यादव, नगर महामंत्री हरि पंडित, विनय शांडिल्य, नगर मंत्री विजय यादव, राजेश वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी संजीत कुमार, रोहित जायसवाल ने हेमंत सरकार का पुतला दहन किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए गये।
टीम एबीएन, रांची। राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में आज क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषा विभाग में इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक शशि शेखर के निर्देशन में बिशेश्वरी नामक झारखंड का एकमात्र एवम प्रथम मासिक (समसामयिकी) पत्रिका का विमोचन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ जेपी सिंह एवं टीआरएल विभाग अध्यक्ष डॉ खालिक अहमद ने किया। प्राचार्य ने कहा कि बिशेश्वरी नामक मासिक पत्रिका महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रतियोगिता परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। वहीं डॉ खालिक अहमद ने कहा कि यह कार्य महाविद्यालय के विकास का एक नया अध्याय के रूप में जुड़ गया है, जिससे झारखंड के अभ्यर्थियों को समस्त मासिक समाचार समग्र रूप से हर माह लोगों को उपलब्ध हो सकेंगी। इस कार्यक्रम के दौरान सभा में प्राचार्य जेपी सिंह, डॉ खालिक अहमद, डॉ विजय कुमार, डॉ आशुतोष कुमार, डॉ मनीष, डॉ कांति कुमारी, डॉ कुमारी रीता, डॉ जफर, संतोष रजवार, अरविंद प्रसाद, डॉ रामकुमार, सरोज, नीलू, विकास, डॉ छाया रानी, सोनम वर्मा रवि अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना के कम होते रफ्तार को देखते हुए एक ओर जहां सामाजिक संगठनों के साथ-साथ बुद्धिजीवी वर्ग और अभिभावकों की ओर से भी स्कूल खोलने की मांग उठाई जा रही है। वहीं विभिन्न खेल एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए सरकार से जल्द से जल्द सामूहिक रूप से खेल आयोजनों को शुरू करने की मांग की है। एसोसिएशन की माने तो आने वाले कई खेल आयोजन के मद्देनजर यह जरूरी है। पूरे देश के साथ-साथ जिस तरह झारखंड में कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार जिस तेजी से बढ़ी है, उसी तरह धीरे-धीरे अब कोरोना का कहर कम हो रहा है। इसके मद्देनजर राज्य के विभिन्न निजी और सरकारी स्कूलों को खोलने की मांग उठाई जा रही है। वहीं दूसरी ओर विभिन्न खेल एसोसिएशन की ओर से कोरोना के कारण अव्यवस्थित हुए खेल जगत को भी सुचारू करने की मांग उठाई जा रही है। कोरोना का खासा असर खेल जगत पर भी पड़ा है। खिलाड़ी कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। कोच आॅनलाइन तरीके से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। लेकिन खिलाड़ियों के लिए यह ट्रेनिंग नाकाफी साबित हो रही है। जब तक खिलाड़ी ओपन ग्राउंड में प्रैक्टिस नहीं करते हैं तो उनका समुचित लाभ उन्हें नहीं मिल पाता है। प्रैक्टिस के अभाव में खिलाड़ियों का वजन बढ़ रहा है। डाइट के अभाव में खिलाड़ी अपने आप को संतुलित नहीं रख पा रहे हैं। इस तरह वे कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। झारखंड में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी स्टेडियम ओपन करने की आस में बैठे हैं। एसोसिएशन की मांग : एथलेटिक्स एसोसिएशन, हॉकी झारखंड, क्रिकेट एसोसिएशन और फुटबॉल एसोसिएशन के अलावा विभिन्न एसोसिएशन की ओर से राज्य सरकार से जल्द से जल्द स्टेडियम ओपन करने की मांग की जा रही है। इनका कहना है आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए झारखंड के खिलाड़ियों को फिट करना जरूरी है, जो फिलहाल नहीं हो पा रहा है। आने वाले समय में ऐसे कई खेल आयोजन हैं, जिसमें झारखंड के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। अगर उनकी प्रैक्टिस और सेहत सही नहीं रही तो वह अन्य राज्यों के खिलाड़ियों से पिछड़ जाएंगे और जो प्रदर्शन देखने को मिल रहा था, वह देखने को नहीं मिलेगा। मेडल जीतने के लिए खिलाड़ियों को ओपन ग्राउंड में प्रैक्टिस करना ज्यादा जरूरी है। इस ओर राज्य सरकार जल्द से जल्द ध्यान दें, नहीं तो खिलाड़ियों का भविष्य अधर में लटक जाएगा। कोरोना के कम होते प्रभाव के साथ धीरे-धीरे चीजें सामान्य हो रही हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि खेल स्टेडियम को भी ओपन कर दिया जाएगा। आपदा प्रबंधन की बैठक में इस दिशा में भी निर्णय आ सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद इस क्षेत्र में भी छूट दी जा सकती है।
कोडरमा। कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर झुमरी तिलैया में सोमवार को आचार्य शैलेश कुमार के सेवानिवृत होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर समिति के उपाध्यक्ष अरविन्द चैधरी, सचिव नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष नवल कुमार, सदस्य कुंज बिहारी त्रिवेदी, बीएल शर्मा और प्रचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। मौके पर सचिव नारायण सिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवा निवृत नहीं होते। उनका ज्ञान विद्यालय के साथ-साथ आस-पडोस के बच्चों को बेहतर शिक्षा देनी होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना मानव अधुरा है। उन्होंने सेवा निवृत शिक्षक शैलेश कुमार के बेहतर भविष्य की कामना की और कहा कि अब वे परिवार के साथ जिंदगी व्यतीत करेंगे। वहीं उपाध्यक्ष अरविन्द चैधरी ने कहा कि शिक्षक व सडक जहां होते हैं वहीं के होकर रह जाते हैं। लेकिन शिक्षक और सडक मानव को उसकी मंजिल तक पहुुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होेंने कहा कि आचार्य शैलेश कुमार ने 24 वर्षों तक कई भैया बहनों को संस्कारी शिक्षा देने का कार्य किया। वहीं प्राचार्य शर्मेन्द्र कुमार साहु ने कहा कि विधा भारती के विद्यालयों के गुरू-शिष्य के संबंध मजबूत आधार प्रदान किया जाता है। वहीं सेवा निवृत आचार्य शैलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मनुष्य के लिए कोई भी कार्य कठिन नहीं है। उन्होनें कहा कि शुरूआती दौर में वे उपचालक की भूमिका भी निभायी और आज विद्या भारती 24 वर्षों कीे सेवा के बाद सेवानिवृत हो रहे हैं। उन्होेने यह भी कहा कि भविष्य में विद्या भारती के बच्चों को पढाने का कार्य करेगें। आज उनके द्वारा पढाये गये कई छात्र देश और विदेश में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर आचार्य की ओर चंद्रशेखर कुमार और शर्मिष्ठा पाल ने भी अपने विचार रखें। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के साथ-साथ आचार्य एवं छात्रों में उपहार देकर सम्मानित किया। प्रबंध समिति और आचार्यों के द्वारा अंग वस्त्र के साथ सम्मान पत्र भी दिया। कार्यक्रम के शुरूआत में बहन अंशु कुमारी और शीतल कुमारी ने प्रस्तुत किया। जबकि विदाई गीत आयुषी और नेहा कुमारी ने गाया। वहीं अतिथियों के परिचय डॉ धीरेन्द्र कुमार सिंह मंच संचालन प्रदीप कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन नीरज कुमार ने किया। इस अवसर पर आचार्य रामानुज पांडेय, बिरेन्द्र प्रसाद, विजय मिश्र, कृष्ण कुमार नवीन, संजय महतो, उमाशंकर कुमार, दीपक विश्वकर्मा, चेतलाल राम, पवन शर्मा, प्रभात सौरव, विपन कुमार , टिंकु कुमार, रानी प्रसाद, श्वेता श्रीवास्तव, सोनी कुमारी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टेलिकॉम समिति की समीक्षात्मक बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में जिलांतर्गत मोबाईल टावर के अधिष्ठापन हेतु विभिन्न टावर कंपनियों से प्राप्त प्रस्ताव की जानकारी दी गई। डीपीओ यूआईडी द्वारा बताया गया कि जिले में अबतक कुल 49 टावर कंपनियों से प्रस्ताव प्राप्त किया गया है। जिसमें से विभिन्न बिंदुओं पर जांचोपरांत 29 प्रस्ताव सही पाए गए। जिसपर उपायुक्त ने प्रखंडवार प्रस्तावित क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की। समिति द्वारा सर्वसम्मति से मोबाइल टावर अधिष्ठापन की प्रक्रिया से संबधित मार्गदर्शिका एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 29 प्रस्तावों को सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं शर्तों के आधार पर अनुमोदित किया गया। उपायुक्त ने इसके अलावा गुमला जिलांतर्गत अवस्थित दूरस्थ एवं पाट क्षेत्रों के शैडो एरिया को प्राथमिकता देते हुए उन शैडो एरिया में मोबाईल टावर अधिष्ठापित कराने का निर्देश दिया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को जिले के सभी शैडो एरिया की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उक्त सूची के आधार पर उन्होंने डीपीओ यूआईडी को उन शैडो एरिया को मोबाइल टावर से आच्छादित करने का निर्देश दिया। ज्ञातव्य है कि जिलांतर्गत मोबाइल टावर के अधिष्ठापन हेतु टावर विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, भारती इन्फ्राटेल लिमिटेड, एटीसी, सुमित डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राईवेट लिमिटेड तथा रिलायन्स जियो इन्फ्राटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों द्वारा आवेदन समर्पित किए गए थे। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्राण रंजन, सिविल सर्जन डॉ।राजू कच्छप, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड गुमला के जिलास्तरीय पदाधिकारी, डीपीओ यूआईडी सैफुल्लाह, एसडीई बीएसएनएल व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse