झारखंड

View All
Published / 2022-02-07 05:49:00
झारखंड में कोरोना : रविवार को मिले 373 नए संक्रमित, एक की मौत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर ब्रेक लगने लगा है। झारखंड के एक तिहाई यानी 08 जिलों में 06 फरवरी को कोई नया कोरोना केस नहीं मिला है। इस बीच बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमितों के ठीक होने से झारखंड में एक्टिव केस की संख्या घट कर 2500 के करीब पहुंच गई है। इधर, 6 फरवरी को झारखंड में कोरोना जांच के लिए 39160 सैंपल लिए गए। इसमें 373 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 543 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। झारखंड में 543 संक्रमितों के स्वस्थ होने से झारखंड में एक्टिव केस की संख्या घटकर 2616 रह गई है। इस बीच रविवार को धनबाद में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। इससे झारखंड में कोरोना से मरने वाले की कुल संख्या बढ़कर 5311 हो गई है। झारखंड में रविवार 06 फरवरी को 24 में से 16 जिलों में कोरोना के नए केस मिले हैं। चतरा, खूंटी, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, साहिबगंज और सरायकेला ऐसे 08 जिले हैं, जहां कोई नया केस नहीं मिला है। हालांकि 06 फरवरी 2022 को जहां- जहां नए केस मिले है उसमें सबसे ज्यादा जमशेदपुर में 177 नए केस मिले हैं। रांची में 78 नए कोरोना संक्रमित की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को बोकारो में 10, चतरा 00, देवघर में 03, धनबाद में 02, दुमका में 06, जमशेदपुर में 177, गढ़वा में 05, गिरिडीह में 01, गोड्डा में 02, गुमला में 00, हजारीबाग में 01, जामताड़ा में 02, खूंटी में 00, कोडरमा में 27, लातेहार में 00, लोहरदगा में 00, पाकुड़ में 00, पलामू में 21, रामगढ़ में 06, रांची में 78, साहिबगंज 00, सरायकेला खरसावां 00, सिमडेगा 30 और पश्चिमी सिंहभूम 02 नए केस मिले हैं।

Published / 2022-02-07 05:44:40
एहतियात : हजारीबाग, गिरिडीह और कोडरमा में इंटरनेट सेवा बंद

टीम एबीएन, रांची। हजारीबाग में मूर्ति विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। किसी तरह की अफवाह न फैले इसे ध्यान में रखते हुए तीनों जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दिया गया है। हालांकि लोग फोन पर एक दूसरे से संपर्क कर सकते हैं। दरअसल, कल मूर्ति विसर्जन के दौरान हजारीबाग के बरही में दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। कुछ दुकानों में आग भी लगा दी गई थी। बरही में एक युवक की मौत हो गई थी, जबिक दो शख्स घायल हो गए थे। उन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची फोर्स ने हालात संभाला। पुलिस को उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी, लेकिन हालात तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस प्रशासन कैंप किए हुए हैं। इधर, अब किसी तरह कोई अफवाह न फैले, इसको लेकर प्रशासन सतर्क है। हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। तीनों जिलों के सीमावर्ती इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और प्रशासन हर स्थिति पर नजर रखे हुए है। हालांकि लोग फोन से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

Published / 2022-02-07 03:30:11
सड़क दुर्घटना में धुर्वा के एक युवक की मौत

टीम एबीएन, रांची। धुर्वा थाना क्षेत्र के डैम साइड में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। घटना रविवार की है। मृतक का नाम प्रमोद उरांव है और वह नगड़ी के महुआ टोली का रहने वाला था। मृतक प्रमोद के पिता बिरसा उरांव एचईसी में कार्यरत हैं। प्रमोद एचईसी से सीटीआई का कोर्स करने के बाद नौकरी की तलाश में था। परिजनों के अनुसार प्रमोद की होली के बाद शादी होने वाली थी। बताया जा रहा है कि प्रमोद और उसके चार दोस्त बाइक व स्कूटी से धुर्वा डैम घूमने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि स्कूटी (जेएच 01 डीसी 1574) और बाइक (जेएच 01 सीएन 0862) की आपस में टक्कर हो गयी। इसमें स्कूटी सवार प्रमोद की मौत हो गई। वहीं, घटना में प्रमोद के दो साथी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद धुर्वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

Published / 2022-02-06 15:17:17
रामगढ़ : घरेलू कलह में पत्नी की हत्या करनेवाले ने किया आत्मसमर्पण

टीम एबीएन, रामगढ़। झारखंड में रामगढ़ जिले के कुजू पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) क्षेत्र में रविवार को घरेलू कलह में पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि जिले के करमा निवासी मुकेश कुमार गुप्ता (27 वर्ष) एवं उसकी पत्नी शिम्पी रानी (21 वर्ष) का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। विवाह के बाद से ही दोनों में आपसी तनाव, मारपीट होती थी। इसको लेकर शनिवार को ही रामगढ़ महिला थाने ने दोनों पक्षों में समझौता कराया गया था। समझौते के करीब 20 घंटे बाद ही मुकेश ने पत्नी का गला घोंट कर मार डाला। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त:परिक्षण के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। सूत्रों ने बताया कि इससे पूर्व पत्नीहंता ने घर के कमरे में ताला लगाया और खुद कुजू ओपी पहुंच कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही कुजू ओपी प्रभारी अवधेश कुमार सदल बल घटनास्थल पहुंचे और वरीय पदाधिकारियों को सूचित किया। सूचना को तत्काल संज्ञान में लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ किशोर कुमार रजक, मांडू इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता, अवर निरीक्षक उमेश शर्मा मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की।

Published / 2022-02-06 15:13:53
गुमला के मजदूर की तमिलनाडु में मौत, बाथरूम में मिला शव

टीम एबीएन, गुमला। झारखंड के गुमला जिले के सदर प्रखंड के चरका टांगर जाम टोली निवासी करीब 30 वर्षीय मजदूर कृष्णा माली की संदेहास्पद अवस्था में तमिलनाडु में मौत हो गई है। सुकरवार की शाम तमिलनाडु स्थित मकान के बाथरूम से पुलिस ने शव बरामद किया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी हैं। कृष्णा के दोस्त बजरंगबली ने दूरभाष पर पूरे मामले की जानकारी पीड़ित परिवार और गुमला प्रशासन को दी, वहीं शुक्रवार को जानकारी देते हुए आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने और बच्चों की परवरिश को लेकर कृष्णा काम करने तमिलनाडु गया था कृष्णा की पत्नी गर्भवती है। और पहले से उसके दो बच्चे हैं। रोजगार का अभाव होने के कारण कृष्णा तमिलनाडु में काम कर रहा था लेकिन सुकरवार की शाम सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है वह 5 माह पूर्व भी तमिलनाडु गया था। अब तक कृष्णा के मौत के कारणों का पता नहीं चला है। वहीं शुक्रवार को तमिलनाडु में ही शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा इसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा मृतक की पत्नी झालो देवी ने बताया कि उसके पति तमिलनाडु राज्य के त्रिपुरा स्थित एक कारखाना में काम करते थे। सुबह घर में इकलौता कमाने वाले थे पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से कृष्णा के शव को गांव लाने और सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। वहीं मौत के बाद पूरे इलाके में आपके तरफ फैल गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल हो गया। गांव के सरपंच ने भी बताया कि जिस तरह उसकी मौत हुई है कहीं ना कहीं संदेह लगता है कि किसी ने हत्या किया गया है और परिवार लोगों की माने तो उसकी मौत नहीं हुई है हत्या के कारण मौत हुई। इस मामले पर श्रम अधीक्षक ने संज्ञान लिया और प्रवासी मजदूर का शव को अपने जिले में मंगाने की बात भी कही है लेकिन शौक कब तक पहुंचती है यह तो आने वाला समय ही बताएगा ।

Published / 2022-02-06 15:07:32
हजारीबाग : गोरहर के जमुनिया घाटी में गैस भरा टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला

टीम एबीएन, बरकट्ठा (हजारीबाग)। जिले में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गोरहर थाना क्षेत्र के जमुनिया घाटी के पास एक गैस टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 20 फीट गड्ढे में जा गिरा। हालांकि इस हादसे में टैंकर का ड्राइवर सुरक्षित बच गया। लेकिन जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त टैंकर में गैस भरा हुआ था। गनीमत रही कि हादसे के बाद गैस लीक नहीं हुआ, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची और जरूरी कदम उठाए। जानकारी के अनुसार, गैस से भरा टैंकर बोकारो से निकला था। गोरहर थाना क्षेत्र के जमुनिया घाटी के पास अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर अनियंत्रित होकर 20 फिट गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि किसी प्रकार बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों और सेफ्टी टीम, टेक्नीशियन को घटना की जानकारी दी गई। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुई जिसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन लापरवाही का आलम ये रहा कि शाम के 5 बजे तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची। कुछ दिन महीने ही दनुवा भानुवा जंगल के पास गैस टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 5 लोग जिंदा जल गए थे। लेकिन ऐसा लगता है कि उस हादसे के बाद भी किसी ने कोई सबक नहीं सीखा है।

Published / 2022-02-06 15:02:56
चतरा : पांच अंतरराज्यीय "नौकरीदाता" गिरफ्तार

टीम एबीएन, चतरा। जिले में रेलवे और वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। रविवार को करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का चतरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यूपी के गोरखपुर में रेलवे और चतरा में वन विभाग में नौकरी के नाम पर युवकों को शिकार बनाते थे। उन्होंने चतरा के ही एक युवक से साढ़े दस लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने बताया कि यूपी और बिहार के रहने वाले मास्टरमाइंड समेत पांच जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि ठगों की गिरफ्तारी सदर थाना क्षेत्र के ऊंटा मोड़ इलाके से की गई है। गिरफ्तार ठगों के पास से 7 मोबाइल फोन, युवाओं को दिए जाने वाले फर्जी नियुक्ति पत्र, पैसे लेनदेन से संबंधित दस्तावेज और इनोवा कार बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि यूपी और बिहार के अंतरराज्यीय ठग गिरोह चतरा में सक्रिय है और युवकों को नौकरी की झांसा देकर ठगी कर रहा है। इस सूचना के आधार पर स्पेशल टीम बनाकर छानबीन शुरू की गई। इस दौरान 8 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीन युवक पीड़ित थे और पांच आरोपी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित युवकों की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर सभी ठगों को जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार ठगों का नेटवर्क झारखंड, बिहार और यूपी के साथ साथ विभिन्न राज्यों में फैला है, जहां सैकड़ों युवकों से मोठी रकम ठगा है।

Published / 2022-02-06 14:14:57
चेतावनी : सरकार फैसला नहीं लेगी तो मंगलवार से दुकान खोलेंगे मोरहाबादी के दुकानदार

टीम एबीएन, रांची। मोरहाबादी के फुटपाथ दुकानदार लगातार 10 दिनों से धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि न सरकार को उनकी फिक्र है और न निगम पदाधिकारियों को। इसलिए अब उन्हें अपनी लड़ाई खुद लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को अगर इस पर फैसला नहीं होता है, तो मंगलवार से वे अपनी दुकानें फिर से खोलेंगे। एक दुकानदार ने बताया कि यदि वे अपनी दुकानें नहीं खोलते हैं, तो उनके बीवी-बच्चों के भूखे मरने की नौबत आ जाएगी। इसलिए सोमवार तक कोई फैसला नहीं आने पर वे मंगलवार से अपनी दुकानें खोलेंगे। रांची की मेयर डॉ आशा लकड़ा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोरहाबादी मैदान के इर्द-गिर्द ठेला-खोमचा व अस्थाई दुकान लगाकर अपना जीवनयापन कर रहे लोगों की रोजी-रोटी हेमंत सोरेन की सरकार ने छीनी है। उन्हें उपयुक्त जगह देने की जिम्मेदारी भी राज्य सरकार की ही है। रांची नगर निगम संबंधित दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराने की दिशा में सिर्फ एक माध्यम है। इसलिए इन दुकानदारों की रोजी-रोटी छीने जाने को लेकर कुछ लोग रांची नगर निगम को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पूर्व मोरहाबादी में जिस जगह पर अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया, वहां मुख्यमंत्री के पिता शिबू सोरेन का आवास है। इसलिए राज्य सरकार ने अपनी गलती को छिपाने के लिए वहां से ठेला-खोमचा व अस्थाई दुकानों को हटाने का फरमान जारी कर दिया। यदि राज्य सरकार चाहती तो संबंधित स्थल पर CCTV कैमरा लगाकर व पुलिस पेट्रोलिंग की नियमित व्यवस्था कर हाई सिक्योरिटी जोन को सुरक्षित कर सकती थी। संबंधित स्थल से निरीह दुकानदारों को हटाकर राज्य सरकार ने उनकी रोजी-रोटी छीनने का काम किया है। मेयर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को जीने का अधिकार है। इसलिए संबंधित दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें उपयुक्त स्थल पर बसाने की जरूरत है। जिस स्थल पर दुकानदारों के सामान की बिक्री ही नहीं होगी, वहां उन्हें शिफ्ट करने से इस समस्या का निदान संभव नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह कर कहा कि जब तक इन दुकानदारों के लिए उपयुक्त जगह की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उन्हें पूर्व की तरह ठेला, खोमचा व अस्थाई दुकान लगाने की इजाजत दी जाए। पुलिस-प्रशासन की ओर से हाई सिक्योरिटी जोन को सुरक्षित करने की व्यवस्था की जाए।

Page 1454 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse