टीम एबीएन, रांची। रातू इलाके के रहने वाले जमीन कारोबारी दिलीप कुमार साहू को मंगलवार की देर रात आइटीबीपी कैंप के पास अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल दिलीप का रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार दिलीप कुमार साहू अपने घर से रांची के मोरहाबादी मैदान जाने के लिए कह कर निकले थे। जैसे ही वह आइटीबीपी कैंप के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास जो भी पैसे थे उसे मांगने लगे। इंकार करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। अपराधियों के द्वारा चलाई गई एक गोली दिलीप के जांघ में लग गई। गोली मारने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल दिलीप को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। रांची के कांके थाना प्रभारी ब्रज कुमार ने बताया कि आइटीबीपी कैंप के पास हुए गोलीबारी में जमीन कारोबारी दिलीप कुमार घायल हुए हैं। उनके जांघ में गोली लगी है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर हैं। अपराधियों के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है, जल्द ही वे पुलिस गिरफ्त में होंगे। पुलिस यह जांच कर रही है कि इस पूरे मामले में कहीं जमीन कारोबार का कोई मामला है, या फिर सिर्फ लूटपाट के लिए जमीन कारोबारी को निशाना बनाया गया है।
टीम एबीएन, चतरा। जिले के जोरी थाना क्षेत्र के पीपरपाती गांव में तिलक समारोह में फूड प्वाइजनिंग से करीब 400 लोग बीमार हो गए हैं। सभी को जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक सभी की स्थिति खतरे से बाहर है और बहुत जल्द सभी लोग सामान्य हो जाएंगे। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ वेदप्रकाश के अनुसार मामला पूरी तरह से फूड प्वाइजनिंग का है। भोजन का कोई न कोई सामान विषाक्त होगा। यही वजह है कि तिलक समारोह में जितने लोगों ने भोजन किया वह सभी के सभी बीमार हो गए। बता दें कि जोरी गांव निवासी ध्रुवनंद राव के पुत्र प्रवीण राव का तिलक था। जिसमें रिश्तेदारों के साथ साथ गांव के लोगों को आमंत्रित किया गया था। तिलक समारोह में भोजन करने के बाद सभी को पेट दर्द उल्टी और दस्त शुरू हो गया। जिसके बाद सभी का इलाज कराया गया। अब सभी लोग खतरे से बाहर हैं।
टीम एबीएन, रांची। मोरहाबादी के दुकानदारों का धरना सोमवार को खत्म हो गया। अब बुधवार से एक बार फिर मोरहाबादी का इलाका लोगों की भीड़ से गुलजार होगा। इससे पहले आज मंगलवार को निगम की ओर से दी गई नई जगह पर भूमि पूजन किया गया। इसमें मोरहाबादी दुकानदार संघ के अध्यक्ष कुमार रोशन समेत दुकानदार शामिल हुए। बताते चलें कि मोरहाबादी में हुए गोलीकांड के बाद जिला प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान इलाके से दुकानों को हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद दुकानदारों ने 11 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों के विरोध को देख निगम ने राजकीय अतिथिशाला से लेकर बापू वाटिका तक के दुकानदारों को वैकल्पिक तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में मोरहाबादी साप्ताहिक बाजार वाली जगह का चयन किया गया। अब 157 दुकानदार यहीं अपनी दुकान लगाएंगे।
टीम एबीएन, हजारीबाग/रांची। बरही में हुई नाबालिग युवक रुपेश कुमार पांडेय की मौत के मामले में सोमवार को एफआईआर दर्ज की गई। इसमें 27 नामजद सहित कुल अज्ञात 100 लोगों को आरोपी बनाया गया है। घटना के विरोध में सोमवार को इलाके में दुकानें बंद रहीं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जीटी रोड जाम किया गया। जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद, पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे सहित आला अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे की लंबी वार्ता के बाद जाम खत्म कराया गया। इस मामले में मो असलम उर्फ पप्पू मियां पिता स्व इस्माइल मिया, मो अनीस पिता मो नौशाद, मो कैफ पिता मो आताउल तीनों ग्राम दुलमहा, मो गुफरान पिता मो मुसताक ग्राम करियातपुर, मो चांद पिता मो जावेद, मो ओसामा पिता आरिफ मियां, मो एहताम पिता मो नौशाद, मो नाहिद पिता मो इकबाल, मो सोनू पिता मो नईम मियां, मो शहबान पिता मो नईम, मो फैसल पिता मो तस्लीम मियां, मो चांद पिता मो रब्बानी मियां, मो अमन पिता मो उमर मिया, मो आसिफ पिता मो जावेद, मो जशीद पिता मो जावेद, मो रिजवान पिता मो हासिम मियां, मो सलमान, मो इरफान पिता मो याकूब मिया, मो सलमान उर्फ माले, मो छोटे पिता रियाज मियां, मो इस्तेखार पिता स्व इशाक मियां, मो तैयब पिता मो अयूब, मो सदीक पिता मो इस्तेखार मियां, मो इकबाल पिता मो याकूब मियां, मो हसन पिता मो अहिया, मो अनीस पिता मो नौशाद, मो साहेब पिता मो नौशाद (सभी दुलमहा निवासी) नामजद आरोपी हैं। इसके अलावे 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
टीम एबीएन, रांची। सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी। जिसके बाद हजारीबाग से साथ चार जिलों में तनाव बढ़ गया। इसे देखते हुए प्रशासन ने हजारीबाग चतरा गिरिडीह और कोडरमा में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया था। प्रशासन का कहना था कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलने की आशंका था जिसकी वजह से इंटरनेट सेवा बाधित कर दिया गया था। अब जबकि पूरा मामला नियंत्रण में है तो इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। हजारीबाग के बरही में दो गुटों के झड़प को लेकर हजारीबाग चतरा गिरिडीह और कोडरमा में इंटरनेट सेवा बाधित कर दी गई थी। लगभग 36 घंटे के बाद इंटरनेट सेवा शुरू कर दी गई है। दरअसल, रविवार को बरही के दुलमहा दुर्गा देवी मंडप के पास प्रतिमा विसर्जन के दौरान नई टांड निवासी 17 वर्षीय किशोर रूपेश कुमार पांडे की संदेहास्पद स्थिति में हत्या हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। जिसके बाद असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और कुछ दुकानों में आग भी लगा दी गई। जिसके बाद पुलिस को उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी, हालात तनावपूर्ण होते देखते हुए पुलिस प्रशासन कैंप किए हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बंद कर दी थी ताकि अफवाह ना फैले। इस कार्रवाई में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। 27 नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पूरे प्रकरण में अब तक 3 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। अभी भी घटनास्थल और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस कैंप कर रही है। प्रशासन के वरीय पदाधिकारी पूरे क्षेत्र पर विशेष नजर रखे हुए हैं। हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील भी किया है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें। स्थिति सामान्य है और जो भी घटना को अंजाम दिए हैं उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
टीम एबीएन, धनबाद। जी हां, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का पैसा किसान धनंजय रजवार के नाम से जारी राशि गोविंदपुर प्रखंड के बिचौलियों के खाते में भुगतान हो रहा है। ये मामला है धनबाद जिला के गोविंदपुर प्रखंड के अंतर्गत सबसे सुदूरवर्ती आदिवासी बहुल मरिचो पंचायत के भोलमारा गांव का है, किसान धनंजय रजवार (61 वर्ष) , पिता- छुज्जा रजवार, के नाम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से भुगतान भी हो रहा है, लेकिन पैसा का भुगतान बिचौलियों के खाते में जा रहा है। धनंजय रजवार बीपीएल गरीब परिवार से आते हैं। खेती किसानी करके जीवन गुजर-बसर कर रहे हैं। मामले को लेकर पंचायत के युवा क्रांतिकारी सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत कुमार महतो ने संज्ञान में विभागीय गोविंदपुर प्रखंड और धनबाद जिला के पदाधिकारियों को भी अवगत कराया है। लेकिन सभी पदाधिकारी मौन हैं। रंजीत का कहना है कि मामले को लेकर उच्च स्तरीय जांच होने पर बहुत बड़े घोटाले का पर्दाफाश हो सकता है लेकिन पदाधिकारी और प्रखंड के बिचौलियों की मिलीभगत से मामले को दबाए रखा जा रहा है। किसान इसी आशा के साथ जी रहे हैं कि एक न एक दिन उनका प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भुगतान जरूर होगा और लेकिन भुगतान तो हो रहा है लेकिन बिचौलियों के खाते में आखिर कब तक किसानों का हक और अधिकार मिल पाएगा।
टीम एबीएन, रांची। आईआईपीएस एजुकेशनल ट्रस्ट और अल मोबिन एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित अल -मोबिन इंटर कॉलेज इरबा, रांची को झारखंड एकेडेमिक काउंसिल द्वारा स्थापना अनुमति मिल गयी है। अल मोबिन इंटर कॉलेज में तीनों संकायों- कला, विज्ञान और वाणिज्य में 150-150-150 छात्र-छात्राएं का नामांकन लिया जा रहा है। अल मोबिन इंटर कॉलेज का उद्घाटन करते हुए आईआईपीएस एजुकेशनल ट्रस्ट और अल मोबिन एजुकेशनल ट्रस्ट के संचालक ने 20 मेधावी छात्रों को तीनों संकाय से स्कॉलरशिप देने की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसे मेधावी छात्र, जो पैसों की कमी के कारण अपने आगे की शिक्षा नहीं पूरी कर पा रहे उनको 100 % स्कॉलरशिप दी जायेगी। अल मोबिन इंटर कॉलेज में मैट्रिक और इंटर की पढ़ाई के साथ आईआईपीएस एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा स्किल डेवेलपमेंट कोर्स भी कराया जाएगा। आईआईपीएस एजुकेशनल के संचालक विकास मौर्य ने कहा कि इंटर कॉलेज का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की कमी को दूर करना है। इरबा में इंटर कॉलेज खुलने के बाद बच्चों को हाई स्कूल की पढ़ाई करने के लिए अपने घर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अल मोबिन एजुकेशनल ट्रस्ट के मोबिन सर ने बताया कि वह शुरू से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए है और रांची जिला स्कूल के प्रिंसिपल भी रह चुके है इसलिए वह ग्रामीण बच्चों की परेशानियों से भली-भांति अवगत हैं। इसलिए अल मोबिन इंटर कॉलेज में बच्चों की सुविधा का खास ख्याल रखते हुए स्किल डेवलपमेंट के लिए भी तत्पर हैं। कॉलेज में कंप्यूटर लैब, बायोलॉजी लैब, केमिस्ट्री लैब, फिजिक्स लैब के साथ-साथ प्लेग्राउंड और हॉस्टल की भी सुविधाएं हैं।
टीम एबीएन, हजारीबाग। जिले के बरही अनुमंडल धनबाद रोड स्थित दुलमुहा गांव में आपसी झगड़े में नयीटांड़ निवासी सतेंद्र पांडेय के पुत्र रूपेश कुमार पांडेय (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, तो यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार शाम लगभग चार बजे की है। प्रत्यक्षदर्शी एक युवा ने बताया कि रूपेश पांडेय बेहोशी हालत में पड़ा हुआ था। मोटरसाइकिल से उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। रुपेश अपने घर का इकलौता चिराग था जिसे अपराधियों ने बुझा दिया। रुपेश की मौत के बाद रुपेश के चाचा ने 27 नामजद लोगों पर मॉब लिंचिंग के तहत स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। परिवार जनों व ग्रामीणों की मांग है कि घटना में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी हो तथा मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दी जाए। घटना की जानकारी पाते ही हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल सोमवार को मृतक युवक के दाह-संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने बरही स्थित नईटांड़ पंहुचे और यहां उपस्थित होकर मृतक रूपेश कुमार पांडेय को श्रद्धांजलि दी तथा पीड़ित परिजनों से मुलाकात की ढाढ़स बंधाया। विधायक मनीष जायसवाल ने इस घटना को समाज के लिए बेहद दुखद व शर्मनाक कृत्य बताया और झारखंड सरकार द्वारा लाए जा रहे मॉब लिंचिंग के नए कानून के पहाचत यह पहली मॉब लिंचिंग की घटना पर मांग की है कि झारखंड सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से स्पीडी ट्रायल द्वारा दोषी लोगों को जल्द से जल्द सजा दिलाए और पीड़ित परिवार को उचित न्याय मिले। विधायक मनीष जायसवाल ने यहां स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर रूपेश को न्याय दिलाने के लिए एक कोष का गठन कराया। सामूहिक निर्णय लिया गया कि गरीबी के कारण अगर यह परिवार न्याय की लड़ाई में असमर्थ हो जाता है तो उसको न्याय दिलाने के लिए हिन्दू समाज द्वारा इस कोष के माध्यम से रूपेश की लड़ाई लड़ी जाएगी। विधायक मनीष जायसवाल ने खुद इस कोष में 51 हजार रुपये देने की घोषणा की है साथ ही वहां उपस्थित कई लोगों ने भी तत्काल इस कोष में राशि दान की। जिससे रुपेश अथवा इस प्रकार के किसी अन्य पीड़ित को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ी जा सके एवं साथ ही परिजनों को भी मदद की जा सके। यहां से बरही पहुंचकर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की और मॉब लिंचिंग के दायरे के तहत इस केस में तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत रहने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग करने की विशेष रणनीति भी बनाई । मौके पर स्थानीय लोगों को विधायक मनीष जायसवाल ने इस मामले को विधानसभा पटल पर भी पूरी मुखरता से पूरे झारखंड के समक्ष भी पुरजोर तरीके से उठाने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का वादा भी किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse