टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू, रांची में आज आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वामी दयानंद जी की याद में एक विशेष हवन का आयोजन किया गया तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर अरुण कुमार मंडल ने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन पर विशेष प्रकाश डाला। विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा ने कहा कि हमें स्वामी जी को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। हमें उनकी तरह ही भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करनी चाहिए। क्षेत्रीय पदाधिकारी ने कहा हमें उनके पदों पर चलना चाहिए। दयानंद जयंती के अवसर पर विद्यालय के संगीत शिक्षक चिर सुंदर ठाकुर ने सारी दुनिया सगाई दयानंद ने जग में मचाई दयानंद ने गीत प्रस्तुत किया तो संगीत शिक्षिका तारा पाठक ने मुझे दास बनाकर रख लेना भगवान तुम अपने चरणों में भजन प्रस्तुत किया। मौके पर प्राचार्य एमके सिन्हा, पशुपतिनाथ झा, वीके पाठक, डॉ आरबी शर्मा, रूद्रकांत झा, अरुण कुमार मंडल, अंजू कुमारी, विभूति भूषण बारीक और अशोक कुमार सिंह समेत सीनियर और जूनियर वर्ग के अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं भी मौजूद थे। उक्त जानकारी विद्यालय के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्रगुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, जमशेदपुर। जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है जिसमें एक साथ 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसा टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर नारगाडीह गांव के पास आर्टिका कार के ट्रक से टकराने के कारण हुआ। कैसे हुआ हादसा : खबर के अनुसार बड़काखाना से कुछ लोग अपने रिश्तेदार के गृह प्रवेश में शामिल होने के लिए आर्टिका कार से जमशेदपुर आ रहे थे। तभी टाटा रांची मुख्य मार्ग पर नारगाडीह गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से आर्टिका की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार पति पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सरायकेला सड़क हादसा के बाद मौके पर पहुंची चांडिल पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमएजीएम अस्पताल भेज दिया है।
टीम एबीएन, रांची। प्रखंड के काठीटांड़ में शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे दो उचक्के एक युवक से मोबाइल छीनकर एनएच 75 की ओर फरार हो गए। पीड़ित रवि सिंह मोबाइल से बात करते हुए जा रहा था कि अचानक पल्सर सवार युवकों ने उससे मोबाइल छीन लिया। दो दिन पहले हक मोबाइल में काम करने वाले युवक सुहैल आलम का मोबाइल रांची बाजार के पास पल्सर सवार युवकों ने छीन लिया था। इस संबंध में पीड़ित ने रातू थाना में लिखित सूचना भी थी। इस घटना से कुछ दिन पहले ललितग्राम में एक युवती का मोबाइल उचक्के छीनकर फरार हो गए थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस से आज दीप उरांव के नेतृत्व में जनजाति सुरक्षा मंच, झारखंड का एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। राज्यपाल से मुलाकात में उरांव ने झारखंड विधानसभा से पारित झारखंड भीड़ हिंसा एवं भीड़ लिंचिंग निवारण विधेयक-2021 पर रोक लगाने के संदर्भ में ज्ञापन समर्पित किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि झारखंड भीड़ हिंसा एवं भीड़ लिंचिंग निवारण विधेयक-2021 के अधिनयम में परिणत होने के पश्चात केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निर्मित अधिनियमों में प्राप्त विभिन्न अधिकार व संरक्षण से जनजाति समाज वंचित हो जाएंगे। ज्ञापन में विधेयक पर रोक लगाने के लिए पहल करने का आग्रह किया गया है।
टीम एबीएन, लोहरदगा /रांची। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान लोहरदगा में आईईडी ब्लास्ट की घटना हुई है, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान दिलीप कुमार और नारायण दास बुरी तरह घायल हो गए हैं। नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में एक जवान का पैर क्षतिग्रस्त हो गया है जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट लगी है। एयर लिफ्ट कर रांची लाए गए घायल जवान : विस्फोट में जवानों के घायल होने के बाद उनको एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया है। जहां उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। जवानों के रांची पहुंचने के बाद झारखंड पुलिस के एडीजी अभियान समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे हुए हैं। बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन की टीम अभियान चला रही थी। उसी अभियान के दौरान नक्सलियों के विस्फोट में जवान घायल हो गए हैं।
टीम एबीएन, हजारीबाग। जल जीवन मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है, जिसके तहत ग्रामीण इलाकों में घरों तक पेयजल पहुंचाना है। हजारीबाग अंचल में भी इस योजना को युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है ताकि निर्धारित समय के अंदर पूरा किया जा सके, लेकिन जिले में पेयजल मिशन के कार्य प्रगति से अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। धीमी रफ्तार से अधिकारी असंतुष्ट : 15 अगस्त 2019 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल जीवन मिशन की घोषणा की घोषणा की थी, जिसके तहत साल 2024 तक सभी घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। हजारीबाग अंचल की बात करें तो झुमरी तलैया, रामगढ़, हजारीबाग और चतरा में भी युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की प्रगति को देखते हुए अधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में पदाधिकारी ने सभी संवेदकों को समय के अंदर टार्गेट पूरा करने का निर्देश दिया है। 40 फीसदी तक काम हुआ पूरा : अगर वर्तमान समय को देखा जाए तो महज 2021-22 में 40% कार्य पूरा हो पाया है। अब महीना वार लक्ष्य निर्धारण किया गया है और उस लक्ष्य निर्धारण के अनुरूप ही कार्य पूरा करने की बात भी कही जा रही है। पदाधिकारियों का मानना भी है कि हम लोग घरों में कनेक्शन दे रहे हैं। इसमें कुछ समस्या भी सामने आ रही है, जिसमें बिजली भी एक है। इसके अलावा दुर्गम क्षेत्र होने के कारण भी कनेक्शन देने में समस्या आ रही है। ऐसे में मिशन मोड के तहत योजना बनाकर कार्य पूरा किया जा रहा है।
टीम एबीएन, रांची। करीब 8 हजार एकड़ में बसा रांची का एचईसी का क्षेत्र अब सिमटता जा रहा है। एक तरफ एचईसी अपनी आर्थिक हालात सुधारने के लिए अपनी जमीन को बेच रहा है तो वहीं दूसरी ओर रांची एचईसी के जमीन पर अवैध कब्जा भी हो रहा है। एचईसी क्षेत्र में खाली पड़ी जमीन पर कई लोग अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। एचईसी के आवासीय इलाके में रह रहे लोग अपने परिवार के लिए अवैध निर्माण कर खाली जगह पर भवन भी बना रहे हैं। रांची एचईसी में अतिक्रमण को देखते हुए प्रबंधन ने सख्त कदम उठाना शुरू किया है, जिसे लेकर प्रबंधन ने अतिक्रमण रोकने के लिए सिक्योरिटी टीम बनाई है। टीम को दिशा निर्देश दिए हैं कि जिस क्षेत्र में भी अवैध निर्माण हो रहा है, उसे तुरंत रोका जाए। एचईसी प्रबंधन के द्वारा बनाए गए सिक्योरिटी टीम के इंचार्ज जीवेश सिंह बताते हैं कि राजधानी के धुर्वा इलाके के सेक्टर 2, सेक्टर 3, बस स्टैंड, डैम साइड, टंकी साइड सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध तरीके से कब्जे हो रहे हैं, जिसे लेकर एचईसी प्रबंधन ने कठोर कदम उठाया और सभी अतिक्रमण क्षेत्रों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। वहीं, यूनियन के नेता रामाशंकर बताते हैं कि एचईसी प्रबंधन को अतिक्रमण पर पहले ही ठोस कदम उठाना चाहिए क्योंकि एचईसी के खाली पड़ी जमीन पर अवैध कब्जा पिछले कई वर्षों से हो रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में एचईसी की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के एजेन्सियों द्वारा भी लापरवाही बरती गई है। पहले फ्रंटलाइन सिक्योरिटी एजेंसी नाम की कंपनी के द्वारा अवैध उगाही कर गलत लोगों के हाथों में जमीन बेचे गए हैं, जिसकी जानकारी पहले भी प्रबंधन को दी गई है। एचईसी प्रबंधन के इस कदम का सीधा असर अवैध निर्माण कर व्यवसाय कर रहे लोगों की पेट पर पड़ रहा हैं। बस स्टैंड के समीप बुद्ध मंदिर के सामने खाली जमीन पर बच्चों का स्कूल खोला गया है। इसके अलावा भी कई खाली जगहों पर लोग छोटे-छोटे दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बना कर अपना गुजारा कर रहे हैं। अब प्रशासन के इस कदम पर लोगों का कहना है कि जब वह निर्माण कर रहे थे तो एचईसी प्रबंधन ने कोई रोक नहीं लगाई। लेकिन अब जब निर्माण हो चुका है तो अचानक इसे तोड़ने का आदेश देना उचित नहीं है। लोगों का कहना है कि ऐसे में जरूरी है कि प्रबंधन लोगों से बात कर उनकी समस्या का निदान करें। वहीं कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एचईसी की जमीन को दलाल बेच रहे हैं। लोगों को दिग्भ्रमित कर 5-50 हजार के दर तक एचईसी क्षेत्र के कई इलाकों में दलाल जमीन बेच रहे हैं।
टीम एबीएन, धनबाद। जिले के गोविंदपुर इलाके में केनरा बैंक में चोरी की घटना सामने आयी है। चोरों ने बैंक के शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह और बैंक मैनेजर रॉकी कुमार रजक बैंक के अंदर जाकर पूरी घटना की जानकारी ले रहे हैं। सिटी एसपी आर रामकुमार भी मौके पर पहुंच पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse