देश

View All
Published / 2021-07-19 12:54:03
मंगलवार शाम छह बजे सरकार ने बुलायी सर्वदलीय बैठक, पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

एबीएन डेस्क, रांची। कोरोना संकट के बीच संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया। संसद पहुंच कर पीएम मोदी ने कहा कि धारदार सवाल पूछें, लेकिन सरकार को जवाब देने का मौका भी दें। संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू होते ही कोरोना की दूसरी लहर, महंगाई और चीन से जुड़े मामले और पत्रकारों-नेताओं की जासूसी को लेकर हंगामा शुरू हो गया। लोकसभा की कार्यवाही दोबारा दोपहर 3:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उच्च सदन में भी अपने मंत्रिपरिषद का परिचय नहीं दे पाये। इससे पहले, पीएम अपने मंत्रिपरिषद का परिचय दे रहे थे, तब जमकर हंगामा हुआ, जिस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताई। कोरोना टीकाकरण नीति पर चर्चा के लिए पीएम नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम छह बजे लोकसभा और राज्यसभा में सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

Published / 2021-07-17 14:53:51
मानसून सत्र: कोविड, महंगाई, तेल पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

एबीएन डेस्क, रांची। संसद को मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, विपक्ष ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान देश भर में व्याप्त अव्यवस्था और भ्रष्टाचार, पेट्रोलियम पदार्थों एवं रोजमर्रा की वस्तुओं की महंगाई, किसान आंदोलन, कोरोना के टीकों की कमी, उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित जनसंख्या नियंत्रण कानून, राष्ट्रीय सुरक्षा आदि मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनायी है जबकि सरकार ने 19 दिनों में सघन एजेंडा बनाकर 23 विधेयकों को पारित कराने की योजना बनाई है। 19 जुलाई से 13 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में 19 बैठक होनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के पुनर्गठन के बाद हो रहा यह सत्र इस मायने में विशेष होने वाला है क्योंकि इस बार श्री मोदी एक प्रकार से कोविड पश्चात नयी सरकार का संदेश देने की कोशिश करेंगे। पहले दिन प्रधानमंत्री दोनों सदनों में अपने मंत्रिमंडल के नये सहयोगियों का परिचय करायेंगे। संसद का यह सत्र भी कोरोना के प्रोटोकॉल के अंतर्गत ही चलेगा। सत्र के पहले रस्मी तौर पर राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के अध्यक्ष ने क्रमशः शनिवार और रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई हैं। सरकार द्वारा भी रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इन बैठकों में विपक्षी नेताओं से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की जाएगी। इस सत्र के आयोजन से पहले कोरोना महामारी को लेकर पर्याप्त प्रबंध किये गये हैं। लोकसभा में 411 सांसद टीका लगवा चुके हैं। 23 सांसद विभिन्न कारणों से टीका नहीं लगवा पाये हैं। लोकसभा एवं राज्यसभा सचिवालयों के अधिकतर कर्मचारियों अधिकारियों को भी टीका लगवाया जा चुका है। लोकसभा सचिवालय ने हालांकि इस बार भी आरटीपीसीआर परीक्षण की व्यवस्था की है। इस बार भी मीडिया पास सीमित संख्या में जारी किए गए हैं और दर्शकों के लिए संसद देखने की अनुमति नहीं दी गई है। दोनों सदनों में सदस्यों को कोविड प्रोटोकॉल के साथ सदन और दर्शक दीर्घा में बैठाया जाएगा। सरकार मानसून सत्र में कुल 23 विधेयकों को पारित कराने की कोशिश करेगी जिनमें तीन विधेयक अध्यादेशों के स्थान पर लाये जाएंगे जो दिवाला और दिवालियापन संहिता (संशोधन) विधेयक 2021, आवश्यक रक्षा सेवा विधेयक 2021 और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन विधेयक 2021 हैं। इन तीन अध्यादेशों के अलावा केंद्र सरकार द्वारा जिन विधेयकों को पारित कराना है, उनमें डीएनए टेक्नोलॉजी विधेयक, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, कोल बियरिंग एरिया विधेयक, चार्टर्ड अकाउंटेंट विधेयक, लिमिटेड लाइबिलिटी पार्टनरशिप, कंटेनटमेंट विधेयक, सेंट्रल यूनिवर्सिटी विधेयक, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट विधेयक समेत अन्य कई विधेयक शामिल हैं। विपक्ष की ओर से कोरोना की दूसरी लहर के दौरान देश भर में व्याप्त अव्यवस्था और भ्रष्टाचार, बेतहाशा बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते दाम पर फोकस किया जाएगा। किसानों का आंदोलन, कृषि कानून में बदलाव और उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर भी विपक्ष सरकार पर प्रहार करने का मौका नहीं गंवायेगा।

Published / 2021-07-11 17:07:04
महाराष्ट्र भाजपा में भूचाल, 20 पदाधिकारियों का इस्तीफा

महाराष्ट्र। मोदी सरकार में महाराष्ट्र में BJP की नेता प्रीतम मुंडे को जगह नहीं मिलने से स्थानीय नेताओं की नाराजगी सामने आई है। प्रीतम मुंडे को कैबिनेट में जगह मिलने से नाराज बीड जिले में BJP के 20 पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। एक स्थानीय नेता ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीड जिला परिषद और पंचायत समिति के साथ अंबाजोगाई के भाजपा पार्षद, इस्तीफा सौंपने के लिए मुंबई निकल पड़े हैं। नेता ने कहा कि पिछले दो दिन में जिन्होंने इस्तीफा दिया है, उनमें बीड जिला परिषद का एक सदस्य और पंचायत समिति का एक सदस्य शामिल है। इसके अलावा भाजपा जिला महासचिव, युवा इकाई के अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष और भाजपा युवा इकाई के जिला उपाध्यक्ष ने भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र मास्के को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। बीजेपी बीड जिला महासचिव सरजेराव टांडले ने कहा कि प्रीतम मुंडे को कैबिनेट में जगह मिलने वाली थी, लेकिन अंतिम समय में उनका नाम हटा दिया गया। भाजपा के हजारों कार्यकर्ता प्रीतम मुंडे को मंत्रिमंडल में शामिल होते देखना चाहते थे। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव पंकजा मुंडे ने अपनी बहन और सांसद प्रीतम मुंडे को मंत्रिपरिषद में शामिल न किए जाने से नाराज होने की खबरों का खंडन किया है। इससे पहले पंकजा ने यह भी कहा था कि उन्हें विश्वास है कि प्रीतम को मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाएगा।पंकजा ने स्पष्ट किया था कि पार्टी द्वारा लिया गया कोई भी निर्णय उन्हें और उनकी बहन को स्वीकार्य होगा क्योंकि वे पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता हैं। इस बीच, सूत्रों से पता चला है कि पंकजा मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलेंगी और उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाएंगी।

Published / 2021-07-09 17:37:33
देश भर में लगेंगे 1500 ऑक्‍सीजन प्‍लांट्स

एबीएन डेस्क, रांची। कोरोना की थर्ड वेव यानी तीसरी लहर से निपटने के लिए इंडिया गंभीरता से तैसारी में जुट गया है। देश में मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर शुक्रवार को PM नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उच्‍च स्‍तरीय बैठक की। देशभर में 1,500 ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने का ऑर्डर दिया। मीटिंग में पीएम मोदी ने हॉस्पिटल स्टाफ को ऑक्सीजन प्लांट के संचालन और रख-रखाव के लिए जरूरी ट्रेनिंग देने पर जोर दिया। इन ऑक्सीजन प्लांट्स की फंडिंग PM केयर्स फंड से की जाएगी। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस अहम मीटिंग में कहा कि हर जिले में ऐसे कुछ लोग होने चाहिए, जिन्हें ऑक्सीजन प्लांट्स के संचालन और रखरखाव के लिहाज से ट्रेनिंग दी जाए। पीएम मोदी ने इस मीटिंग में कहा कि केंद्र सरकार के अधिकारियों को राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करना चाहिए और यह तय करना चाहिए कि अस्पतालों के स्टाफ की सही ट्रेनिंग हो सके।

Published / 2021-06-28 12:11:14
पश्चिम-बंगाल : तारापीठ में पूजा कर बोकारो लौट रही कार पेड़ से टकरायी, एक की मौत, 5 गंभीर

पानागढ़। पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर से पूजा करके बोकारो लौट रही एक कार रामपुरहाट थाना क्षेत्र में दुर्घनाग्रस्त हो गयी। इसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सभी लोग झारखंड के बोकारो जिला के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि बोकारो जिला के जलंगी से कुछ लोग कार से तारापीठ पूजा करने आये थे। लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गयी। बोकारो निवासी अखिल सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। कार में सवार और 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। सूचना मिलने के बाद रामपुरहाट थाना की पुलिस तथा दमकल विभाग के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया और उन्हें रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में दो की हालत बेहद गंभीर बतायी जा रही है। दुर्घटना के बाद करीब एक घंटा तक इस मार्ग को स्थानीय लोगों ने अवरुद्ध कर दिया। लगातार हो रही दुर्घटना को रोकने की मांग की और अपने गुस्से का इजहार किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। गुस्साये लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम को भी खत्म कराया गया। इसके बाद आवागमन शुरू हो गया। पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना सोमवार सुबह 8:00 बजे के करीब हुई। तारापीठ मंदिर में सुबह ही पूजा करने के बाद बोकारो के जलंगी से आये 6 लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।

Published / 2021-06-22 17:28:02
पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा पर लगा 2 करोड़ का जुर्माना

बेंगलुरु। कर्नाटक में बेंगलुरु की एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा को 10 साल पहले एक टेलीविजन साक्षात्कार में नंदी इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर एंटरप्राइजेज (NICE) के खिलाफ अपमानजनक बयान के लिए कंपनी को हर्जाने के रूप में दो करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया है। आठवें नगर दीवानी एवं सत्र न्यायाधीश मल्लनगौडा ने एनआईसीई द्वारा दायर मुकदमे पर यह निर्देश दिया है। कंपनी के प्रवर्तक और प्रबंध निदेशक अशोक खेनी हैं, जो बीदर दक्षिण के पूर्व विधायक हैं। एक कन्नड़ समाचार चैनल पर 28 जून 2011 को प्रसारित साक्षात्कार का उल्लेख करते हुए, अदालत ने अपमानजनक टिप्पणियों के कारण कंपनी की प्रतिष्ठा को हुए नुकसान के लिए देवगौड़ा को कंपनी को दो करोड़ रुपये का हर्जाना देने का निर्देश दिया है। जनता दल (सेकुलर) प्रमुख ने NICE परियोजना पर निशाना साधा था और उसे लूट बताया था। अदालत ने कहा कि जिस परियोजना पर सवाल किए गए, उसे कर्नाटक उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय ने अपने निर्णयों में बरकरार रखा है। अदालत ने 17 जून के अपने फैसले में कहा कि कंपनी की परियोजना बड़ी है और कर्नाटक के हित में है। अदालत ने कहा, अगर भविष्य में इस तरह के अपमानजनक बयान देने की अनुमति दी जाती है, तो निश्चित रूप से, कर्नाटक राज्य के व्यापक जनहित वाली इस जैसी बड़ी परियोजना के कार्यान्वयन में देरी होगी। उसने कहा, अदालत को लगता है कि प्रतिवादी के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा जारी करके ऐसे बयानों पर अंकुश लगाना जरूरी है।

Published / 2021-06-21 14:58:46
कोरोना : लगातार दूसरे साल अमरनाथ यात्रा रद, केवल आनलाइन दर्शन

एबीएन डेस्क, रांची। इस साल पवित्र अमरनाथ यात्रा नहीं होगी। कोरोना की वजह से इसे रद्द कर दिया गया है। यह यात्रा 28 जून से शुरू होकर 22 अगस्त तक चलनी थी। कोरोना के हालात सामान्य होने पर श्राइन बोर्ड ने इसकी तारीखें तय की थीं। 1 अप्रैल से यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन भी किए जा रहे थे। इसके बाद देश में संक्रमण की दूसरी लहर आ गई। हालांकि, श्रद्धालु बाबा बफार्नी के आनलाइन दर्शन कर पाएंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि कोरोना को देखते हुए इस साल अमरनाथ यात्रा रद्द करने का फैसला लिया गया है। कोरोना की वजह से 2020 में भी यह यात्रा रद्द कर दी गई थी। इसके अलावा 2019 में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 के हटने के बाद सुरक्षा कारणों की वजह से यात्रा को बीच में ही रोक दिया गया था। इस कारण कई श्रद्धालु बाबा बफार्नी के दर्शन नहीं कर सके थे। अमरनाथ की यात्रा सबसे कठिन तीर्थ यात्राओं में से एक है। कश्मीर के बालटाल और पहलगाम से यह यात्रा शुरू होती है। ये तीर्थ अनंतनाग जिले में स्थित है। अमरनाथ की गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग बनता है। यहां पहुंचने का रास्ता चुनौतियों से भरा है। प्रतिकूल मौसम, लैंडस्लाइड, आक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं के बावजूद लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। शिवजी के इस तीर्थ का इतिहास हजारों साल पुराना है। यहां स्थित शिवलिंग पर लगातार बर्फ की बूंदें टपकती रहती हैं, जिससे 10-12 फीट ऊंचा शिवलिंग निर्मित होता है। गुफा में शिवलिंग के साथ ही श्रीगणेश, पार्वती और भैरव के हिमखंड भी निर्मित होते हैं।

Published / 2021-06-20 17:05:39
असम : आतंकियों संग पुलिस की भीषण मुठभेड़, दो आतंकी ढेर

एबीएन डेस्क, रांची। असम में रविवार को एक बार फिर असम के कार्बी आंगलोंग जिले में UPRF के आतंकियों संग पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। असम में यूनाइटेड पीपुल्स रिवॉल्यूशनरी फ्रंट (UPRF) की गैरकानूनी गतिविधियां लगातार जारी हैं और उनका पुलिस संग मुठभेड़ का सिलसिला भी नहीं थमा है। बताया गया है कि रुक -रुक कर अभी भी गोलीबारी हो रही है। ऐसे में पूरे इलाके में पुलिस अब भी सक्रिय है और ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस की तरफ से ट्वीट कर इस बात का जानकारी में लिखा है- असम पुलिस ने दो UPRF के आतंकियों को ढेर कर दिया है। उनके पास से दो एके 47 रायफल भी बरामद की गई है। इलाके में अभी भी रुक रुक कर फायरिंग हो रही है।

Page 323 of 332

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse