देश

View All
Published / 2021-09-09 06:55:52
मुलाकात: भारतीय पैरा एथलीटों से मिले पीएम नरेंद्र मोदी

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री मोदी आज टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी से पैरालंपिक के अनुभव भी साझा किए। हाल ही में संपन्न हुए इऩ खेलों में भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने कमाल करते हुए 19 पदक जीते जिनमें पांच स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। पैरालंपिक खेलों में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हैं। पीएम ने इससे पहले टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की थी। टोक्यो पैरालंपिक में जिन खिलाड़ियों ने पदक जीते उनमें अवनि लेखरा, सिंहराज अडाना, सुमित अंतिल, मनीष नरवाल, प्रमोद भगत, कृष्णा नागर, भाविना पटेल, निषाद कुमार देवेंद्र झाझरिया, योगेश कथुनिया, मरियप्पन थंगवेलु, प्रवीण कुमार, सुहास यतिराज, सुंदर सिंह गुर्जर, शरद कुमार, हरविंदर सिंह और मनोज सरकार शामिल हैं। भारत की तरफ से टोक्यो पैरालंपिक में 54 सदस्यीय दल ने भाग लिया जिसने 9 स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश की।

Published / 2021-09-08 14:44:29
असम : ब्रह्मपुत्र नदी में नाव हादसा, 50 से अधिक लापता

गुवाहाटी। ब्रह्मपुत्र नदी में बुधवार को दो मशीन बोट आपस में टकरा गईं। घटना में बोट पर सवार कई यात्री लापता हो गए हैं। घटना उस समय हुई, जब माजुली से जोरहाट के निमाटीघाट जा रही एक बोट, निमाटीघाट से माजुली आ रही दूसरी बोट से टकरा गई। हादसे के बाद पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, असम में नाव दुर्घटना से दुखी हूं। यात्रियों को बचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने हादसे को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अपने मंत्रालय को बचाव अभियान में हर संभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने अमस के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा से बात की और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। इससे पहले जोरहाट के एडिशनल डीसी दामोदर बर्मन ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी में जो नाव दुर्घटना हुई है उसमें 40 लोगों को बचा लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। नदी के किनारे के मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों मशीन बोट में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित 100 से अधिक यात्री सवार थे। मशीन बोट में यात्रियों के अलावा कुछ चार पहिया और दो पहिया वाहन भी सवार थे। अंतर्देशीय जल परिवहन अधिकारी के पास लापता यात्रियों के बारे में कोई आंकड़ा मौजूद नहीं है। उन्होंने केवल इतना कहा कि घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने नदी में गिरे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

Published / 2021-09-08 09:38:22
ऐतिहासिक कदम: अब महिलाएं भी होंगी NDA में भर्ती , SC के आदेश के बाद केंद्र का बड़ा फैसला

एबीएन डेस्क। केंद्र ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि सशस्त्र बलों ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में महिलाओं की भर्ती करने का फैसला किया है। केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश की पीठ को बताया कि सरकार के साथ ही सशस्त्र बलों के उच्च स्तर पर फैसला लिया गया है कि एनडीए के जरिए स्थायी कमीशन के लिए महिलाओं की भी भर्ती की जाएगी। भाटी ने हलफनामे के जरिए जानकारी देने के लिए न्यायालय की अनुमति मांगी। न्यायालय ने कहा कि वह समय-समय पर प्राधिकारियों को खुद इसे करने के लिए प्रेरित करता रहा है और उसका मानना है कि वे इसे करने के लिए सबसे ज्यादा उपयुक्त हैं। पीठ ने कहा, ऐसी राय है कि जब कुछ नहीं होता तो अदालत आगे आती है। आपको आश्वस्त कर दूं कि अदालत को हस्तक्षेप करने में खुशी नहीं होती और हम चाहेंगे कि सशस्त्र बल खुद यह करें। वे देश के सम्मानित बल हैं लेकिन लैंगिक समानता पर उन्हें और करने की आवश्यकता है और कभी-कभी प्रतिरोध अच्छा साबित नहीं होता। सुधार एक दिन में नहीं होते, हम इससे अवगत हैं पीठ ने कहा, मैं खुश हूं कि सशस्त्र बलों के प्रमुख ने एक सकारात्मक फैसला लिया है। रिकॉर्ड में रखिए, हम मामले पर सुनवाई करेंगे। हम इस रुख से खुश हैं। हमें अगले हफ्ते मामले पर सुनवाई करने दीजिए। सुधार एक दिन में नहीं होते। हम इससे अवगत हैं। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ने पीठ को बताया कि ऐसा विचार पहले ही चल रहा था लेकिन वह केवल शुरुआती स्तर पर था। मामले पर सुनवाई के लिए दो हफ्ते बाद की तारीख तय की गयी है। उच्चतम न्यायालय वकील कुश कालरा की याचिका पर सुनवाई कर रहा है। इस याचिका में प्रतिष्ठित एनडीए में लैंगिक आधार पर योग्य महिलाओं को भर्ती नहीं करने का मुद्दा उठाते हुये इसे समानता के मौलिक अधिकार का कथित तौर पर उल्लंघन बताया गया था।

Published / 2021-09-08 08:12:10
कैबिनेट बैठक: इन क्षेत्रों को मिल सकती है राहत, किसानों के लिए हो सकता है बड़ा एलान

एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार इस में दूरसंचार और टेक्सटाइल क्षेत्र के लिए राहत पैकेज पर एलान हो सकता है। इतना ही नहीं, किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। बैठक में रबी फसलों की मिनिमम सपोर्ट प्राइस में बढ़ोतरी का फैसला लिया जा सकता है। दूरसंचार क्षेत्र के लिए राहत पैकेज संभव : केंद्र सरकार टेलीकॉम उद्योग के लिए एक लंबी अवधि के राहत पैकेज पर काम कर रही है। बता दें कि देश में कुछ टेलीकॉम कंपनियां इस समय वित्तीय संकट का सामना कर रही हैं। जानकारी के अनुसार इसमें एजीआर बकाया को फिर से परिभाषित किया जा सकता है और गैर संचार वस्तुओं को बाहर करने की योजना शामिल हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के लिए राहत पैकेज का प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के पास भेजा भी जा चुका है। बता दें कि देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में से एक भारती एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया का भारी एजीआर बकाया है। टेक्सटाइल सेक्टर को भी मिल सकती है राहत : टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) स्कीम की घोषणा हो सकती है। मालूम हो कि कपड़ा मंत्रालय ने उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन या पीएलआई योजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने सुस्त पड़ी टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने या पुनर्जीवित करने के लिए जुलाई में 10,680 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की थी। सरकार इन पैसों से परिधान को बढ़ावा देने, रोजगार और निर्यात क्षमता को मजबूत करने का लक्ष्य रखा है। उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का मुख्य फोकस मानव निर्मित फाइबर (एमएमएफ) के तहत 40 प्रोडक्ट श्रेणियों और तकनीकी वस्त्रों के तहत 10 उत्पाद श्रेणियों पर होगा। पीएलआई योजना के लागू होने से ग्रीनफील्ड (नई कंपनियां स्थापित की जा रही हैं) और ब्राउनफील्ड (कंपनियां जो पहले से ही परिचालन में हैं) में निवेश को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

Published / 2021-09-03 07:08:21
यूपी में डेंगू और वायरल बुखार का कहर, केवल फिरोजाबाद में 75 ने तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश। कोरोना के बाद अब डेंगू और वायरल बुखार यूपी में कहर बरपा रहा है। अब तक 100 से ज्यादा मरीजों की मौत हो चुकी है। केवल फिरोजाबाद में 75 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। गुरुवार को 4 मासूम समेत 14 लोगों की मौत हो गई। जिसमें फिरोजाबाद में 11, मैनपुरी में दो और मथुरा का एक मरीज शामिल है। डेंगू और वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये प्रशासन अलर्ट है। लापरवाही बरतने के आरोप में तीन डॉक्‍टर नप गये। डीएम चंद्रविजय सिंह ने पीएचसी सैलई के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ गिरीश श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ सौरभ प्रकाश और पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. रुचि यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। कानपुर में भी डेंगू और वायरल फीवर से सात दिन में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से पांच रोगियों की बीते 24 घंटे में जान गई है। इनमें दो बच्चे शामिल हैं। इस बीमारी में तेज बुखार के साथ प्लेटलेट्स गिरकर 30 हजार आ जा रहा है। साथ ही सांस तंत्र फेल होने जैसे लक्षण मिल रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारी इसे विचित्र बुखार कह रहे हैं। दरअसल यह स्क्रब टाइफस बीमारी है। दिल्ली में कराई गई जांच में रोगियों में इसकी पुष्टि हो चुकी है। वहां जांच की व्‍यवस्‍था नहीं होने के कारण स्‍वास्‍थ्‍य विभाग इसे नजरअंदाज कर रहा है।

Published / 2021-09-03 07:03:07
तेजस एक्सप्रेस में चड्ढी-बनियान में घूम रहे थे जदयू विधायक, यात्रियों ने टोका तो करने लगे मारपीट

पटना। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक गोपाल मंडल ने एक बेहद शर्मनाक हरकत की है, जिसके चलते वे एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। राजेन्द्र नगर (पटना) से नई दिल्ली को जाने वाली 02309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस में गोपाल मंडल यात्रा कर रहे थे। इस दौरान वे कपड़े उतारकर चड्ढी-बनियान में घूमते दिखे। गोपाल मंडल को इस तरह देखकर कोच में मौजूद दूसरे यात्री ने आपत्ति जताई और उन्हें कपड़े पहनने के लिए कहा। लेकिन जेडीयू विधायक नहीं माने और उस यात्री के साथ गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद आरपीएफ की टीम ने मामले को शांत करने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक आरपीएफ़ जवान ने बताया कि यह घटना दिलदारनगर स्टेशन के पास हुई। दरअसल, गोपाल मंडल तेजस राजधानी एक्सप्रेस के A-1 कोच में सफर कर रहे थे। उसी कोच में जहानाबाद के रहने वाले प्रहलाद पासवान अपने परिवार के साथ नई दिल्ली जा रहे थे। तभी उन्होंने जेडीयू विधायक को कपड़े उतारकर चड्ढी-बनियान में घूमते देखा। गोपाल चड्ढी-बनियान में टॉयलेट गए थे, जिसके बाद प्रहलाद ने आपत्ति जताई और महिला यात्री साथ में होने का हवाला दिया। आरोप है कि विरोध के बाद विधायक गुस्से में आ गए और सहयात्री को गाली देते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए। विधायक के साथ तीन लोग सफर कर रहे थे। यात्रियों के साथ कहासुनी होने पर साथ आए लोग उन्हें समझाने लगे। इसी बीच मौके पर पहुंचे टीटीई ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया। वहीं इसके बाद वहां मौजूद आरपीएफ़ की टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन की रेल पुलिस से विधायक की शिकायत की, इसपर आरपीएफ ने उनका कोच बदल दिया। हालांकि बाद में न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए गोपाल मंडल ने कहा, वास्तविक में हम चड्ढी-बनियान में थे, क्योंकि जैसे ही ट्रेन में चढ़े, मेरा पेट खराब हो गया। मैं जो बोलता हूं सच बोलता हूं। झूठ मैं बोलता नहीं हूं। झूठ बोलने से मुझे फांसी नहीं लग जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रहलाद ने विधायक के खिलाफ इस मामले में किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं की है, जिसके बाद ट्रेन वहां से आगे लिए निकल गई।

Published / 2021-09-02 16:51:14
IIT-Jee Exam : दिल्ली, महाराष्ट्र और झारखंड के 20 ठिकानों पर सीबीआई रेड

नई दिल्ली। आईआईटी-जेईई (मेन्स) परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताओं को लेकर सीबीआई ने आज देशभर के 20 स्थानों पर छापेमारी की। देश की शीर्ष जांच एजेंसी से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आज एफिनिटी एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों पर जेईई (मेन्स) परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताओं के लिए मामला दर्ज किया। सीबीआई ने गुरुवार को देश भर में 20 स्थानों पर छापेमारी की। शीर्ष जांच एजेंसी से जुड़े अधिकारियों ने छापेमारी से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तलाशी दिल्ली-एनसीआर, पुणे, जमशेदपुर सहित विभिन्न शहरों में फैली हुई है। सीबीआई प्रवक्ता आरसी जोशी ने कहा कि सीबीआई ने संस्थान, उसके निदेशकों, उनके दलालों/सहयोगियों और परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा, एक निजी कंपनी और उसके निदेशकों, तीन कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों (नाली) सहित अन्य के खिलाफ एक सितंबर, 2021 को मामला दर्ज किया गया था।

Published / 2021-09-02 04:06:41
कोरोना : स्कूल खोलने के पक्ष में एम्स डायरेक्टर गुलेरिया

एबीएन डेस्क। देश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से तेज हो गए हैं। इसी महीने तीसरी लहर आने की आशंका है। इधर राष्ट्रीय राजधानी में 1 सितंबर से बच्चों के लिए स्कूल खोल दिए गए हैं, लेकिन बच्चों के लिए देश में अभी तक टीका उपलब्ध नहीं है। सरकार के इस फैसले ने विशेषज्ञों, छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बहस शुरू कर दी है कि बिना वैक्सीनेट बच्चे स्कूल कैसे जा सकते हैं। इस सबके बीच एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि भारत में सभी बच्चों को टीकाकरण करने में नौ महीने तक का समय लगेगा, ऐसे में लंबे समय तक बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता है। बच्चों के विकास के लिए स्कूल खुलना जरूरी है। क्योंकि बच्चों के लिए शारीरिक संपर्क अहम है। स्कूलों को खोलने पर रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि उन जगहों पर स्कूल खुल सकते हैं जहां पर कोरोना के मामले कम हैं। एम्स डायरेक्टर गुलेरिया ने बताया कि सभी बच्चों के पास ऑनलाइन पढ़ने की सुविधा नहीं होती और ना ही वह माहौल रहता है, ऐसे में स्कूल खोलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि करीब-कीरब स्कूलों में सभी टीचरों को वैक्सीन लग चुकी है, वहां की हालत सबसे ज्यादा अनुकूल है। उन्होंने तमाम टीचरोंस स्टाफ से अपील की है कि वे खुद आगे आकर टीका लगवाएं । डॉ गुलेरिया ने स्कूल प्रशासन से लंच ब्रेक और अन्य किसी भी समय भीड़ नहीं जुटने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसका हमें पूरा ख्याल रखना होगा कि बच्चे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं या नहीं। तीसरी लहर से निपटने की तैयारी जोरों पर : वहीं, तीसरी लहर के दौरान बच्चों को चपेट में आने पर डॉ गुलेरिया ने कहा है कि कोरोना के मद्देनजर बच्चों के वॉर्ड बनाने और अन्य मेडिकल उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए हर जिले में तैयारी जोरों पर है। बता दें कि मेदांता अस्पताल के चेयरमैन डॉ नरेश त्रेहान ने कहा था कि कोरोना से अगर बच्चे बीमार पड़े तो हमारे अस्पताल उन्हें संभाल नहीं पाएंगे, क्योंकि हमारे पास अभी तक उतनी सुविधा नहीं है।

Page 319 of 332

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse