एबीएन डेस्क।. भारतीय वायुसेना के लिए आज का दिन बेहद ही खास होने वाला है। दरअसल, 27 फरवरी, 2019 को एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को हवाई युद्ध में मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अलंकरण समारोह में वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वहीं जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान ए ++ श्रेणी के आतंकवादी को मारने के लिए नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पांच आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने वाले मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को भी मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वहीं कोर ऑफ इंजीनियर्स के सैपर प्रकाश जाधव को मरणोपरांत दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। जाधव ने जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों को खदेड़ा था। परम विशिष्ट सेवा और अति विशिष्ट सेवा : पूर्व पूर्वी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त), इंजीनियर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, दक्षिणी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल अनिल चावला को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पूर्वी वायु कमांडर एयर मार्शल दिलीप पटनायक को अति विशिष्ट सेवा पदक प्राप्त होगा।
एबीएन डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8488 नए केस सामने आए हैं। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या में भी रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। देश में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 1,18,443 है, जो कुल मामलों का 0.34 प्रतिशत है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। वहीं, बीते 24 घंटे में महामारी से 249 लोगों की मौत हो गई जबकि 12,510 लोग ठीक हुए। 11,919 नए मामलों में से केरल से ही 5080 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, केरल में पिछले 24 घंटे में 40 लोगों की मौत हो गई जबकि 7908 लोग ठीक हुए। वहीं, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, 21 नवंबर 2021 तक देश में 63,25,24,259 सैंपल की जांच की गई। इनमें से 7,83,567 सैंपल की जांच कल की गई थी। महाराष्ट्र के ठाणे में 98 नए मामले : महाराष्ट्र के ठाणे में रविवार को 98 नए मामले सामने आए। इसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,68,454 हो गई। वहीं, संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया और मृतक संख्या 11,572 ही है। जिले में कोरोना से मृत्यु दर 2.03 प्रतिशत है। उधर, पालघर जिले में कोरोना के मामलों की संख्या बढ़कर 1,38,453 हो गई और मरने वालों की संख्या 3,292 है। मिजोरम में 212 नए मामले : मिजोरम में पिछले 24 घंटे में के 212 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल सक्रिय मामले 4,746 है और अब तक कुल 479 लोगों की मृत्यु हुई है। बता दें कि यहां यहां कुल मामलों की संख्या 131897 है। इनमें से अब तक 126672 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 479 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।
एबीएन डेस्क। भारत को फ्रांस से अब तक 30 राफेल लड़ाकू विमान मिल चुके हैं। भारतीय वायुसेना अगले साल जनवरी से इसे अपग्रेड करना शुरू करेगी। रविवार को सरकारी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को इसकी जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि एजेंसी को बताया, भारतीय वायु सेना के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम टेस्ट किए गए लड़ाकू विमान RB-008 के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए फ्रांस में है। इस विमान को भारतीय विशिष्ट संवर्द्धन से लैस किया गया है। दोनों पक्षों के बीच इसको लेकर 2016 में सहमित बनी थी। सरकारी सूत्रों ने एजेंसी से कहा, एक बार जब भारतीय वायु सेना इसके संवर्द्धन को मंजूरी दे देती और स्वीकार कर लेती है, तो भारतीय विमानों को और अधिक सक्षम बनाने के लिए अगले साल जनवरी से अपग्रेड शुरू करने की योजना है। गौरतलब है कि भारत विशिष्ट संवर्द्धन में अत्यधिक सक्षम मिसाइलों, कम बैंड जैमर और भारतीय आवश्यकताओं के अनुसार उपग्रह संचार प्रणाली हैं। भारत इनमें से भारत को लगभग 30 विमान पहले ही मिल चुके हैं और उनमें से तीन और 7-8 दिसंबर को भारत पहुंचेंगे। बता दें कि भारत ने फ्रांस के साथ 2016 में 36 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए 60000 करोड़ रुपये की डील की थी। इस डील में भारतीय वायुसेना के प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने अहम भूमिका निभाई थी।
एबीएन डेस्क। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के चलते सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे, लेकिन ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेगी। शिक्षा निदेशालय द्वारा रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज भी बेहद खराब बनी हुई है। हालांकि, दिन में तेज हवाएं चलने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की संभावना है। राजधानी में रविवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 382 रहा, जोकि शनिवार को 374 था। बीते सप्ताह दिल्ली में वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंचने और सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आई केजरीवाल सरकार ने 1 सप्ताह के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए थे और सभी सरकारी कार्यालयों में 1 सप्ताह के लिए वर्क फ्राम होम लागू करने के आदेश दिए थे। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बीते रविवार को कहा था कि वायु प्रदूषण से निपटने को सरकार द्वारा घोषित आपात कदमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिसूचना के तहत सभी स्कूल, लाइब्रेरी और शिक्षण संस्थान 20 नवंबर तक बंद रहेंगे, सिर्फ वहीं खुलेंगे जहां परीक्षाएं चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय अत्यधिक प्रदूषण को काबू करने के लिए दिल्ली लगाए गए प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए सोमवार 22 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई है। एक अधिकारी ने कहा कि बैठक रविवार को समाप्त होने वाले प्रतिबंधों की समीक्षा के लिए बुलाई गई है। इस बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को काबू करने के लिए बुधवार को 10 निर्देश जारी किए थे, जिनके तहत शहर में अनावश्यक सामग्रियां लाने वाले ट्रकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था और अगले आदेश तक सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया था।
उत्तरप्रदेश। जमीन विवाद में एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अजीतमल की चौकी ऊंचा क्षेत्र के गांव गणेश पुर्वा निवासी रामदत्त की मौत के बाद उनके दो पुत्रों जय प्रकाश व सत्य प्रकाश की बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते बीती रात बड़ा भाई जय प्रकाश अपने तीन साथियों के साथ कुल्हाड़ी लेकर छोटे भाई सत्य प्रकाश के घर में घुस आया और कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर सत्य प्रकाश की हत्या कर दी। इस घटना की सींचना चश्मदीद बहन मंजू ने पुलिस को दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जय प्रकाश की तलाश में पुलिस को लगा दिया गया है। मामला यूपी के औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र का है।
एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपना खास अंदाज है। बहुत से मौके ऐसे सामने आए हैं जब पीएम मोदी ने लोगों को चौंकाया है। सोशल मीडिया पर पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में पीएम मोदी, सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं और टहलते हुए किसी मुद्दे पर गंभीर विचार विमर्श कर रहे हैं। पीएम मोदी डीजीपी-आईजीपी की कॉन्फ्रेंस के तीसरे दिन रविवार सुबह राजभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखकर टहलते नजर आए। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी काफी गंभीर दिखे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। वहीं अगर सियासी नजर से देखें तो इन तस्वीरों के बहुत मायने हैं। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी के कंधे पर हाथ रखकर पीएम मोदी ने कही न कही यह साफ कर दिया कि चुनाव का चेहरा कौन होगा। दूसरा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की जोड़ी अगले चुनाव में एक साथ होगी। तस्वीर देखकर स्पष्ट है कि पीएम मोदी को योगी पर कितना विश्वास है।
एबीएन डेस्क। भारतीय नौ सेना के आज समुंदर का सरताज मिल गया है। दरअसल, विध्वंसक INS विशाखापट्टनम आज नौ सेना के बाड़े में शामिल हो गया है। इसके शामिल होने से भारतीय नौ सेना की ताकत और भी ज्यादा इजाफा हो गया है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि INS विशाखापट्टनम अपने नाम को सार्थक करते हुए हमारी समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करेगा। उन्होनें कहा कि वह पोत पूरी तरह स्वदेशी है। इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं रह जाता कि आने वाले समय में हर अपनी ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की समुद्री जरूरतों को पूरा करेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह युद्धपोत 163 मीटर लंबा है। उन्होंने बताया कि यह पोत आधुनिकतम तकनीकों से युक्त है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सेंसर और हथियारों के साथ यह युद्धपोत दुनिया के सबसे आधुनिक मिसाइल डिस्ट्रॉयर में से एक होगा। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि इसके निर्माण में प्रयोग किए गए फीचर्स न केवल आज की, बल्कि भविष्य की जरूरतों पर भी खरे उतरने वाले हैं। इसका सेना में शामिल होना भारत की पुरातन और मध्यकालीन समुद्री ताकत और उसके गौरवमयी इतिहास को दर्शाता है। हमारी आत्मनिर्भरता ही दुनिया में पहचान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह युद्धपोत पूरी तरह से स्वदेशी है। इसमें विशेष प्रकार के स्टील का प्रयोग किया गया है। यही आत्मनिर्भरता किसी समय में पूरी दुनिया में हमारी पहचान हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि वैश्विक सुरक्षा कारणों, सीमा विवादों और समुद्री गतिरोध के चलते दुनिया भर के देश अपने सैन्य ताकत को आधुनिक और मजबूत बना रहे हैं और हम भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्टें बताती हैं कि अगले एक-दो साल, यानि 2023 तक दुनिया भर में सुरक्षा पर होने वाला खर्च, 2.1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने वाला है। आज हमारे पास पूरा अवसर है, कि हम अपनी क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करें और देश को स्वदेशी शिपबिल्डिंग हब बनाने की ओर आगे बढ़ें।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रेलवे बोर्ड ने रेलगाड़ियों में यात्रियों को पका हुआ भोजन (कुक्ड फूड) परोसना फिर से शुरू करने का आदेश जारी किया है। इस सेवा को कोविड-19 प्रतिबंधों की वजह से बंद कर दिया गया था। रेलवे बोर्ड ने शुक्रवार को एक पत्र में भारतीय रेलवे खानपान एंड पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को सेवा फिर से शुरू करने को कहा। रेलवे बोर्ड ने यह भी कहा कि यात्रियों को खाने के लिए तैयार (रेडी-टू-ईट) भोजन भी परोसा जाता रहेगा। पत्र में कहा गया है, सामान्य ट्रेन सेवाओं की बहाली, यात्रा करने वाले यात्रियों की आवश्यकताओं और देशभर के भोजनालयों, रेस्तरां, होटलों और ऐसे अन्य स्थानों पर कोविड लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील के मद्देनजर, रेल मंत्रालय द्वारा रेलगाड़ियों में पके हुए भोजन की सेवाओं को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। खाने के लिए तैयार भोजन की सेवा भी जारी रहेगी। इस महीने की शुरूआत में रेलवे ने महामारी के चलते बाधित सामान्य ट्रेन परिचालन को बहाल करने की घोषणा की थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse