एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। जाह्नवी कपूर ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना जलवा बिखेरा दिया। इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 काफी चर्चा में है। इस मौके पर कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज अपना जलवा बिखेर रहे हैं। फ्रांस के रिवेरा शहर मां चल रहे कांस फिल्म फेस्टिवल 2025 में जाह्नवी कपूर ने जलवा बिखेरा है।
जाह्नवी कपूर ने कान्स 2025 में अपना डेब्यू कर दिया है। रेड कारपेट से जाह्ववी का पहला लुक सामने आया है, जिसमें वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। जाह्नवी कपूर ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में अपने पहले रेड कार्पेट लुक के लिए डिजाइनर तरुण तहिलियानी द्वारा डिजाइन किया गया गुलाबी रंग का एक कस्टम-मेड आउटफिट पहना।
यह एक बनारसी टिशू फैब्रिक से बना था, जिसमें एक वॉल्यूमिनस स्कर्ट, कॉर्सेट टॉप और एक ड्रामेटिक घूंघट था। उन्होंने चोपार्ड के हाउते जोएलरी कलेक्शन की ज्वेलरी पहन अपने लुक को कम्पलीट किया।कान्स के रेड कारपेट पर जाह्नवी कपूर पूरे आत्मविश्वास के साथ नजर आयी। उन्होंने एक से बढ़कर एक पोज देकर पूरी महफिल लूट ली। जाह्नवी को देख लोगों को उनकी मां दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की भी याद आयी।
जाह्नवी कपूर के साथ ईशान खट्टर भी कान्स पहुंचे हैं। दोनों ही सितारे अपनी अपकमिंग फिल्म होमबाउंड के लिए वहां पहुंचे हैं, जिसकी स्क्रीनिंग इस प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में हो रही है। फिल्म की स्क्रीनिंग से पहले इसके लीड सितारे जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर रेड कारपेट पर उतरे।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क (नई दिल्ली)। आर्या डिजिटल ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता व लगातार बढ़ते डाउनलोड्स को देखते हुए कई चैनल्स लाइव स्ट्रीमिंग के लिए जुड़ रहे हैं। हाल ही में एटीएन समाचार, सन्मार्ग टीवी और ईश्वर वाणी चैनल का लाइव स्ट्रीमिंग आर्या डिजिटल ओटीटी पर शुरू किया गया है।
इससे पूर्व चाणक्य न्यूज इंडिया और भक्ति धारा फिल्म्स का भी लाइव स्ट्रीमिंग आर्या डिजिटल ओटीटी पर शुरू हो चुका है। एटीएन समाचार न्यूज चैनल हैं। वहीं सन्मार्ग टीवी और ईश्वर वाणी भक्ति कार्यक्रम पर आधारित है। इसमें अध्यात्म, धर्म और संस्कृति से संबंधित कार्यक्रमों का प्रसारण किया जायेगा।
आर्या ग्रुप आफ कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर दुर्गेश आर सिंह राजपूत ने बताया कि उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा हैं और यह लोगों का ही प्यार आशीर्वाद हैं कि ओटीटी के डाउनलोड्स लाख में पहुंचने को है। जिससे प्रभावित होकर चैनल्स भी लाइव स्ट्रीमिंग की सेवा ले रहें हैं। लाइव स्ट्रीमिंग चैनल्स की संख्या भी लगातार बढ़ रहीं हैं।
जहां दर्शकों को एक ही जगह सभी प्रकार के कंटेंट देखने को मिलेंगे। आर्या डिजिटल ओटीटी पर म्यूजिक वीडियो, फिल्म, वेब सीरीज, शॉर्ट फिल्म्स आदि कंटेंट विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध हैं। जिसे दर्शक न्यूनतम शुल्क में देख सकते हैं। इसमें मनोरंजक कंटेंट के साथ लाइव स्ट्रीमिंग चैनल्स भी हैं, जो सब्सक्रिप्शन प्लान में ही हैं।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेत्री और उद्यमी परुल गुलाटी ने 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपने पहले रेड कार्पेट डेब्यू से धमाल मचा दिया। परूल गुलाटी ने कान्स फिल्म फेस्टबिल में अपने लुक से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने बहुप्रतीक्षित फिल्म एडिंगटन के वर्ल्ड प्रीमियर में हिस्सा लिया, जो प्रसिद्ध निर्देशक एरी एस्टर की नई फिल्म है और जिसमें जोकिन फीनिक्स, एमा स्टोन और पेड्रो पास्कल जैसे ग्लोबल सितारे हैं।
परुल ने इस खास मौके पर एक बेहद अनोखा परिधान पहना, जो पूरी तरह इंसानी बालों से बनाया गया था। इस आउटफिट को खुद परुल ने आइडिया दिया और मशहूर स्टाइलिस्ट मोहित राय और डिज़ाइनर ऋद्धि बंसल ने इसे डिज़ाइन किया। यह लुक परुल की अपनी हेयर एक्सटेंशन ब्रांड और उनकी एंटरप्रेन्योरशिप को समर्पित एक खास श्रद्धांजलि थी। इस पोशाक को बनाने में 12 कारीगरों की टीम ने एक महीने से ज़्यादा मेहनत की, जिसमें हर एक डिटेल पर बारीकी से काम किया गया।
परुल गुलाटी का यह लुक सिर्फ एक फैशन स्टेटमेंट नहीं था, बल्कि यह आत्म- अभिव्यक्ति, पहचान और सिनेमा के प्रति उनके प्यार को दर्शाने वाला एक गहरा व्यक्तिगत इशारा था। परुल गुलाटी ने कहा, कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल होना मेरा एक सपना रहा है। सिर्फ एक कलाकार के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसी इंसान के रूप में जिसे सिनेमा से बेहद लगाव है।
एडिंगटन जैसी फिल्म के प्रीमियर में रेड कार्पेट पर चलना किसी सपने जैसा था। एरी एस्टर का काम हमेशा से मुझे प्रभावित करता रहा है, और जोकिन फीनिक्स, एमा स्टोन और पेड्रो पास्कल जैसे अदाकारों को एक साथ स्क्रीन पर देखना एक यादगार अनुभव रहा।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। आशुतोष राणा, शो चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान में पृथ्वीराज चौहान के परम मित्र चंद बरदाई की भूमिका में अपने प्रभावशाली स्वर से कथा को स्वर देंगे। अपनी सशक्त आवाज़ और गूंजते संवादों के लिए अलग पहचान रखने वाले आशुतोष राणा दर्शकों को इस ऐतिहासिक यात्रा से भावनात्मक रूप से जोड़ेंगे और उन्हें उस युग की गहराइयों में ले जाएंगे। उनका यह स्वरूप कथा में गंभीरता, प्रामाणिकता और गौरव का भाव लेकर आएगा।
इस शो से जुड़ने पर अपने विचार साझा करते हुए आशुतोष राणा ने कहा, इस महान ऐतिहासिक गाथा का सूत्रधार बनना मेरे लिए अत्यंत गर्व और आनंद का विषय है। बचपन में मैंने पृथ्वीराज चौहान की वीरता, बुद्धिमत्ता और अद्वितीय साहस की कई कहानियाँ सुनी थीं, जिन्होंने मुझ पर गहरा प्रभाव छोड़ा है।
अब उसी महापुरुष की कथा का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत विशेष अनुभव है। एक अभिनेता के रूप में मैं सदैव मानता हूँ कि आवाज़ में अपार शक्ति होती है। इस नैरेशन के माध्यम से मैं इस कहानी में गरिमा, गंभीरता और भावनात्मक गहराई लाने का प्रयास करूंगा। मेरे भीतर जो भावनाएं हैं।
वो शक्ति, सम्मान और समर्पण से भरी हैं और यही इस शो की आत्मा से मेल खाती हैं। चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान, चार जून से, हर सोमवार से शुक्रवार, शाम 7:30 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। मैन आफ मासेस जूनियर एनटीआर आगामी फिल्म मेड इन इंडिया में भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के की भूमिका निभाने जा रहे हैं।
यह फिल्म एक पैन-इंडिया रिलीज के तौर पर तैयार की जा रही है और इसे भारतीय सिनेमा की शुरूआत और विकास पर आधारित बायोपिक के रूप में प्रस्तुत किया जायेगा। वर्ष 2023 में एसएस राजामौली ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, जिसे वरुण गुप्ता (मैक्स स्टूडियोज) और एसएस कार्तिकेय (शोइंग बिजनेस) द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा।
तब से इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा था और अब इसकी फाइनल ड्राफ्ट लॉक कर दी गयी है। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एसएस राजामौली, एसएस कार्तिकेय और वरुण गुप्ता ने यह स्क्रिप्ट जूनियर एनटीआर को सुनायी, जिन्होंने तुरंत ही फिल्म के लिए अपनी स्वीकृति दे दी।
वह दादासाहेब फाल्के की अनजानी कहानियों से बेहद प्रभावित हुए। यह कहानी भारतीय सिनेमा के जन्म और विकास पर आधारित है, और इसकी बारीकियों ने जूनियर एनटीआर को चौंका दिया। स्क्रिप्ट सुनने के बाद, उन्होंने स्क्रीनप्ले और उसके ट्रीटमेंट पर विस्तार से चर्चा की। यह फिल्म उन्हें एक्शन से हटकर एक ऐसा किरदार निभाने का मौका देगी, जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया।
मेड इन इंडिया एसएस राजामौली, एसएस कार्तिकेय और वरुण गुप्ता की रचनात्मक दृष्टि के साथ भारतीय सिनेमा के इतिहास में गहराई से उतरने का प्रयास करेगी। यह फिल्म दादासाहेब फाल्के की नजर से भारतीय सिनेमा की शुरूआत को दिखाएगी और दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देगी जो पहले कभी नहीं देखा गया।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। निर्देशक प्रियांका घोष ने बताया है कि वेबसीरीज द रॉयल्स में सोफिया का किरदार भूमि पेडनेकर हीं निभा सकती थी। भूमि पेडनेकर ने हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज द रॉयल्स के साथ अपना वेब सीरीज डेब्यू किया है।
प्रियांका घोष और नुपुर आस्थााना द्वारा निर्देशित इस सीरीज में भूमि ने एक सशक्त और आत्मनिर्भर उद्यमी सोफिया शेखर की भूमिका निभायी है और इस भूमिका के लिए उनकी जमकर सराहना हो रही है। हाल ही में निर्देशक प्रियांका घोष ने भूमि के इस किरदार को लेकर अपने विचार साझा किये।
प्रियांका ने कहा, भूमि के व्यवहार की झलक स्क्रिप्ट में थी। हमें पता था कि भूमि इसे निभा सकती हैं बिना इसे ज्यादा आक्रामक बनाये। किसी और कलाकार के साथ मैं थोड़ा सशंकित होती। भारत में हम आसानी से सशक्त महिलाओं को स्वीकार नहीं करते। लेकिन भूमि में एक कोमलता और संवेदनशीलता है। सोफिया में खामियां हैं, और सिर्फ भूमि ही उसे पसंदीदा बना सकती थीं। सोफिया असल जिदगी में भूमि ही हैं।
सोफिया शेखर के रूप में भूमि ने एक बार फिर एक अलग और कई परतों वाले किरदार को अपनाया है। उन्होंने इसमें हास्य, तीव्रता और ढेर सारी बेबाकी को सहजता से मिलाया और अपने को-स्टार ईशान खट्टर के साथ आन-स्क्रीन यह सब नैसर्गिक रूप से पेश किया।
दर्शक इस बात की सराहना कर रहे हैं कि भूमि ने कैसे इस किरदार को भावनाओं और बुद्धिमत्ता के बीच संतुलन बनाकर निभाया।जहां एक ओर भूमि द रॉयल्स की सफलता का आनंद ले रही हैं, वहीं वे अगली बार अमेजन प्राइम वीडियो की थ्रिलर सीरीज दलदल में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आयेंगी।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेता पंकज त्रिपाठी पहली बार अपने गृह राज्य बिहार में फिल्म की शूटिंग कर भावुक हो गये हैं। पंकज त्रिपाठी के लिए अपने जड़ों की ओर लौटना हमेशा से एक खास सपना रहा है। और अब, दुनियाभर में अपने शानदार अभिनय से दिल जीतने के बाद, पंकज पहली बार अपने करियर में अपने गृह राज्य बिहार में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। इस फिल्म को ओह माय गॉड 2 फेम अमित राय निर्देशित कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि पंकज त्रिपाठी और अमित राय दोनों ही बिहार से हैं, और ये पहली बार है जब दोनों एकसाथ अपने गृह राज्य में शूटिंग कर रहे हैं। यह मौका दोनों के लिए बेहद खास और भावुक करने वाला है।
बिहार फिल्म निगम के समर्थन से बन रही इस फिल्म में पवन मल्होत्रा, राजेश कुमार और बिहार के कई प्रतिभाशाली कलाकार नजर आयेंगे। फिल्म की शूटिंग 35 दिनों तक बिहार की असली लोकेशंस पर की जा रही है, जिससे कहानी को एक सच्ची और गहराई से जुड़ी हुई पृष्ठभूमि मिल रही है।
इस खास मौके पर पंकज त्रिपाठी ने भावुक होकर कहा, शब्दों में बयां करना मुश्किल है कि ये पल मेरे लिए क्या मायने रखता है। मेरा सफर बिहार के एक छोटे गांव की गलियों से नुक्कड़ नाटक और थिएटर करते हुए शुरू हुआ था। तब कभी सोचा नहीं था कि एक दिन फिल्म क्रू के साथ उन्हीं गलियों में लौटूंगा।
हिंदी सिनेमा में दो दशक से ज्यादा वक्त बिताने के बाद ये पहली बार है जब मैं अपने गृह राज्य में फिल्म की शूटिंग कर रहा हूं। ऐसा लगता है जैसे जिंदगी एक पूरा चक्कर लगाकर वहीं लौट आयी है, जहां से शुरुआत हुई थी। हिंदी फिल्मों की शूटिंग बिहार में बहुत कम होती है। आखिरी जो मुझे याद है वो 2003 में मनोज बाजपेयी की शूल थी, तो ये अनुभव मेरे लिए बेहद खास और लंबे समय से बाकी था।
पंकज त्रिपाठी ने कहा, जब कहानी आपकी मिट्टी से जुड़ी हो, तो उसमें एक अलग ही जादू होता है। यहां हर सीन, हर लोकेशन, हर चेहरे से एक गहरा जुड़ाव महसूस होता है। अमित राय के साथ दोबारा काम करना, जो खुद भी बिहार से हैं इस प्रोजेक्ट को और भी निजी बना देता है।
हम दोनों को यहां की भाषा, भावनाएं और संस्कृति की बारीक समझ है और वो स्क्रीन पर जरूर झलकेगी। ये फिल्म सिर्फ एक और प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि मेरे लिए उस धरती को एक दिल से दी गयी श्रद्धांजलि है, जिसने मुझे बनाया।
एबीएन एंटरटेनमेंट डेस्क। कियारा आडवाणी ने मेटगाला में अपने शानदार डेब्यू से सभी का दिल जीत लिया। कियारा ने इस ग्लोबल फैशन मंच पर भारतीय सुंदरता और शिल्प का बेहतरीन प्रदर्शन किया। एक ऐतिहासिक पल में, वह मेट गाला के रेड कार्पेट पर बेबी बंप के साथ चलने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं, जिससे उनकी मौजूदगी और भी खास और भावनात्मक बन गयी। इस साल मेट गाला प्रदर्शनी की थीम सुपरफाइन: टेलरिंग ब्लैक स्टाइल है।
कियारा ने मशहूर भारतीय डिजाइनर गौरव गुप्ता की खास डिजाइन की हुई ड्रेस पहनी थी, जो उनके भारतीय मूल और उनकी निजी यात्रा दोनों को दर्शाती थी। अपने पहले बच्चे का इंतजार कर रहीं कियारा ने रेड कार्पेट पर एक शांत और सुंदर उपस्थिति दर्ज करायी। वह आत्मविश्वास, सौम्यता और मातृत्व की चमक से भरी हुई नजर आयींं।
उनकी ड्रेस का नाम ब्रेवहार्ट्स था, जो सिर्फ एक फैशन लुक नहीं बल्कि स्त्रीत्व, विरासत और बदलाव का प्रतीक थी। इस ड्रेस में एक खास सोने की ब्रेस्टप्लेट थी, जिसे घुंघरुओं और क्रिस्टल से सजाया गया था। इसमें दो प्रतीकात्मक आकृतियां थी। मां का दिल और बच्चे का दिल, जो एक चेन जैसे गर्भनाल से जुड़ी थीं और मां-बच्चे के रिश्ते की सुंदर कहानी कहती थीं।
इस लुक के जरिए उन्होंने मशहूर फैशन आइकॉन आंद्रे लिओन टैली को भी श्रद्धांजलि दी, जिनकी याद में उन्होंने एक डबल-पैनल केप पहना,जो उनके प्रसिद्ध स्टाइल का प्रतीक था।कियारा ने कहा कि इस समय मेट गाला में डेब्यू करना, जब मैं एक कलाकार भी हूं और एक मां बनने जा रही हूं। मेरे लिए बहुत खास है। जब मेरी स्टाइलिस्ट अनाइता ने गौरव गुप्ता से मेरा लुक डिजाइन करने को कहा, उन्होंने ब्रेवहार्ट्स बनाया।
एक ऐसा लुक जो मेरे जीवन के इस नए पड़ाव को दिखाता है और इस साल के थीम टेलर्ड फॉर यू से भी जुड़ता है। आंद्रे लिओन टैली की प्रेरणा से यह लुक इस बात का संदेश है कि जब हम सच्चाई, आत्मबल और अपनेपन के साथ किसी जगह पहुचते हैं, तो वह आने वाली पीढ़ियों के लिए रास्ता बन जाता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse