मनोरंजन

View All
Published / 2023-03-24 11:55:12
फिल्म निर्माता प्रदीप सरकार के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक

एबीएन डेस्क। फिल्म निर्माता प्रदीप सरकार का 68 की उम्र में निधन हो गया है। 24 मार्च को सुबह 3.30 बजे उनका निधन हुआ। सरकार ने परिणीता, लगा चुनरी में दाग, मर्दानी और हेलीकॉप्टर ईला का निर्देशन किया था। बॉलीवुड फिल्म मेकर हंसल मेहता ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। 

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर प्रदीप सरकार की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वो अब इस दुनिया में नहीं रहे। इस खबर को सुनकर उनके चाहने वाले सदमे में चले गये हैं। खबरों के अनुसार, उनके पोटेशियम का स्तर काफी गिर गया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें सुबह तीन बजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गयी। आज शाम 4 बजे सांताक्रूज के एक श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा। 

आपको बता दें कि अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने भी निर्देशक के निधन की पुष्टि की। उन्होंने खुलासा किया कि प्रदीप सरकार उनके पहले निर्देशक थे, उन्होंने पहली बार एक फुटवियर ब्रांड के विज्ञापन में साथ काम किया था, जब वह कॉलेज में थीं। नीतू सरकार और उनकी बहन मधु काफी करीब थी। जैसे ही उन्हें सरकार के निधन की सूचना मिली उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। 

प्रदीप सरकार ने कई बहतरीन फिल्मों पर काम किया था। उनकी गिनती बॉलीवुड के टॉप डायरेक्टर्स में होती रही है, एक डायरेक्टर के अलावा वो एक बेहतरीन लेखक भी थे। फिल्मों में आने से पहले प्रदीप सरकार ने सालों ऐडवर्टाइजिंग की दुनिया में काम किया था, जिसमें उन्हें काफी सराहना भी मिली है। 

दरअसल, प्रदीप सरकार ने एक फिल्म निर्माता के रूप में अपने करियर की शुरुआत ब्रांड विज्ञापनों से की थी। 2005 में परिणीता के साथ फीचर फिल्म निर्देशक के रूप में शुरुआत करने से पहले उन्होंने कई लोकप्रिय संगीत वीडियो का निर्देशन भी किया था।

Published / 2023-03-23 23:39:51
हाथी के बच्चे रघु के पालन-पोषण को लेकर क्यों आशंकित थी बेली...

एबीएन डेस्क। आस्कर विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्म द एलिफेंट व्हिस्पर्स में हाथी के बच्चे रघु को पालने वाली महिला बेली ने कहा है कि वह पहले यह जिम्मेदारी निभाने को लेकर आशंकित थी। बेली और बोम्मन को हाल ही में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सम्मानित किया है।

आस्कर समारोह के बाद जश्न मनाए जाने के दौरान मीडिया से बात करते हुए बेली ने तमिल में कहा कि मैं वास्तव में पहले रघु को पालने को लेकर आशंकित थी, क्योंकि मुझे पता था कि एक दिन रघु को जंगल में जाना होगा, जो उसकी दुनिया है।

उसने कहा कि किसी भी बच्चे को मां से दूर ले जाना ऐसा दर्दनाक अनुभव है, जिसका वर्णन करने के लिए शब्द कम पड़ जायेंगे। जब मुझे पता चला कि रघु की मां की मौत हो गयी है, तब मैं उसके साथ रहने के लिए मना नहीं कर सकी। एक सुंदर बच्चे को पालने से आप कैसे मना कर सकते हैं? द एलिफेंट व्हिस्पर्स की स्ट्रीमिंग नेटफ्लिक्स पर हो रही है।

Published / 2023-03-20 23:29:58
ऑस्कर में फ्री में नहीं मिली थी आरआरआर की टीम को एंट्री

  • शामिल होने के लिए राजामौली ने खर्च किये थे इतने रुपये

एबीएन डेस्क। निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर के गाने नाटू-नाटू को जब से ऑस्कर मिला है, पूरे देश में खुशी की लहर है। फिल्म के डायरेक्टर, एक्टर से लेकर हर कोई इमोशनल नजर आया लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस एतिहासिक पल को देखने के लिए राजामौली को भारी खर्च करना पड़ा। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के डायरेक्टर राजामौली, अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर ने एक बड़ी रकम चुकाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑस्कर में सिर्फ नॉमिनेशन लिस्ट में शुमार आर्टिस्ट और उनके रिश्तेदारों में किसी एक को ही फ्री में पास दिये गये थे जबकि अन्य जो ऑस्कर का लाइव शो देखना चाहते थे उनको इसके लिए पैसे देने पड़े। एमएम कीरावानी और चंद्रबोस दोनों की ऑस्कर की नॉमिनेशन लिस्ट में शुमार थे, इसलिए उन्हें ही ये फ्री पास दिये गये थे। जबकि डायरेक्टर राजामौली, अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर को इसके लिए पैसे देने पड़े।

 इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्कर 2023 की एक टिकट का प्राइस 25 हजार डॉलर (भारतीय करंसी लगभग 20 लाख 63 हजार रुपये) थी। अवॉर्ड में राजामौली के साथ उनकी पत्नी, बेटा और बेटे की पत्नी, राम चरण और उनकी पत्नी और जूनियर एनटीआर शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि राजामौली ने खुद सभी की टिकट का इंतजाम कराया था, ताकि पूरी टीम इस ऐतिहासिक पल की गवाह बन सके और एक साथ इस जीत को सेलिब्रेट कर सकें।

Published / 2023-03-20 22:25:41
बिग बी ने शेयर किया हेल्थ अपडेट

एबीएन डेस्क। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने प्रोजेक्ट के की शूटिंग के दौरान अपनी पसलियों में चोट लगने के बाद हेल्थ अपडेट जारी किया है। अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस को उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने के लिए धन्यवाद भी दिया और उम्मीद जतायी कि वह जल्द ही रैंप पर वापस आयेंगे। 

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने प्रोजेक्ट के की शूटिंग के दौरान अपनी पसलियों में चोट लगने के बाद हेल्थ अपडेट जारी किया है। बिग बी ने अपने फैंस को उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने के लिए धन्यवाद भी दिया और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही रैंप पर वापस आयेंगे। 

अमिताभ ने इंस्टाग्राम पर एक शो के रैंप पर वॉक करते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन दिया : सभी प्रार्थनाओं और मेरे ठीक होने की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.. मैं ठीक हो रहा हूं .. जल्द ही रैंप पर वापसी की उम्मीद करता हूं। 

बता दें, हैदराबाद में प्रोजेक्ट के की शूटिंग के दौरान अमिताभ को चोट लग गई थी। एक्टर ने अपने हेल्थ अपडेट को अपने ब्लॉग पर शेयर किया। हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में डॉक्टर से सलाह और सीटी स्कैन कराने के बाद वे मुंबई के लिए रवाना हो गए, जहां वे अपने घर पर आराम कर रहे हैं। 

फिल्म के एक एक्शन सीक्वेंस के दौरान उनकी दाहिनी पसली की मांसपेशियों में चोट लग गयी थी। उन्होंने लिखा कि इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग टाल दी गयी। प्रोजेक्ट के अश्विनी दत्त द्वारा लिखित और निर्देशित साइंस फिक्शन फिल्म है। तेलुगु और हिंदी में एक साथ शूट किए जा रहे इस शो में अमिताभ, प्रभास, दीपिका पादुकोण और दिशा पटानी हैं।

Published / 2023-03-20 17:54:56
अक्षय कुमार निभायेंगे शेफ संजीव कपूर का किरदार

एबीएन डेस्क। अक्षय कुमार मशहूर शेफ संजीव कपूर का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। ट्विंकल खन्ना के यूट्यूब चैनल ट्वीक इंडिया पर सेलिब्रिटीज इंटरव्यू देने आते हैं। हाल ही के एपिसोड में उन्होंने सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया। 

ट्विंकल ने संजीव कपूर से पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों पर बातचीत की। बात करते हुए ट्विंकल ने बायोपिक का विषय भी उठाया। ट्विंकल ने संजीव से सवाल किया कि अपनी बायोपिक के लिए आप किस एक्टर को चुनेंगे। 

या फिर पहले से ही उन्होंने किसी को कास्ट कर लिया है तो इसकी जानकारी दें। ट्विंकल के सवाल पर संजीव कपूर ने कहा कि अक्षय कुमार जी कहां हैं? वह तो खाना भी अच्छा बनाते हैं। गौरतलब है कि अक्षय कुमार अभिनेता बनने से पहले शेफ थे और थाईलैंड में उन्होंने शेफ का काम किया है।

Published / 2023-03-18 20:58:34
कंगना से कोई प्रॉब्लम नहीं : तापसी पन्नू

एबीएन डेस्क। तापसी पन्नू का कहना है कि कंगना रनौत अच्छी अभिनेत्री हैं और उनसे उन्हें कोई प्रॉब्लम नहीं है। कंगना की बहन रंगोली के तापसी को कंगना की सस्ती कॉपी कहे जाने के बाद दोनों के बीच झगड़ा काफी बढ़ गया था। 

तापसी ने कंगना और उनकी बहन रंगोली द्वारा उन पर किये गये सस्ती कॉपी वाली कमेंट के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि वह कंगना के कमेंट और इस बारे में बात करने के बाद शॉक्ड थीं उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मैं नहीं जानती, लेकिन यदि कोई ऐसी सिचुएशन आती है जहां वह मेरे सामने होती हैं तो मैं जाकर हैलो कहूंगी। 

मुझे थोड़ी प्रॉब्लम है प्रॉब्लम उसे है तो उसकी मर्जी। तापसी पन्नू ने कहा, मैं सच बताऊं तो अब मुझे इस बात का बुरा नहीं लगता। शुरुआती दौर में मुझे इस तरह के कमेंट से फर्क पड़ता था लेकिन अब ऐसी बातों से परेशान नहीं होती।तापसी ने कंगना की तारीफ करते हुए बताया कि वह बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं।

Published / 2023-03-17 15:34:36
राकेश मिश्रा के बाहुबली बनते ही वायरल हो गया गाना

एबीएन डेस्क। भोजपुरी के लोकप्रिय सिंगर एक्टर राकेश मिश्रा का जलवा एक बार फिर देखने को मिल रहा है। उनका नया गाना बाहुबली- अपना नाम ही ब्रांड है ने रिलीज होने के साथ ही धमाल मचा दिया है। इस गाने को एक दिन में अबतक 3.5 मिलियन से अधिक लोगों ने देखा।

राकेश का यह गाना मशहूर म्यूजिक कंपनी टी सीरीज हमार भोजपुरी रिलीज पर हुआ है। यह एक बेजोड़ मनोरंजन वाला गाना है, जिसे लोग खूब पसंद भी कर रहे हैं। गाना बाहुबली- अपना नाम ही ब्रांड है को राकेश मिश्रा ने भोजपुरी की सुरीली आवाज की मलिका शिल्पी राज के साथ मिलकर गाया है। इनका डुएट लोगों को खूब भा रहा है। तभी इसके व्यूज का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा हैं।

गाने की खूबसूरत लिरिक्स के अलावा इसमें राकेश मिश्रा और स्टनिंग एक्ट्रेस नीत महाल की केमिस्ट्री भी लाजवाब है। गाने में राकेश के डबल शेड नजर आ रहे हैं। गाने की मेकिंग भी कमाल की है। इस गाने में राकेश मिश्रा का स्वैग और नीत महाल की नखरे वाली अदाएं दर्शकों के ऊपर अपना जादू चला रही है।

कुल मिलाकर देखा जाये तो राकेश मिश्रा का इस साल का यह चार्टबस्टर गाना होता मालूम प्रतीत हो रहा है। इसके लिए राकेश मिश्रा ने भोजपुरी के श्रोताओं और दर्शकों से अपील की है कि इस गाने को खूब सारा प्यार और दुलार दे।

गौरतलब है कि गाना बाहुबली- अपना नाम ही ब्रांड है में राकेश मिश्रा और शिल्पी राज की खूबसूरत आवाज के साथ नीत महाल की जोड़ी को दर्शकों ने सराहा है। गाने में लिरिक्स प्रकाश बारूद ने दिया है जबकि म्यूजिक सरविंद मल्हार का है। इस गाने में कांसेप्ट संग्राम सिंह, पीआरओ रंजन सिन्हा और कोरियोग्राफर मंटू शर्मा है।

Published / 2023-03-15 18:36:07
नुक्कड़ के खोपड़ी समीर खाखर का निधन, शोक

एबीएन डेस्क। अस्सी के दशक के लोकप्रिय धारावाहिक नुक्कड़ में खोपड़ी का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता समीर खाखर का बुधवार तड़के मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 साल के थे। खाखर के ज्यादातर अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

उनके भाई गणेश खाखर ने बताया कि समीर खाखर को मंगलवार सुबह सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मुंबई के उपनगर बोरीवली स्थित एमएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गणेश खाखर ने कहा कि उन्हें (समीर खाखर को) सांस लेने में समस्या थी और बाद में वह बेसुध हो गये, इसलिए हमने डॉक्टर को घर पर बुलाया था।

डॉक्टर ने हमें उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के लिए कहा। उन्हें एमएम अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था। धीरे-धीरे उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। वह होश में ही नहीं आये। आज तड़के साढ़े चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। 

समीर खाखर का उनके परिवार और गुजराती थिएटर में अभिनय के दिनों के कुछ दोस्तों की मौजूदगी में बोरीवली श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी हैं। समीर खाखर हाल ही में प्राइम वीडियो पर प्रसारित वेब सीरीज फर्जी में नजर आये थे। 

1990 के दशक में वह अभिनय छोड़ सॉफ्टवेयर डेवलपर बनने के लिए अमेरिका चले गये थे। उन्हें नुक्कड़ के अलावा सर्कस और श्रीमान श्रीमती जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में निभाये दमदार किरदारों के लिए जाना जाता था। समीर खाखर ने परिंदा, जय हो और हंसी तो फंसी जैसी फिल्मों तथा सीरियस मेन और सनफ्लावर जैसे वेब सीरीज में भी कुछ भूमिकाएं अदा की थीं। 

फिल्मकार हंसल मेहता ने खोपड़ी के रूप में लोगों के दिलों को छूने के लिए समीर खाखर का आभार जताया। उन्होंने ट्विटर पर अभिनेता की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मुझे कॉलेज में कुछ वजहों से नुक्कड़ में निभाये उनके यादगार किरदार के नाम पर खोपड़ी नाम दिया गया था। उस समय के मेरे सबसे करीबी दोस्त मुझे आज भी खोपड़ी बुलाते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि ओरिजिनल (असल खोपड़ी) को अलविदा कहने का समय आ गया है। अलविदा समीर खाखर...। खूबसूरत यादें देने और हमारे दिलों को छूने के लिए आपका शुक्रिया। 

निर्देशक नीला माधव पांडा ने ट्वीट किया- खोपड़ी इस सर्कस को छोड़कर आकाश के नुक्कड़ में चला गया है। उन्होंने आगे लिखा- अलविदा समीर खाखर। उन सभी खूबसूरत यादों के लिए आपका शुक्रिया। आपके किरदार हमेशा हमारे बीच रहेंगे। ओम शांति। 

समीर खाखर 2021 की शुरुआत में उस समय सुर्खियों में आए थे, जब एक फिल्म पत्रकार ने ट्वीट कर फिल्म उद्योग के लोगों को बताया था कि वह काम की तलाश में हैं। इस ट्वीट ने सतीश शाह और गुलशन देवैया सहित अन्य फिल्मी हस्तियों का ध्यान खींचा था।

Page 33 of 81

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse