हेल्थ

View All
Published / 2022-04-30 16:25:02
चीन में मिला इंसानों में H3N8 बर्ड फ्लू का पहला केस, 4 साल का बच्चा संक्रमित

एबीएन हेल्थ डेस्क। पहली बार इंसानों में बर्ड फ्लू एवियन इन्फ्लुएंजा के H3N8 स्ट्रेन मिलने से दुनिया भर में हड़कंप मच गया है। कोरोना महामारी का कहर झेल रहे लोग अब इस नई बीमारी को लेकर खौफजदा है। चीन में चार साल का एक बच्चा इस स्ट्रेन से संक्रमित पाया गया है। उसे इसी महीने बुखार व अन्य लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चीन के नैशनल हेल्थ कमिशन (NHC) की ओर से जारी बयान के अनुसार, बच्चे का परिवार घर पर मुर्गियां पालता था। पूरा परिवार ऐसे इलाके में रहता था जहां जंगली बत्तखों की भरमार है। बयान में कहा गया कि बच्चे को सीधे पक्षियों से संक्रमण मिला और स्ट्रेन में इंसानों को प्रभावी रूप से संक्रमित करने की क्षमता नहीं मिली। बच्चे के करीबी लोगों में भी किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं पाई गई। NHC के अनुसार, यह "क्रॉस-स्पीशीज ट्रांसमिशन" का दुर्लभ केस है और बड़े पैमाने पर प्रसार का खतरा कम है। हालांकि, पब्लिक को मृत या बीमार पक्षियों से दूर रहने को कहा गया है। अगर बुखार या सांस से जुड़ी कोई दिक्कत महसूस हो तो फौरन मेडिकल सहायता लेने की सलाह दी गई है। आइए इस वायरस के बारे में और विस्तार से जानते हैं। जानें क्या है न्फ्लुएंजा H5N1 और कितना है खतरनाक : विशेषज्ञों के अनुसार एवियन इन्फ्लुएंजा H5N1 वायरस यानी बर्ड फ्लू आमतौर पर पक्षियों में होने वाला रोग है। लेकिन कभी-कभी यह इंसानों में भी आ सकता है। उस स्थिति में टिपिकल फ्लू वाले लक्षण ही होते हैं। यह पक्षियों से इंसानों में तब आता है जब इंसान और वायरस से बीमार पक्षी के बीच लंबे समय तक करीबी संपर्क हो। ऐसे में जो पॉल्ट्री फॉर्म वाले हैं, विक्रेता हैं और या फिर उनके साथ रहने वाले हैं, उनको बर्ड फ्लू होने के चांस रहते हैं। इसके अलावा अगर पक्षी का बिना पका या अधपका मीट खाते हैं तो भी इसके होने की संभावनाएं रहती हैं। खास बात यह है कि यह इंसानों से इंसानों में आसानी से नहीं फैलता। इंसानों पर प्रभाव : सभी एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस इंसानों को संक्रमित नहीं करते हैं। लेकिन, इनमें से कुछ इंसानों में गंभीर बीमारी पैदा कर सकते हैं। एवियन इन्फ्लुएंजा H5N8 वायरस, जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू के नाम से जाना जाता है, उनमें से एक है। यह हमारे फेफड़ों, नाक और गले पर अटैक करता है। यह सांस से जुड़ी एक संक्रामक बीमारी है और इसके लक्षण सामान्य जुकाम की तरह होते हैं। अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (CDC) के अनुसार, ऐसे वायरस आमतौर पर लोगों को संक्रमित नहीं करते। हालांकि इंसानों में संक्रमण के दुर्लभ मामले पहले भी सामने आए हैं। ज्यादातर संक्रमण H7N9 और H5N1 स्ट्रेन से होते हैं। भारत में बर्ड फ्लू के मामले : देश में इसी साल फरवरी में महाराष्ट्र से बर्ड फ्लू (H5N1) के मामले सामने आए थे। इसके अलावा बिहार के सुपौल में भी पॉल्ट्री रिसर्च फॉर्म में इसके केस मिले थे। पिछले साल दिल्ली में H5N1 से संक्रमित 11 साल के एक बच्चे की मौत हो गई थी। जनवरी 2021 में कई राज्यों के हजारों पक्षियों में बर्ड फ्लू कन्फर्म हुआ था। प्रोटोकॉल कहता है कि केस मिलने पर प्रभावित इलाकों के एक किलोमीटर की रेडियस में सभी पॉल्ट्री पक्षियों और अंडों को नष्ट कर दिया जाता है।

Published / 2022-04-30 07:38:26
छह नहीं नौ महीने बाद ही लगेगी कोरोना की एहतियाती खुराक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच केंद्र सरकार के सूत्रों ने कहा है कि दूसरी खुराक और एहतियाती खुराक के बीच मौजूदा अंतर को फिलहाल कम नहीं किया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि पहले की तरह दोनों खुराकों के बीच का अंतर नौ महीने का ही रहेगा। फिलहाल अंतर कम करने पर विचार नहीं किया जा रहा है। दरअसल, पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दूसरी खुराक और एहतियाती खुराक के बीच के अंतर को कम करने के लिए राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) द्वारा सिफारिश किए जाने की उम्मीद है। कहा गया था कि आईसीएमआर और अन्य अंतरराष्ट्रीय शोध संस्थानों के अध्ययनों ने सुझाव दिया है कि दोनों खुराक के साथ प्राथमिक टीकाकरण से लगभग छह महीने बाद एंटीबॉडी स्तर कम हो जाता है और बूस्टर देने से प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया बढ़ जाती है। 10 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ था : भारत ने 10 जनवरी से हेल्थकेयर और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को टीकों की एहतियाती खुराक देना शुरू किया था। सरकार ने मार्च में 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को एहतियाती खुराक के लिए पात्र बनाते हुए कॉमरेडिटी क्लॉज को हटा दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अब तक 18-59 साल के आयु वर्ग में 5 लाख से ज्यादा लोगों को एहतियात की खुराक दी जा चुकी है। इसके अलावा, 4736567 स्वास्थ्य कर्मियों, 7447184 अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 14,545595 व्यक्तियों ने एहतियाती खुराक लिए हैं। भारत ने 10 अप्रैल को निजी टीकाकरण केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोविड-19 टीकों की एहतियाती खुराक देना शुरू किया।

Published / 2022-04-29 12:53:02
देशभर में लगे कोरोना के 188.65 करोड़ टीके

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश भर में राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 188.65 करोड़ से अधिक कोविड टीके लगाये गये हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यहां बताया कि आज सुबह सात बजे तक 188 करोड़ 65 लाख 46 हजार 894 कोविड टीके दिये जा चुके हैं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 3377 नये मरीज सामने आये हैं। इनके साथ ही देश में कोरोना रोगियों की संख्या 17 हजार 801 रह गयी है। यह संक्रमित मामलों का 0.04 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 0.71 प्रतिशत हो गयी है। मंत्रालय ने बताया कि इसी अवधि में 2496 लोग कोविड से मुक्त हुए हैं। अभी तक कुल चार करोड़ 25 लाख 30 हजार 622 कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 98.74 प्रतिशत है। देश में पिछले 24 घंटे में चार लाख 73 हजार 635 कोविड परीक्षण किए गये हैं। देश में अब तक कुल 83 करोड़ 69 लाख 45 हजार 383 कोविड परीक्षण किए गये हैं।

Published / 2022-04-26 15:57:23
अब 12 साल से ऊपर के बच्चों को लगेगी ZycovD वैक्सीन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत के औषधि महानियंत्रक ने मंगलवार को 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए ZycovD कोविड वैक्सीन को आपातकालीन उपयोग प्राधिकरण प्रदान किया है। इस मंजूरी के साथ 12 साल और इससे अधिक उम्र के लोगों को 3 मिलीग्राम की दो खुराक के रूप में दवा दी जा सकती है और दोनों खुराक के बीच 28 दिन का अंतर रखा जा सकता है। इस समय जाइकोवी-डी की 2 मिलीग्राम की तीन खुराक की अनुमति है, जिसमें प्रत्येक खुराक के 28 दिन बाद अगली खुराक दी जाती है। सरकार से परमिशन मिलने के बाद जाइडस लाइफसाइंसेस ने मंगलवार को कहा कि जाइकोवी-डी की दो खुराक देने से कम समय में बड़ी आबादी को कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ टीका लगाने में मदद मिलेगी। भारत ने 16 मार्च को 12 से 14 साल की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया था। जाइडस लाइफसाइंसेस के प्रबंध निदेशक शर्विल पटेल ने दो खुराक की योजना के बारे में कहा कि इससे वायरस के खिलाफ प्रतिरक्षा को मजबूत करने के लिहाज से टीकाकरण के लिए जरूरी कुल समय घटाने में मदद मिलेगी। इससे पहले औषधि महानियंत्रक ने 6-12 साल की उम्र के बच्चों के लिए भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दे दी थी। बता दें कि भारत ने 16 मार्च को 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया। देशभर में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को शुरू किया गया था, तब केवल स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जा रहे थे। इसके बाद दो फरवरी 2021 से अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों का टीकाकरण और एक मार्च 2021 से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए एक अप्रैल 2021 को टीकाकरण शुरू हुआ और 18 साल से अधिक आयु के लोगों को एक मई 2021 से कोविड-19 रोधी टीके देने शुरू किए गए। देश में तीन जनवरी 2022 से 15 से 18 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ था। स्वास्थ्य कर्मियों तथा अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों और गंभीर बीमारी से पीड़ित 60 साल या उससे अधिक आयु के लोगों को एहतियाती खुराक 10 जनवरी 2022 से देनी शुरू की गई। देश में 10 अप्रैल 2022 से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को एहतियाती खुराक देनी शुरू कर दी गई थी।

Published / 2022-04-26 15:37:49
कोरोना की चौथी लहर की संभावना न के बराबर, ज्यादा दिनों तक नहीं बढ़ेंगे केस : डॉ जैकब जॉन

एबीएन हेल्थ डेस्क। भारत में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। इसको देखते हुए कई राज्यों ने हटाए गए कोरोना प्रतिबंधों को फिर से लागू कर दिया है और सख्ती से इनका पालन करने का निर्देश जारी किया है। अभी स्थिति फिलहाल कंट्रोल में हैं। लेकिन जैसे-जैसे मामले बढ़ते जा रहे हैं, उससे संभावना जताई जा रही है कि भारत में चौथी लहर दस्तक देने वाली है। हालांकि वायरोलॉजिस्ट और क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज वेल्लोर के पूर्व प्रोफेसर डॉ जैकब जॉन का कहना है कि चौथी लहर के आने के आसार बेहद कम हैं। डॉ जैकब जॉन ने कहा कि भारत में कोरोनावायरस की चौथी लहर की संभावना बहुत कम है। यह पूछे जाने पर कि कुछ राज्यों में कोविड-19 संक्रमण के मामले क्यों बढ़ रहे हैं? वायरोलॉजिस्ट ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में पिछले दो से तीन हफ्तों से कोविड-19 केस में वृद्धि दर्ज की जा रही है। लेकिन यह बढ़ोतरी ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी राज्य कोरोना मामलों में वृद्धि की सूचना नहीं दे रहा है। भारत में मार्च और अप्रैल के दौरान सामने आए मामलों की संख्या पहले की तुलना में काफी कम है। चौथी लहर की संभावना बेहद कम : जैकब जॉन ने कहा, दिल्ली और हरियाणा में पिछले दो से तीन हफ्तों के दौरान संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि यह ज्यादा दिनों तक बरकरार नहीं रहेगा। दिल्ली में एक हजार केस प्रति 5 लाख आबादी के बराबर है। वायरोलॉजिस्ट ने दोहराया कि चौथी लहर की संभावना बेहद कम है। डॉ जॉन ने कहा, अगर चौथी लहर आती है तो यह आश्चर्य की बात होगी। अभी इसको लेकर अनुमान नहीं लगाया जा सकता। हालांकि चौथी लहर की संभावना बहुत कम है। ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन कवरेज बहुत ज्यादा हो चुका है। कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी लाने के लिए क्या करना चाहिए? इस सवाल के जवाब में जॉन ने कहा, मास्क का लगातार इस्तेमाल करना चाहिए। यह कारगर है। यह पूछे जाने पर कि क्या स्कूलों को बंद कर दिया जाएगा क्योंकि कई राज्यों में बच्चे बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसपर उन्होंने कहा, बिल्कुल भी नहीं। स्कूल खुले रहने चाहिए। बूस्टर डोज लेने वाले 70% लोग नहीं हुए संक्रमित : इस बीच, कोरोना वायरस पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की राष्ट्रीय टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष डॉक्टर राजीव जयदेवन के नेतृत्व में किए गए अध्ययन में कहा गया है कि भारत में कोविड-19 वैक्सीन की बूस्टर डोज लेने वालों में से 70 प्रतिशत लोग महामारी की तीसरी लहर के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हुए। रिसर्च के मुताबिक, वैक्सीनेशन कराने वाले लेकिन बूस्टर डोज नहीं लेने वाले 45 प्रतिशत लोग तीसरी लहर के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित हुए।

Published / 2022-04-22 01:35:00
पांच से 11 साल के बच्चों को शीघ्र लगेगा टीका

एबीएन हेल्थ डेस्क। भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण के एक विशेषज्ञ पैनल ने पांच से 11 साल के बच्चों के लिए बायोलॉजिकल ई के कोविड-19 वैक्सीन कॉर्बेवैक्स की आपातकालीन उपयोग मंजूरी देने की सिफारिश की है। सीडीएससीओ की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति ने हालांकि भारत बायोटेक से दो से 11 वर्ष की आयु के लोगों के बीच कोवैक्सिन के उपयोग के लिए अपने आपातकालीन उपयोग मंजूरी (ईयूए) आवेदन की समीक्षा करने के लिए अधिक डेटा मांगा है। 12 से 14 वर्ष के बच्चों को दिया जा रहा है कोर्बेवैक्स : ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने पिछले साल 28 दिसंबर को वयस्कों में आपातकालीन स्थितियों में सीमित उपयोग के लिए और इस साल 9 मार्च को कुछ शर्तों के तहत 12 से 17 वर्ष की आयु वर्ग के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दी थी। बायोलॉजिकल ई के कोर्बेवैक्स का उपयोग 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के टीकाकरण के लिए किया जा रहा है। 24 दिसंबर 2021 को 12 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के लिए डीसीजीआई द्वारा कोवाक्सिन को आपातकालीन उपयोग सूची में शामिल किया गया था। एक सूत्र ने कहा कि बायोलॉजिकल-ई के ईयूए आवेदन पर विचार-विमर्श करने वाली सीडीएससीओ की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति ने पांच से 11 वर्ष की आयु में कॉर्बेवैक्स के उपयोग के लिए आपातकालीन उपयोग मंजूरी देने की सिफारिश की है। बता दें कि भारत ने 16 मार्च को 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया है। टीकाकरण अभियान पिछले साल 16 जनवरी को शुरू किया गया था : देशभर में टीकाकरण अभियान पिछले साल 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण पिछले साल 2 फरवरी से शुरू हुआ था। कोविड 19 टीकाकरण का अगला चरण पिछले साल 1 मार्च को 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए पहले से बीमार लोगों के लिए शुरू हुआ था। भारत ने पिछले साल 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया था। इसके बाद सरकार ने पिछले साल 1 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वायरल बीमारी के खिलाफ टीकाकरण की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का फैसला किया था। टीकाकरण का अगला चरण 3 जनवरी को 15-18 वर्ष के आयु वर्ग के किशोरों के लिए शुरू हुआ था। भारत ने 10 जनवरी से हेल्थकेयर वर्कर्स और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं और 60 वर्ष व उससे अधिक आयु के लोगों को टीकों की एहतियाती खुराक देना शुरू किया है।

Published / 2022-04-17 04:56:33
गर्व की बात... स्वदेशी टीका गर्मी-ओमिक्रॉन सब में कारगर, चूहों पर मिले अच्छे परिणाम

एबीएन हेल्थ डेस्क। भारत में बन रही अधिक तापमान पर टिकने वाली कोरोना वैक्सीन वायरस के डेल्टा और ओमिक्रॉन समेत अन्य स्वरूपों पर कारगर साबित हुई है। यह दावा चूहों पर हुए एक शोध के नतीजों में किया गया है। बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) और बायोटेक स्टार्ट-अप कंपनी मिनवैक्स द्वारा विकसित की जा रही इस "वॉर्म" वैक्सीन में वायरस के स्पाइक प्रोटीन (आरबीडी) का इस्तेमाल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के कॉमनवेल्थ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (सीएसआईआरओ) के शोधकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश टीकों को असरदार बनाए रखने के लिए बहुत कम तापमान में रखना होता है, लेकिन गर्मी सह सकने वाला यह टीका (हीट स्टेबल वैक्सीन) चार हफ्तों तक 37 डिग्री सेल्सियस और 100 डिग्री सेल्सियस में 90 मिनट तक रखा जा सकता है। चूहों को यह "वॉर्म" वैक्सीन लगाकर जब उनके खून के नमूनों की जांच की गई तो उनमें डेल्टा और ओमिक्रॉन स्वरूपों के खिलाफ प्रभावी एंटीबॉडी मिलीं। शोधकर्ताओं का कहना है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो गर्मी में भी टिक पाने वाला यह टीका उन गरीब और कम आय वाले देशों में वैक्सीन असमानता को दूर करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है, जिनके पास पर्याप्त कोल्ड चेन भंडारण सुविधा नहीं है। गरीब देशों को बड़ी मदद : बता दें, दुनियाभर में 10 अरब से ज्यादा कोरोना खुराकें लग चुकी हैं और 51 देशों में तो 70 फीसदी से ज्यादा आबादी का टीकाकरण हो गया है, लेकिन कमजोर देशों में यह आंकड़ा महज 11 फीसदी ही है। फाइजर को चाहिए होता है -70 डिग्री तापमान : भारत में बड़े पैमाने पर लग रहा कोविशील्ड टीका दो से आठ डिग्री सेल्सियस पर रखा जाता है तो वहीं, अमेरिका के फाइजर टीके को विशेष कोल्ड स्टोरेज में -70 डिग्री सेल्सियस तापमान की आवश्यकता पड़ती है।

Published / 2022-04-15 07:58:51
पीएम ने किया भुज के केके पटेल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन, बोले- मेडिकल में तेजी से हो रहा काम

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के भुज शहर में केके पटेल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। पीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अस्पताल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भूकंप से मची तबाही को पीछे छोड़कर भुज और कच्छ के लोग अब अपने परिश्रम से इस क्षेत्र का नया भाग्य लिख रहे हैं। आज इस क्षेत्र में अनेक आधुनिक मेडिकल सेवाएं मौजूद हैं। इसी कड़ी में भुज को आज एक आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल मिल रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सिर्फ बीमारी के इलाज तक ही सीमित नहीं होती हैं, ये सामाजिक न्याय को प्रोत्साहित करती हैं। जब किसी गरीब को सस्ता और उत्तम इलाज सुलभ होता है, तो उसका व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है। देश में आज दर्ज़नों एम्स के साथ अनेक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। देश के हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण का लक्ष्य हो या फिर मेडिकल एजुकेशन को सबकी पहुंच में रखने के प्रयास, इससे आने वाले 10 साल में देश को रिकॉर्ड संख्या में नए डॉक्टर मिलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और जनऔषधि योजना से हर साल गरीब और मिडिल क्लास परिवारों के लाखों करोड़ रुपए इलाज में खर्च होने से बच रहे हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन से मरीज़ों की सुविधाएं और बढ़ेगी। बता दें कि भुज के इस अस्पताल में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी (कैथलैब), कार्डियोथोरेसिक सर्जरी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, जॉइंट रिप्लेसमेंट और प्रयोगशाला तथा रेडियोलॉजी जैसी अन्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

Page 39 of 55

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse