हेल्थ

View All
Published / 2022-07-24 17:26:41
AIIMS के पूर्व निदेशक बोले- मंकीपॉक्स कोविड की तरह संक्रामक नहीं

एबीएन हेल्थ डेस्क। दिल्ली में मंकीपॉक्स का पहला मामला सामने आ चुका है। यह देश में मंकीपॉक्स का चौथा मामला है। इसके पहले मंकीपॉक्स के तीन मामले केरल में सामने आ चुके हैं। आल इंडिया मेडिकल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), दिल्ली के पूर्व निदेशक डॉ. एमसी मिश्रा ने कहा है कि मंकीपॉक्स से घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह कोविड 19 की तरह संक्रामक नहीं है और यह उसकी तरह तेजी से नहीं फैलता है। इसमें मृत्यु दर बहुत कम है और ज्यादातर मरीज 14-21 दिन में स्वस्थ हो जाते हैं। मंकीपॉक्स 99 फीसदी मामलों में समलैंगिक पुरुषों में होता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देश की स्वास्थ्य व्यवस्था इस तरह की बीमारी को हैंडल करने में पूरी तरह सक्षम है, लिहाजा यह चिंता का बड़ा कारण नहीं है। हालांकि, इससे बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतनी चाहिए। डॉ एमसी मिश्रा ने अमर उजाला से कहा कि मंकीपॉक्स दुनिया के 74 देशों में फैल चुका है। अब तक इसके 16,836 मामले सामने आ चुके हैं। यह सबसे ज्यादा समलैंगिक पुरुषों में फैलता है, इसलिए इस तरह के संबंधों से बचने की कोशिश करनी चाहिए। जिन लोगों में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखाई पड़ते हैं, उनसे दूरी रखनी चाहिए। चूंकि, कोविड की तरह यह तेज संक्रामक नहीं है, इससे संक्रमण का खतरा कम है। मंकीपॉक्स पीड़ित मरीज के साथ लंबे समय तक संपर्क में रहने के बाद ही इस तरह की बीमारी होने की संभावना होती है। इस बीमारी में सबसे पहले चेचक की तरह बुखार आता है और मांसपेशियों में दर्द होता है। इसलिए लक्षण सामने आने के बाद सबसे पहले बुखार को कम करने का प्रयास किया जाता है। मंकीपॉक्स के सबसे ज्यादा केस स्पेन में 3125, अमेरिका में 2890, जर्मनी में 2268, ब्रिटेन में 2208 और फ़्रांस में 1567 मामले सामने आ चुके हैं। भारत में मंकीपॉक्स का पहला मामला केरल में आया था, जिसका मरीज विदेश से आया था। इसके बाद केरल में ही एक अन्य मामला भी विदेश से आये हुए मरीज का सामने आया था। तीसरा मरीज भी केरल से था, लेकिन इसका विदेश से कनेक्शन स्थापित नहीं हो पाया था। दिल्ली में सामने आए देश के चौथे मंकीपॉक्स के मरीज के भी विदेश से आने की कोई सूचना नहीं है। यह इस बात की ओर भी इशारा करता है कि मंकीपॉक्स का वायरस अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है। ये हैं लक्षण : • मरीज में चेचक और वायरल बुखार से मिलते-जुलते लक्षण दिखाई पड़ते हैं। • इसमें मरीज को बुखार होता है, मांसपेशियों में दर्द होता है। • गर्दन और हाथ की चमड़ी पर 2-5 मिलीमीटर के फफोले पड़ जाते हैं। • इनमें पानी भर जाता है, गंभीर स्थिति में इसमें मवाद भर सकती है। • फफोले 21-28 दिन के अन्दर सूख जाते हैं और पपड़ी पड़ जाती है।

Published / 2022-07-23 17:19:51
WHO ने मंकीपॉक्स को घोषित किया "ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी"

एबीएन हेल्थ डेस्क। दुनियाभर में नई बीमारी मंकीपॉक्स को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ टेड्रोस एडनॉम ने कहा कि मंकीपॉक्स को वैश्विक आपातकाल घोषित किया है। भारत में अब तक मंकीपॉक्स के तीन मामले सामने आ चुके हैं।

Published / 2022-07-22 10:17:40
क्रोनिक किडनी मरीजों का सबसे बेहतर इलाज समय रहते ट्रांसप्लांट है : डॉ अमित कुमार

टीम एबीएन, रांची। किडनी के क्रोनिक मरीजों जिन्हें डायलिसिस की जरूरत होती है उनका सबसे बेहतर इलाज समय रहते ट्रांसप्लांट है। ट्रांसप्लांट करवा लेने से उन्हें गुणवत्तापूर्ण जीवन मिलता है और डायलिसिस से छुटकारा मिलता है। मरीज की बीमारी के इलाज में अच्छे परिणाम मिलते हैं। ये बातें मेदांता अस्पताल रांची में आयोजित मेदांता पेशेंट कनेक्ट इनिशिएटिव में अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट और रीनल ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ अमित कुमार ने कही। वे अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग की ओर से किडनी के मरीजों और उनके परिजनों के लिए आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि किडनी के मरीज अगर बेहतर इलाज करवाएं, अपनी दवाएं लेते रहे और संतुलित जीवनशैली अपनाएं तो लंबे समय तक बीमारी को नियंत्रण में रख सकते हैं। अगर डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की समस्या है तो इसे नियंत्रित रखें। सूजन की समस्या है तो अपने डॉक्टर से मिलकर जांच और इलाज करवाएं। नियमित रूप से डॉक्टर के संपर्क में रहें। डॉक्टर की दी हुई दवाएं लेते रहे। उन्होंने कहा कि किडनी के मरीज जो डायलिसिस पर है, उन्हें और उनके परिजनों रहना जरूरी है। ऐसे लोग अपने आसपास के दूसरे मरीजों और उनके परिजनों को भी जागरूक करें। मौके पर उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों के विभिन्न सवालों का भी जवाब दिया। मौके पर डॉ अमित कुमार के साथ ही डॉ सिद्धार्थ मिश्रा ने भी मरीजों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि डायलिसिस पर कैसे रहा जाए। मेदांता अस्पताल रांची के डायरेक्टर डॉ विश्वजीत ने मेदांता पेशेंट कनेक्ट इनिशिएटिव कार्यक्रम में शामिल डॉक्टरों को बधाई देते हुए बताया कि आगे भी अन्य विभागों के लिए मेदांता पेशेंट कनेक्ट इनिशिएटिव कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि मेदांता रांची में सभी तरह का सुपर स्पेशियलिटी इलाज मौजूद है। इसके लिए अब दूसरे बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं है। यहां एक ही छत के नीचे सभी तरह का अत्याधुनिक इलाज अनुभवी डॉक्टरों द्वारा किया जाता है। मेदांता अस्पताल रांची ने बहुत कम समय में गुणवत्तापूर्ण इलाज से एक खास पहचान बनाई है। अब झारखंड के मरीजों को रांची में ही बेहतरीन इलाज मिलने लगा है। मेदांता अस्पताल रांची इलाज के साथ ही मरीजों को जागरूक करने की अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहा है।

Published / 2022-07-20 17:56:44
नौ राज्यों में तेजी से बढ़े कोरोना के मामले, स्वास्थ्य मंत्रालय ने की बैठक कर दिये निर्देश

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बुधवार को अपील की कि वे कोविड-19 की वजह से गृह पृथकवास में रह रहे मरीजों की कड़ाई से निगरानी करें ताकि वे समुदाय में संक्रमण का प्रसार नहीं कर सकें। केंद्र ने इसके साथ ही घर में ही जांच के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट (आरएटी) किट के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया ताकि समय से बीमारी का पता लगाया जा सके। केंद्र ने राज्यों को सलाह दी है कि वे निगरानी करें और रोजाना जिले वार एसएआरआई (गंभीर श्वास संबंधी बीमारियों) और आईएलआई (इंफ्लुएंजा की बीमारी) के मामलों की जानकारी दें और इन बीमारियों से ग्रस्त मरीजों के नमूनों को निर्धारित आईएनएसएसीओजी प्रायोगशाला आनुवंशिकी अनुक्रमण (जीनोम सिक्वेंसिंग) के लिए भेजें। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक राज्यों को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के अनुपात में जांच करने और सभी संक्रमितों (विदेश से आए यात्रियों)के आनुवंशिकी अनुक्रमण करने की सलाह दी गई है। साथ ही इंडियन सार्स-कोव-2 जिनोमिक कंस्टोरियम (आईएनएसएसीओजी) नेटवर्क के लिए स्थान की पहचान करने को कहा गया है ताकि पूर्ण आनुवंशिकी अनुक्रमण के लिए नमूनों को भेजा जा सके। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बुधवार को नौ राज्यों में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा करने के लिए बुलाई गई उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश जारी किए। इस बैठक में केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, असम, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश के हालात की समीक्षा की गई। बयान के मुताबिक इन राज्यों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं या संक्रमण दर में वृद्धि देखी गई है। इस बैठक में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ विनोद पॉल भी मौजूद रहे। गत एक महीने में कोविड-19 के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए पॉल ने कहा, हमें यह ध्यान में रखना है कि कोविड-19 खत्म नहीं हुआ है। वैश्विक परिदृश्य को देखिए, हमें अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। कई राज्यों में लचर निगरानी, सीमित जांच, औसत से कम टीकाकरण मौजूदा समय में संक्रमण के मामलों में हो रही वृद्धि के कारण हैं। यान के मुताबिक पॉल ने राज्यों से अपील की कि जहां पर संक्रमण दर अधिक है, वहां पर जांच में सुधार किया जाए, निगरानी बढ़ाई जाए, उसके अनुरूप नीति में बदलाव किया जाए और टीकाकरण की गति बढ़ाई जाए। भूषण ने इस दौरान अहम कोविड-19 नियंत्रण और प्रबंधन रणनीति को रेखांकित किया। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि उच्च संक्रमण दर वाले सभी जिलों में पर्याप्त संख्या में जांच की जरूरत है, जिसमें उच्च अनुपात आरटी-पीसीआर जांच का हो। किसी तरह की लापरवाही से इन जिलों में स्थिति खराब होगी। उन्होंने कहा कि गृह पृथकवास में रह रहे संक्रमितों की कड़ाई से निगरानी करने की जरूरत है ताकि वे पड़ोस, समुदाय, गांव, मोहल्ला, वार्ड आदि में न जा सकें और संक्रमण न फैला सकें।

Published / 2022-07-16 04:12:16
पूर्वी सिंहभूम में मिला जापानी बुखार का पहला मरीज, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में जापानी बुखार का पहला मरीज मिला है। मरीज शहर के बारीडीह निवासी युवती है। सर्विलांस विभाग की जांच में यह पुष्टि होने के बाद हड़कंप मचा है, क्योंकि 2022 में पहली बार किसी मरीज की सैंपल जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवती का मर्सी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिपोर्ट आने से फाइलेरिया विभाग की टीम युवती के घर पहुंचकर लार्वा जांच का अभियान चलाया। इससे मच्छर का लार्वा मिला है, जिसे स्वास्थ्यकर्मियों ने नष्ट कर दिया। वहीं, क्षेत्र के निवासियों को जागरूक कर मच्छर से बचाव का उपाय बताया। जानकारी के अनुसार, युवती 10 जुलाई को बुखार, गले में खराश, हाथ-पैर में कंपन की शिकायत के कारण मर्सी अस्पताल में भर्ती हुई थी। संदेह होने पर अस्पताल ने सर्विलांस टीम को सूचना देकर सैंपल जांच कराई। हालांकि, स्वाइन फ्लू, डेंगू व जेई के संदेह में स्वास्थ्य विभाग ने अबतक 70 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की है, लेकिन किसी में पुष्टि नहीं हुई थी। इधर, सर्विलांस पदाधिकारी डॉ साहिर पाल ने कहा कि बारिश में मच्छरजनित बीमारी का खतरा रहता है। बुखार, बदन दर्द व शरीर में अकड़न पर डॉक्टर से दिखाकर सैंपल की जांच करानी चाहिए।

Published / 2022-07-15 05:27:51
स्टडी का दावा : कोरोना को नाक में ही "बेदम" कर देगा फैबी स्प्रे

एबीएन हेल्थ डेस्क। हेल्थ जर्नल द लैंसेट रीजनल हेल्थ साउथ ईस्ट एशिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे चरण के परीक्षण के परिणामों के अनुसार, भारत में COVID-19 के उच्च जोखिम वाले वयस्क मरीजों को दी गई नेजल स्प्रे (नाक के रास्ते लिया जाने वाला एंटी-कोविड स्प्रे) ने 24 घंटे के भीतर वायरल लोड को 94 प्रतिशत और 48 घंटे में 99 प्रतिशत तक कम कर दिया। इसी साल फरवरी में सरकार से अनुमति लेने वाले इस नेजल स्प्रे को "फैबी स्प्रे" नाम से लॉन्च किया गया था। मुंबई स्थित दवा कंपनी ग्लेनमार्क ने भारत में करीब 20 स्थानों पर टीकाकरण और बिना टीकाकरण वाले 306 वयस्कों पर नाइट्रिक ऑक्साइड नेजल स्प्रे (NONS) का अध्ययन किया, जो COVID-19 से संक्रमित थे। ग्लेनमार्क की क्लीनिक डेवलपमेंट प्रमुख मोनिका टंडन ने कहा, नेजल स्प्रे का कोरोना संक्रमित मरीजों पर देश के 20 अस्पतालों में परीक्षण हुआ। इस दौरान हल्के लक्षण वाले कोरोना संक्रमितों (जिन्होंने टीका लिया) और बिना टीका लेने वाले कोरोना मरीजों को अलग-अलग समूह में रखा गया। एक को नेजल स्प्रे यानी नाक के जरिए नाइट्रिक ऑक्साइड दी गई, जबकि दूसरे समूह को एक प्लेसीबो दिया गया। सात दिन बाद परिणामों की समीक्षा की गई तो असर का पता चला। उच्च जोखिम वाले कोरोना रोगियों, जिन्होंने नेजल स्प्रे लिया था, उनमें 24 घंटे के भीतर वायरल लोड में 94% तक की कमी देखी गई। नेजल स्प्रे का क्लीनिकल ट्रायल कोरोना के डेल्टा और ओमिक्रॉन वेरिएंट के सर्ज के दौरान किया गया था। शोध में पाया गया कि एनओएनएस प्राप्त करने वाले उच्च जोखिम वाले रोगियों में 24 घंटों के भीतर वायरल लोड में उल्लेखनीय कमी आई, जो 7 दिनों के उपचार के दौरान बनी रही। जर्नल में प्रकाशित लेख में कहा गया है कि NONS के साथ उपचार के 24 घंटे के भीतर वायरल लोड 93.7 प्रतिशत और 48 घंटे के भीतर 99 प्रतिशत कम हो गया। टीकाकरण और बिना टीकाकरण वाले समूहों में इसी तरह के परिणाम देखे गए। रिसर्च पेपर के लेखकों में से एक और ग्लेनमार्क की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मोनिका टंडन ने कहा, मजबूत डबल-ब्लाइंड ट्रायल ने NONS की महत्वपूर्ण प्रभावकारिता और उल्लेखनीय सुरक्षा का प्रदर्शन किया। मोनिका टंडन ने एक बयान में कहा, इस थेरेपी में, COVID-19 प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता है। इसका उपयोग बहुत आसान है। रिसर्च पेपर में कहा गया है कि नाइट्रिक ऑक्साइड, कोरोनो के वायरस को नाक के रास्ते शरीर में प्रवेश करने से रोकता है, वायरस को मारता है और इसकी प्रतिकृति को रोकता है। यही वजह है कि एनओएनएस के साथ वायरल लोड इतनी तेजी से कम होता है। उपचार शुरू होने के बाद एनओएनएस समूह में वायरल इलाज का औसत समय 3 दिन और प्लेसीबो समूह में 7 दिन रहा। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने इस साल फरवरी में नेजल स्प्रे को इमरजेंसी यूज अप्रूवल दिया था।

Published / 2022-07-15 04:08:08
कोरोना : एक और बड़ी जंग आज से, 75 दिन चलेगा बूस्टर डोज का विशेष अभियान

एबीएन हेल्थ डेस्क। देश में कोरोना महामारी का प्रकोप अभी खत्म नहीं हुआ है। हर रोज 15 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं और मौत के आंकड़े भी बढ़ते जा रहे हैं। इसी को देखते हुए सरकार ने सभी वयस्कों को एहतियाती खुराक देने का फैसला किया है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार से सभी वयस्कों को मुफ्त एहतियाती खुराक लगाने का फैसला किया है। 15 जुलाई से "आजादी के अमृत महोत्सव" के हिस्से के रूप में अगले 75 दिनों तक मुफ्त एहतियाती खुराक के लिए अभियान चलाया जायेगा। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई थी। सरकारी केंद्रों पर सभी वयस्कों को मुफ्त बूस्टर डोज लगाई जायेगी। लक्षित आबादी में एक प्रतिशत से कम लोगों ने लिया बूस्टर डोज : कोरोना से बचने के लिए जहां सरकार लोगों से टीका लगवाने की अपील कर रही है वहीं अब कुछ लापरवाही भी सामने आई है। दरअसल, बूस्टर डोज को लेकर चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। अभी तक 18-59 वर्ष की लक्षित 77 करोड़ आबादी में मात्र एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई है। बुस्टर डोज लेने की समय सीमा हुई कम : कोरोना संक्रमण होने पर मौत से बचाने और गंभीर लक्षण रोकने में वैक्सीन की अहम भूमिका साबित हो चुकी है। इसी बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड रोधी वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के बाद बूस्टर डोज लेने की समय सीमा को भी नौ महीने से घटाकर छह महीने कर दिया है। अब 18 साल से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति सरकारी टीकाकरण केंद्र पर जाकर बूस्टर डोज लगवा सकता है। राज्यों को स्पुतनिक-वी उपलब्ध कराने के निर्देश : इस विशेष अभियान को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने का सुझाव दिया है कि स्पुतनिक-वी टीका उपलब्ध करा रहे निजी टीकाकरण केंद्र टीके की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लाभार्थियों तक इसकी दूसरी और एहतियाती खुराक उपलब्ध कराएं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने गुरुवार को कहा कि देखने में आया है कि जिन लोगों को स्पुतनिक-वी टीके की एहतियाती खुराक लेनी है, उनकी संख्या की केवल 0.5 प्रतिशत ही वैक्सीन की प्राप्ति की गई है। उन्होंने कहा कि निजी कोविड टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन की दो खुराक लगवाने वालों को स्पुतनिक-वी के कंपोनेंट-1 का इस्तेमाल करते हुए एहतियाती खुराक दी जा सकती है। इस टीके के लाभार्थी बूस्टर खुराक लें, इसके लिए इसकी उपलब्धता को बढ़ाने के लिहाज से स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों से स्पुतनिक वी टीके (कंपोनेंट-1) की उपलब्धता सुनिश्चित करने और निजी कोविड टीकाकरण केंद्रों की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा है। बता दें कि 12 से 18 साल की उम्र के बच्चों के टीकाकरण को भी स्कूल आधारित अभियानों के जरिए पूरा किया जाएगा। टीकाकरण में तेजी को लेकर केंद्र सरकार ने एक जून से दूसरी बार "हर घर दस्तक 2.0" डोर-टू-डोर अभियान शुरू किया था। केंद्र को 12 साल से कम उम्र के बच्चों को टीके के लिए नहीं मिली वैज्ञानिक सलाह : मांडविया केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को कहा कि सरकार को 12 साल से कम आयु के बच्चों के लिए टीकों पर वैज्ञानिक समुदाय से कोई सलाह नहीं मिली है। मंत्री ने बंगलुरू में एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा, हम वैज्ञानिक समुदाय की सलाह पर निर्णय लेते हैं। हमें 12 साल से ऊपर के बच्चों के लिए अनुमति मिली है। आने वाले दिनों में वैज्ञानिक समुदाय की सलाह के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे। अब तक, हमें वैज्ञानिकों से कोई सलाह नहीं मिली है।

Published / 2022-07-14 15:25:40
भारत में मिला मंकीपॉक्स का पहला केस, विदेश से केरल लौटा था शख्स

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केरल में विदेश से लौटा एक शख्स मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया, जिसके बाद उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति में वायरस की पुष्टि हो गई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मंकीपॉक्स के मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विदेश से लौटने के बाद इस व्यक्ति में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखाई दिए थे। रक्त के सैंपल को परीक्षण के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ वायरोलॉजी भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस बीमारी की पुष्टि हो सकती है। मंत्री जॉर्ज ने मरीज के बारे में ज्यादा जानकारी दिए बगैर कहा कि उस व्यक्ति में मंकीपॉक्स के लक्षण थे और वह विदेश में एक मंकीपॉक्स रोगी के निकट संपर्क में था। पशुओं से इंसानों में फैलता है वायरस : विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, मंकीपॉक्स एक वायरल जूनोसिस (पशुओं से इंसान में फैलने वाला वायरस) है। इसमें पूर्व में चेचक के रोगियों में देखे गए लक्षणों के समान लक्षण होते हैं।हालांकि, इलाज की दृष्टि से यह कम गंभीर है। 1980 में चेचक के खात्मे और उन्मूलन और उसके बाद इसके टीकाकरण की समाप्ति के बाद मंकीपॉक्स बड़ा आॅर्थोपॉक्सवायरस के रूप में उभरा है।

Page 34 of 55

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse