एबीएन डेस्क, रांची। विश्व में अभी जो सबसे ज्यादा सक्रिय कोरोना वायरस के स्ट्रेन हैं, उनमें डेल्टा वैरिएंट (बी.1.617.2) भीषण संक्रामक है। यह सबसे पहले भारत में सामने आया था। डब्ल्यूएचओ ने भी इन चार स्ट्रेनों में से डेल्टा को लेकर ज्यादा चिंता जताई थी। इसने दूसरी लहर में भारत में कहर ढाया था। अब इससे ब्रिटेन व अमेरिका में डर पैदा हो रहा है। यह पूर्व में अमेरिका में फैले अल्फा स्ट्रेन के मुकाबले 60% ज्यादा संक्रामक है। चीन के चिकित्सा वैज्ञानिकों के अनुसार डेल्टा पीड़ितों की हालत तेजी से बिगड़ती है। इससे संक्रमित पस्त हो जाते हैं और उनमें सुधार बहुत धीमा होता है। इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ने पर उनके साथ अनहोनी हो जाती है। अमेरिका के राष्ट्रीय संक्रामक बीमारी संस्थान के निदेशक डॉ. एंथोनी फोसी के अनुसार अमेरिका में इस समय कुल मामलों में डेल्टा स्ट्रेन से छह फीसदी लोग संक्रमित हैं। मिनेसोटा यूनिवर्सिटी में संक्रामक बीमारी रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर डॉ माइकेल ओस्टरहोल्म के अनुसार यह ज्यादा संक्रामक होने से अल्फा स्ट्रेन को पीछे छोड़ देगा। अमेरिका में हर दो सप्ताह डेल्टा वेरिएंट के मामले दोगुने हो रहे हैं। अमेरिका के जॉर्जिया, अलाबामा, वेस्ट वर्जीनिया, मिसीसिपी जैसे राज्यों में वैक्सीनेशन कम हुआ है। इसलिए सतर्कता की जरूरत बताई जा रही है। यदि नहीं संभले तो इंग्लैंड में 2020 में हुए हालात जैसी स्थिति बनने का खतरा बताया जा रहा है। डेल्टा संक्रमण ने यूरोप में चिंता पैदा कर दी है। इसके बढ़ते संक्रमण के कारण कुछ यूरोपीय देशों ने ब्रिटेन से लोगों की आवाजाही पर बंदिश लगाई हैं। चीन में डेल्टा संकट दक्षिण पूर्व में स्थित गुआंगझाउ शहर के आसपास केंद्रित है। यहां सरकार ने कुछ प्रतिबंध लगाए हैं।
एबीएन डेस्क, रांची। कोरोना की तीसरी लहर पर भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डायरेक्टर डॉ रणदीप गुलेरिया ने चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि यदि कोरोना गाइडलाइंस का पालन नहीं किया गया और बाजारों या टूरिस्ट स्पॉट पर लगने वाली भीड़ को नहीं रोका गया तो कोरोना की तीसरी लहर सिर्फ 6 से 8 हफ्तों में पूरे देश पर अटैक कर सकती है। डॉ गुलेरिया ने कहा कि अभी तक की रिसर्च में ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं कि कोरोना की तीसरी लहर बड़ों से ज्यादा बच्चों को प्रभावित करेगी। इससे पहले भारत के महामारी विशेषज्ञों ने पहले सितंबर-अक्टूबर तक कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जतायी थी। देश में अप्रैल और मई महीने के बीच कोरोना की दूसरी लहर भारत में पीक पर पहुंची थी। इस बीच देशभर में कोरोना से मौतों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई थी। अधिकतर राज्यों में इस बीच आॅक्सीजन की शॉर्टेज भी देखी गई थी। इसके बाद पिछले कुछ दिनों से कोरोना के केस घटने शुरू हो गये हैं। तीसरी लहर रोकने के केवल 4 उपाय हैं : 1. भारत की ज्यादा से ज्यादा आबादी का वैक्सीनेशन करना होगा। 2. लोगों को कोविड गाइडलाइंस का पालन करना होगा। 3. ऐसे इलाकों की मॉनिटरिंग करनी होगी, जहां कोरोना केस तेजी से बढ़ रहे हैं। 4. जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज 5% से ज्यादा है, वहां कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित करें।
एबीएन डेस्क। छह देशों में किए गए एक सर्वेक्षण में कहा गया है कि शाकाहारी और मछली आधारित आहार का सेवन करने वाले लोगों के लिए कोविड-19 महामारी से गंभीर रूप से पीड़ित होने का खतरा कम रहता है। हालांकि, अध्ययनकर्ताओं के अनुसार यह सर्वेक्षण अनुमान पर आधारित है और निश्चित तौर पर आहार और कोविड-19 स्तर के बीच संबंध को स्थापित नहीं करता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अध्ययन के निष्कर्षों की व्याख्या करने में सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। बीएमजी न्यूट्रीशियन प्रिवेंशन एंड हेल्थ पत्रिका में प्रकाशित सर्वेक्षण के निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि शाकाहारी भोजन कोरोना से गंभीर रूप से पीड़ित होने के खतरे को 73 फीसदी तक जबकि मछली आधारित आहार 59 फीसदी तक कम कर सकता है। इससे पहले भी कई अध्ययनों में यह बात कही गई है कि कोविड के लक्षणों की गंभीरता व बीमारी की अवधि में आहार की अहम भूमिका हो सकती है। हालांकि इसे मानने या नकारने के लिए साक्ष्य बहुत कम हैं। इस नए सर्वेक्षण में जॉन हॉपकिंस ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ, अमेरिका के अध्ययनकर्ता शामिल थे। अध्ययनकर्ताओं ने इस दौरान सार्स-सीओवी-2 से गंभीर रूप से पीड़ित रहे अग्रिम मोर्चे पर तैनात उन 2884 डॉक्टरों और नर्सों की प्रतिक्रिया जानी थी जो फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन, ब्रिटेन और अमेरिका में काम कर रहे हैं। जुलाई से सितंबर 2020 के बीच किए गए इस ऑनलाइन सर्वे में शामिल लोगों से पिछले साल उनके खानपान के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई थी।
एबीएन डेस्क, रांची। एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने मंगलवार को कोरोना वायरस की तीसरी लहर के दौरान बच्चों पर बताये जा रहे अधिक खतरे पर बात की। डॉ गुलेरिया ने कहा कि भारत या दुनिया का डाटा देखें, तो अबतक ऐसा कोई डाटा सामने नहीं आया है जिसमें यह दिखाया गया हो कि बच्चे अधिक संक्रमित हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेसवार्ता में मौजूद डॉ गुलेरिया ने कहा कि यहां तक कि कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के दौरान भी जो बच्चे इस वायरस से संक्रमित हुए, वह हल्के बीमार ही पड़े। उन्होंने आगे कहा कि मैं नहीं समझता कि हमें भविष्य में बच्चों पर किसी गंभीर संक्रमण का खतरा देखने को मिलेगा। केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में रोजाना कोरोना वायरस के नए मामलों में लगातार और तेजी से गिरावट आ रही है। हालांकि सरकार ने जोर दिया कि कोविड-19 संबंधी उपयुक्त व्यवहार का पालन किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में किसी और लहर को आने से रोका जा सके। प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि सात मई को चरम स्तर पर पहुंचने के बाद से दैनिक नए मामलों में करीब 79 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कोविड की दूसरी लहर पर कहा कि दैनिक नए मामलों में लगातार और तेजी से गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि भारत में प्रति दस लाख आबादी पर कोरोना के 20,822 मामले आए और 252 मौतें हुई हैं जो दुनिया में सबसे कम है। भविष्य में कोरोना की और लहरों को रोकने के लिए सरकार ने पूरी आबादी का टीकाकरण होने तक कोविड संबंधी व्यवहार का पालन करने पर जोर दिया।
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन लगवाने वाले नागरिकों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत अब आप 28 दिन बाद भी इसकी दूसरी डोज लगवा सकते हैं। लेकिन इसके लिए एक शर्त पूरी करनी होगी। शर्त ये है कि सिर्फ विदेश यात्रा पर जाने वाले लोग ही पहली खुराक के 28 दिन बाद कभी भी कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवा सकते हैं। हालांकि, सामान्य तौर पर कोविशील्ड के लिए केंद्र सरकार ने पहली डोज और दूसरी डोज के बीच 12 से 16 हफ्ते का गैप रखा है। नई गाइडलाइन में कहा गया है कि विदेश यात्रा के लिए सिर्फ कोविशील्ड वालों को ही वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिया जायेगा। इस सर्टिफिकेट पर पासपोर्ट नंबर का भी जिक्र होगा। भारत की दूसरी वैक्सीन कोवैक्सीन इसके लिए क्वॉलिफाई नहीं कर रही है। यह गाइडलाइन उन लोगों के लिए जारी की गई है जो 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं और 31 अगस्त तक विदेश यात्रा पर जाना चाहते हैं। इसमें पढ़ाई के लिए विदेश जा रहे स्टूडेंट्स, नौकरी के लिए विदेश जा रहे लोग, तोक्यो ओलिंपिक्स गेम्स में शामिल खिलाड़ी और उनके साथ जाने वाला स्टाफ शामिल है। ये व्यवस्था केवल इन्हीं के लिए की गई है। वैसे तो कोविशील्ड की दो डोज के बीच 12 से 16 हफ्ते का गैप का नियम है, लेकिन इस कैटेगरी में विदेश जाने वालों को जल्द ही दूसरी डोज लग सकती है। अथॉरिटी देखेगी कि पहली डोज को लगे हुए 28 दिन हो गए हैं या नहीं। जल्द ही इस कैटेगरी में विदेश जाने वालों के लिए ये खास व्यवस्था कोविन प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई देगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 की वैक्सीन लगवाने के लिए जरूरी फोटो आईडी में यूनीक डिसैबिलिटी आईडी कार्ड (यूडीआइडी) को भी शामिल करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि वैक्सीन लगवाने के लिए किसी भी मोड से रजिस्ट्रेशन कराने से पहले पहचान पत्र दिखाना होता है। ऐसे में दिव्यांग अब यूडीआईडी दिखाकर टीकाकरण का लाभ ले सकते हैं।
एबीएन डेस्क। कोवैक्सीन की तुलना में कोविशील्ड टीके से ज्यादा एंटीबॉडी बनती है, हालांकि दोनों टीके प्रतिरक्षा को मजबूत करने में बेहतर हैं। एहतियात के तौर पर दोनों टीकों की खुराकें ले चुके स्वास्थ्यकर्मियों पर किए गए रिसर्च में यह बात सामने आई है। यह अध्ययन अभी प्रकाशित नहीं हुआ है और इसे मेडआरएक्सिव पर छपने से पहले पोस्ट किया गया है। रिसर्च में 13 राज्यों के 22 शहरों के 515 स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया। इनमें से 305 पुरुष और 210 महिलाएं थीं। सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया, आक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविशील्ड टीके का निर्माण कर रही है। वहीं हैदराबाद स्थित कंपनी भारत बायोटेक, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के साथ तालमेल से कोवैक्सीन का निर्माण कर रही है। रिसर्च में शामिल होने वालों के खून के नमूनों में एंटीबॉडी और इसके स्तर की जांच की गयी। अध्ययन के अग्रणी लेखक और जीडी हॉस्पिटल एंड डायबिटिक इंस्टीट्यूट, कोलकाता में कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजिस्ट (मधुमेह रोग विशेषज्ञ) अवधेश कुमार सिंह ने ट्वीट किया, दोनों खुराक लिए जाने के बाद दोनों टीकों ने प्रतिरक्षा को मजबूत करने का काम किया। हालांकि, कोवैक्सीन की तुलना में सीरो पॉजिटिविटी दर और एंटीबॉडी स्तर कोविशील्ड में ज्यादा रहा। कोवैक्सीन की खुराकें लेने वालों की तुलना में कोविशील्ड लेने वाले ज्यादातर लोगों में सीरो पॉजिटिविटी दर अधिक थी। अध्ययन के लेखक ने कहा, 515 स्वास्थ्यकर्मियों में दोनों टीकों की दोनों खुराकें लेने के बाद 95 प्रतिशत में सीरो पॉजिटिविटी दिखी। इनमें से 425 लोगों ने कोविशील्ड और 90 लोगों ने कोवैक्सीन की खुराकें ली थी और सीरो पॉजिटिविटी दर क्रमश: 98.1 प्रतिशत और 80 प्रतिशत रही। सीरो पॉजिटिविटी का संदर्भ किसी व्यक्ति के शरीर में बनने वाली एंटीबॉडी से है। अहमदाबाद के विजयरत्न डायबिटिक सेंटर, कोलकाता के जी डी हॉस्पिटल एंड डायबिटिक इंस्टीट्यूट, धनबाद के डायबिटिक एंड हार्ट रिसर्च सेंटर और जयपुर में राजस्थान हॉस्पिटल और महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के शोधकतार्ओं ने यह अध्ययन किया। अध्ययनकतार्ओं ने कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके और जो लोग संक्रमित नहीं भी हुए उनमें दोनों खुराकें लेने के बाद के नतीजे की तुलना की। ऐसा पाया गया कि जो प्रतिभागी दोनों टीकों की पहली खुराक के कम से कम छह सप्ताह पहले कोविड-19 से उबर गए थे और बाद में दोनों खुराकें ले ली थी, उनमें सीरो पॉजिटिविटी दर 100 प्रतिशत रही और दूसरों की तुलना में उनमें एंटीबॉडी का ज्यादा स्तर था।
एबीएन डेस्क। कोविड-19 को पहले फेफड़ों की बीमारी बताया गया था लेकिन जैसे-जैसे यह महामारी फैलती गयी तो अहसास हुआ कि यह मनुष्य के शरीर के और अंगों में भी फैलती है। कोविड-19 का संबंध त्वचा पर चकत्ते होने, रक्तस्राव विकार और हृदय तथा किडनी को पहुंचने वाली क्षति से रहा है। इससे मस्तिष्क और दिमाग की दिक्कतें भी हो रही हैं। तनाव का करना पड़ सकता है सामना शुरुआत के अध्ययनों से यह डर पैदा हो गया कि आघातों, मस्तिष्क में सूजन और मांसपेशियों के विकार की लहर से स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं ढह जाएंगी। कोरोना वायरस के पूर्व की समीक्षाओं में यह चेतावनी दी गई कि कोविड-19 से उबरने वाले लोगों को तनाव और पीटीएसडी (पोस्ट ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर) जैसी मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि इन चिंताओं को साबित या गलत साबित करने के लिए विश्वसनीय आंकड़ें मिलना मुश्किल था। 13,000 से अधिक खंगाले गए दस्तावेज अध्ययन में पाया गया कि कोविड-19 और मस्तिष्क के बीच संबंध के ज्यादातर मामले मरीजों के छोटे, उच्च चयनित समूहों से जुड़े हैं। इससे निपटने के लिए कोविड-19 के तंत्रिका विज्ञान और मनोविज्ञान से संबंधित 13,000 से अधिक दस्तावेज खंगाले गए। इनमें 30 देशों के 1,05,000 लोगों की जानकारी थी। इन अध्ययनों में तंत्रिका-मनोविकार के सबसे आम लक्षण गंध का चले जाना, कमजोरी, थकान और स्वाद में बदलाव था। जिन मरीजों का अध्ययन किया उनमें से 30 प्रतिशत से अधिक में गंध चले जाने और कमजोरी के लक्षण दिखाई दिए। मरीजों में देखी गई अवसाद और बेचैनी मस्तिष्क से संबंधित गंभीर स्थितियां जैसे कि मस्तिष्क में सूजन और प्रतिरक्षा प्रणाली के तंत्रिकाओं पर हमले करने को दुर्लभ रूप से ही मरीजों में देखा गया। बहरहाल अध्ययन में पाया कि कुछ अहम मानसिक बीमारियां जैसे कि अवसाद और बेचैनी कोविड-19 के 25 प्रतिशत मरीजों में देखी गयी। इससे आने वाले वर्षों में मरीजों पर काफी बोझ पड़ सकता है। यहां तक कि काफी कम होने वाली तंत्रिका तंत्र संबंधी बीमारियां जैसे कि आघात भी मरीजों और स्वास्थ्य देखभाल व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। दिलचस्प बात यह है कि कई लक्षण (मांसपेशियों में दर्द और गंध का चले जाना) असल में उन लोगों में ज्यादा दिखाई दिए जिन्हें ज्यादा गंभीर संक्रमण नहीं था। साथ ही कई लोगों में थकान और सिर में दर्द जैसे लक्षण भी देखे और ये ऐसे मरीज थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।
रांची। केंद्र सरकार ने कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज में उपयोगी माने जानेवाले रेमडेसिविर इंजेक्शन के अलग-अलग राज्यों के लिए आवंटन जारी किया है। झारखंड को 21 अप्रैल से 23 मई तक के लिए कुल एक लाख छह हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन का आवंटन किया गया है। महाराष्ट्र को सबसे ज्यादा 14 लाख 92 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन दिये गये हैं, जबकि बिहार को इस अवधि के लिए कुल 2 लाख इंजेक्शन मुहैया कराये जा रहे हैं। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा ने आज 23 मई 2021 तक के लिए किए गए रेमडेसिविर के आवंटन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रेमडेसिविर के उत्पादन और आवंटन में पर्याप्त वृद्धि हुई है और केंद्र सरकार की कोशिश है कि हर राज्य में रेमडेसिविर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये। केंद्र ने राज्यों को भेजा पत्र, इंजेक्शन वितरण पर रखें निगरानी : फार्मास्युटिकल विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों को पत्र लिखकर इस आवंटन की जानकारी दी गयी है। पूरे देश के लिए आगामी 23 मई तक के लिए कुल 76 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन उपलब्ध कराये गये हैं।राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को कहा गया है कि दवा के उचित और विवेकपूर्ण उपयोग के अनुरूप इसमें सरकारी और निजी अस्पतालों को शामिल किया जाये। पत्र में यह भी कहा गया है कि इंजेक्शन के वितरण पर उचित निगरानी भी रखी जाये। राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी गयी है कि वे इस आवंटन के अलावा इंजेक्शन चाहती हैं तो संबंधित कंपनियों से पर्याप्त खरीद की मात्रा के लिए शीघ्र आदेश दें। कहा गया है कि राज्य में प्राइवेट सप्लाई के लिए भी को-ऑर्डिनेट किया जा सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse