एबीएन डेस्क। जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण जैसी समस्याएं दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं और इनकी गंभीरता में समय के साथ इजाफा होता जा रहा है। इन समस्याओं से निपटने के लिए दुनिया की छह बड़ी वाहन निर्माता कंपनियों ने एक बहुत अहम फैसला लिया है। ग्लास्गो में हो रहे कॉप26 जलवायु शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रही इन कंपनियों ने कहा है कि साल 2040 से हम पेट्रोल और डीजल से चलने वाली गाड़ियों का निर्माण नहीं करेंगे। ये कंपनियां बन रही हैं मुहिम का हिस्सा : रिपोर्ट के अनुसार, स्वीडन की वॉल्वो (Volvo), अमेरिका की फोर्ड (Ford) और जनरल मोटर्स (General Motors), डायमलर एजी की मर्सिडीज बेंज (Mercedes Benz), चीन की बीवाईडी (BYD) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) की जगुआर लैंड रोवर (JLR) ग्लासगो में एक प्लेज साइन करने वाली हैं। यह प्लेज साइनिंग 21वीं सदी के मध्य तक ग्लोबल वार्मिंग (Global Warming) को नियंत्रित करने की मुहिम का हिस्सा है। इसके तहत ये कंपनियां 2040 तक जीवाश्म ईंधनों पर चलने वाले वाहनों का उत्पादन पूरी तरह से बंद कर देंगी। इन शीर्ष कंपनियों ने भी बनाई है दूरी : दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कार कंपनी स्टेलांटिस (Stellantis), जापान की होंडा (Honda) और निसान (Nissan), जर्मनी की बीएमडब्ल्यू (BMW) और दक्षिण कोरिया की हुंडई (Hyundai) भी साइन नहीं करने वालों में शामिल हैं। राइड हेलिंग कंपनी उबर (Uber) इसका हिस्सा बन सकती हैं। इस मुहिम का उद्देश्य इलेक्ट्रिक कारों व शून्य उत्सर्जन वाले अन्य वाहनों को बढ़ावा देना है।
नई दिल्ली। दिवाली से एक दिन पहले केंद्र सरकार देशवासियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम करने का ऐलान किया है। एक्साइज ड्यूटी घटने से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आयेगी। कम कीमतें दिवाली के दिन यानी कल से लागू हो जाएंगी। बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब तक के उच्चतम स्तर पर है। छोटी दिवाली के दिन आम लोगों को राहत मिली है। हफ्ते के तीसरे दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गई है। डीजल कई शहरों में 110 रुपए के पार और पेट्रोल 121 के पार पहुंच चुका है। दिल्ली में पेट्रोल 110 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। वहीं, डीजल 98.42 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। आखिरी बार 5 सितंबर को दाम कम किए गए थे, तब देश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल 15 पैसे तक सस्ता हुआ था। बीते सितंबर महीने की 28 तारीख को पेट्रोल जहां 20 पैसे महंगा हुआ था, वहीं डीजल भी 25 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था। दरअसल, सितंबर के अंतिम दिनों से जो पेट्रोल की कीमतें बढ़नी शुरू हुई, वह मंगलवार तक जारी रही। पेट्रोल की कीमतें पिछले 28 दिनों में ही 8.85 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में बढ़ोतरी से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं।एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों से पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने की अपील की है, ताकि लोगों को महंगाई से निजात मिल सके। अलग-अलग राज्य सरकारें 20 से 35% तक वैट वसूलती हैं। केंद्र सरकार के मुताबिक डीजल पर एक्साइज ड्यूटी के घटने से किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, क्योंकि जल्द ही रबी फसल की बुआई होने वाली है। इस कटौती का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिलने वाला है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। जियो और गूगल ने आज घोषणा की कि दोनों कंपनियों द्वारा संयुक्त रूप से डिजाइन किया गया बहुप्रतीक्षित जियोफोन नेक्स्ट, दिवाली से स्टोर्स में उपलब्ध होगा। यह दुनिया का सबसे किफायती स्मार्टफोन होगा, जिसे 1,999 रुपये के डाउनपेमेंट पर खरीदा जा सकेगा बाकि राशि का भुगतान 18/24 महीनों की आसान किस्तों में किया जा सकेगा। जियोफोन नेक्स्ट को कंपनी ने विशेष तौर बने प्लान्स के साथ बंडल किया है। इसमें ग्राहक प्लान्स के साथ ही जियोफोन नेक्स्ट की किस्ते भी चुका सकता है। पहला प्लान - आलवेज ऑन प्लान इस प्लान में ग्राहक को 18 महीनों के लिए 350 रुपये और 24 महीनों के लिए 300 रुपये देने होंगे। ग्राहक को प्लान के साथ 5 जीबी डेटा और 100 मिनट प्रतिमाह वॉयस कॉलिंग मिलेगी। दूसरा प्लान : लार्ज प्लान इसमें 18 महीने की किस्त लेने पर 500 और 24 महीने की किस्त बनवाने पर 450 रुपये प्रतिमाह भरने होंगे। इस प्लान के साथ 1.5 जीबी डेटा प्रतिदिन मिलेगा और साथ ही मिलेगी अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग। तीसरा प्लान : XL प्लान यह 2 जीबी प्रतिदिन वाला प्लान है जिसमें 18 महीनों की किस्त के लिए 550 रुपये और 24 महीनों की किस्त के लिए 500 रुपये प्रतिमाह चुकाने होंगे। जो लोग बहुत अधिक डेटा इस्तेमाल करते हैं उनके लिए है XXL प्लान। इस प्लान में 2.5 जीबी डेटा और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग मिलेगी। इसमें 18 महीने के लिए 600 रुपये की किस्त और 24 महीने के लिए 550 रू की किस्त चुकानी होगी। मौके पर खुशी जाहिर करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश डी अंबानी ने कहा, Google और Jio की टीमें भारतीयों के लिए त्योहारी सीजन दौरान इस डिवाइस को समय पर लाने में सफल रही हैं। कोविड महामारी के कारण वैश्विक सप्लाई चेन की चुनौतियों के बावजूद हम सफल रहे हैं। मेरा 1.35 अरब भारतीयों के जीवन को समृद्ध, सक्षम और सशक्त बनाने के लिए डिजिटल क्रांति की शक्ति में गहरा विश्वास है। जियोफोन नेक्स्ट की कई समृद्ध विशेषताओं में, जिसने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया है और एक जो आम भारतीयों को सबसे अधिक सशक्त बनाएगी। भारत की अनूठी ताकत हमारी भाषाई विविधता है। वे भारतीय जो अंग्रेजी या अपनी भाषा में सामग्री को पढ़ने में सक्षम नहीं हैं। वे इस स्मार्ट डिवाइस पर अपनी भाषा में इसका अनुवाद और यहां तक कि पढ़ भी सकते हैं। मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि हम इंडिया और भारत के बीच की खाई को पाट रहे हैं - भारत करेगा डिजिटल प्रगति - प्रगति ओएस के साथ। मैं Google में सुंदर पिचाई और उनकी टीम को और हमारे देशवासियों को इस शानदार दिवाली उपहार के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा, जियोफोन नेक्स्ट भारत के लिए डिज़ाइन किया गया एक किफायती स्मार्टफोन है, जो इस विश्वास से प्रेरित है कि भारत में हर किसी को इंटरनेट के अवसरों से लाभ उठाना चाहिए। इसे बनाने के लिए हमारी टीमों को जटिल इंजीनियरिंग और डिजाइन चुनौतियों को हल करने के लिए मिलकर काम करना पड़ा और मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि लाखों लोग अपने जीवन और समुदायों को बेहतर बनाने के लिए इन उपकरणों का उपयोग कैसे करेंगे। जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने मात्र 1999 रुपये की डाउनपेमेंट पर स्मार्टफोन लॉन्च कर तहलका मचा दिया है। जियोफोन नेक्स्ट नाम का यह स्मार्टफोन रिलायंस जियो और गूगल की साझेदारी में विकसित किया गया है। कंपनी ने जियोफोन नेक्स्ट की कुछ खास फीचर्स पर से पर्दा उठाया है। ड्यूल सिम : जियोफोन नेक्स्ट में दो सिम स्लॉट दिय गए हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें आप किसी भी एक स्लॉट में जियो के अलावा किसी दूसरी कंपनी का सिम भी इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन एक सिम स्लॉट में जियो सिम जरूर डालना पड़ेगा। दूसरी महत्वपूर्ण बात कि डेटा का कनेक्शन सिर्फ जियो सिम से जुड़ेगा। मतलब यह कि दूसरी कंपनी का सिम तो इस्तेमाल किया जा सकता है पर केवल बात करने के लिए डेटा के लिए जियो नेटवर्क का ही इस्तेमाल करना होगा। एसडी कार्ड स्लॉट : नए स्मार्टफोन में ड्यूल सिम स्लॉट के अलावा एक एसडी कार्ड स्लॉट अलग से दिया गया है। जो 512 जीबी तक के एसडी कार्ड को सपोर्ट करता है। स्क्रीन : 5.45 इंच की एचडी टचस्क्रीन, कोरनर गोरिल्ला ग्लास-3 के साथ। फीचर्स : 2जीबी रैम, 32जीबी इंटरनल मैमोरी, 512जीबी तक सपोर्ट करने वाला एसडी कार्ड स्लॉट, मल्टीटास्किंग के लिए 64 बिट सीपीयू के साथ क्वाड कोर क्यूएम215 चिपसेट। कैमरा : 13 मेगापिक्सल का रियर और 8 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा, नाइट मोड, पोट्रेट मोड और एचडीआर मोड से लैस, भारतीयों के लिए विशेष लेंस फिल्टर जैसे कि दिवाली फिल्टर। बैटरी : 3500 एमएएच की बैटरी, कंपनी का दावा है कि एक बार पूरी तरह चार्ज करने पर यह 36 घंटे तक काम करेगी। हाटस्पॉट बनाया जा सकेगा : कंपनी ने पहले जियोफोन के इतर जियोफोन नेक्स्ट को हाटस्पॉट में तब्दील किया जा सकेगा। ऑप्टिमाइज्ड ऐप्स : जियो और गूगल ने अपने प्रीलोडेड ऐप्स को ऑप्टिमाइज्ड किया है ताकि जियोफोन नेक्स्ट की परफॉर्मेंस शानदार बनी रहे। वॉयस असिस्टेंट : वॉयस असिस्टेंट यूजर्स को डिवाइस को ऑपरेट करने में मदद करता है (जैसे ऐप खोलें, सेटिंग्स को मैनेज करें आदि) साथ ही इंटरनेट से जानकारी/कंटेंट आसानी से उनकी अपनी भाषा में प्राप्त करने में सहायता करता है। यह उपयोगकर्ताओं को उस भाषा में बोलकर सामग्री का उपभोग करने की अनुमति देता है जिसे वे समझ सकते हैं। अनुवाद : उपयोगकर्ता को अपनी पसंद की भाषा में किसी भी स्क्रीन का अनुवाद करने के काबिल बनाता है। यह उपयोगकर्ताओं को अपनी पसंद की भाषा में किसी भी सामग्री को पढ़ने में भी मदद करता है। Jio और Google Apps प्रीलोडेड : डिवाइस में सभी उपलब्ध एंड्रॉइड ऐप का उपयोग किया जा सकता है। जिसे Google Play Store के माध्यम से डिवाइस में डाउनलोड किया जा सकता है। इस प्रकार Play Store पर उपलब्ध लाखों ऐप्स में से वे किसी भी ऐप को चुनने को स्वतंत्रता हैं। यह कई जियो और गूगल ऐप्स के साथ प्रीलोडेड भी आता है। स्वचालित सॉफ्टवेयर अपग्रेड : जियो फोन नेक्स्ट ऑटोमेटिक सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ अपडेट रहता है। इसके अनुभव समय के साथ बेहतर होते जाएंगे। यह इंटरनेट से जुड़ी परेशानियों से बचाने वाले सिक्योरिटी अपडेट के साथ भी आता है।
रांची। आसमान छूती पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम उपभोक्ताओं के बजट को खासा प्रभावित किया है। हर दिन बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल की कीमत का सीधा असर घरेलू सामानों से लेकर परिवहन व्यवस्था तक में पड़ा है। हर जरूरत की चीजें महंगी होती जा रही है। इन सबके बीच केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कोई राहत देने की सुगबुगाहट नहीं दिख रही है। 100 पार करने के बाद हर दिन एक नया रिकॉर्ड बना रहे पेट्रोल-डीजल के दाम में किसी तरह की रियायत देने से राज्य सरकार ने इनकार किया है। वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने पेट्रोल-डीजल पर किसी तरह के टैक्स को कम करने से इनकार करते हुए कहा है कि इसके लिए केंद्र सरकार को पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर राज्य की तुलना में केंद्र सरकार दोगुना टैक्स वसूलती है। ऐसे में ज्यादा पैसा केंद्र वसूलती है तो उसे इस दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास आय के सीमित संसाधन हैं और खर्च अधिक है। ऐसे में हम खर्चों में कटौती कैसे करेंगे। रांची में बुधवार को भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े। राजधानी रांची में पेट्रोल ₹102.41/लीटर और डीजल ₹102.19/लीटर रहा। 26 अक्टूबर की तुलना में डीजल के मूल्य में 37 पैसों की वृद्धि हुई वहीं पेट्रोल की कीमतों में 33 पैसों का इजाफा हुआ। इधर, पेट्रोल-डीजल के हर दिन बढ़ रहे मूल्य से महंगाई आसमान छू रही है। सब्जी से लेकर आम उपभोक्ता वस्तुओं के दामों में हर दिन हो रहे इजाफे से लोग परेशान हैं। इधर, डीजल के बढ़ रहे दाम ने परिवहन व्यवस्था को भी प्रभावित किया है। डीजल के मूल्य में लगातार हो रही वृद्धि पर बस चालक संघ ने नाराजगी जताई है। संघ के सचिव राणा बजरंगी सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार से पेट्रोल-डीजल के मूल्य को नियंत्रित करने की मांग करते हुए कहा कि सौ पार कर चुके पेट्रोल-डीजल के दाम ने बस संचालकों को बेदम कर दिया है। एक तरफ महंगाई बढ़ रही है वहीं दूसरी तरफ हर दिन डीजल के दाम बढ रहे हैं।
एबीएन डेस्क। रिलायंस जियो के नए स्मार्टफोन Jio Phone Next का मेकिंग वीडियो हाल ही में कंपनी ने रिलीज किया था। Jio Phone Next मेकिंग वीडियो से फोन के कई सारे फीचर्स की भी जानकारी मिली थी। अब गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा है कि Jio Phone Next दिवाली पर लॉन्च होगा। Jio Phone Next को गूगल और जियो की साझेदारी में तैयार किया गया है। Jio Phone Next के लिए गूगल ने खासतौर पर नया ऑपरेटिंग सिस्टम तैयार किया है जिसका नाम Pragati OS है और यह एंड्रॉयड पर आधारित है। सुंदर पिचाई ने अपने एक बयान में जियो फोन नेक्स्ट को लेकर कहा है कि यह भारत के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की नींव साबित होगा। उन्होंने आगे कहा कि अगले तीन से पांच सालों यह स्मार्टफोन भारतीय बाजार में छा जाएगा और इसका बड़ा कारण फोन की कीमत और फीचर्स होंगे। पिचाई ने कहा कि लोग फीचर फोन को छोड़कर स्मार्टफोन इस्तेमाल करना चाहते हैं। बाजार में ऐसे फोन की मांग भी काफी है लेकिन फोन उपलब्ध नहीं है। जियोफोन नेक्स्ट कुछ खास फीचर्स : जियो के इस नए स्मार्टफोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें वॉयस असिस्टेंट है। वॉयस असिस्टेंट यूजर्स को डिवाइस को ऑपरेट करने में मदद करता है (जैसे एप खोलें, सेटिंग्स को मैनेज करें आदि) साथ ही इंटरनेट से जानकारी/कंटेंट आसानी से उनकी अपनी भाषा में प्राप्त करने में सहायता करता है। इसके अलावा इस फीचर की मदद से आप बोलकर भी फोन पर कुछ सर्च कर सकेंगे। स्मार्ट कैमरा : कंपनी के दावे के मुताबिक जियो फोन में एक स्मार्ट और पावरफुल कैमरा है जिसमें पोर्ट्रेट मोड समेत विभिन्न फोटोग्राफी मोड हैं। उपयोगकर्ता चाहे तो अपने सब्जेक्ट को फोकस में रख कर उसके आस पास के बैकग्राउंड को ऑटोमोड में धुंधला कर सकता है इससे शानदार तस्वीरें कैप्चर होती हैं। फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा मिलेगा। नाइट मोड यूजर्स को कम रोशनी में भी शानदार तस्वीरें लेने की सुविधा देता है। कैमरा एप इंडियन ऑग्मेंटिड रियलिटी फिल्टर के साथ प्री-लोडिड आता है। यानी कैमरे में बहुत से फिल्टर पहले से ही लोड हो कर आते हैं। Jio और Google Apps प्रीलोडेड : डिवाइस में सभी उपलब्ध एंड्रॉइड ऐप का उपयोग किया जा सकता है। जिसे Google Play Store के माध्यम से डिवाइस में डाउनलोड किया जा सकता है। इस प्रकार Play Store पर उपलब्ध लाखों ऐप्स में से वे किसी भी ऐप को चुनने को स्वतंत्रता हैं। यह कई जियो और गूगल ऐप्स के साथ प्रीलोडेड भी आता है।
एबीएन बिजनेस डेस्क। मोदी सरकार एक बार फिर से आपको सस्ता सोना खरीदने का मौका दे रही है। सरकार एक बार फिर से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की शुरूआत करने जा रही है। 25 अक्टूबर से एक बार फिर से गोल्ड बॉन्ड स्कीम की शुरूआत की जा रही है। इस गोल्ड बॉन्ड स्कीम के तहत आप सस्ती दर पर सोने में निवेश कर अच्छा रिटर्न पा सकते हैं। इतना ही नहीं इसकी खरीद पर लोगों को अच्छा रिटर्न और टैक्स में भी छूट मिल रही है। 25 अक्टूबर से खरीदें सस्ता सोना 25 अक्टूबर, 2021 से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम की सातवीं सीरीज की शुरूआत हो रही है। 25 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक ये स्कीम खुलेगी, जिसके तहत आप सस्ती दरों पर सोना खरीद सकते हैं। रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया की ओर से जारी की जाने वाली इस गोल्ड बॉन्ड में आपको टैक्स छूट और रिटर्न मिलता है। वहीं ये पूरी तरह से सुरक्षित निवेश है।
एबीएन बिजनेस डेस्क । देश में तीन मुख्य सब्जियों की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने रविवार की कहा कि बफर स्टॉक जारी होने से प्याज की कीमतों को स्थिर किया जा रहा है, जबकि टमाटर और आलू की कीमतों में नरमी के प्रयास जारी हैं। सरकार ने कहा कि कीमतों में नरमी और न्यूनतम भंडारण हानि सुनिश्चित करने के लिए प्याज के स्टॉक को अगस्त के अंतिम सप्ताह से फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (एफआईएफओ) के आधार पर उचित तरीके से बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी के परिणामस्वरूप 14 अक्टूबर को महानगरों में खुदरा प्याज की कीमत 42 से 57 रुपए प्रति किलोग्राम के दायरे में पहुंच गई है। वही प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 37.06 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जबकि औसत थोक दर 30 रुपए प्रति किलोग्राम थी। खुदरा बाजारों में 14 अक्टूबर को प्याज की कीमत चेन्नई में 42 रुपए प्रति किलो, दिल्ली में 44 रुपए प्रति किलो, मुंबई मंक 45 रुपए प्रति किलो और कोलकाता में 57 रुपए प्रति किलो पर रही। खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्याज का बफर स्टॉक उन राज्यों में जारी किया जा रहा है जहां कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर हैं और कीमतें पिछले महीने की तुलना में बढ़ रही हैं। विभाग ने कहा कि 12 अक्टूबर, 2021 को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बंगलुरू, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में कुल 67,357 टन प्याज जारी किया गया।
एबीएन डेस्क। पिछले करीब 1 हफ्ते से देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में रोज वृद्धि हो रही है। पिछले हफ्ते 12 और 13 अक्टूबर को चार दिन तक लगातार पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ाने के बाद पेट्रोल कंपनियों ने थोड़ी राहत दी थी। पेट्रोल डीजल के बढ़ते भाव की वजह से लोगों के घरों का बजट गड़बड़ाने लगा है। क्या आप यह जानते हैं कि आपके कार या बाइक में डलने वाले पेट्रोल का भाव अब हवाई जहाज के ईंधन की तरह इस्तेमाल होने वाले एविएशन टर्बाइन क्यूल या एटीएफ (ATF) से ज्यादा महंगा हो गया है। अगर आज की कीमत के हिसाब से बात करें तो पेट्रोल का भाव अब हवाई जहाज के ईंधन की तुलना में 33 फीसदी तेज है। दिल्ली में एटीएफ का भाव 79 रुपए प्रति लीटर (79,020 रुपए किलोलीटर) है जबकि दिल्ली में पेट्रोल का भाव 106 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। पेट्रोल से क्यों सस्ता होता है जेट फ्यूल दरअसल, देश में पेट्रोलियम पदार्थों पर लगने वाले टैक्स के अलावा इनको रिफाइन करने में जो खर्च आता है उसकी लागत भी उपभोक्ताओं से वसूला जाता है। कच्चे तेल को रिफाइन कर उसके सभी बाइ प्रोडक्ट जैसे पेट्रोल, डीजल, जेट फ्यूल, किरोसीन और एलपीजी को बनाया जाता है। रिफाइनिंग की इस प्रक्रिया में जेट फ्यूल बनाने में लागत कम आती है। जेट फ्यूल एक परिष्कृत ईंधन नहीं है। वहीं पेट्रोल एक बेहद परिष्कृत ईंधन है। टैक्स नहीं बढ़ते तो पेट्रोल 75, डीजल 60 रुपए का मिलता पेट्रोल-डीजल की महंगाई के पीछे केंद्र व राज्य सरकारों के टैक्स सबसे बड़ी वजह हैं। ये दोनों उत्पाद सरकार की आय का प्रमुख स्रोत बन चुके हैं। पेट्रोल: 2014 में डीलरों को 49 रुपए लीटर की दर से पेट्रोल बेच रही थीं कंपनियां। डीलरों के मार्जिन के बाद कीमत थी 74 रुपए। तब केंद्र का टैक्स 14% और राज्य का 17% था। अब केंद्र 32% और राज्य 23% टैक्स ले रहे हैं। डीजल: 2014 में केंद्र का टैक्स और राज्य का 12% था। अब केंद्र 35% और राज्य 15% टैक्स ले रहे हैं। 31 राज्यों में पेट्रोल 100 के पार देश के 29 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दमन और दीव, छत्तीसगढ़, दिल्ली, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, गोआ, असम, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, मेघालय और राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपए लीटर के ऊपर है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse