करियर

View All
Published / 2026-06-24 18:27:52
झारखंड : 262 अभ्यर्थियों को सीएम ने सौंपा नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों के लिए 262 अभ्यर्थियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करने के दिये निर्देश 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय, प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न पदों के लिए चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईमानदारी से काम करने और आम जनता के पैसे से मिलने वाली सैलरी का सदुपयोग करने की सीख दी। 

जिन 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिये गये, उनमें जेपीएससी के माध्यम से स्थायी नियुक्ति प्राप्त करने वाले 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, अनुबंध पर नियुक्त होने वाले 151 विशेषज्ञ चिकित्सक, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या कहा 

नियुक्ति पत्र वितरण के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज की सभी नियुक्तियां महत्वपूर्ण पदों पर हुई हैं। हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर की भूमिका भी डॉक्टरों जितनी बड़ी है। 

सरकारी अस्पतालों को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं, ऐसे में आज नियुक्त हुए अधिकारी अब सरकार के अंग हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, इस बात को जरूर जेहन में रखियेगा कि जो भी वेतन आपको, हमको मिलता है, वह आम आदमी से ही लिया हुआ पैसा है। इसलिए जिस काम के लिए नियुक्ति हुई है, उस काम को पूरी ईमानदारी से करें। 

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत हर विभाग में नियुक्तियां की जा रही हैं और कई प्रक्रियाएं चल रही हैं। डॉक्टरों को भगवान का रूप मानने वाले लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी अब इन नए अधिकारियों पर है। सीमित संसाधनों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महानगरों जैसी चकाचौंध वाली व्यवस्था बनाने में समय लगेगा, लेकिन सीमित संसाधनों में बेहतर कैसे किया जाये, इस पर सोचना होगा। 

उन्होंने देश के बेहतर संस्थानों में नये अधिकारियों को ट्रेनिंग भेजने का भी निर्देश दिया। कोरोना काल का जिक्र करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि महामारी के दौरान सिर्फ बचाव ही इलाज था। सरकार बजट का 60% सैलरी पर खर्च करती है, इसलिए आम आदमी के प्रति जिम्मेदारी का अहसास रखना चाहिए।

Published / 2026-06-23 13:41:28
अवनी केजरीवाल बनीं नेशनल टॉपर

अवनी केजरीवाल बनीं नेशनल टॉपर

मारवाड़ी सम्मेलन ने दी बधाई, शीघ्र होगा सम्मान

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य एवं समाजसेवी मितेश केजरीवाल की सुपुत्री तथा डीपीएस रांची की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई 12वीं परीक्षा सत्र 2025-26 के पुनर्मूल्यांकन परिणाम में 500 में 500 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अवनी की इस असाधारण सफलता पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें तथा उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन तथा संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से जारी बधाई संदेश में कहा कि अवनी केजरीवाल ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे झारखंड और मारवाड़ी समाज का गौरव बढ़ाया है।

यह उपलब्धि राज्य के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पदाधिकारियों ने अवनी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी शिक्षा एवं जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने बताया कि झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा शीघ्र ही अवनी केजरीवाल को सम्मानित किया जाएगा।

Published / 2026-06-22 18:09:35
झारखंड : पहली बार होगी मैट्रिक-इंटर की विशेष परीक्षा

  • झारखंड में पहली बार होगी मैट्रिक-इंटर की विशेष परीक्षा, जैक ने जारी किया शेड्यूल

एबीएन कैरियर डेस्क। झारखंड एकेडमिक काउंसिल राज्य में पहली बार मैट्रिक और इंटरमीडिएट की विशेष परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। इसके साथ ही वर्ष 2026 की इंप्रूवमेंट (समुन्नत), कंपार्टमेंटल (संपूरक) और विशेष परीक्षा को लेकर परिषद ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

जैक की ओर से जारी सूचना के अनुसार, वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षा में उत्तीर्ण, अनुत्तीर्ण और आवेदन जमा करने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। इच्छुक छात्र-छात्राएं www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 

आवेदन पूर्व में जारी यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए जमा होगा। इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए विषयों की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। विद्यार्थी चाहें तो सभी विषयों की या केवल उन विषयों की परीक्षा दे सकते हैं जिनके प्राप्तांकों से वे संतुष्ट नहीं हैं।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में करीब 20 हजार विद्यार्थी असफल हुए थे, जबकि लगभग 1800 छात्र आवेदन करने के बावजूद परीक्षा नहीं दे सके थे। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में करीब 26 हजार विद्यार्थी असफल हुए, जिनमें विज्ञान संकाय के लगभग 15 हजार परीक्षार्थी शामिल हैं। 

आवेदन की तिथि

मैट्रिक

  • बिना विलंब शुल्क: 22 जून से 3 जुलाई
  • विलंब शुल्क के साथ: 4 जुलाई से 10 जुलाई

इंटरमीडिएट

  • बिना विलंब शुल्क: 25 जून से 7 जुलाई
  • विलंब शुल्क के साथ: 8 जुलाई से 13 जुलाई

Published / 2026-06-21 12:44:10
योग दिवस पर बीआईटी लालपुर की NSS इकाई ने किया योगाभ्यास

  • योग दिवस पर बीआईटी लालपुर की NSS इकाई ने किया योगाभ्यास

टीम एबीएन, रांची। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज बीआईटी लालपुर के NSS के तत्वाधान में निदेशक डॉ विजय कुमार झा की उपस्थिति में योग किया गया। 

इस आयोजन में संस्थान के शिक्षकों कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ विजय कुमार झा ने कहा की योग एक पूजा हैं जिस प्रकार पूजा हम प्रत्येक दिन नियमित तौर पर करते है ठीक उसी प्रकार योग भी प्रत्येक दिन करने की अभ्यास है। 

आप योग से तंदरुस्त और ऊर्जावान बने रहने की मुप्त की दवा को अपना बनाए और महँगी चिकित्सा से बच सकते हैं। NSS के संयोजक डॉ अभय रंजन श्रीवास्तव ने इस आयोजन में शामिल युवाओं और नन्हे बच्चों के शामिल होने पर बधाई देते हुए कहा कि योग अब घर घर पर किया जाने लगा है। 

डॉ संदीप नाथ शाहदेव डॉ अमृता प्रियम ने योग को अपने जीवन में उसी प्रकार शामिल करने का आह्वान किया जैसे अन्य कार्य।
आज के इस कार्यक्रम में राणा मिश्रा, अजय कुमार, मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह सहित छात्र छात्राओं और प्रांगण में रहने वाले बच्चे शामिल हुए।

Published / 2026-06-18 22:00:19
योग बच्चों की सुषुप्त प्रतिभा को उजागर करता है और वृद्धावस्था के रोगों को रोकता है : स्वामी मुक्तरथ

उपनयन एक वैज्ञानिक प्रयोग है जिसका मूल मंत्र है सूर्यनमस्कार, नाड़ीशोधन और गायत्री मन्त्र : स्वामी मुक्तरथ 

योग भारत की पहचान है जिसे सदियों पूर्व दुनिया ने स्वीकार किया है : प्रदीप कुमार झा, प्राचार्य, डीएवी गांधीनगर 

टीम एबीएन, रांची। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम अब पूरे देश में शुरू हो गयी है। राजधानी में भी योग के आचार्यों द्वारा जगह जगह पर योग की कार्यशाला आयोजित हो रही है। इस कड़ी में सत्यानन्द योग मिशन के प्रमुख स्वामी मुक्तरथ आज सीसीएल रांची के डीएवी गांधीनगर में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्रों को ध्यान और  योगाभ्यास कराये। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा और कई शिक्षक भी छात्र-छत्राओं के साथ मेडिटेशन किये।

प्राचार्य श्री झा स्वामी मुक्तरथ जी को शॉल और पौधे भेंट देकर स्वागत किये तथा बच्चों को संबोधित करते हुए बताये कि योग भारत की पहचान है। योग बहुत काल पहले भी था जो दुनिया में बहुत दूर-दूर तक फैला हुआ था और आज भी दुनिया को अपनी तरफ आकर्षित कर रहा है। विश्व का ध्यान भारत की ओर है जहां वो योग सीखने हर वर्ष यहां के आश्रमों में आते रहते हैं। योग अध्यात्म नही है यह विज्ञान है।  

स्वामी मुक्तरथ ने कहा कि योग कोई साधारण विद्या नही है। यह योग बच्चों के मस्तिष्क में छिपे सुषुप्त शक्ति के केन्द्रों को जागृत करता है और वृद्धावस्था में आने वाले रोग को रोकता है। 

इस वर्ष प्रधानमंत्री मोदी ने योग दिवस का थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखा है। जहां हम बच्चों के हार्मोन को देखते हुए उपनयन पद्धति का विकास किये थे वहीं बहुत सारी बीमारियों से बचाव के लिये भी योग को अपनाते रहे हैं। उपनयन संस्कार में योग की तीन मुख्य साधना बताई जाती थी, सूर्यनमस्कार, नाड़ीशोधन प्राणायाम और गायत्री मंत्र का जप जो बढ़ते उम्र में हार्मोनल असंतुलन को रोक देता है ताकि बच्चे उपद्रवी न हों, उनका मानसिक संतुलन बिगड़े नहीं। 

वृद्धावस्था को यदि देखा जाये तो उनके हिसाब से योग की जरूरत इस उम्र में बहुत है। रक्तचाप, थाईराइड,अनिद्रा, गठिया, कब्ज तथा बढ़ती उम्र में चिन्ता ये आम बीमारियां हैं जिसे योग काफी हद तक रोक सकता है या इसके प्रभाव को काफी कम कर सकता है। इसके लिए सरल योग के अभ्यास हैं।

पवनमुक्तासन ग्रुप-एक, नौका चालन, चक्की चालन, भुजंगासन, सर्पासन, सुप्त उदराकर्षन, नाड़ीशोधन, उज्यायी और भ्रामरी जैसी क्रिया। प्रधानमंत्री ने स्वस्थ वृद्धावस्था का नारा दिया है जो इन्हीं अभ्यासों से सफल होगा। 21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर स्वामी मुक्तरथ का मुख्य कार्यक्रम झारखण्ड उच्च न्यायालय, धुर्वा, रांची में होगा।

Published / 2026-06-15 20:27:28
नेताजी एकेडमी उच्च विद्यालय, होचर कांके, रांची की इंटरमीडिएट टॉप 3 अंशु कुमारी सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। नेताजी एकेडमी उच्च विद्यालय होचर, कांके, रांची की 2024 की मैट्रिक परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी अंशु कुमारी ने प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय, सदमा ओरमांझी,रांची से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर इंटरमीडिएट परीक्षा 2024 में टॉप 3 की लिस्ट में आकर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन की। 

आज विद्यालय के कार्यालय में अंशु कुमारी को विद्यालय के निदेशक डॉ बिरेन्द्र साहु के द्वारा सॉल ओढ़ाकर एवं प्रधानाचार्य शिव प्रसाद साहू के द्वारा अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। 

इस अवसर पर निदेशक डॉ बिरेन्द्र साहु ने बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें देते हुए कहा आज विद्यालय के लिए गर्व का विषय है जहां एक ओर मैट्रिक परीक्षा 2026 में विद्यालय की छात्रा आंचल कुमारी ने 97% अंक लाकर झारखंड टॉप12 में आई, वहीं इसी विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रा अंशु कुमारी ने इंटरमीडिएट 2026 की परीक्षा में 94.2% अंक लाकर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया गया। 

डॉ साहू ने कहा शिक्षा वह माध्यम है जिससे अपनी श्रेष्ठता दिखाने का अनुपम अवसर होता है। ग्रामीण समाज की बेटियां जो अभाव में पल-बढ़ रही है परंतु आज हर क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है। 

डॉ साहू ने बताया नेताजी एकेडमी उच्च विद्यालय की पूर्व छात्रा रही मीणा टोप्पो अभी प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय, सदमा में पढ़ा रही है। इसी विद्यालय में अंशु कुमारी पढ़कर झारखंड टॉप 3 बनी है। यह तीसरी पीढ़ी की सफलता है। 

प्रधानाचार्य शिवप्रसाद साहू ने कहा शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ाने की कोई उम्र नहीं होता है। अंशु कुमारी ने विद्यालय के मैट्रिक परीक्षा में मात्र 80% लाई थी परंतु अथक मेहनत व परिश्रम के फलस्वरुप उन्होंने इंटरमीडिएट में 94.6 % लाकर झारखंड के टॉप 3 में आई, जो अन्य बच्चों के लिए अनुकरणीय हैं। 

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकायें एवं बच्चे उपस्थित थे जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किये एवं बधाई दी। उक्त जानकारी प्रधानाचार्य शिवप्रसाद साहू (+919835347725) ने दी।

Published / 2026-06-14 17:37:28
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम) ने किया मेधा सम्मान 2026

  • अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (एबीकेएम) की ओर से मेधा सम्मान 2026 का आयोजन
  • सम्मानित हुए चित्रांश समाज के झारखंडभर के दसवीं और बारहवीं के छात्र

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, झारखंड की ओर से 14 जून ( रविवार ) को कायस्थ मेधा सम्मान 2026 का भव्य आयोजन किया गया। पुरानी विधानसभा सभागार, धुर्वा में आयोजित समारोह में झारखंड के सभी जिलों से आए 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शानदार सफलता के लिए ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का आरंभ गणेश वंदना व चित्रगुप्त महाराज की आरती के साथ किया गया। इस दौरान रागरंग की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इस अवसर पर बतौर उपस्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद तथा महासभा के केन्द्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय ने चित्रांश बच्चों के बीच जोश का बिगुल फूंका। श्री सहाय ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आपलोग ही देश का भविष्य हैं इसलिए आपको निखारना हमारा नैतिक जिम्मेदारी है।

मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि मौज़ूद भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व सांसद दीपक प्रकाश ने बच्चों के साथ बातचीत कर उनके सपने व अरमानों के बारे में जाना। कार्यक्रम में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी बी सहाय ने  यशस्वी भव का आशीष देकर बच्चों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेज से आई टीम ने छात्रों की करियर काउंसिलिंग की। 

इस अवसर पर डॉक्टर एच पी नारायण, डॉक्टर राघव शरण, दयाशंकर वर्मा, महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारी मुकेश कुमार, विवेक अखौरी, राजेश शरण तथा प्रांतीय पदाधिकारी डॉ. सी.बी. सहाय, सुशील कुमार लाल, सजल सहाय, राजेश सिन्हा, सुजीत सिन्हा, रवि कुमार, अनल सिन्हा, राकेश रंजन, बिट्टू , गुप्तेश्वर शंकर, सत्या वर्मा, स्मिता, प्रीति सिन्हा, आरती सिन्हा, रंगोली सिन्हा, इंदु श्रीवास्तव, उमा सिन्हा, रेणुबाला धार, अनुपमा, हर्षिता, प्रियता, रजनीश सिन्हा, आनंद गौरव एवं विशाल समर आदि ने सक्रिय योगदान दिया। 

कार्यक्रम का संचालन महासभा के वरीय पदाधिकारी राजेश सिन्हा  व सुजीत कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन वंदना राय ने किया।

Published / 2026-06-13 21:56:47
एनसीपी-2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय अनिवार्य जजेज कोर्स का आयोजन जुलाई के द्वितीय सप्ताह में रांची में

टीम एबीएन, रांची। भारतीय जिम्नास्टिक्स महासंघ द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों तथा नेशनल कॉम्पिटिशन पाथवे (एनसीपी)-2026 के अंतर्गत झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन, रांची द्वारा राज्य स्तरीय अनिवार्य जजेज कोर्स (स्टेट लेवल कम्पल्सरी जजेज कोर्स) का आयोजन जुलाई 2026 के द्वितीय सप्ताह में रांची में किया जायेगा। 

यह कोर्स पुरुष कलात्मक जिम्नास्टिक्स (एमएजी) एवं महिला कलात्मक जिम्नास्टिक्स (डब्ल्यूएजी) के ग्रेड-4 से ग्रेड-7 तक के जजों, प्रशिक्षकों तथा तकनीकी अधिकारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। कोर्स का मुख्य उद्देश्य राज्य में तकनीकी अधिकारियों की दक्षता एवं क्षमता का विकास करना तथा एनसीपी-2026 के अनुरूप प्रतियोगिताओं के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षित एवं योग्य जजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। 

कोर्स का संचालन भारतीय जिम्नास्टिक्स महासंघ द्वारा नामित तकनीकी विशेषज्ञों एवं फैकल्टी सदस्यों के मार्गदर्शन में किया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नवीनतम तकनीकी नियमों, जजिंग प्रक्रियाओं तथा प्रतियोगिता संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया जायेगा। कोर्स में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी से 1,000 (एक हजार रुपये मात्र) का पंजीकरण शुल्क लिया जायेगा। 

इस शुल्क के अंतर्गत प्रतिभागियों को कोर्स सामग्री, स्टेशनरी तथा स्मृति-स्वरूप टी-शर्ट उपलब्ध करायी जायेगी। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिला जिम्नास्टिक्स संघों से अनुरोध किया है कि वे इस कोर्स हेतु कम-से-कम दो पात्र प्रतिभागियों का नामांकन सुनिश्चित करें। 

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों को अपने यात्रा, आवास एवं भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। वहीं, कोर्स के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन द्वारा उपलब्ध करायी जायेंगी। 

कोर्स की विस्तृत तिथि, कार्यक्रम, पंजीकरण प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश शीघ्र ही जारी किये जायेंगे। झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिम्नास्टिक्स प्रशिक्षकों, जजों एवं तकनीकी अधिकारियों से इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अपनी तकनीकी योग्यता को अद्यतन करने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी झारखंड जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने दी। 

पंजीकरण एवं प्रविष्टि हेतु संपर्क 

  1. डॉ दीपक कुमार गुप्ता            6205523640 
  2. दीप कुमारी मांझी                 6204649850

Page 3 of 106

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse