राज काज

View All
Published / 2024-09-25 20:36:22
झारखंड : राज्यपाल ने दिलायी मुख्य न्यायाधीश को शपथ

टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल ने आज राज भवन में माननीय न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव को झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलायी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज राज भवन स्थित बिरसा मंडप में माननीय न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव को झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलायी। 

राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश को शपथ ग्रहण के उपरांत हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। इससे पूर्व राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने माननीय न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव का  झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति संबंधी वारंट को पढ़ा तथा राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी ने मुख्य न्यायाधीश को शपथ ग्रहण हेतु आमंत्रित किया।

मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के वरीय अधिकारीगण तथा झारखंड उच्च न्यायालय के पदाधिकारीगण व वरीय अधिवक्तागण मौजूद थे।

Published / 2024-09-25 20:35:19
नाला बीडीओ शिवाजी भगत सस्पेंड

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने शिवाजी भगत, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-107/20), तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी, नाला जामताड़ा को निलम्बित किया है। 

अजय कुमार तिर्की, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-141/20), तत्कालीन कार्यपालक दण्डाधिकारी-सह- अवर निबंधक, नगर उंटारी, गढ़वा के विरूद्ध झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत विभागीय कार्रवाई संचालित किए जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग में संकल्प जारी किया है।

Published / 2024-09-24 21:14:26
तारापीठ जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे करेगी विशेष इंतजाम

एबीएन सेंट्रल डेस्क (रामपुरहाट)। दुर्गा पूजा के पहले रामपुरहाट, तारापीठ और अन्य शक्तिपीठों के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किये गये हैं। दरअसल, पूजा के दौरान इन जगहों पर भक्तों की भीड़ उमड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने रामपुरहाट आने-जाने वाली पांच ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ा दी है। 

रेलवे सूत्रों के अनुसार, मंगलवार से नये कोच वाली ट्रेनें चलेंगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे भीड़ काफी नियंत्रित हो जायेगी। पिछले शनिवार से, दो ट्रेनों सियालदह-रामपुरहाट और हावड़ा-मालदह एक्सप्रेस में एक-एक सामान्य और तीन एसी कोच जोड़े गये हैं। वहीं, हावड़ा-रामपुरहाट एक्सप्रेस, गणदेवता एक्सप्रेस और कविगुरु एक्सप्रेस में मंगलवार से तीन अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं। जिनमें एक चेयरकार, एक स्लीपर और एक थ्री-एसी कोच शामिल हैं। ये तीन ट्रेनें बोलपुर, तारापीठ के लिए अधिक लोकप्रिय ट्रेनें हैं। ट्रेनों में अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से रहेंगे ताकि बाद में यात्री इन ट्रेनों में सफर कर सकें। 

हावड़ा मंडल के परिचालन एवं वाणिज्यिक विभाग के सूत्रों के अनुसार, तारापीठ जैसे शक्तिपीठों में हमेशा भक्तों की भीड़ लगी रहती है। इस क्षेत्र में कई अन्य सतीपीठ भी हैं। वहां भी भक्तों की भीड़ लगी रहती है। सप्ताह के अंत तक भीड़ बढ़ने के कारण यात्रियों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल पाती है। कई बार तो करीब तीन, साढ़े तीन घंटे तक खड़े होकर सफर करने का कष्ट झेलना पड़ता है। इससे दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कोच उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

Published / 2024-09-23 21:20:20
तोरपा : सरकार आपके द्वार में पहुंचे सीएम हेमंत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, तोरपा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड अंतर्गत एनएचपीसी मैदान में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खूंटी एवं सिमडेगा जिले को लगभग 734 करोड़ 55 लाख रूपए की योजनाओं की सौगात दी। मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

Published / 2024-09-23 21:16:59
झारखंड : इस बार दो से तीन चरणों में चुनाव की तैयारी

झारखंड पहुंची निर्वाचन आयोग की टीम, इस बार इतने चरणों में कराये जा सकते हैं चुनाव संपन्न

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने को लेकर निर्वाचन आयोग की टीम सोमवार को रांची पहुंची। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में यह टीम रांची पहुंची है। 23 और 24 सितंबर को चुनाव आयोग की टीम कई महत्वपूर्ण बैठक करने वाली है। 

इसमें वरीय अधिकारी से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो इस बार दो से तीन चरणों में चुनाव संपन्न कराये जा सकते हैं। सोमवार को निर्वाचन आयोग की चार बैठकें निर्धारित हैं। दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंची चुनाव आयोग की टीम राजनीतिक दलों, प्रवर्तन एजेंसी और सरकारी अधिकारियों के साथ कई बैठकें करेगी। 

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने कहा, सोमवार को चार बैठकें निर्धारित हैं। निर्वाचन आयोग छह राष्ट्रीय और तीन क्षेत्रीय दलों सहित नौ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेगा। 

झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले, यहां 2019 में 81 विधानसभा सीट के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में चुनाव हुए थे। जिसके नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किये गये थे। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि इस बार चुनाव दो से तीन चरणों में कराये जाने की संभावना है।

Published / 2024-09-22 21:05:53
23 को खूंटी में दहाड़ेंगे सीएम हेमंत सोरेन

23 सितंबर को खूंटी आयेंगे सीएम हेमंत सोरेन, आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में होंगे शामिल

टीम एबीएन, खूंटी/ रांची। 23 सितंबर को सीएम हेमंत सोरेन खूंटी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल होंगे। 23 सितंबर को खूंटी और सिमडेगा जिला के लिए संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड में प्रस्तावित किया गया है। 

जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खूंटी पहुंचेंगे और संयुक्त कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बीच सबसे खास बात यह है कि इसी दिन भाजपा का भी खूंटी में परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम होने वाला है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। जहां जेपी नड्डा खूंटी के कचहरी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। 

आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर शनिवार शाम को समाहरणालय सभागार में डीसी लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान डीसी लोकेश मिश्रा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

साथ ही कार्यक्रम स्थल पर लाभुकों को लाने की व्यवस्था, उनके बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, जलपान की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा शिलान्यास और उद्घाटन से संबंधित तैयारी, परिसंपत्ति वितरण से संबंधित तैयारी, योजनाओं एवं विभागों से जुड़े स्टॉल का अधिष्ठापन, कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार समेत अन्य व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। 

कार्यक्रम को लेकर डीसी लोकेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि प्राथमिकता के आधार पर समय रहते तैयारियों को पूरी कर लें, जिससे सफलता पूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया जा सके। इस बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आइटीडीए, सभी विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Published / 2024-09-18 23:42:45
कल आयेंगी राष्ट्रपति, तैयारी पूरी

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आ रही हैं रांची, ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में करेंगी शिरकत

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार (19 सितंबर) को रांची आ रही हैं। वे 20 सितंबर को रांची के नामकुम स्थित राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (ICAR-NISA) के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य इस खास अवसर पर मौजूद रहेंगे। संस्थान के निदेशक डॉ अभिजीत कर ने बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ये जानकारी दी।

रांची के नामकुम में राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान है। इसे पहले भारतीय प्राकृतिक राल एवं गोंद अनुसंधान संस्थान और भारतीय लाख अनुसंधान संस्थान के रूप में जाना जाता था। ये संस्थान 20 सितंबर 2024 को अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्थान में शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी।

मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शताब्दी समारोह में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Published / 2024-09-18 19:43:43
जामताड़ा : सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम हेमन्त

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज जामताड़ा जिला के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत धनुकडीह मैदान में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। 

दुमका एवं जामताड़ा जिले को लगभग 875 करोड़ रुपये की दी सौगात, विभिन्न विकास योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

Page 95 of 351

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse