टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार में कुल 11 मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन में सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई है। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
कांग्रेस से विधायक इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर हेमंत कैबिनेट में मंत्री बने हैं। जबकि झामुमो से दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन, रामदास सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू और चमरा लिंडा मंत्री बने हैं।
रामदास सोरेन की बात करें तो उन्हें चंपई सोरेन की जगह पर मंत्री बनाया गया है। वहीं, आरजेडी से संजय प्रसाद यादव ने शपथ ली। जो गोड्डा से तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने भाजपा के अमित मंडल को हराया था। संजय प्रसाद को लालू परिवार का करीबी माना जाता है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक ही मंत्री पद मिला है। पार्टी ने 6 सीट पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 4 पर उसके उम्मीदवार विजयी हुए। बता दें कि इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े घटक झामुमो ने 43 सीट पर चुनाव लड़ा और 34 सीट जीतीं, जो विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा जीती गयी अब तक की सबसे अधिक सीट है।
कांग्रेस को 16, राजद को चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) (भाकपा-माले) लिबरेशन को दो सीट मिलीं। भाजपा ने 68 सीट पर चुनाव लड़ा, 21 सीट पर जीत हासिल की और विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने लगातार दूसरी बार झारखंड में सत्ता हासिल की और 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट हासिल की। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 24 सीट मिली।
टीम एबीएन, रांची। हेमंत मंत्रिमंडल का गुरुवार को गठन हो गया। 11 मंत्रियों को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। सबसे पहले राज्यपाल ने प्रोफेसर स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर के पद की शपथ दिलायी।
वहीं मंत्री के रूप में राधाकृष्ण किशोर ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद दीपक बिरूआ, चमरा सिंडा, संजय प्रसाद यादव, रामदास सोरेन, इरफान अंसारी, ङफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार और शिल्पी नेहा तिर्की ने मंत्री पद की शपथ ली।
इस मंत्रिमंडल में छह नये चेहरों को जगह दी गयी है। नये चेहरों में झामुमो के चमरा लिंडा, सुदिव्य सोनू और योगेंद्र प्रताप, कांग्रेस की ओर से शिल्पी नेहा तिर्की और राधा कृष्ण किशोर और राजद की ओर गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव को हेमंत कैबिनेट में जगह मिली है। इस मंत्रिमंडल में झामुमो के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक विधायक को जगह मिली है।
हेमंत कैबिनेट में संथाल परगना से चार विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी गयी है। इसमें मधुपुर से हफीजुल अंसारी, जामताड़ा से डॉ इरफान अंसारी, महगामा से दीपिका पांडेय सिंह और गोड्डा से संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। पलामू प्रमंडल से कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर को शामिल किया गया है। कोल्हान से रामदास सोरेन और दीपक बिरूआ, दक्षिणी छोटानागपुर से दो और कोयलांचल से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के पद पर वरीय जेएमएम नेता विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।वहीं मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 11 विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
टीम एबीएन, रांची। मंत्रिपरिषद विस्तार की चल रही प्रक्रिया के बीच राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गयी है। एक तरफ सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राजद पांच दिसंबर को राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी कर रही है और मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों की सूची फाइनल कर राजभवन भेजने की तैयारी में है। वहीं दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी इंडिया गठबंधन पर मंत्री बनने की होड़ का आरोप लगाकर निशाना साध रही है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि मंत्री बनने की स्थिति ऐसी है कि एक अनार और सौ बीमार जैसी हो गयी है। राज्य में ऐसा पहली बार हुआ है जब अकेले मुख्यमंत्री ने शपथ ली है और एक सप्ताह बाद मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर अभी से घमासान दिखने लगा है।
इस बीच कांग्रेस ने भाजपा द्वारा उठाये गये सवाल पर पलटवार करते हुए कहा है कि जो पार्टी 13 दिन तक महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री नहीं चुन पायी, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा कितनी हताश है और हार के कारण इस तरह का बयान जारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश सिन्हा ने कहा है कि मंत्रिपरिषद विस्तार के बारे में बोलने का भाजपा को कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच बुधवार को देर शाम तक राजभवन में शपथ ग्रहण की तैयारियां चलती रहीं। पांच दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे राजभवन स्थित फूलो झानो उद्यान में हेमंत मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नवनियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। जानकारी के अनुसार झामुमो कोटे से छह, कांग्रेस से चार और राजद से एक मंत्री बनाये जायेंगे आज देर शाम तक मंत्रियों की सूची मुख्यमंत्री कार्यालय से राजभवन भेज दी जायेगी। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने मंत्रियों की सूची मुख्यमंत्री को सौंप दी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, छीपादोहर/लातेहार, (पलामू)। आयुक्त के सचिव-सह-उपनिदेशक कल्याण बिजय वर्मा ने पलामू प्रमंडल अंतर्गत लातेहार जिले के राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय बालक मध्य विद्यालय, छीपादोहर एवं राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, हेंदेहास का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने इन विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था की हकीकत को जाना। साथ ही बच्चों को उपलब्ध होने वाले स्कूल कीट (पाठ्य सामग्री), पोशाक एवं जूते का भी अवलोकन किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली।
उन्होंने विद्यार्थियों के हॉस्टल की व्यवस्था, बेड, बिछावन, तकिया, मछरदानी, शुद्ध पेयजल, नास्ता, भोजन की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति, उनके द्वारा अध्यापन कार्य कराए जाने की व्यवस्था, मेन्यू आधारित भोजन दिये जाने की व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं की सूक्ष्मता से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय बालक मध्य विद्यालय, छीपादोहर का निरीक्षण के दौरान घंटी आधारित शिक्षक रेश्मा कौशर, नंद किशोर कुमार, विजय दशमी बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित पाये गये।
इन अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण का सख्त निर्देश देते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा कार्रवाई के लिए लिखते हुए उनके माध्यम से रिपोर्ट भेजने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही अध्यापन के समय कक्षा में पढ़ाने के बजाए कॉपी काटते नजर आये घंटी आधारित शिक्षक विक्रम कुमार गौरव एवं अनीस कुजूर को कड़ी चेतावनी देते हुए अध्यापन कार्य कराने का सख्त निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई की अवधि में विद्यार्थियों को पढ़ाने के अलावा अन्य कार्य नहीं किये जाएं। उन्होंने विद्यालय से अनुपस्थित विद्यार्थियों की उपस्थिति हेतु उनके अभिभावकों से अविलंब संपर्क स्थापित करते हुए ड्रॉप आउट होने की संभावना से बचाते हुए विद्यालय में उपस्थित कराने एवं उन्हें शिक्षण कार्य से जोड़े रखने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी कक्षाओं का निरीक्षण कर अध्ययनरत विद्यार्थियों से बातचीत की। उनके पाठ्य सामग्री पोशाक, जूते आदि का अवलोकन किया। कई विद्यार्थी पूर्ण पोषाक धारण नहीं किये हुए थे। वहीं कई विद्यार्थी चप्पल पहनकर कक्षा में उपस्थित पाये गये। इसपर आयुक्त के सचिव ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्राचार्य को व्यवस्था सुधारने का सख्त निर्देश दिया। इधर, अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, हेंदेहास के औचक निरीक्षण के दौरान मुक्कमल सफाई व्यवस्था नहीं पायी गयी।
वहीं शिक्षक नवीन कुमार मेदिनीनगर से आवाजाही करते हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पिछले तीन दिनों से सोलर सिस्टम खराब पड़ा है। इससे बच्चों को पेयजल एवं शौचालय जाने में समस्याएं आ रही हैं। इसके अलावां आवासन एवं कक्षाओं में प्रकाश व्यवस्था में कमी पायी गयी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा इसकी सूचना किसी वरीय पदाधिकारियों को नहीं दी गई है और न ही सोलर सिस्टम बनवाने की कोई ठोस पहल ही की गयी है। हॉस्टल एवं कक्षाओं में समुचित प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण शौच हेतु विद्यार्थी विद्यालय के बाहर जाने को मजबूर पाये गये। इसपर आयुक्त के सचिव-सह-उपनिदेशक कल्याण ने कड़ी हिदायत देते हुए सोलर सिस्टम को शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा हॉस्टल में विद्यार्थियों को बिछावन उपलब्ध कराने एवं स्वच्छ रखने का निर्देश दिया।
आपूर्तिकर्ता द्वारा आपूर्ति की गई सभी सामग्री का रजिस्टर मेंटेन का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने विद्यालय की कमियों को दूर करने हेतु समयबद्धता के साथ कोई पहल नहीं किये जाने को लेकर प्रधानाध्यापक जीतन मरांडी को स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में राज्य में विधि व्यवस्था का संधारण एवं अपराध नियंत्रण, अवैध माइनिंग पर रोक, मादक पदार्थ पर नकेल कसने एवं साइबर क्राइम पर लगाम लगाने से संबंधित एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से राज्य में विधि व्यवस्था, अवैध माइनिंग पर रोक तथा विभिन्न प्रकार के अपराध नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी रखी गयी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए प्रयास किए हैं और इस तरह के उग्रवाद के शेष दुष्प्रभावों को जल्द ही खत्म कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजों को एक बार में खत्म नहीं किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि राज्य में बेहतर विधि व्यवस्था का संधारण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनियोजित अपराध को रोकने के लिए पुलिस एक प्रभावशाली प्लान तैयार कर चिन्हित अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑर्गनाइज्ड क्राइम तभी रुकेगा जब स्ट्रांग पुलिसिंग का डर अपराधियों के भीतर दिखाई दे। पुलिस का भय अपराध करने वालों में होना आवश्यक है। मुख्यमंत्री के समक्ष पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पिछले 3 वर्षों में विभिन्न अपराध कांडों में कमी आयी है।
दहेज हत्या से प्रभावित जिलें पलामू गढवा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद एवं सामान्य हत्या बोकारो में ज्यादा फोकस करते हुए इन कांडों में नियंत्रण के किए कार्य किये जा रहे हैं। सामान्य हत्या शीर्ष में रांची, गुमला तथा चाईबासा जिला में भी कार्रवाई की जा रही है।
सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस राज्य में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की रोकथाम के लिए व्यापक विशेष अभियान चलाकर लोगों को कानून की जानकारी दें। शहरी एवं ग्रामीण सभी जगहों के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के विषय पर जानकारी दें।
जागरूकता से ही मादक पदार्थ के सेवन में कमी आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए प्लान के साथ आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत कई वर्षों से पुलिस ने अभियान चलाकर हजारों एकड़ में अफीम की तैयार फसल नष्ट भी की है, लेकिन इसके बावजूद वन भूमि में अफीम के धंधे को पूरी तरह रोक पाना मुमकिन नहीं हो पाया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फ़ॉरेस्ट डिपार्टमेंट के साथ बेहतर समन्वय बना कर वनभूमि में हो रही अफीम की खेती को जड़ से नष्ट करें तथा यह सुनिश्चित करें कि वैसी जगहों पर दोबारा नशीले पदार्थों की खेती न हो।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को राज्य में अवैध खनन को हर हाल में रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अवैध खनन स्वीकार्य नहीं है। इससे राज्य की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि नदियों से बालू के अवैध खनन को भी रोका जाना चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार 5 दिसंबर को किया जायेगा। दोपहर 12:30 बजे से राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह है।
हेमंत सोरेन के 14वें सीएम के रूप में शपथ लेने के बाद सबकी निगाहें कैबिनेट विस्तार पर टिकी थीं। मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था. तरह-तरह के कयास लगाये जा रहे थे।
अब तारीख तय हो गयी है। राजभवन के बिरसा मंडप में पांच दिसंबर को हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार होगा। शपथ ग्रहण समारोह में झामुमो, कांग्रेस और राजद से चयनित विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पांच दिसंबर को सोरेन कैबिनेट का विस्तार होगा। जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और लेफ्ट के विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि किस दल से कितने मंत्री बनेंगे, अभी तक इसका खुलासा नहीं हो सका है। जबकि, इससे पहले 28 नवंबर को राज्य में हुए शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। बता दें कि, हेमंत सोरेन चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं।
सूत्रों के अनुसार, जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी से ही मंत्री बनाए जाने हैं, इसमें जेएमएम से छह, कांग्रेस से चार, आरजेडी से एक मंत्री बनेंगे। जबकि अन्य सहयोगी दल सीपीआई (एमएल) (एल) ने मंत्री पद लेने से मना कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, हेमंत सोरेन के अकेले शपथ लेने की वजह ये थी कि गठबंधन में मंत्री पदों के लेकर सहमति नहीं बन सकी थी।
झारखंड में राजद के एक विधायक को भी मंत्री पद दिया जाना है। इसमें सबसे पहला नाम देवघर के विधायक सुरेश पासवान है, जो राजद विधायक दल के नेता चुने गये हैं।
राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के साथ ही हेमंत सोरेन ने घोषणा की थी कि जल्द ही विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जायेगा। जिसमें 9 दिसबंर से 12 दिसबंर तक विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा। जिसमें विधायकों से शपथ ग्रहण के साथ-साथ सदन में विश्वास मत भी हासिल किया जा सकता है।
वहीं इससे पहले कैबिनेट विस्तार पर झामुमो नेता मनोज पांडे की तरफ से कहा गया था कि, राज्य में एक संतुलित मंत्रिमंडल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा था कि, पांच विधायकों पर एक मंत्री के फॉर्मूले पर चर्चा की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse