टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज यानी बुधवार को नेशनल इंस्टिट्यूट आॅफ एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी (एनआईएएमटी), रांची में एडवांस्ड इन फाउंड्री एंड फार्मिंग टेक्नोलॉजी विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने इस आयोजन के लिए डिपार्टमेंट आॅफ फाउंड्री एंड फोर्ज, एनआईएएमटी एवं इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग (इंडिया), झारखंड स्टेट सेंट को बधाई दी।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि फाउंड्री और फॉर्मिंग तकनीक औद्योगिक विकास की रीढ़ है, जो निर्माण, आटोमोबाइल, एयरोस्पेस और रक्षा जैसे क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने एनआईएएमटी की समृद्ध परंपरा और तकनीकी अनुसंधान में इसके योगदान की सराहना की।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय संतुलन के बीच सामंजस्य स्थापित करना आज बड़ी आवश्यकता है। राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि टिकाऊ प्रौद्योगिकियां, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण-संवेदनशील नवाचार न केवल उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि सतत विकास के लिए नये अवसर भी प्रदान करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण व लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे। राज्यपाल ने यह भी सुझाव दिया कि एनआईए हटिया और आसपास के क्षेत्रों को गोद लेकर सक्रियता से कार्य करते हुए शिक्षा, स्वच्छता और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाये, जिससे यह संस्थान सामाजिक सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
राज्यपाल ने आशा प्रकट की कि यह सम्मेलन तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच बनेगा और भावी पीढ़ी के इंजीनियरों एवं वैज्ञानिकों को प्रेरित करेगा। उन्होंने एनआईएएमटी को तकनीकी और शैक्षणिक क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां प्राप्त करने तथा देश के विकास में योगदान देने के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
टीम एबीएन, रांची। पुलिस ने कन्या पाठशाला स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोपी फिरोज अली को जेल भेज दिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले चार पुलिस कर्मियों को रांची जोनल आईजी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस संबंध में बताया जा रहा है छात्राओं के साथ हो रहे छेड़खानी की शिकायत करने कन्या पाठशाला के शिक्षक महिला थाना गये।
वहां कहा गया कि यहां पति-पत्नी के मामले का निपटारा होता है। इसके बाद बिना शिकायत दर्ज किये कोतवाली थाना भेज दिया गया। जब शिक्षक कोतवाली थाना पहुंचे, तो वहां के मुंशी ने आवेदन लेकर उसपर किसी अपने वरीय पुलिस पदाधिकारी को इसकी जानकारी नहीं दी, न ही समय रहते कोई कार्रवाई की। इस मामले में आईजी ने दो मुंशी और दो एएसआई को सस्पेंड कर दिया।
मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मामले की जांच के लिए कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एसआइटी गठित की गयी थी। प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपी ने घृणित कार्य किया है। उसने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी। पूर्व में भी यह एक मामले में जेल जा चुका है। छेड़छाड़ के मामले की पुलिस स्पीडी ट्रायल करा कर आरोपी को सख्त सजा दिलाने का अनुरोध कोर्ट से करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपी को जिन लोगों ने संरक्षण दिया था, उनकी भी पड़ताल की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने अमित कुमार, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-304/20), तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी, श्रीबंशीधरनगर नगर पंचायत, गढ़वा के विरूद्ध असंचयात्मक प्रभाव से दो वेतन वृद्धि पर रोक का दंड अधिरोपित किया है।
मनोज कुमार, झा0प्र0से0, (कोटि क्रमांक-50/20), तत्कालीन अंचल अधिकारी, नामकुम, रांची के विरूद्ध झारखण्ड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-14(्र) के तहत निंदन का दंड अधिरोपित किया है। इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने संकल्प जारी किया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार राजधानी रांची में बस यात्रा को सुगम बनाने और प्रदूषण को कम करने की कवायद में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी में है। ताकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफर आसान और सुविधाजनक हो सके। इसी सिलसिले में राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोमवार को विभाग के आला अफसरों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस पर विस्तार के साथ चर्चा की।
नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि रांची में ई-बसों के नियमित अंतराल पर परिचालन की योजना हर हाल में धरातल पर उतारें। सिस्टम इस तरह विकसित किया जाना चाहिए कि सभी प्रमुख रूटों पर हर पांच मिनट पर लोगों को ई-बस उपलब्ध हो।
ऐसा होने से शहर में प्रदूषण और सड़क जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। साथ ही मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी शहरों में सड़कों की स्थिति की स्कैनिंग कर उन्हें दुरुस्त करने की योजना पर जल्द से जल्द काम शुरू करायें।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने प्रभात कुमार, झा0प्र0से0 (को0क्र0- 754/03), सम्प्रति-निलंबित, मुख्यालय- प्रमंडलीय आयुक्त का कार्यालय, द0छो0 प्रमंडल, रांची को निलंबन से मुक्त किया जाता है।
भूमि सुधार उपसमाहर्ता जामताड़ा के पद पर योगदान नहीं करने के कारण राज्य सरकार ने निलंबित किया था। इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी किया है।
टीम एबीएन, रांची। रांची में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) कार्यालय के सभी प्रवेश बिंदुओं पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है और अवरोधक लगाये गये हैं। सितंबर में आयोजित एक भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों के प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
रांची जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे से 20 दिसंबर रात आठ बजे तक एसएससी कार्यालय के 500 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। जेएसएसयू नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भारी सुरक्षा इंतजाम और निषेधाज्ञा के बावजूद छात्र जेएसएससी कार्यालय के पास इकट्ठा हो रहे हैं। हमारा मकसद आयोग की दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया को रोकना है।
उन्होंने कहा कि सभी 24 जिलों से हजारों अभ्यर्थी रांची पहुंचे हैं और वे एसएससी कार्यालय का घेराव करेंगे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी प्रवेश बिंदुओं पर जांच सुनिश्चित की जा रही है और किसी को भी बिना जांच के प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। रांची प्रशासन ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वह आंदोलन से निपटने के लिए तैयार है। प्रशासन ने छात्रों से किसी भी तरह के आक्रामक प्रदर्शन से दूर रहने का भी आग्रह किया।
विज्ञप्ति में कहा गया- ऐसी गतिविधियों से न केवल कानून-व्यवस्था बिगड़ती है बल्कि इससे उनकी (आंदोलनकारी छात्रों की) शिक्षा, भविष्य और करियर पर भी गहरा असर पड़ सकता है। छात्र जेजीजीएलसीसी परीक्षाओं को लेकर विरोध कर रहे हैं जिसके माध्यम से सरकार में ज्यादातर जूनियर स्तर के पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।
परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर 30 सितंबर को जेएसएससी कार्यालय के बाहर एक बड़ा प्रदर्शन हुआ था। जेएसएससी ने अभ्यर्थियों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। आरोपों को खारिज करते हुए जेएसएससी सचिव सुधीर गुप्ता ने कहा कि परीक्षा स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की गयी थी।
टीम एबीएन, पलामू। मंईयां सम्मान योजना के तहत राशि जारी नहीं होने से झारखंड सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि पैसा मिलने में देरी क्यों हो रही है। अब सरकार की ओर से इसका जवाब आ गया है। दरअसल, प्रशासनिक प्रक्रिया में देरी होने के कारण मंईयां सम्मान योजना की राशि अब तक महिलाओं के खाते में नहीं आ पार्यी है।
जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और लाभुकों के खाते में उतनी ही राशि जाएगी। यह बात झारखंड सरकार के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कही है। राधाकृष्ण किशोर पलामू स्थित कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार जो भी घोषणा करती है, उसे पूरा भी करती है। 50 लाख लाभुकों के खाते में हर महीने 2500-2500 रुपये दिए जाने हैं।
उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना की राशि पूरी करने के लिए सरकार कई बिंदुओं पर काम कर रही है। झारखंड को 70 फीसदी राजस्व कमर्शियल डिपार्टमेंट से मिलता है। राजस्व में बढ़ोतरी होने से मंईयां सम्मान योजना की राशि पूरी हो जायेगी।
टीम एबीएन, देवघर/ रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने आज शुक्रवार को देवघर के बाबा मंदिर में पूजा अर्चना की। देवघर बाबा मंदिर पहुंचने पर पुरोहितों द्वारा पूरे वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चारण के साथ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक किया।
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने पूरे विश्व में शांति, देश का कल्याण और राज्य के कल्याण की कामना बाबा बैद्यनाथ से की। इस अवसर पर देवघर के उपायुक्त विशाल सागर, एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग समेत देवघर के वरीय अधिकारी और स्थानीय तीर्थ पुरोहित मौजूद थे।
बता दें कि इससे पहले देवघर एयरपोर्ट पर हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। मौके पर सारठ के विधायक उदय शंकर सिंह, संथाल परगना कमिश्नर लालचंद दादेल, संथाल परगना आईजी क्रांति कुमार, डीआईजी संजीव कुमार, उपायुक्त विशाल सागर और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
एयरपोर्ट परिसर में जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री को गार्ड आफ आनर दिया। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला संथाल परगना दौरा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse