राज काज

View All
Published / 2025-01-10 17:38:45
झारखंड : राज्यकर्मियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ जल्द

  • झारखंड के राज्यकर्मियों के लिए Good News, जल्द मिलेगा स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। राज्यकर्मियों को 10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस मिलेगा। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू किये जाने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। शीघ्र ही इस आशय का प्रस्ताव मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में लाया जायेगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद झारखंड में राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू कर दिया जायेगा।

राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू हो जाने के बाद स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखण्ड, रांची के संकल्प सं०-185 (13) दिनांक- 31.07.2023 द्वारा राज्य के कार्यरत, सेवानिवृत्त कर्मियों, पदाधिकारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जायेगा।

उक्त योजना अंतर्गत राज्य विधान सभा के वर्तमान सदस्य, राज्य की सभी सेवाओं के कर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मियों तथा उनके परिवार के उन पर आश्रित सदस्यों, जिनमें उनके पति, पत्नी, पुत्र, वैध दत्तक पुत्र (25 वर्ष की आयु तक बशर्ते बेरोजगार हो), पुत्री (अविवाहित, विधवा, परित्यक्ता पुत्री) नाबालिग भाई एवं अविवाहित बहन एवं आश्रित माता-पिता (प्रतिमाह 9000/- और उस पर तत्समय अनुमान्य महंगाई राहत से कम पेंशन प्राप्त करने वाले) सम्मिलित होंगे, को सम्मिलित रूप से 05 (पांच) लाख रूपये प्रतिवर्ष की अधिसीमा के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जायेगा। 

राज्य कर्मियों, सेवानिवृत कर्मियों के दिव्यांग आश्रितों को आजीवन स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान किया जायेगा। राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना अंतर्गत लाभुकों एवं उनके आश्रितों को एक परिवारिक इकाई मानते हुए प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जायेगा। 

चिन्हित गंभीर बीमारी, जो Annexure A के रूप में संलग्न है, के मामले में चिकित्सा प्रदान करने वाले सम्बंधित अस्पताल की अनुशंसा पर 50 करोड़ रुपये के संधारित कॉरपोरेट बफर (Corporate Buffer) में से ऐसी गंभीर बीमारियों की चिकित्सा पर 05 लाख रुपये तक की अतिरिक्त अधिसीमा अर्थात कुल 10 लाख रुपये की अधिसीमा तक की चिकित्सा पर हुए व्यय का वहन किया जायेगा।

झारखण्ड स्टेट आरोग्य सोसायटी के स्तर पर किसी बीमित कर्मी के बीमा राशि से अधिक राशि का चिकित्सा व्यय होने की स्थिति में अतिरिक्त चिकित्सा व्यय वहन हेतु एक कार्पस फण्ड (Corpus Fund) संधारित किया जायेगा, जिससे ऐसे मामलों में भुगतान किया जा सकेगा।

Published / 2025-01-09 18:04:13
भारतीय संस्कृति की परंपरा है पतंग उत्सव : संजय सेठ

13 जनवरी को रातू रोड के ओ टी सी मैदान में नमो पतंग उत्सव की दिखेगी झलक 

हजारों की संख्या में लोग पतंग उत्सव का उठायेंगे आनंद 

श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा नमो पतंग का किया जायेगा वितरण 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति, रांची के सानिध्य में सोमवार 13 जनवरी 2025 को ओ टी सी ग्राउंड (रातू रोड) के मैदान में नमो पतंग उत्सव का आयोजन रखा गया है। समिति की प्रेस वार्ता में रांची के भाजपा सांसद व रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया पतंग उत्सव की शुरुआत  2006 में अरगोड़ा मैदान से की थी। जो निरंतर अब प्रत्येक वर्ष होता आ रहा है। 

समिति के संरक्षक सह रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ व अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया की 19 साल से  हिंदू भारतीय संस्कृति में आने वाली पीढ़ियों को जागृत करने के लिए हिंदू धर्म के संग हमारी भारतीय संस्कृति का पूर्ण निर्वाह करते हुए आज भी हम पतंग उत्सव, मकर संक्रांति, लोहड़ी, टुसू  सहित अन्य त्योहारो को बड़े ही धूमधाम से मनाते आ रहे हैं। इसीलिए समिति द्वारा मकर संक्रांति व लोहड़ी के पावन मंगल शुभअवसर पर नमो पतंग उत्सव का भब्य आयोजन 13 जनवरी को रातू रोड के ओ टी सी ग्राउंड में प्रात: 11:30 बजे प्रारंभ किया जायेगा। 

प्रात: 11:30 बजे निश्चित समय पर भक्ति मय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के सग पतंग उत्सव प्रारंभ हो जायेगा। जिसके अंतर्गत समिति  द्वारा लोगो के बीच नमो पतंग का भी वितरण करेगी।यह पतंग बाहर से मंगाया जा रहा है। इस उपलक्ष पर समिति द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण किया जायेगा। साथ ही आयोजन में शामिल सभी लोगों के लिए खिचड़ी के महाभोग सहित दही, चुड़ा, गुड़ का भी वितरण किया जायेगा। 

नमो पतंग महोत्सव नगर वासियो को एक जगह उत्सव के रूप में देखने और मनाने का अवसर प्रदान हो समिति द्वारा यही प्रयास बना रहता है। मौके पर प्रेस वार्ता में नमो पतंग का भी लोगों ने विमोचन किया। संरक्षक संजय सेठ अध्यक्ष मुकेश काबरा ने रांची नगरवासियों से 13 तारीख को होने वाले नमो पतंग उत्सव में सपरिवार इष्ट मित्रों के संग शामिल होने का आग्रह किया है। उत्सव में शामिल सभी लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था समिति द्वारा की गयी है जिससे उत्सव के समय होने वाले रंगारंग सांस्कृतिक  गायन कार्यक्रम का भी लुत्फ उठाया जा सके। 

इस उत्सव में पूरे राज्य सहित राजधानी के लोग भी भाग लेंगे और पतंग महोत्सव का पूर्ण आनंद लेंगे। प्रेस वार्ता में समिति के संरक्षक संजय सेठ, अध्यक्ष मुकेश काबरा, अजय मारू, पूनम आनंद, प्रमोद सारस्वत, कुणाल आजमानी, पुनीत पोद्दार, रविंद्र मोदी, ललन श्रीवास्तव, मनोज तिवारी, भीष्म सिंह, विजय ओझा,अमित चौधरी, सुधीर तिवारी, संजय गोयल, कमलजीत सिंह, शंटी, संजय पोद्दार, सुवेश पांडेय, नीरज चौधरी, नीरज कुमार, राजू रजक, संतोष सेठ, विजय यादव, संजीव साहू, कुमुद झा, मनीष लोधा,  सोनित अग्रवाल,  आशीष अग्रवाल, अशोक मुंडा, गौत्तम देवदरिया, अशोक यादव, सुधीर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में समिति के सदस्य मौजूद थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी प्रमोद सारस्वत और आयोजन समिति सदस्य संजय पोद्दार ने दी।

Published / 2025-01-08 21:17:33
झारखंड : गवर्नर ने चयनित युवाओं का बढ़ाया हौसला

राज्यपाल ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए झारखंड से चयनित युवाओं से किया संवाद, ऐसे बढ़ाया हौसला

टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को राजभवन में 28वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 के लिए झारखंड से चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह महोत्सव न केवल युवाओं के कौशल और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर है, बल्कि भारत की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी उजागर करता है। 

राज्यपाल 28वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 10 से 12 जनवरी तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव आयोजित है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आप सभी अपनी कला, ज्ञान और कौशल को प्रस्तुत कर अपने झारखंड राज्य और देश का नाम रोशन करें। अपनी प्रतिभा से विशिष्ट पहचान स्थापित करें एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें। 

उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए युवाओं से स्टार्टअप से संबंधित विचार साझा किये। राज्यपाल ने युवाओं को प्रेरित किया कि वे रचनात्मक सोच और समाधान आधारित दृष्टिकोण अपनाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभायें। झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशक संदीप कुमार, नेहरू युवा केंद्र संगठन की राज्य निदेशक ललिता कुमारी एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।

Published / 2025-01-08 21:16:54
जमशेदपुर : मंइयां सम्मान के लिए प्रखंड कार्यालय में लग रही लंबी लाइन

आवेदन करने प्रखंड कार्यालय पहुंची महिलाएं, नहीं मिल रहा मंईयां सम्मान योजना का लाभ

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। मंईयां सम्मान योजना को लेकर झारखंड की महिलाएं बेहद खुश हैं। हर महीने महिलाओं को योजना की राशि मिल रही है। वहीं, कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं जिन्हें मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दरअसल, बीते मंगलवार को करीब 1000 महिलाएं जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय पहुंची। महिलाओं ने पूछा कि उनके खाते में अब तक पैसा क्यों नहीं आया। 

इस पर महिलाओं को कहा गया कि मंइयां सम्मान योजना की बेवसाइट 4 जनवरी से ही बंद है। मंजू देवी, संगीता देवी, कविता देवी, चंपा देवी, जसोदा देवी, चंचल देवी समेत अन्य महिलाओं का कहना है कि योजना के तहत पैसा अब तक उनके खाते में नहीं आया है जबकि, चुनाव से पूर्व ही उन लोगों ने आवेदन फार्म को पंचायत भवन में आयोजित कैंप में जमा किया था। इसमें कुछ लोगों का आवेदन आनलाइन किया गया और कुछ लोगों के आवेदन का पता भी नहीं चल रहा है। पता लगाने के लिए आए हैं कि योजना का पैसा क्यों नहीं मिल रहा है। 

महिलाओं का कहना है कि हम लोगों की बात कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। सरकार महिलाओं के साथ भेदभाव कर रही है। महिलाओं का कहना है कि उन लोगों ने आफलाइन और आॅनलाइन दोनों तरह से फार्म भरा था। आंगनबाड़ी और साइबर कैफे दोनों जगह सभी कागजात के साथ भरा आवेदन योजना के लिए अप्लाई किया था, लेकिन योजना के लाभ से आज तक वंचित हैं जबकि योजना में लाभ लेने वाली महिलाओं को चौथी किस्त मिल गयी है।

महिलाओं ने कहा कि अगर लाभ नहीं मिला तो प्रखंड अंचल कार्यालय के सामने सभी धरने पर बैठ जायेंगी। वहीं, महिलाओं की शिकायत पर बीडीओ संतोष कुमार ने बताया कि सर्वर नहीं चलने के कारण उनके आवेदन को चेक नहीं किया जा सका। चेक करने के बाद ही मंइयां सम्मान की राशि नहीं मिलने के कारणों का पता चल सकेगा।

Published / 2025-01-07 21:33:58
झारखंड : 24 फरवरी से 27 मार्च तक बजट सत्र

हेमंत सोरेन कैबिनेट ने नौ प्रस्तावों पर लगायी मुहर 

टीम एबीएन, रांची। सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें नौ प्रस्तावों पर मुहर लगी। कैबिनेट ने 24 फरवरी से 27 मार्च के बीच बजट सत्र के प्रस्ताव को मंजूरी दी। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्री दीपक बिरूवा और दीपिका पांडेय समेत अन्य मंत्री मौजूद थे। 

झारखंड कैबिनेट ने इन नौ प्रस्तावों को दी है हरी झंडी 

  1. षष्ठम झारखंड विधानसभा का दूसरा बजट सत्र 24 फरवरी से 27 मार्च 2025 तक बुलाने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। 
  2. प्री-बजट कार्यशाला के आयोजन के लिए वित्त नियमावली के नियम-235 को शिथिल करते हुए नियम-245 के तहत रांची के संत जेवियर कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ सीमा अखौरी एवं उनकी टीम को मनोनयन के आधार पर नॉलेज पार्टनर के रूप में चयनित करने की स्वीकृति दी गयी। 
  3. झारखंड में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर जिले में नया एम्स स्थापित करने के लिए झारखंड सरकार एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (भारत सरकार) के साथ किए जाने वाले एमओयू प्रारूप की स्वीकृति दी गयी। 
  4. झारखंड अवर शिक्षा सेवा के पूर्व में सृजित पदों के आलोक में वर्त्तमान आवश्यकतानुसार पदों के चिन्हितीकरण की स्वीकृति दी गयी। 
  5. झारखंड के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (पुलिस बल प्रमुख) के चयन एवं नियुक्ति नियमावली-2024 के गठन की स्वीकृति दी गयी। 
  6. झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन के आलोक में सदन प्रसाद (तत्कालीन प्रशाखा पदाधिकारी, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, झारखंड) फिलहाल सेवानिवृत्त को आर्थिक लाभ सहित भूतलक्षी प्रभाव से अवर सचिव कोटि के पद पर प्रोन्नति देने की की स्वीकृति दी गयी। 
  7. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम- 1989 की संशोधित धारा-14 के प्रावधानों के तहत अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1, नगर उंटारी (गढ़वा) के न्यायालय को विशेष न्यायालय पदभिहित करने की स्वीकृति दी गयी। 
  8. झारखंड परिचारिका गैर-शैक्षणिक संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं अन्य सेवाशर्त्त) नियमावली-2025 के गठन की स्वीकृति दी गयी। 
  9. झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड तथा इसकी अनुषंगी कंपनियों में प्रबंध निदेशक एवं निदेशक के पदों पर नियुक्ति के लिए किये गये प्रावधानों में आंशिक संशोधन करने के प्रस्ताव पर घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी।

Published / 2025-01-05 19:46:48
अबुआ बजट : सर्वश्रेष्ठ तीन सुझाव देनेवाले होंगे सम्मानित

  • सीएम हेमंत सोरेन ने अबुआ बजट पोर्टल और मोबाइल ऐप का किया लोकार्पण
  • अबुआ बजट पोर्टल और मोबाइल ऐप के लोकार्पण के मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के साथ सीएम हेमंत सोरेन
  • अबुआ बजट पोर्टल और मोबाइल ऐप के लोकार्पण के मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के साथ सीएम हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वर्ष 2025-26 के बजट निर्माण को लेकर आम जनता के सुझाव/राय/विचार आमंत्रित करने के लिए अबुआ बजट पोर्टल और मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह अबुआ सरकार है।

ऐसे में झारखंड के सतत, समावेशी और सर्वांगीण विकास के लिए लोगों के कल्याण एवं हितों का संवर्धन करने वाला संतुलित बजट हो, इस पर सरकार का विशेष फोकस है। इसलिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर आपके सुझाव, राय और विचार काफी मायने रखते हैं, ताकि आपसे प्राप्त बेहतर सुझावों को आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में जगह दिया जा सके।

सर्वश्रेष्ठ तीन सुझाव देने वालों को सम्मानित किया जायेगा। सुझाव देने की अंतिम तारीख 17 जनवरी 2025 है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बजट ऐसा हो, जिसमें सभी सेक्टर का संतुलित विकास हो सके। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आगामी बजट में यहां की ग्रामीण पृष्ठभूमि वाली अर्थव्यवस्था का विशेष ख्याल रखा जाये।

इसके साथ राजस्व संग्रहण की दिशा में भी ठोस कदम उठाने से संबंधित प्रावधानों को भी बजट में जगह मिले ताकि विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों का विशेष ख्याल रखा जाये।

अबुआ बजट पोर्टल एवं मोबाइल ऐप का उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर विशेषज्ञों और आम लोगों का सुझाव प्राप्त करना है, ताकि राज्य सरकार एक बेहतर और संतुलित बजट पेश कर सके. इस दिशा में बजट को लेकर जो भी सुझाव/ राय और विचार मिलेंगे।

उनका विस्तृत एनालिसिस किया जायेगा ताकि झारखंड के विकास एवं यहां की जनता के अनुकूल उन सुझावों को बजट में शामिल करने की दिशा में पहल की जा सके। इस कड़ी में तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देनेवाले व्यक्तियों को राज्य सरकार सम्मानित भी करेगी। सुझाव देने की अंतिम तारीख 17 जनवरी 2025 है।

Published / 2025-01-04 18:29:47
झारखंड : प्रचंड ठंड में छह-सात को बंद रहेंगे रांची के सभी स्कूल

ठंड है प्रचंड! रांची के स्कूल इतने दिनों के लिए हुए बंद, बच्चों ने ली राहत की सांस 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसकी वजह से स्कूली छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रांची में इसका ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 6 जनवरी और 7 जनवरी को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। 

रांची की डीपीआरओ उर्वशी ने इसकी पुष्टि की है। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि दो दिनों तक छुट्टी के दौरान शिक्षक और शिक्षकेतरकर्मी तय समय पर स्कूल में उपस्थित रहते हुए स्कूली कार्यों का निष्पादन करेंगे। 

उत्तर-पूर्व से चल रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। ज्यादातर जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है। रांची का न्यूनतम पारा 8 डिग्री के नीचे रिकॉर्ड हुआ है। इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाया है। 

खास बात है कि 6 जनवरी को रांची के नामकुम स्थित खोजा टोली मैदान में राज्यस्तरीय मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम का आयोजन होना है। इस कार्यक्रम में राज्य भर से बड़ी संख्या में महिला सम्मान योजना की लाभार्थियों का जुटान होना है। इसकी वजह से कई इलाकों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। लिहाजा, ऐसे समय में स्कूल खुले रहने पर बच्चों को परेशानी भी हो सकती है।

Published / 2025-01-04 18:26:57
सीएम हेमंत सोरेन से मिले कई अधिकारी

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज  मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रधान सचिव वंदना दादेल, सचिव मुकेश कुमार, सचिव मनोज कुमार, निदेशक शशि प्रकाश सिंह, रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार, प्रबंध निदेशक कृतिश्री जी, उपायुक्त कोडरमा मेघा भारद्वाज, उपायुक्त गुमला कर्ण सत्यर्थी, उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार एवं उपायुक्त खूंटी लोकेश मिश्र ने मुलाकात कर उन्हें नववर्ष 2025 की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने भी अपनी ओर से सभी को नूतन वर्ष की बधाई एवं मंगलकामनाएं दी।

Page 82 of 351

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse