राज काज

View All
Published / 2022-05-27 13:13:01
रेलवे जल्द ला रही देश की पहली सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी

एबीएन सेंट्रल डेस्का। भारतीय रेलवे मालवहन क्षेत्र में सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी ‘गतिशक्ति’ का निर्माण कर रहा है और वंदे भारत एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर बनने वाली इस ट्रेन का पहला रैक इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगा। चेन्नई में रेलवे की इंटीग्रल कोच फैक्टरी (आईसीएफ) में गतिशक्ति के दो रैकों का निर्माण शुरू हो चुका है। रेलवे बोर्ड ने हालांकि ऐसी 25 मालगाड़ियों के निर्माण का लक्ष्य तय किया है। आईसीएफ के महाप्रबंधक अतुल अग्रवाल ने यहां राष्ट्रीय मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत में यह जानकारी देते हुए कहा कि देश की पहली सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी का पहला रैक दिसंबर 2022 में पटरी पर उतर आएगा और उसके कुछ दिनों में दूसरा रैक भी आ जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों रैक को मालवहन बाजार में कैसा बिजनेस मिलता है, उसके आधार पर आगे निर्माण की समय-सीमा तय की जाएगी। सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी के बारे में उन्होंने बताया कि यह 16 कोच वाली गैर वातानुकूलित गाड़ी होगी। इसमें हवाई जहाज में कार्गो ढुलाई के काम आने वाले एलडी छह और एलडी नौ श्रेणी के कंटेनर रखे जा सकेंगे। दो कोच वातानुकूलित कंटेनर के लिए होंगे जिनमें दुग्ध उत्पाद, मछली, फल सब्जियों आदि को ले जाया जा सकेगा। उनके लिए विद्युत कनेक्शन कोच से दिया जाएगा। बाकी कोचों में कंटेनर को खिसकाने - धकेलने के लिए रोलर लगे होंगे। कोच में दो चौड़े दरवाजे लगे होंगे जिनसे कंटेनरों को रखा या उतारा जा सकेगा। आईसीएफ के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि गतिशक्ति मालगाड़ी का फोकस मुख्यत: पार्सल, कूरियर, ई कॉमर्स और खाने-पीने की वस्तुओं के परिवहन पर रहेगा। उन्होंने कहा कि सेमी हाई स्पीड मालगाड़ी सस्ते और सुपरफास्ट मालवहन के लिए बड़ा आकर्षक विकल्प बनने की संभावना है।

Published / 2022-05-27 08:04:42
रांची में 15 करोड़ की लागत से बनेगा यातायात पार्क, राज्य सरकार से मिली स्वीकृति

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने राज्य की राजधानी रांची में 14.95 करोड़ रुपए की लागत से राज्य के पहले यातायात पार्क के निर्माण की स्वीकृति दी है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि धुर्वा स्थित राज्य पथ परिवहन निगम कर्मशाला परिसर में प्रस्तावित ट्रैफिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात पार्क में एक संग्रहालय बनाया जाएगा और यातायात नियमों से संबंधित सभी तरह की जानकारियां होंगी।

Published / 2022-05-26 15:27:11
ड्रोन महोत्सव का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को यहां प्रगति मैदान में देश के सबसे बड़े ड्रोन उत्सव भारत ड्रोन महोत्सव 2022 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री किसान ड्रोन पायलटों से बातचीत भी करेंगे तथा ओपन-एयर ड्रोन उड़ान प्रदर्शन के अवलोकन के साथ साथ ड्रोन प्रदर्शनी केंद्र में स्टार्ट-अप से जुड़े उद्यमियों के साथ चर्चा करेंगे। भारत ड्रोन महोत्सव दो दिवसीय कार्यक्रम है जो 27 और 28 मई को आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में सरकारी अधिकारियों, विदेशी राजनयिकों, सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी कंपनियों और ड्रोन स्टार्ट-अप आदि सहित 1600 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनी में 70 से अधिक प्रदर्शक ड्रोन के विभिन्न उपयोगों के बारे में अपने जौहर दिखायेंगे। महोत्सव में अन्य कार्यक्रमों के अलावा ड्रोन पायलट प्रमाणपत्र का वर्चुअल वितरण, उत्पादों की लॉचिंग, पेनल चर्चा, उड़ान प्रदर्शन, मेड इन इंडिया ड्रोन टैक्सी प्रोटोटाइप की प्रदर्शनी आदि को भी शामिल किया गया है।

Published / 2022-05-26 09:12:22
निर्वाचन आयोग ने निर्भीक और निष्पक्ष मतदान के दिए निर्देश

टीम एबीएन, रांची। त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 अंतर्गत चौथे चरण (अंतिम चरण) के मतदान के लिये पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों के रवानगी से पहले उपायुक्त, रांची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारियों की जॉइंट ब्रिफिंग की। मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर पर उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। पदाधिकारियों द्वारा मतदान के सफल संचालन हेतुु सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त विशाल सागर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नौशाद आलम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेन्द्र चौबे उपस्थित थे। चौथे चरण के मतदान में रांची जिला के पांच प्रखंड बुढ़मू, खलारी, मांडर, चान्हो और रातू प्रखंड में 27 मई 2022 को मतदान होना है। उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने चुनाव आयोग द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का पूर्णतः अनुपालन करते हुए ससमय मतदान प्रारंभ कराने एवं मतदान के दौरान विधि व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त रांची छवि रंजन ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2022 हेतु चौथे चरण के मतदान की तिथि 27 मई 2022 को निर्धारित है। मतदान प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संपन्न होगा। निष्पक्ष मतदान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने निर्भीक होकर निष्पक्ष एवं भेदभाव रहित मतदान कार्य संपन्न कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सजगता एवं कार्यकुशलता पर सेक्टर के सभी मतदान केन्द्रों पर सुचारू मतदान संभव है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं भयमुक्त चनाव कराना जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है। उपायुक्त रांची छवि रंजन ने मतदाताओं से एक बार फिर से अपील की है कि निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों को सहयोग करें, ताकि निष्पक्ष निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में कोई समस्या न हो। वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने ब्रीफिंग के दौरान चुनाव कार्य में किसी तरह की असुविधा/ समस्याएं तथा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न कराने में आपसी सहयोग एवं समन्वय आवश्यक है। चौथे चरण का मतदान में महत्वपूर्ण आंकड़े : कुल मतदान केन्द्र- 1038 कुल मतदान भवनों की संख्या - 568 कुल मतदाता - 398420 मतदानकर्मी - 4152 सुरक्षाकर्मी - 7809 कलस्टर - 86

Published / 2022-05-26 09:02:47
पंचायत चुनाव : 27 को अंतिम चरण की वोटिंग, मतदान कर्मचारी पोलिंग बूथ रवाना

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अब तक तीन चरण के पंचायत चुनाव हो चुके हैं, चौथे और अंतिम चरण का चुनाव होना बाकी है। चौथे चरण का चुनाव 27 मई को होने वाला है। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पोलिंग कर्मचारी पोलिंग बूथों की ओर आज रवाना हुए। अंतिम चरण का चुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिए गए हैं। अब तक हुए तीन चरणों के मतदान की अपेक्षा अंतिम चरण में सबसे ज्यादा पदों के लिए मतदान होना है। पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए 27 मई को मतदान होगा। चौथे चरण में सरायकेला खरसांवा को छोड़कर राज्य के शेष सभी 23 जिलों में वोटिंग होगी। अंतिम चरण में सबसे ज्यादा पदों के लिए मतदान होना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम चरण के मतदान के लिए कुल 15875 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिसमें 4744 अतिसंवेदनशील और 6785 संवेदनशील बूथ शामिल हैं। आपको बता दें कि इस चरण में बीते तीन चरणों की अपेक्षा संवेदनशील बूथों की संख्या भी ज्यादा है। 6950 प्रत्याशी निर्विरोध जीते : 27 मई को 11321 पदों के लिए मतदान होगा, जिसके लिए 35504 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके किस्मत का फैसला 58 लाख 16 हजार 987 मतदाता करेंगे। इसके अलावा इस चरण में ग्राम पंचायत सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के कुल 6950 अभ्यर्थी निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं, वहीं 573 पद नामांकन नहीं होने की वजह से खाली रह गए हैं। इधर, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में राज्य निर्वाचन आयोग जुटा हुआ है। निर्वाचन आयोग द्वारा अब तक निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले बरकट्ठा, पोड़ैयाहाट के कई निर्वाचनकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

Published / 2022-05-26 08:28:40
झारखंड : 10वीं-12वीं की तर्ज पर होगी तीसरी से सातवीं तक की परीक्षा

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सरकारी स्कूलों में इन दिनों गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। इस बार 17 मई से लेकर 4 जून गर्मी की छुट्टी की वजह से स्कूल बंद रहेंगे। लेकिन, गर्मी की छुट्टी का आनंद लेने के साथ-साथ अब बच्चों को वार्षिक परीक्षा की भी तैयारी करनी पड़ेगी। ऐसे में स्कूल खुलते ही कक्षा तीसरी से लेकर सातवीं तक के छात्रों की परीक्षा ली जाएगी। सबसे खास बात यह है कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग राज्य के सरकारी स्कूलों में जैक के मैट्रिक और इंटरमीडिएट की तर्ज पर ही कक्षा तीसरी से कक्षा सातवीं तक की परीक्षा लेने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत परीक्षा का संचालन दो पालियों में होगा। पहली पाली में ऑब्जेक्टिव और दूसरी पाली में सब्जेक्टिव सवाल होंगे। 40 अंक के ऑब्जेक्टिव और 40 अंक के सब्जेक्टिव सवाल रहेंगे। इसके साथ ही 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन के लिए निर्धारित होंगे। 7 से 15 जून के बीच ली जाएगी परीक्षा : वहीं स्कूलों में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा की तर्ज पर तीसरी से सातवी के छात्र छात्रा छात्राओं का मूल्यांकन भी होगा। इन सवालों का जवाब देने के लिए बच्चों को डेढ़ डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा। हालांकि, परीक्षा की तिथि फिलहाल तय नहीं की गई है। लेकिन, स्कूली शिक्षा एव साक्षरता विभाग की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार स्कूल खुलने के बाद 7 जून से 15 जून के बीच बच्चों की परीक्षा ली जाएंगी। क्षेत्रीय भाषा को चुनने की होगी छूट : वहीं कक्षा तीसरी से कक्षा 7वी की परीक्षा का परिणाम जून के अंतिम सप्ताह में आने की संभावना है। जिसके बाद जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र शुरु हो जाएगा। वहीं कक्षा 8वीं, 9वीं और कक्षा 11वीं की बोर्ड की टर्म टू की परीक्षा 16 जून से 30 जून के बीच की जाएगी। कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों के लिए मौखिक परीक्षा होगी। इसके साथ ही बच्चों को परीक्षा देने के लिए क्षेत्रीय भाषा को चुनने की छूट दी गई है। कोरोना माहामारी की वजह से पिछले दो साल से कक्षा तीसरी से कक्षा 7वीं तक के बच्चों को इंटरनल असेसमेंट के आधार पर दूसरी कक्षा में प्रमोट किया जा रहा था।

Published / 2022-05-26 08:24:44
नेशनल गेम्स घोटालाः पूर्व मंत्री बंधु तिर्की के ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हुए 34वें राष्ट्रीय खेल में हुए घोटाले मामले में सीबीआई जांच तेज हो गई है। गुरुवार की सुबह सीबीआई की टीम ने पूर्व खेल मंत्री बंधु तिर्की के ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की है। बंधु तिर्की के मोरहाबादी में दीनदयाल नगर स्थित सरकारी आवास और पंडरा स्थित आवास पर सीबीआई कागजात खंगाल रही है। झारखंड हाई कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई खेल घोटाले की जांच कर रही है। जिस समय खेल घोटाला हुआ था उस समय बंधु तिर्की खेल मंत्री के पद पर थे। एसीबी में दर्ज मामले के आधार पर बंधु तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। आय से अधिक संपत्ति मामला सामने आने के बाद बंधु तिर्की की विधायककी भी खत्म कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार खेल घोटाले में जितने भी आरोपी बनाए गए हैं, सभी के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। झारखंड सहित देश के दूसरे हिस्सों में भी यह रेड एक साथ शुरू की गई है। हालांकि अभी कहां-कहां सीबीआई की छापेमारी चल रही है, इसकी जानकारी बाहर निकलकर नहीं आ पाई है। रांची में फिलहाल केवल बंधु तिर्की के ठिकानों पर ही सीबीआई ने अपनी दबिश दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि खेल घोटाले के कई आरोपी जो रांची में हैं, उनके ठिकानों पर भी छापेमारी जल्द ही शुरू की जाएगी। सीबीआई ने 34 वें राष्ट्रीय खेल घोटाला मामले में कार्यकारी अध्यक्ष आरके आनंद, महासचिव एसएम हाशमी, कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक और तत्कालीन खेल निदेशक पीसी मिश्रा को नामजद अभियुक्त बनाया था। मामले में IPC की धारा 120(B) सह पठित 420, और PC Act 1988 की धारा 13(2) सह पठित 13(1)(D) एफआईआर दर्ज हुई है। झारखंड में साल 2007 में राष्ट्रीय खेल का आयेाजन होना था। लेकिन तैयारी पूरी नहीं होने के कारण 34वें राष्ट्रीय खेल साल 2011 में झारखंड में आयोजित हुए। राष्ट्रीय खेल के आयेाजन के पहले खेल सामग्री की खरीद, खेल, ठेका देने में अनियमितता, निर्माण में गड़बड़ी के मामले सामने आए। आंकलन के मुताबिक, 29 करोड़ से अधिक का नुकसान सरकार को हुआ, जिसके बाद साल 2010 में एसीबी ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज की थी।

Published / 2022-05-25 17:34:32
चुनाव आयोग का एलान, मांडर विधानसभा में होगा 23 को मतदान

टीम एबीएन, रांची। भारत निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस के आदिवासी नेता बंधु तिर्की के अयोग्य ठहराए जाने से खाली हुई मांडर विधानसभा सीट पर उप चुनाव का ऐलान कर दिया है। झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 23 जून को होगा। इसके लिए 30 मई को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 6 जून तक और नामांकन वापसी 9 जून को होगी। जून के तीसरे सप्ताह के बाद इस सीट के लिए मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई घोषणा के मुताबिक 30 मई को अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। 7 जून को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। 9 जून को नामांकन वापसी का समय तय किया गया है। बाद में 23 जून को मतदान होगा। 26 जून को मतगणना का काम होगा। गौरतलब है कि आय से अधिक संपत्ति मामले में रांची की सीबीआई अदालत द्वारा विधायक बंधु तिर्की को 3 वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द हो गई थी जिसके बाद मांडर विधानसभा सीट खाली हो गई। इसी पर उपचुनाव कराया जा रहा है। आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने 28 मार्च को दोषी मानते हुए बंधु तिर्की को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी, जिसके बाद झारखंड विधानसभा ने 8 अप्रैल को अधिसूचना जारी करते हुए विधायक बंधु तिर्की की सदस्यता समाप्त कर दी थी। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार दो वर्ष या उससे अधिक की सजा होने पर विधायक की सदस्यता समाप्त हो जाती है। 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा प्रजातांत्रिक से बंधु तिर्की ने भारतीय जनता पार्टी के देव कुमार धान को 23127 वोटों के मार्जिन से हराया था। बंधु तिर्की को इस चुनाव में 93491 वोट मिले थे। वहीं देव कुमार धान जो भाजपा प्रत्याशी थे, उन्हें 69364 वोट मिले थे। वहीं 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के गंगोत्री कुजूर ने एआईटीसी के बंधु तिर्की को हराया था। 2009 में बंधु तिर्की ने देव कुमार धान को हराकर इस सीट पर कब्जा जमाया था।

Page 290 of 349

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse