टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने फिर एक बार केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड का बकाया एक लाख 36 हजार करोड़ मिला होता तो लोग गरीबी का दंश झेलते नहीं। उन्होंने कहा कि हर वर्ग को ध्यान में रखकर सरकार विभिन्न योजनाएं बना रही हैं। योजनाओं का लाभ कैसे आपको मिले, इसके लिए लगातार कार्ययोजना बन रही है। हम कागज-कलम पर योजनाएं नहीं बनाते, बल्कि उसे धरातल पर उतारने का काम करते हैं। श्री सोरेन सोमवार को धनबाद में योजनाओं का उदघाटन, शिलान्यास, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौपने को लेकर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों का दु:ख-दर्द और समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कर रहे हैं मजबूत : उन्होंने कहा कि राज्य की 80 प्रतिशत आबादी ग्रामीण परिवेश की है। इनमें किसानों और पशुपालकों की संख्या सबसे ज्यादा है । इनकी आय में बढ़ोतरी के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। हमारा प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है ताकि राज्य को विकास की राह पर तेजी से आगे ले जा सके। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति को भी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। आपके दरवाजे पर आकर सरकार आपको हक और अधिकार दे रही है । नियुक्तियों का दौर शुरू : उन्होंने कहा कि राज्य में नियुक्तियों का दौर शुरू हो चुका है। खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 32 सालों के बाद कृषि पदाधिकारियों की नियुक्ति हुई है जो किसानों को आधुनिक तकनीक से खेती करने में सहयोग करेंगे। वहीं स्वरोजगार के लिए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 50 हजार रुपए से लेकर 25 लाख तक का अनुदान आधारित ऋण दिया जा रहा है। समारोह में सरकार की विभिन्न योजनाओं यूनिवर्सल पेंशन स्कीमए मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजनाए मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजनाए मुख्यमंत्री सुकन्या योजनाए फूलो-झानोआशीर्वाद योजना ए ग्रीन कार्ड योजना और सोना-सोबरन धोती साड़ी वितरण जैसी कई योजनाओं की जानकारी लोगों को दी और इससे जुड़ने को कहा। आंदोलनकारियों की धरती है झारखंड : उन्होंने कहा कि धनबाद की धरती आंदोलनकारियों और संघर्ष करने वालों की है । वे कई वर्षों से अपने हक और अधिकार के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। इनकी समस्याओं का कैसे समाधान होए इस दिशा में सरकार पूरी तत्परता के साथ चिंतन .मंथन कर रही है और बहुत जल्द इसका सकारात्मक नतीजा देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि धनबाद अपनी खनिज संपदा के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। लेकिन, यहां के मजदूर कई समस्याओं से घिरे रहे हैं । विस्थापन यहां की सबसे बड़ी चुनौती है। 106 योजनाओं की सौगात, 118 की आधारशिला : सीएम ने इस अवसर पर लगभग 350. 86 करोड़ रुपये की 118 योजनाओं का शिलान्यास और 161.28 करोड़ रुपये की 106 योजनाओं का उदघाटन किया। वही, कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित 172 युवक- युवतियों समेत 175 नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने 20,146 लाभुकों के बीच करीब 97.45 करोड़ रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण किया। इसमें महत्वपूर्ण रूप से 3665 लाभुकों के बीच 16.98 करोड़ रूपए का एमटीएस कोल्ड रूम, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के अंतर्गत 194 लोगों को लगभग 5.18 करोड़ रुपए की सहायता राशि, 602 लोगों के बीच पीएमईजीपी, एजुकेशन केसीसी और हाउसिंग लोन के रूप में करीब 9.39 करोड़ रुपए, एनआरएलएम के अंतर्गत चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि और कैश क्रेडिट लिंकेज के रूप में 5361 स्वयं सहायता समूहों 30.65 करोड़ रुपए, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 3100 लाभुकों के बीच 37.20 करोड़ रूपए, प्रधानमंत्री आवास योजना शहर के 487 लाभुकों के बीच 10.95 करोड़ रूपए की राशि वितरित की गई । इसके अलावा लाभुकों को सोना सोबरन धोती साड़ी वितरण योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, यूनिवर्सल पेंशन स्कीम, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना और ग्रीन कार्ड समेत कई और योजनाओं का लाभ दिया गया। मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक मथुरा प्रसाद महतो और पूर्णिमा नीरज सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, विधायक इंद्रजीत महथा की धर्मपत्नी तारा देवी और मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे के अलावा उपायुक्त एवं एसएसपी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।
टीम एबीएन, धनबाद/रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में सौर ऊर्जा के व्यापक विस्तार हेतु सौर ऊर्जा नीति 2022 लागू की जा रही है, जिसके तहत सौर ऊर्जा से 4000 मेगावाट बिजली का उत्पादन वित्तीय वर्ष 2022- 23 से 2026- 27 तक के लिए निर्धारित है। सोलर पार्क, कैनाल टॉप सोलर, फ्लोटिंग सोलर जैसी कई योजनाओं के माध्यम से राज्य में सौर ऊर्जा के विकास हेतु विस्तृत नीति बनाई गई है। अगले 5 वर्षों में राज्य में समेकित रूप से लगभग 4000 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा के अधिष्ठापन का लक्ष्य सरकार ने रखा है। इसके तहत यूटिलिटी स्केल पर लगभग 3000 मेगावाट, डिस्ट्रिब्यूटेड सोलर ऊर्जा के अंतर्गत 720 मेगावाट एवं आॅफग्रिड सोलर प्रोजेक्ट के तहत 280 मेगावाट के सोलर ऊर्जा प्लांट अधिष्ठापन का लक्ष्य तय किया गया है। सरकार का निवेशकों पर भी ध्यान : नई नीति में निजी निवेशकों के प्रोत्साहन हेतु सिंगल विंडो सिस्टम, पेमेंट मैकेनिज्म, लैंड बैंक के माध्यम से भूमि व्यवस्था समेत अन्य प्रावधान किये गए हैं। समर्पित सौर ऊर्जा सेल, अधिकतम 60 दिनों के अंदर वैधानिक स्वीकृति,1000 सोलर ग्राम के गठन की योजना, आर्थिक रूप से पिछड़े ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने की योजना की नीति के तहत क्रॉस सब्सिडी तथा थर्ड पार्टी और कैप्टिव उपयोग में छूट, 1% की दर से 25 वर्ष तक इंडेक्सेशन, बिजली बिल में छूट। 5 वर्ष तक राज्य वस्तु एवं सेवा कर में 100% की छूट होगी। सरकार द्वारा लक्ष्य के अनुरूप कार्यों के विश्लेषण हेतु दो उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। पंप सेट वितरण में झारखंड अग्रणी : मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य के किसानों को सिंचाई के वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक कदम और बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत किसान सोलर वाटर पम्पसेट योजना हेतु वेब पोर्टल का उद्घाटन किया जाएगा। इस वेब पोर्टल के जरिए किसानों को सोलर पंप सेट प्राप्त करने हेतु प्रारंभिक चरण से सोलर पंप के वितरण एवं अधिष्ठापन, संचालन एवं 5 वर्ष तक उसके रखरखाव की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए डाटा संग्रहण, डाटा विश्लेषण एवं आॅनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। पोर्टल के माध्यम से किसान सोलर पम्प सेट प्राप्त करने के लिए आॅनलाइन आवेदन कर उसकी स्थिति देख सकेंगे। मालूम हो कि किसानों के लिए आॅफ ग्रिड सोलर पम्प सेट के लिए करीब 96 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। प्रथम चरण में अब तक करीब 6717 सोलर पम्पसेट पूरे राज्य में लग चुके हैं, जिसमें 2020 से 22 तक राज्य भर में 6500 सोलर पंपसेट लगे हैं। सोलर पम्पसेट लगाने में झारखंड पूरे देश में 5वां स्थान रखता है। दूसरे चरण में राज्य सरकार ने 10 हजार सोलर पम्पसेट लगाने का लक्ष्य तय किया है।
टीम एबीएन, रांची। मांडर की नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की झारखंड विधानसभा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभाध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मौके पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। विधानसभाध्यक्ष ने नये विधानसभा सदस्य के रुप में सदस्यता ग्रहण करने के लिए शिल्पी नेहा तिर्की को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। शिल्पी नेहा तिर्की पिछले दिनों संपन्न हुए मांडर उपचुनाव में जीत हासिल कर विधायक बनी हैं। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को 23517 वोटों से हराया था। शिल्पी नेहा तिर्की अपनी पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। इसके लिए उन्होंने अपनी फ्लिपकार्ट की नौकरी छोड़ दी और मांडर विधानसभा सीट के चुनाव में ताल ठोका। उनके सामने गंगोत्री कुजूर और देव कुमार धान जैसे बड़े नेता थे। दूसरी तरफ उनके समर्थन में उनके पिता बंधु तिर्की भी लागातार सक्रिय थे। आखिरकार मांडर की जनता ने उनपर भरोसा जताया और वे 23517 मतों से जीत गईं।
टीम एबीएन, धनबाद। सीएम हेमंत सोरेन आज कोयलांचल की राजधानी धनबाद दौरे पर पहुंचेंगे। यहां वो गोल्फ ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। यहां वो विभिन्न विभागों की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी करेंगे। सीएम हेमंत सोरेन आज (सोमवार) दोपहर 1बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सारे प्रशासनिक इंतजाम कर लिए गए हैं। सीएम के दौरे की तैयारियों का निरीक्षण डीसी और एसपी ने किया है। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के आने, बैठने और अन्य व्यवस्था कर ली गई है। कार्यक्रम में विभागीय मंत्री के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कोरोना काल के बाद पहली बार मुख्यमंत्री धनबाद में किसी सार्वजनिक स्तर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
टीम एबीएन, रांची। 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने देवघर दौरे के क्रम में देवघर एयरपोर्ट के अलावा एम्स के 250 बेड के वार्ड के अलावा कुल 12 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सभी योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास नवनिर्मित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से किया जाएगा। प्रधानमंत्री अपने दौरे के क्रम में सभी के हितों का ध्यान रखते हुए सौगात देंगे। प्रसाद योजना के तहत बाबानगरी में तैयार योजना का उद्घाटन करेंगे। वहीं पीएम अपने लोकसभा क्षेत्र में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक बाबा विश्वनाथ से देवघर में स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ को जोड़ने के लिए गतिमान एक्सप्रेस के परिचालन की घोषणा कर सकते हैं। इसके लिए नयी रेल लाइन बिछायी जाएगी। उसके बाद महज 6 से 7 घंटे में बाबा वैद्यनाथधाम से बाबा विश्वनाथ की नगरी तक पहुंच जाएंगे। पीएम घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से एलपीजी गैस योजना का भी शिलान्यास करेंगे। जसीडीह के अलावा गोड्डा रेलवे स्टेशन के लिए कई नयी योजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा अन्य कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को पटना में आयोजित शताब्दी समारोह में हिस्सा लेने के बाद देवघर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। पहले योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे। उसके बाद बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए बाबा मंदिर पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे देवघर कॉलेज मैदान जाएंगे। जहां महती जनसभा को संबोधित करेंगे। सारठ विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से संतालपरगना में विकास के कई रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक घर में जाकर नरेंद्र मोदी के आने की सूचना सभी को दें व कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक-एक कार्यकर्ता जी जान से लग जाएं। उन्होंने कहा कि सारठ विधानसभा क्षेत्र से 25 हजार कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का भाषण सुनने के लिए देवघर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। देवघर जिला भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के आवास शिव धाम में हुई। बैठक की अध्यक्षता देवघर जिला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने की। बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन 12 जुलाई को बाबा वैद्यनाथ की नगरी में हो रहा है। मौके पर सांसद निशिकांत दुबे ने अपने वक्तव्य में कहा सभी कार्यकर्ता पीएम के भव्य स्वागत के लिए तैयारी में अभी से लग जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। भाजपा र्यकर्ताओं द्वारा सभी चौक-चौराहों पर पुष्प वर्षा से प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। चौक-चौराहों पर तोरण द्वार बनाए जाएंगे। सभी सामाजिक संगठन द्वारा भी भव्य स्वागत व जगह-जगह बाबा बैद्यनाथ व धार्मिक संस्कृति, आदिवासी संस्कृति कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। 10 जुलाई को महिला मोर्चा द्वारा चौक-चौक पर रंगोली बनायी जाएगी। 11 जुलाई को 1 लाख दीपक टावर चौक से वीर कुंवर सिंह चौक तक जलाए जाएंगे। 11 जुलाई की संध्या हर घर में एक-एक दीप अवश्य जलाएं। पीएम के आने की खबर से जनता में काफी खुशी का माहौल है। प्रधानमंत्री का यह दूसरा दौरा बाबा बैद्यनाथ की नगरी में हो रहा है। सांसद ने पार्टी के सातों मोर्चे को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी। प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा दिन के 2 बजे देवघर कॉलेज मैदान में होगा। इसको लेकर मंच-मोर्चा से जुड़े नेताओं को जवाबदेही दी कि उनके गुजरने वाले रास्ते में 55 स्टॉल लगाकर 1-1 हजार कार्यकर्ता खड़े होकर स्वागत करें। देवघर एयरपोर्ट से देवघर कॉलेज तक सड़क के दोनों ओर 10-10 फीट के 15 हजार झंडे लगाये जायेंगे। वहीं 20 हजार मोदी टोपी और 20 हजार मोदी टी-शर्ट पहने युवाओं के अलावा 5 हजार महिलाएं भाजपा की साड़ी में स्वागत के लिए खड़ी रहेंगी।
टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई ने कहा कि झारखंड में आंगनबाड़ी से जुड़े जो भी मांग हैं, उसे पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार बच्चों, खास कर के महिलाओं को अपनी योजनाओं में प्रमुखता दे रही है। मातृ-शिशु योजना हो, निर्भय फंड हो, पीएम मातृ वंदना योजना हो, या सरकारी संस्थानों में वर्किंग औरतों के लिए क्रेचे सुविधा एवं नए हॉस्टलों का निर्माण हो, पीएम जन आरोग्य योजना हो, मुद्रा योजना, स्टार्ट अप इंडिया या स्टैंड अप इंडिया हो, इन सबमें महिलाओं को प्रमुखता दी गई है। वह शनिवार को महिला बाल एवं कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित 2030- सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल की बैठक में बोल रहे थे। राज्य मंत्री ने कहा कि आज देश के 12 लाख से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल सुविधा है, वहीं 11 लाख से अधिक में शौचालय कि व्यवस्था हो चुकी है। मुद्रा योजना में 60% से ऊपर लोन महिलाओं के नाम दिए गए हैं। आज देश मे कई राज्यों में पंचायतों में 50% महिला आरक्षण है, सैनिक स्कूलों में महिलाओं को पढ़ने का अवसर भी इस सरकार ने दिया है। राज्य में कुपोषण एक बड़ी समस्या, केंद्र मदद करे : जोबा मांझी- मेजबान राज्य झारखंड की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री जोबा माझी ने अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य में 40% बच्चे कुपोषण का शिकार हैं, मुख्यमंत्री ने इस समस्या से निपटने के लिए 3-6 साल के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी में सप्ताह में 6 अंडे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने केंद्र की तरफ से सहायता राशि में आई कमी की तरफ भी केन्द्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया एवं राज्य में पोषण सखी को दुबारा रखने तथा राज्य में 12,600 से कुछ अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण/ पुनर्निर्माण हेतु सहायता राशि उपलब्ध कराने की गुजारिश की। महिला सशक्तिकरण को लेकर तीन बिंदुओं पर हो रहा है काम : सचिव- महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव इंदीवर पाण्डेय ने बताया कि भारत के भविष्य यानि बच्चों एवं देश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नई प्रतिबद्धता के साथ मंत्रालय प्रमुखता से तीन नए मिशन पर कार्य कर रहा है- मिशन सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य। मिशन सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के पोषण संबंधी आवश्यकताओं को सुनिश्चित करना है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिला सुरक्षा, पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए समाधान प्रदान करना, एवं मिशन वात्सल्य के तहत बाल संरक्षण एवं व्यापक बाल कल्याण और विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने आकांक्षी जिलों को संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित 2030- सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल को अपने जिलों में हासिल करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विदित हो कि स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में, देश अगले 25 वर्षों के लिए समग्र विकास के लक्ष्य निर्धारित कर रहा है। यह पूर्ण प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ एक उज्ज्वल भविष्य की ओर देखते हुए, उपलब्धियों पर चिंतन करने, उनका उत्सव मनाने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए आगे बढ़ने का भी समय है। इस उद्देश्य से, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने जून 2022 से देश भर में क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय बैठकों की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया। देश के कई हिस्सों में आयोजन के बाद, आज 02.07.2022 को यह बैठक झारखंड की राजधानी रांची में राज्य सरकार के सहयोग एवं नीति आयोग के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई, जिसमें नीति आयोग के साथ झारखंड, छत्तीसगढ़, और ओडिशा के वरिष्ठ अधिकारी/ प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। इससे पूर्व अपने स्वागत भाषण में निदेशक - महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण, झारखंड सरकार, ए डोडे ने आकांक्षी जिलों में महिलाओं एवं बच्चों पर असर विषय पर आयोजित इस क्षेत्रीय बैठक में आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका विभाग झारखंड में समग्रता से इस वर्ग विशेषों के कल्याण हेतु तत्परता से कार्य कर रहा है। बैठक में झारखंड के आकांक्षी जिलों जैसे रांची एवं गुमला के जिला उपायुक्तों ने अपने यहाँ किए जा रहे महिला एवं बाल कल्याण के कार्यों पर प्रेजन्टैशन प्रस्तुत किया। रांची में आयोजित इस जोनल मीट का मकसद आकांक्षी जिलों में हासिल की गई उपलब्धियों का न केवल उत्सव मनाना रहा, बल्कि महिलाओं और बच्चों के विकास और सशक्तिकरण की चर्चा को केंद्रीय मंच पर लाने के लिए मंत्रालय एवं राज्य सरकारों द्वारा निरंतर किए जा रहे प्रयास और प्रतिबद्धता के लिए प्रेरणा को प्रतिबिंबित करना भी रहा। बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में महिला एवं बाल विकास मन्त्रालय के सचिव इंदीवर पाण्डेय, संयुक्त सचिव तृप्ति गुरहा, नीति आयोग के सचिव एवं सहभागी राज्यों के आकांक्षी जिलों के सक्षम अधिकारियों/ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। बांग्लादेश में भारतीय राजदूत विक्रम दोराईस्वामी के यूनाइटेड किंगडम में भारतीय दूत के रूप में पदभार संभालने की उम्मीद है। 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी, दोराईस्वामी एक चीनी वक्ता हैं, जिन्होंने उज्बेकिस्तान, दक्षिण कोरिया में भारतीय राजदूत के रूप में कार्य किया है और अमेरिका के साथ-साथ प्रधानमंत्री के निजी सचिव में भी कार्य किया है। विक्रम दोराईस्वामी ने राजदूत गायत्री इस्सर कुमार की जगह ली है, जो 30 जून, 2022 को सेवानिवृत्त हुए थे। अमेरिका में मिशन के वर्तमान उप प्रमुख सुधाकर दलेला, जो 1993 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं, ढाका में विक्रम की जगह लेने की उम्मीद है। ऐसी अटकलें हैं कि वियतनाम में भारतीय राजदूत प्रणय वर्मा भूटान में रुचिरा कंबोज की जगह लेंगे और संदीप आर्य हनोई में उनकी जगह लेंगे। कंबोज को संयुक्त राष्ट्र में भारत का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। वर्मा और आर्य दोनों 1994 बैच के अधिकारी हैं। एक पेशेवर और मेहनती राजनयिक, दोराईस्वामी ढाका के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिसमें अधिकारी बुनियादी ढांचे और रक्षा सहयोग के माध्यम से बांग्लादेश के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए जोर दे रहे हैं। दक्षिण कोरिया में भारतीय राजदूत के रूप में दोराईस्वामी भारत में केआईए मोटर्स प्राप्त करने और भारत में K -9 155 मिमी स्व-चालित होवित्जर के संयुक्त विकास के दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
टीम एबीएन, रांची। रथ यात्रा के पावन अवसर पर माननीय राज्यपाल श्री रमेश बैस एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज रांची धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने महाप्रभु जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना कर देश एवं राज्य की खुशहाली, सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की। माननीय राज्यपाल श्री रमेश बैस ने कहा कि विधिवत मंत्रोच्चार के साथ आज प्रभु जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के चरणों में पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान जगन्नाथ सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। माननीय राज्यपाल ने राज्यवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं : मौके पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने महाप्रभु जगन्नाथ से राज्यवासियों की सुख,समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना करते हुए सभी को रथ यात्रा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना किया कि प्रभु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे तथा झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। मौके पर पंडित राजेश्वर एवं मदन ने विधिवत पूजा का कार्य संपन्न कराया। मौके पर सांसद संजय सेठ, पूर्व सांसद सुबोध कांत सहाय, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक राजेश कच्छप, जगन्नाथ मंदिर के प्रथम सेवक सुधांशु नाथ शाहदेव सहित अन्य गणमान्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse