एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज की शाम अपनी सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत सेंट्रल विस्टा एवेन्यू (राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक एक खंड कर्तव्य पथ) का उद्घाटन करने वाले हैं। इसमें राज्यवार फूड स्टॉल, चारों ओर हरियाली के साथ लाल ग्रेनाइट पत्थर से पैदल यात्रियों के लिए बना पथ, वेंडिंग जोन, पार्किंग स्थल और चौबीसों घंटे सुरक्षा की व्यवस्था होगी। वह इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंडिया गेट के सभी मार्गों को पूरी तरह बंद रखा जायेगा। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से दी गई है। बता दें कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से मिले एक प्रस्ताव को पारित कर राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ कर दिया है। अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को कर्तव्य पथ कहा जायेगा। पीएमओ ने कहा कि कर्तव्य पथ का उद्घाटन और सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री मोदी के अमृत काल में नए भारत के लिए पंच प्रण के आह्वान के दूसरे प्रण के अनुकूल है, जिसमें उन्होंने औपनिवेशिक मानसिकता की हर निशानी को समाप्त करने की बात कही थी। सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में क्या होगा खास : राजपथ और सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के आसपास के इलाकों में भीड़ के कारण बुनियादी ढांचे पर पड़ते दबाव और सार्वजनिक शौचालय, पीने के पानी, स्ट्रीट फर्नीचर और पार्किंग स्थल की पर्याप्त व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण राजपथ का पुनर्विकास किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इसमें वास्तु शिल्प का चरित्र बनाए रखने और अखंडता भी सुनिश्चित की। कर्तव्य पथ बेहतर सार्वजनिक स्थानों और सुविधाओं को प्रदर्शित करेगा, जिसमें पैदल रास्ते के साथ लॉन, हरे-भरे स्थान, नवीनीकृत नहरें, मार्गों के पास लगे बेहतर बोर्ड, नई सुविधाओं वाले ब्लॉक और बिक्री स्टॉल होंगे। इसके अलावा इसमें पैदल यात्रियों के लिए नए अंडरपास, बेहतर पार्किंग स्थल, नये प्रदर्शनी पैनल और रात्रि के समय जलने वाली आधुनिक लाइट से लोगों को बेहतर अनुभव होगा। पीएमओ ने कहा कि इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, ज्यादा बारिश के कारण एकत्र जल का प्रबंधन, उपयोग किए गए पानी का पुनर्चक्रण, बारिश जल संचयन और ऊर्जा कुशल प्रकाश व्यवस्था जैसी अनेक दीर्घकालिक सुविधाएं शामिल हैं। इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित की जा रही है, जहां इस साल की शुरुआत में पराक्रम दिवस पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था। पीएमओ ने कहा कि ग्रेनाइट से बनी यह प्रतिमा हमारे स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी के योगदान के लिए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी, और देश के उनके प्रति ऋणी होने का प्रतीक होगी। मुख्य मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा तैयार की गई 28 फुट ऊंची प्रतिमा को एक ग्रेनाइट पत्थर पर उकेरा गया है और इसका वजन 65 मीट्रिक टन है। इंडिया गेट सर्कल में सेंट्रल विस्टा के उद्घाटन ज़ के मद्देनजर दिल्ली हाई कोर्ट के साथ-साथ पटियाला हाउस कोर्ट गुरुवार को दोपहर तीन बजे से बंद रहेगी। कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए क्षेत्र में विशेष यातायात व्यवस्था के बाद इस सिलसिले में एक अधिसूचना जारी की गई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नौ सितंबर को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान जारी करेंगी जिसका उद्देश्य वर्ष 2025 तक भारत से टीबी उन्मूलन करना है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहस्राब्दी विकास लक्ष्य (एसडीजी) से पांच साल पहले देश में टीबी समाप्त करने का आह्वान किया था। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, मंत्रालय में राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार तथा कई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और उप राज्यपाल उपस्थिति रहेंगे। आॅनलाइन होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य और जिला स्वास्थ्य प्रशासन, उद्योग, नागरिक समाज और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।इस अवार पर राष्ट्रपति ‘नि:क्षय मित्र पहल’ का भी शुभारंभ करेंगी जो अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। नि:क्षय मित्र पोर्टल टीबी के उपचार से गुजर रहे लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आठ सितंबर को नई दिल्ली में राज्य सहकारिता मंत्रियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन में सहकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा और सहकारिता मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सहकारी रजिस्ट्रार और देश की सभी 36 राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इससे पहले मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सहकारी नीति का मसौदा तैयार करने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की समिति के गठन की घोषणा की। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु इस राष्ट्रीय स्तर की समिति की अध्यक्षता करेंगे। इस समिति में कुल 47 सदस्य शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक इसमें सहकारी क्षेत्र के विशेषज्ञ, राष्ट्रीय राज्य और जिला सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सहकारी सचिव और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की सहकारी संस्थाओं के रजिस्ट्रार शामिल होंगे। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने इसे लेकर घोषणा भी की थी कि जल्द ही राष्ट्रीय सहकारी नीति शीघ्र तैयार की जायेगी। उन्होंने कहा था कि नई नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकार से समृद्धि के उनके सपने को साकार करने के लिए तैयार की जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। गढ़वा और पलामू के विभिन्न पोस्ट ऑफिस में हुए घोटाले के मामले में सीबीआई की टीम ने दोनों जिलों के कई इलाकों में छापेमारी की है। सीबीआई की टीम ने पलामू के सूदना, छतरपुर, गढ़वा के रमना और भवनाथपुर में छापेमारी की है। सीबीआई टीम के इंस्पेक्टर मुकुंद कुमार कर्ण के नेतृत्व में छापेमारी शुरू की है। यह छापेमारी गढ़वा के रमना उप डाकघर में दो करोड़ 10 लाख रुपय घोटाले के मामले में की गई है। पूरे मामले के आरोपी पोस्ट मास्टर कामेश्वर राम और उनके करीबियों के घर पर छापेमारी की गई है। सीबीआई की टीम ने पलामू के छतरपुर के रहने वाले तत्कालीन पोस्ट मास्टर कामेश्वर राम के पैतृक आवास, उनके करीबी पलामू के सूदना स्थित मंजीत कुमार, गढ़वा के भवनाथपुर के रहने वाले अश्विनी कुमार और रवीना के संजय कुमार के घर पर छापेमारी की है। समाचार लिखे जाने तक सीबीआई की टीम छापेमारी कर रही थी। दरअसल, पोस्ट मास्टर कामेश्वर राम गढ़वा के रमना में तैनात थे। पोस्ट ऑफिस में आवर्ती खाता में जमा होने वाले ग्राहकों के रुपये को कमलेश्वर राम ने गायब कर दिया था। ग्राहक आवर्ती खाता में रुपये को जमा करते थे। कामेश्वर राम ने रुपए फर्जी खातों में डाल कर निकाल लिया था। पूरे मामले में डालटनगंज हेड पोस्ट ऑफिस द्वारा रुपयों की मांग की जाने के बाद कामेश्वर राम ने कोई जानकारी नहीं दी थी। पोस्टल विभाग द्वारा पूरे मामले में जांच टीम का गठन किया गया था। इसी जांच में 2.10 करोड़ रुपये का गबन पकड़ा गया। बाद में पोस्टल विभाग ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी। सीबीआई की जांच में आरोपी पोस्टमास्टर कामेश्वर राम के कई जगहों पर जमीन मिले थे। सीबीआई ने पूरे मामले में कामेश्वर राम की संपत्ति को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने आज प्रकृति पर्व "करम पूजा" के लिए सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक यह पर्व पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रकृति महापर्व करम पर्व की सभी को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के अटूट प्रेम का यह पर्व, आप सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाये यही कामना करता हूं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार जल्द ही एक और बड़ा काम करने जा रही है। मोदी सरकार अब जल्द ही राजपथ का नाम बदलने जा रही है। सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में राजपथ का नाम कर्तव्यपथ होगा। शिक्षक दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने ये फैसला किया है। जानकारी के अनुसार राजपथ से लेकर सेंट्रल विस्टा लॉन तक का नाम कर्तव्यपथ होगा। गौरतलब है कि कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन करेंगे। अब नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक की पूरी सड़क को कर्तव्य पथ के नाम से जाना जायेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रधानमंत्री आवास की सड़क का नाम भी रेसकोर्स रोड से बदल कर लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया था। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात का संकेत दिया था और कहा था कि गुलामी की हर चीज से मुक्त होएंगे। साथ ही पीएम ने 2047 तक कर्तव्यों के महत्व की बात भी कही थी। इसके बाद कयास लगाया गया था कि राजपथ का नाम बदला जायेगा। अब सूत्रों के अनुसार 7 सितंबर को एनडीएमसी की एक बैठक होने वाली है। इस दौरान ही सरकार इस फैसले पर मुहर लगा देगी।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में फैसले को लेकर असमंजस्यता के बीच आज सोमवार को विधानसभा के विस्तारित मॉनसून सत्र की एकदिवसीय बैठक बुलायी गयी है। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बताया कि सदन के नेता की ओर से उन्हें यह सूचित किया गया है कि राज्य मंत्रिमंडल सदन में विश्वास मत हासिल करना चाहती है। झारखंड के मुख्यमंत्री के विधायक के रूप में बने रहने को लेकर जारी भ्रम के बीच हेमंत सोरेन सोमवार को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विश्वास मत प्राप्त करने के लिए प्रस्ताव रखेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विधानसभा सचिवालय द्वारा विधायकों को भेजे गए पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बहुमत साबित करने के लिए विश्वास मत प्रस्ताव लाने की इच्छा जाहिर की है। संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि झारखंड में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हमारे प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यपाल से मुलाकात की थी और उन्होंने हमें एक या दो दिन में स्थिति साफ करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इसलिए हम विधानसभा में अपनी बात रखेंगे और बहुमत साबित करेंगे। सोमवार को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाई गई है। इस सत्र में विपक्ष की क्या भूमिका होगी, राज्य सरकार ने क्यों विशेष सत्र बुलाया है, इन सवालों के जवाब में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री एवं चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सरकार पहले यह बतायें कि उनसे किसने विश्वास मत साबित करने की मांग की है। पूर्ण विश्वास मत प्राप्त कर सत्ता में आने वाली हेमंत सोरेन की सरकार को आखिर ऐसी क्या आवश्यकता पड़ी कि उसे फिर से अपना विश्वास मत साबित करना पड़ रहा है। अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आज राज्य में अव्यवस्था फैली हुई है। दलितों की जमीन लूटी जा रही है, महिलाएं असुरक्षित है, जगह-जगह आपराधिक घटनाएं हो रही है, मुख्यमंत्री खुद भ्रष्टाचार में लिप्त पाये हैं, मुख्यमंत्री के खिलाफ कोर्ट और आयोग में कई मामले चल रहे हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री अपनी सरकार को बचाने के लिए ऐसे हथकंडे अपना रही है। बता दें, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सदन में अपनी रणनीति तैयार करने के लिए रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई थी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2022 के विजेताओं से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। पीएमओ के बयान के मुताबिक, शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का उद्देश्य देश के उन बेहतरीन शिक्षकों के अद्वितीय योगदान का उत्सव मनाना और उनका सम्मान करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2022 के विजेताओं के साथ पांच सितंबर, 2022 को शाम साढ़े चार बजे नई दिल्ली में सात लोक कल्याण मार्ग पर स्थित अपने सरकारी आवास पर मुलाकात करेंगे। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष इन पुरस्कारों के लिए देश भर से 45 शिक्षकों का चयन तीन चरणों की एक कठोर एवं पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse