राज काज

View All
Published / 2022-12-27 13:44:33
डीडीएमए का आदेश वापस : अब एयरपोर्ट पर नहीं लगेगी शिक्षकों की कोरोना ड्यूटी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल लागू कराने के लिए टीचर्स की ड्यूटी लगाने का फैसला अब वापस ले लिया गया है। टीचर्स एसोसएिशन के विरोध के बाद डीडीएमए ने यह आदेश वापस ले लिया है। बता दें कि इससे पहले टीचर्स को 31 दिसंबर से 15 जनवरी तक एयर पोर्ट पर ड्यूटी करनी थी। 

वहीं अब प्राधिकरण का कहना है कि जरूरत पड़ने पर हवाई अड्डे पर नागरिक सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की जायेगी।बता दें कि इससे पहले दिल्ली सरकार के स्कूलों के शिक्षकों  की आगामी सर्दी की छुट्टियों में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर ड्यूटी लगाई गई थी। ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि लोग वहां पर कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करें। 

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिलाधिकारी (पश्चिम) ने यह आदेश जारी किया था।

Published / 2022-12-27 09:26:15
झारखण्ड : सभी सरकारी कर्मियों का जाति प्रमाण पत्र जांचेगी सरकार

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का जाति प्रमाण पत्र की जांचने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद ने केंद्र सरकार को यह बताया था कि तमिलनाडु में कई रिटायर कर्मियों का पेंशन इस वजह से नहीं दिया गया है कि अभी तक उनके जाति का वेरिफकेशन नहीं हुआ है। 

इस मामले को केंद्र ने गंभीरता से लिया है सभी राज्यों को पत्र लिखा है। यह भी पता चला कि केंद्र सहित कई राज्यों के एससी-एसटी कर्मियों का अभी तक जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है।  कई ऐसे कर्मचारी हैं जो फर्जी तरीके से एससी-एसटी का जाति प्रमाण पत्र बना कर लाभ उठा रहे है। ऐसे में योग्य लोग लाभ से वंचित रह जा रहे हैं।

राज्य सरकार ने सभी जिलों जाति प्रमाण पत्र जांचने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार राजभाषा मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखा था। झारखंड के मुख्य सचिव के निर्देश पर कार्मिक विभाग ने सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सदस्य सचिव छानबीन समिति, सभी उपायुक्त, एसडीओ, बीडीओ-सीओ को पत्र लिखा है और समय पर एससी-एसटी के जाति प्रमाण पत्र की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

Published / 2022-12-26 23:00:29
पश्चिम बंगाल : वंदे भारत का ट्रायल रन शुरू, 30 को हरि झंडी दिखायेंगे पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कोलकाता दौरे में हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी मार्ग पर पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायेंगे। वे 30 दिसंबर को कोलकाता आ रहे हैं। इस बीच, सोमवार को इस ट्रेन का यहां ट्रायल रन शुरू हुआ। पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि रविवार को ही वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा पहुंच गई। ट्रेन सेवा शुरू होने से पहले इसकी पूरी तरह से जांच की जाएगी और अभी दो-तीन दिन इसका ट्रायल रन चलेगा। पूर्व रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि आधुनिक यात्री सुविधाओं वाली इस सुपरफास्ट ट्रेन को दोनों दिशाओं से गंतव्य की दूरी तय करने में लगभग 7.5 घंटे ही लगेंगे। बाकी एक्सप्रेस ट्रेनों को हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच दूरी तय करने में 12 घंटे से अधिक का समय लगता है। 

वंदे भारत ट्रेन कोलकाता और सिलीगुड़ी के बीच यात्रा का समय काफी कम कर देगी और आठ घंटे से भी कम समय में उत्तर बंगाल से यहां आना-जाना संभव होगा। चक्रवर्ती ने बताया कि बंगाल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। ट्रेन हावड़ा स्टेशन से सुबह छह बजे रवाना होगी और न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर दोपहर डेढ़ बजे पहुंचेगी। एक घंटे के ठहराव के बाद यह ट्रेन वापसी में दोपहर ढाई बजे ट्रेन जलपाईगुड़ी से रवाना होगी और रात 10 बजे हावड़ा पहुंचेगी। क्रिसमस के दिन रविवार को वंदे भारत ट्रेन हावड़ा स्टेशन पर पहुंची।

हावड़ा के डीआरएम मनीष जैन के साथ पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रविवार दोपहर को ट्रेन का निरीक्षण करने के लिए लिलुआ शार्टिंग यार्ड का दौरा किया था। वंदे भारत को चलाने के लिए 10 मोटरमैन को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

Published / 2022-12-26 22:53:04
कोरोना को लेकर कर्नाटक में अनिवार्य हुआ मास्क

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कुछ देशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कहा कि नये साल के जश्न के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कहा कि नये साल का जश्न देर रात एक बजे तक ही चलना चाहिए। 

मंत्री ने कहा कि टीकाकरण के संबंध में सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि लोगों को बूस्टर खुराक लेनी चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, अन्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों से भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचने की अपील की। सुधाकर ने कहा कि बंद जगहों, वातानुकूलित कमरों और जश्न वाली बाहरी जगह जहां भीड़-भाड़ हो, वहां पर मास्क अनिवार्य होगा। जिन स्थानों पर समारोह हो रहे हैं, वहां अनुमति से अधिक लोग नहीं होने चाहिए। 

सुधाकर राजस्व मंत्री आर अशोक की अध्यक्षता में एक बैठक में भाग लेने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे, जो राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष हैं।
सुधाकर के अनुसार, बेंगलुरु और मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में से दो प्रतिशत यात्रियों की बिना क्रम के जांच जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में बॉरिंग अस्पताल और मंगलुरु में वेनलॉक अस्पताल को दो पृथकवास केंद्र बनाया गया है जहां जांच में कोविड-19 संक्रमित पाये गये अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को रखा जायेगा।

मंत्री ने कहा कि चीन से राज्य लौटे एक यात्री के नमूने जीनोम अनुक्रमण के लिए एक प्रयोगशाला में भेजे गये हैं। जद (एस) पार्टी के नेता एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली पंचरत्न यात्रा के बारे में मंत्री ने कहा कि पैदल मार्च जारी रह सकता है, लेकिन उन्होंने दोहराया कि इसमें हिस्सा लेने वालों को खुद को सुरक्षित रखने के लिए कोविड से संबंधित उचित व्यवहार का पालन करना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि उपायुक्त, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला निगरानी अधिकारी और विशेषज्ञ समिति के सदस्य राज्य के सभी जिलों में कोविड प्रबंधन की देखरेख करेंगे। 

सुधाकर के अनुसार, दो साल से अधिक समय पहले कोविड-19 फैलने के बाद से आईसीयू बिस्तरों की संख्या, आॅक्सीजन आपूर्ति वाले बिस्तरों की संख्या, आॅक्सीजन क्षमता और मेडिकल एवं पैरामेडिकल कर्मियों सहित स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और कर्मचारियों की संख्या में काफी वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि यह किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त होगा।

Published / 2022-12-26 22:40:18
झारखंड में कोरोना के संभावित खतरे को लेकर सीएम ने कसी कमर

  • चीन में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट, हेमंत सोरेन ने बुलाई बैठक

टीम एबीएन, रांची। चीन में बढ़ते कोरोना मामले को लेकर झारखंड सरकार अलर्ट पर है। इसको लेकर आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में कोरोना वायरस को लेकर रणनीति तैयार की जायेगी। साथ हीं साथ कोरोनावायरस के लिए राज्य के 24 जिले में क्या कुछ इंतजाम किये गये हैं और क्या कुछ विशेष किया जा सकता है उसको लेकर बैठक में दिशा निर्देश दिया जायेगा।

इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य सचिव अरुण सिंह समेत 24 जिले के सिविल सर्जन मौजूद रहेंगे। वहीं कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को ध्यान में रखते हुए रांची के एयरपोर्ट पर विदेशी यात्रियों की कोरोना जांच करवाई जा रही है। वहीं चीन में बढ़ते कोरोना वायरस को लेकर झारखंड में कई संस्थाओं द्वारा अब मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जहां शहर में चलने वाले आॅटो चालक, रिक्शा चालक समेत अन्य लोगों का फेफड़ा जांच शिविर लगाया गया है। बता दें कि कोरोना वायरस होने के बाद कई लोगों का फेफड़ा कमजोर हो गया और जिसकी वजह से लोगों की मौत हो रही थी। उसी को ध्यान में रखते हुए रांची शहर में संस्था द्वारा निशुल्क फेफड़ा जांच शिविर लगाया गया। जिसमें आॅटो चालक रिक्शा चालक सब्जी बेचने वाले लोगों का कोरोना के साथ-साथ फेफड़ा जांच किया जा रहा है। 

साथ ही उन लोगों को कोरोना वैक्सीन दिया जा रहा है। बता दें कि बाहर काम करने वाले इन लोगों को प्रदूषण के कारण सीधे फेफड़ा डैमेज होता है और कोरोना सीधे फेफड़ा को नुकसान पहुंचाता है। जिसको लेकर इस संस्था द्वारा शहर में नि:शुल्क जांच शिविर लगाया गया। इस जांच शिविर में आकर आॅटो चालक रिक्शा चालक और सब्जी विक्रेता भी काफी खुश हैं उनका कहना है कि हमारे फेफड़े में क्या कुछ बीमारी है हमें पता नहीं चल पाता और इस जांच से कहीं ना कहीं हमारे स्वास्थ्य मजबूत होगी।

Published / 2022-12-26 20:28:08
दारू : 1.44 करोड़ की लागत से बन रहा स्वास्थ्य उपकेंद्र का भवन

  • स्वास्थ्य उपकेंद्र में जल्द मिलेगी पूर्ण इलाज की सुविधा : डॉ प्रवीणनाथ  

टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। स्वास्थ्य उपकेंद्र पेटो भवन परिसर में 1 करोड़ 44 लाख की लागत से बनने वाला भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस बारे में डॉक्टर प्रवीणनाथ ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र में पहले से इलाज व प्रसव आदि की सुबिधा मिल रही थी जिसे विस्तारित करते हुए अन्य इलाज की सुबिधा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 विशेष प्रमंडल से हो रहे इस कार्य में डॉक्टर और नर्स का कवाटर, पूरे परिसर की चहारदीवारी, स्वास्थ्य केंद्र का भवन, सौचालय, एंबुलेंस रखने का शेड, रंग रोगन आदि कार्य किया जाना है। इस कार्य के पूर्ण होने से लोगों को आपातकालीन सहित सभी तरह के इलाज की सुबिधा मिलने लगेगी। प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भवन, चहारदीवारी आदि का कार्य प्रारंभ होने से हर्ष जताते हुए उम्मीद व्यक्त किया कि अब प्रखंड व आसपास क्षेत्र के मरीजों को इस केंद्र से इलाज की सुविधा मिलने लगेगी।

Published / 2022-12-26 14:33:58
खूंटी में दूसरे दिन राज्यपाल उठायेंगे उलुंग वाटर फॉल का आनंद

टीम एबीएन, खूंटी/रांची। राज्यपाल रमेश बैस आज भी खूंटी दौरा पर हैं। आज वो जिले के रनिया प्रखंड स्थित उलुंग वाटर फॉल जायेंगे। रविवार को उन्होंने तोरपा प्रखंड स्थित पेरवाघाघ का भ्रमण किया था और वहां की वादियों का लुत्फ उठाया था। राज्यपाल रमेश बैस सपरिवार खूंटी की खूबसूरत वादियों में सैर कर रहे हैं। 

रविवार को खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड स्थित पेरवाघाघ जलप्रपात देखने झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस अपने परिवार के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रकृति की गोद में बसे पेरवाघाघ फॉल के प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाया। अपने पोते और अन्य परिजनों के साथ लकड़ी की बनी नौका में बैठकर उन्होंने फॉल के पास घंटों समय बिताया। वहीं, पर्यटक मित्रों से पेरवाघाघ के बारे में विस्तृत जानकारी भी ली।

Published / 2022-12-26 09:46:53
अस्पतालों में अचानक बढ़े सांस के मरीज तो बजी खतरे की घंटी

  • केंद्र ने राज्यों को किया अलर्ट

एबीएन सेंट्रल डेस्क। विश्व में बढ़ रहे कोविड केसों को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में कोविड के नए खतरे को लेकर फिर आगाह किया है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को निगरानी बढ़ाने व अस्पतालों में भर्ती होने वालों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यदि देश के कुछ क्षेत्रों में कोविड-19 से संबंधित अस्पताल में भर्ती होने या सांस के मरीजों में अचानक उछाल आता है, तो यह हमारे लिए खतरे का संकेत होगा। इसलिए सभी अस्पतालों को कड़ी निगरानी रखनी चाहिए। रोगियों की संख्या में किसी भी असामान्य वृद्धि की पहचान करनी चाहिए। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राज्य अस्पतालों में कोरोना वायरस के केसों पर भी नजर रखें।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को कोविड-19 के प्रबंधन और टीकाकरण की समीक्षा के लिए राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने कहा कि अस्पतालों में निगरानी पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने राज्यों में सीवेज और अपशिष्ट जल की निगरानी पर भी जोर दिया जाना चाहिए, ताकि मल के जरिए वायरस का संक्रमण रोका जा सके।

निगरानी के लिए राष्ट्रव्यापी नेटवर्क बनाया : यह भी समुदाय के भीतर बीमारी के फैलने के शुरुआती संकेतों में से एक है। सीवेज नमूना परीक्षण भी अतीत में पोलियो की निगरानी का एक प्रमुख तरीका रहा है। सामुदायिक निगरानी के लिए इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) की निगरानी के लिए एक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क बनाया गया है।

ठंड में बढ़ जाते हैं फ्लू के केस : स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन बीमारियों के मरीजों के 25 से 30 फीसदी मामले कोविड पॉजिटिव में बदल जाते हैं। यही कारण है कि इन मामलों की जांच करना महत्वपूर्ण है। ठंड या सर्दी के मौसम में वैसे भी फ्लू के मामले बढ़ जाते हैं।

राज्यों में कल होगी मॉक ड्रिल, दिल्ली में कोरोना वॉर रूम में देना होगी जानकारी : केंद्र के निर्देश पर मंगलवार को देशभर के अस्पतालों में होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को मॉक ड्रिल के लिए राज्यों को एक फॉर्म उपलब्ध कराया है, जिसे कोविन इंडिया पोर्टल से डाउनलोड करने के निर्देश दिये गये हैं। इस फॉर्म को मॉक ड्रिल के साथ ही भरना होगा और उसी समय अपलोड करने के साथ ही दिल्ली में कोरोना वार रूम में जानकारी देनी होगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि देश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 27 दिसंबर की सुबह मॉक ड्रिल होने जा रही है।

540 बार बदला ओमिक्रॉन, 18 हजार बार बदला कोरोना : इंसाकॉग की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना का वायरस बहुत तेजी से अपना स्वरूप बदलता है। अब तक इसमें 18 हजार से भी अधिक बार परिवर्तन देखने को मिले हैं। बीते एक वर्ष से पूरी दुनिया में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट से जुड़े उप वैरिएंट ही प्रसारित हो रहे हैं। इसलिए, ओमिक्रॉन की बात करें तो यह 540 बार बदला है और 61 मिश्रित वैरिएंट को इसने जन्म दिया है। वायरस के इन बदलावों को देखते हुए जीनोम सीक्वेंसिंग पर जोर देने के लिए कहा जा रहा है।

Page 221 of 349

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse