राज काज

View All
Published / 2023-01-09 22:55:16
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा

  • विकास कार्यों, विधि व्यवस्था तथा सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में प्रगति की ली जानकारी
  • डीसी, एसएसपी समेत जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी, टाटा स्टील के प्रतिनिधि तथा अन्य रहे मौजूद 

टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में माननीय मंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार श्री बन्ना गुप्ता ने जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। डीसी श्रीमती विजया जाधव, एसएसपी श्री प्रभात कुमार, एडीएम श्री नन्दकिशोर लाल, एसडीएम श्री पियूष सिन्हा, निदेशक डीआरडीए श्री सौरभ सिन्हा, अपर उपायुक्त श्री जयदीप तिग्गा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। 

मंत्री ने विकास कार्यों के क्रियान्वयन, विधि व्यवस्था समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की। शहर में जगह-जगह लगे होर्डिंग पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए अवैध होर्डिंग को हटाने का निर्देश दिया गया। जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी ने बताया कि उनके पोषक क्षेत्र में 128 अवैध होर्डिंग चिन्हित किये गये, जिनमें 48 को हटाया जा चुका है। 15 दिनों में शेष अवैध होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई को लेकर उन्होंने आश्वस्त किया। बहुमंजिला इमारतों के बेसमेंट में व्यावसायिक उपयोग की भी जांच का निर्देश दिया गया।

 वहीं शहरी क्षेत्र में रात्रि के समय सड़क किनारे अवैध रूप से चार पहिया वाहनों की पार्किंग, सेकेंड हैंड कार विक्रेता द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की बात कही। माननीय मंत्री ने कहा कि सड़कों के अतिक्रमण से आवागमन में असुविधा होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटना की भी संभावना ज्यादा होती है। माननीय मंत्री द्वारा जेएनएसी एनं मानगो नगर निगम क्षेत्र में 15 वित्त से क्रियान्वित योजनाओं की भी समीक्षा कर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वैसे सोसायटी या मार्केट जहां भारी मात्रा में कचरा निकलता हो उसे चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।  

सार्वजनिक शौचालय जुआड़िओं, नशेड़ियों का अड्डा नहीं बने

 मंत्री ने कहा कि सामुदायिक भवनों का उपयोग समुदाय के हित में हो इसे सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग की भी समीक्षा की बात कही। उन्होने स्पष्ट कहा कि शौचालय नशेड़ियों और जुआड़ियों के लिए अड्डा बन कर नही रह जाए इसका ध्यान रखें। महिलाओं के लिए पिंक ट्वायलेट बनाने की योजना लेने का निर्देश नगर निकाय पदाधिकारियों को दिया गया।

मंत्री ने स्वर्णरेखा व खरकई नदी की साफ-सफाई पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि नदी में गिरने वाले शहर के नालों के पानी का ट्रीटमेंट होने के बाद ही पानी नदी में छोड़ें। उन्होने नदी घाटों के सौदर्यीकरण पर भी विशेष बल दिया।

गैस पाइपलाइन बिछाने के क्रम में बिजली आपूर्ति व पेयजल के पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित कार्यकारी एजेंसी की जवाबदेही तय करने की बात कही। स्कील ट्रेनिंग सेंटर में कितने बच्चे नामांकित हैं, कितनों का प्लेसमेंट हो रहा इसकी भी समीक्षा के निर्देश दिये। निजी विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के नामांकन की समीक्षा की गयी। नगर निकाय क्षेत्रों में नए स्ट्रीट लाईट का अधिष्ठापन की प्रगति की समीक्षा कर कार्यकारी एजेंसी से लाईट खराब होने पर तय समयावधि में उसका मेंटेनेंस कराने की बात कही। विधवा, वृद्ध पेंशन योजना का लाभ सभी सुयोग्य लाभुकों को मिले इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।  

विधि व्यवस्था के समीक्षा के क्रम में जिले में अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर प्रमुख चौक-चौराहों में सीसीटीवी लगाने की योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया गया। माननीय मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में जरूर कमी आई है लेकिन अपराधियों को मनोबल पूरी तरह से तोड़ना है, कोई भी अपराधी प्रशासन की नजर से नहीं बच पाये इसे सुनिश्चित करें, संगठित अपराध गिरोहों पर कड़ी निगरानी रखें।

माननीय मंत्री द्वारा मेडिकल दुकानों में औचक छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया ताकि किस दवा को बेचने की अनुमति है, कितनी मात्रा में बेचने की अनुमति है तथा नशीली दवाओं का कारोबार तो नहीं हो रहा इस पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। कन्या भ्रूण की जांच करने वाले अवैध नर्सिंग होम पर भी कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

बैठक में अर्बन सीएचसी के लिए 30 बेड के अस्पताल का भूमि चिन्हितीकरण, 100 बेड का आयुष अस्पताल के लिए जमीन चिन्हितीकरण, मानगो फ्लाईओवर निर्माण को लेकर की जा रही कार्रवाई, एमजीएम अस्पताल तथा विकास कार्यों से जुड़ी अन्य कई बिंदुओं की भी समीक्षा की गयी।

मौके पर विशेष पदाधिकारी जेएनएसी श्री संजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी मानगो नगर निगम श्री सुरेश यादव, सीओ मानगो श्री हरीशचंद्र मुंडा, सीओ जमशेदपुर सदर श्री अमित श्रीवास्तव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार, टाटा लैंड डिपार्टमेंट के हेड श्री अमित सिंह, जुस्को के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित तकनीकी विभागों के अभियंता मौजूद रहे।

Published / 2023-01-09 21:31:07
राज्य को बेहतर दिशा देने के लिए व्यवस्था को बेहतर बनाना जरूरी : हेमंत सोरेन

  • मुख्यमंत्री ने आईआरबी -9 के पारण परेड समारोह में प्रशिक्षु जवानों के आकर्षक मार्च पास्ट का किया निरीक्षण, ली सलामी  
  • 182 महिला समेत 552 प्रशिक्षु आरक्षियों ने ईमानदारी, निष्ठा, हर्ष और नम्रता के साथ कर्त्तव्य निर्वहन की ली शपथ  
  • प्रशिक्षु जवानों से मुख्यमंत्री बोले - प्रशिक्षण आपका आत्मबल मजबूत करेगा और आप विभिन्न चुनौतियों से सफलतापूर्वक निपटेंगे  
  • मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु जवानों से कहा- सरकार के अभिन्न अंग के रूप में आपको अहम जिम्मेदारी निभानी है  
  • आपको राज्य में अमन-चैन, शांति और सौहार्द बनाए रखना है

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। राज्य को बेहतर दिशा देने के लिए बेहतर व्यवस्था देनी होगी । हमारा प्रयास व्यवस्था को सुदृढ़ करना है जिससे आपके कर्त्तव्य पथ पर आपको व्यवस्था से किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज जैप-3 परेड ग्राउंड, गोविंदपुर, धनबाद में आईआरबी-9 के पारण परेड समारोह में नए जोश, उमंग, उत्साह और ऊर्जा से लबरेज प्रशिक्षु आरक्षियों को संबोधित करते हुए ये बातें कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षु जवानों के आकर्षक मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और सलामी ली। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर जवानों को नमन किया और सरना स्थल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

कर्त्तव्य पथ पर चलने को है तैयार 
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु जवानों से कहा कि आपने बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है । अब आप कर्त्तव्य पथ पर चलने को तैयार हैं। सरकार के अभिन्न अंग के रूप में आपको अहम जिम्मेदारी निभानी है । ऐसे में आपने जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वह आपके आत्म बल और जिम्मेदारियों तथा कार्यों के प्रति जवाबदेह बनाते हुए आने वाले समय में चुनौतियों से निपटने में आपको सक्षम बनाएगी।       

प्रशिक्षण से अलग और हटकर भी कई चुनौतियां आयेंगी  
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने प्रशिक्षण में जो हासिल किया है, कर्त्तव्य जीवन में प्रवेश करने के उपरांत उससे अलग और हटकर भी कई चुनौतियां आपके सामने आएंगी। विशेषकर आप जिस क्षेत्र से जुड़ने जा रहे हैं, वहां चुनौतियों के साथ काफी जोखिम भी है । ऐसे में इन चुनौतियों और जोखिमों से निपटने में आपका बुद्धि विवेक और प्रशिक्षण काफी मायने रखेगा। मुझे उम्मीद है कि आप तमाम चुनौतियों और जोखिमों से सफलतापूर्वक निपटने में कामयाब रहेंगे। 

राज्य में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रखना है 
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधि व्यवस्था और अपराध तथा उग्रवाद नियंत्रण के क्षेत्र में आपको अहम जिम्मेदारी निभानी है । ऐसे में आप अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएं, ताकि राज्य में अमन -चैन, शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे। 

सभी प्रशिक्षण केंद्रों में आधारभूत संरचना और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायेंगे 
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन -जिन प्रशिक्षण केंद्रों में मुझे जाने का मौका मिला है, वहां आधारभूत संरचना और मूलभूत सुविधाएं नहीं होने की जानकारी मिली। ऐसे में सरकार ने इसे पूरी गंभीरता के साथ संज्ञान में लिया है। अगले 2 वर्षों के अंदर सभी पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों का व्यापक जीर्णोद्धार किया जाएगा।  ताकि, बेहतर माहौल में बेहतर तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन हो सके। 

महिला सशक्तिकरण की कड़ी में मजबूत पहल  
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल के साथ अन्य क्षेत्रों में भी में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिलाएं अब पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। इसे हम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत पहल के रूप में देखते हैं और यह  राज्य और देश के लिए सुखद संदेश है। 

चार पारण परेड समारोह में शामिल होने का मौका मिला  
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुसाबनी, लेस्लीगंज, बोकारो और  गोविंदपुर (धनबाद) स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षु जवानों के पारण परेड समारोह में मुझे शामिल होने का मौका मिला। यह मेरे लिए यह काफी खुशी की बात है और खुशी इस बात को लेकर ज्यादा है कि यहां सफलतापूर्वक बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कूल 2445 जवानों में 813 महिलाएं हैं। 

यहां 552 आरक्षियों  ने प्राप्त किया है बुनियादी प्रशिक्षण   
झारखंड सशस्त्र पुलिस- 3 (जैप)  प्रशिक्षण केंद्र में इंडिया रिजर्व बटालियन-9 (आईआरबी), गिरिडीह के 512 आरक्षियों ने 215 दिनों का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है । इनमें 182 महिला आरक्षी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने समारोह में श्रेष्ठ प्रशिक्षक के रूप में हवलदार प्रणेन्द्र कुमार सिंह, बेस्ट कैडेट (महिला) प्रतिमा सिंह और बेस्ट कैडेट (पुरुष) रामकुमार बेदिया को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। 

इस अवसर पर विधायक टुंडी श्री मथुरा प्रसाद महतो, पुलिस महानिदेशक श्री नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, एडीजीपी श्री प्रशांत सिंह, उपायुक्त धनबाद, श्री संदीप सिंह, डीआईजी जैप, श्री सुनील भास्कर, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री संजीव कुमार, पुलिस अधीक्षक गिरिडीह अमित रेणु, पुलिस अधीक्षक धनबाद श्रीमती आर रमेशन, समादेष्टा जैप-3 श्री प्रियदर्शी आलोक और अन्य पुलिस पदाधिकारी, आईआरबी-9 के प्रशिक्षु आरक्षी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Published / 2023-01-09 12:21:03
देवघर उपायुक्त ने सीएम से मिलकर दी नववर्ष की शुभकामनाएं

टीम एबीएन, रांची। आज यानी सोमवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस अवसर पर दोनों ने एक-दूसरे को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Published / 2023-01-09 10:54:56
पीएम आज इंदौर में करेंगे 17वें पीबीडी सम्मेलन का उद्घाटन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (सोमवार) देश के सबसे साफ-सुथरे शहर इंदौर में रविवार से शुरू तीन दिवसीय 17वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि और सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशेष अतिथि होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से वायु मार्ग से रवाना होकर प्रातः 9:50 बजे इंदौर विमानतल पहुंचेंगे। यहां से वो 10:25 बजे ब्रिलिएन्ट कन्वेन्शन सेन्टर पहुंचेंगे और यहां 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां करीब चार घंटे रहेंगे और विभिन्न देशों के डेलीगेट्स से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपराह्न 2:35 बजे विमानतल से नई दिल्ली रवाना होंगे।

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय विदेशमंत्री एस. जयशंकर, केन्द्रीय राज्यमंत्री वी. मुरलीधरन, केन्द्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी और केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ राजकुमार रंजन सिंह शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने बताया चार वर्ष के अंतराल के बाद वास्तविक रूप से हो रहे इस सम्मेलन का विषय प्रवासी : अमृत काल में भारत की प्रगति में विश्वसनीय भागीदार है। सम्मेलन का समापन 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की उपस्थिति में होगा। सम्मेलन में प्रधानमंत्री के उद्घाटन और अतिथियों के संबोधन के बाद विशेष डाक टिकट सुरक्षित जायें, प्रशिक्षित जायें... जारी किया जायेगा। संबोधन के बाद भारत की स्वतंत्रता में प्रवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को उजागर करने के लिए प्रधानमंत्री आजादी का अमृत महोत्सव- भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में प्रवासी भारतीयों का योगदान विषय पर पहली बार डिजिटल प्रवासी भारतीय दिवस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

सम्मेलन के तीसरे दिन 10 जनवरी को चौथा सत्र केन्द्रीय शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में भारतीय कार्यबल की वैश्विक गतिशीलता को सक्षम करना- भारतीय डायस्पोरा की भूमिका पर होगा। पांचवां सत्र केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में राष्ट्र निर्माण के लिए एक समावेशी दृष्टिकोण की दिशा में प्रवासी उद्यमियों की क्षमता का दोहन विषय पर होगा।

सम्मेलन के अंतिम दिन 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार-2023 प्रदान करेंगी। यह पुरस्कार चुनिंदा भारतीय प्रवासी सदस्यों को उनकी उपलब्धियों को पहचानने और विभिन्न क्षेत्रों में भारत और विदेश में उनके योगदान का सम्मान करने के लिए प्रदान किये जाते हैं।

Published / 2023-01-09 10:05:31
पावर ग्रिड से बनी ट्रांसमिशन प्रणाली का हुआ उद्घाटन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान के भादला, फतेहगढ़ और बीकानेर क्षेत्रों में 8.9 गीगा वाट सौर ऊर्जा वितरण के लिए नवनिर्मित ट्रांसमिशन प्रणाली का उद्घाटन किया। इसका निर्माण पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा किया गया है। जयपुर के राजभवन में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व राजस्थान सरकार, केंद्र सरकार और पावर ग्रिड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 देश में बड़े पैमाने पर अक्षय ऊर्जा के ग्रिड एकीकरण का काम हो रहा है और तेज गति से ऊर्जा वितरण का काम भी चल रहा है। 2030 तक 500 गीगा वाट से अधिक गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा उत्पादन क्षमता की परिकल्पना की गयी है। भारत सरकार ने अक्षय ऊर्जा एकीकरण के लिए विभिन्न अंतर-राज्य ट्रांसमिशन प्रणाली विकसित करने की योजना बनायी है।

संगीता ने सीडब्ल्यूसी निदेशक का पदभार संभाला

संगीता रामरख्यानी ने सीडब्ल्यूसी की नई निदेशक (कार्मिक) का पदभार ग्रहण किया है। वह एलएलबी के साथ मैनेजमेंट ग्रेजुएट हैं। केंद्रीय भंडारण निगम में शामिल होने से पहले वह कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड में समूह महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थीं। उनके पास मानव संसाधन कार्यों, नीति निर्माण, औद्योगिक संबंध और स्थापना मामलों में काम करने का 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वह कॉनकॉर की संयुक्त उद्यम कंपनियों के निदेशक मंडल में भी रही हैं।

सीलिंग पंखे की कीमत में होगी 8 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी

इस महीने से सीलिंग पंखे 8 से 20 फीसदी तक महंगे हो जाएंगे। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) के संशोधित मानदंडों के अनुसार एक जनवरी से पंखों की अनिवार्य स्टार लेबलिंग करनी होगी। स्टार लेबलिंग 1-स्टार रेटेड पंखों के लिए न्यूनतम 30 फीसदी और 5-स्टार रेटेड पंखों के लिए 50 फीसदी से अधिक की ऊर्जा बचत को बताता है।

हैवेल्स, ओरिएंट इलेक्ट्रिक और उषा इंटरनेशनल जैसी कंपनियों का यह मानना है कि इससे लागत में 5 से 20 प्रतिशत की वृद्धि होगी, क्योंकि हाई एनर्जी वाले 5-स्टार रेटेड पंखों के लिए नए आयातित मोटर्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जरूरत होगी।

Published / 2023-01-09 09:26:03
रेलवे के जीएम का शाही निरीक्षण किया गया बंद

  • न आवभगत होगी ना ही स्पेशल ट्रेन चलेगी 

टीम एबीएन, कोडरमा। वर्ष 2023 से रेलवे के महाप्रबंधक के लिए चली आ रही अंग्रेजों के जमाने की परंपरा पर ब्रेक लगा दिया गया है। महाप्रबंधकों का राजशाही तरीके से होने वाला प्रतिवर्ष होने वाले निरीक्षणों को रेल मंत्रालय ने तत्काल प्रभाव से ंबंद कर दिया है। देश भर के 17 जोन जिसमे पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर भी शामिल है के जीएम को अब किसी भी तरह का निरीक्षण बिना तामझाम के करने का निर्देश जारी किया गया है।

 रेलवे बोर्ड के निर्देशक कुलदीप सिंह ने अपने आदेश में कहा कि जीएम का न स्पेशल ट्रेन मिलेगी और न ही आवभगत में 100 से अधिक रेलकर्मियों की फौज रहेगी। निर्देशक कुलदीप सिंह के आदेश के तहत आरडीएमओ नेशनल ऑफ इंडियन रेलवे (एनएआईआर) समेत अन्य संस्थाओं के जीएम पर भी लागु होगा। भारतीय रेल में यह प्रथा अंग्रेजों के शासन काल से थी ओर इस तरह के निरीक्षण पर निकलते हैं। उनके साथ सभी विभागोे के वरीय अधिकारी के अलावा संबंधित रेल मंडल के डीआएम भी रहते है। 

मिली जानकारी के अनुसार प्रत्येक जोन के महाप्रबंधक अपने आने वाले मंडल का निरीक्षण दो से तीन साल में एक बार करना होता है। इसका मिनट टू मिनट प्रोग्राम भी बनता था और इसकी तैयारी तीन से चार माह पहले शुरू हो जाती थी। जिस भी स्टेशन का जीएम निरीक्षण करते हैं उस स्टेशन रंग रोगन के साथ-साथ कई मूल भूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाती थी। 

इधर, हाल में पूर्व मध्य रेलवे के जीएम का कोडरमा हजारीबाग रेलखंड व धनबाद रेलमंडल का निरीक्षण किया गया जो कि बिना तामझाम का रहा। बताते चलें कि रेलवे ने पहले ही मंडल के रेल प्रबंधकों (डीआरएम) का निरीक्षण कार्यक्रम भी स्पेशल ट्रेन के जरिये होता है था इसमें भी मंडल के सभी रेल के पदाधिकारी रहते थे लेकिन अब स्पेशनल ट्रेन के वजह एक बोगी का परख स्पेशल से ही निरीक्षण कार्यक्रम होता है। जीएम का वार्षिक निरीक्षण के दौरान यह व्यवस्था भी रहती थी कि जीएम जिस भी बोगी में रहते थे और उतरने के क्रम में उनके बोगी के दोनों हेंडल को कई बार साफ किया जाता था।

उतरने के क्रम में प्लेटफार्म पैर पौछना व कालीन बिझायी जाती थी जो कि वे बंद कर दी गई है। रेलवे ने जीएम डीआरएम के यहॉ निवास स्थलों पर रसोईयों और नौकरों की सुविधा भी कम कर दिया है और उनकी राजसाही पर भी ब्रेक लगाया है। इस मानसिकता को बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहल की थी। बताते चलें कि नरेन्द्र मोदी ने पहले केन्द्रीय मंत्रियों के वाहनों से लाल बत्ती हटाने का भी कार्य कर चुके है और देश भर में लाल बत्ती की पंरपरा सडकों पर वाहनों पर अब लगी नजर नहीं आती है।

Published / 2023-01-08 21:02:11
कोडरमा डीसी आदित्य रंजन को राष्ट्रपति ने दिया गोल्डन अवार्ड

टीम एबीएन, कोडरमा-रांची/ नयी दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने "डीईजीएस बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम" को लेकर कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन को गोल्डन अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

विदित हो कि कोडरमा जिले में डीईजीएस बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण के आठ केन्द्र संचालित हैं और अबतक 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को डिजिटल प्रशिक्षण दिया जा चुका है और आने वाले साल में 15 से 20 हजार लोगों को प्रति साल प्रशिक्षण दिया जायेगा।

Published / 2023-01-08 20:34:20
13 को विश्व के सबसे लंबे रिवर क्रूज एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखायेंगे पीएम मोदी

  • दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज तय करेगा 3200 किमी का सफर

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी में दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, नदी में चलने वाला क्रूज जहाज एमवी गंगा विलास शुक्रवार को वाराणसी से अपने पहले सफर पर रवाना होगा। इस दौरान वह 3,200 किलोमीटर से अधिक लंबा सफर तय करेगा। यह क्रूज भारत एवं बांग्लादेश से गुजरने वाली 27 नदी प्रणालियों के रास्ते अपनी मंजिल पर पहुंचेगा।

इस लंबे सफर में एमवी गंगा विलास क्रूज पटना, साहिबगंज, कोलकाता, ढाका और गुवाहाटी जैसे 50 पर्यटक स्थलों से होकर गुजरेगा। इसका सफर 13 जनवरी को वाराणसी से शुरू होगा और इसके एक मार्च को अपने गंतव्य डिब्रूगढ़ पहुंचने की संभावना है। बयान के मुताबिक, वाराणसी में गंगा नदी पर होने वाली मशहूर गंगा आरती के साथ यह क्रूज अपने सफर पर निकलेगा। इस सफर में वह प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल सारनाथ, तंत्र गतिविधियों के लिए मशहूर मायोंग और नदी में बने द्वीप माजुली भी जायेगा। क्रूज के इस पहले सफर में स्विट्जरलैंड के 32 सैलानी शामिल होंगे।

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि एमवी गंगा विलास का उद्घाटन होने के साथ ही भारत नदियों से क्रूज सफर के वैश्विक मानचित्र का हिस्सा बन जायेगा। उन्होंने कहा कि इससे देश में नदी पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाओं का द्वार खुलेगा। फिलहाल, देश में वाराणसी और कोलकाता के बीच आठ रिवर क्रूज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा दूसरे राष्ट्रीय जलमार्ग (ब्रह्मपुत्र नदी) पर भी क्रूज का आवागमन जारी है।

Page 214 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse