एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर नये एकीकृत टर्मिनल के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन से पहले तमिलनाडु में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक इमारत कनेक्टिविटी को बढ़ाने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगी।
नया टर्मिनल भवन चेन्नई हवाई अड्डे के आधुनिकीकरण के दूसरे चरण का हिस्सा है। इसके अलावा पीएम मोदी चेन्नई और कोयंबटूर के बीच वंदे भारत ट्रेन को पुरची थलाइवर डॉ एम जी आर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से हरी झंडी भी दिखायेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी कामराजार सलाई बीच रोड पर विवेकानंधर इल्लम में रामकृष्ण मठ के 125वें वार्षिक समारोह में भाग लेंगे। साथ ही पल्लवरम में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी लांच करेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की तीनों सेनाओं की सुप्रीम कमांडर एवं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देश के लड़ाकू विमान सुखोई एमकेआई-30 में उड़ान भरी। यह किसी लड़ाकू विमान में उनकी पहली उड़ान है।
राष्ट्रपति आज सुबह एक विशेष विमान से तेजपुर एयर बेस पहुंची। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार तिवारी ने राष्ट्रपति को सुखोई-30 एमकेआई में लेकर उड़ान भरी। राष्ट्रपति मुर्मू ने को-पायलट की सीट पर बैठकर सुखोई-30 एमआईके लड़ाकू विमान में उड़ान को पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुखोई एमकेआई 30 फाइटर जेट में उड़ान भरने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं और युद्धक विमान में उड़ान भरने वाली देश की चौथी राष्ट्रपति हैं। इनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल और रामनाथ कोविंद भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान में उड़ान भर चुके हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुखोई लड़ाकू विमान की सीट पर लगभग 25 मिनट बिताये। सुखोई-30 एमकेआई दो सीट वाला बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। इसे रूसी कंपनी सुखोई ने विकसित किया है और इसका निर्माण लाइसेंस के तहत भारत के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर 6 अप्रैल को असम पहुंची थीं। उनकी यात्रा का आज अंतिम दिन है।
टीम एबीएन, रांची। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता आज कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडविया जी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा बैठक की।
मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने राज्य में बढ़ते मामले और सरकार की तैयारियों से अवगत कराते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडविया जी को बताया कि वर्तमान में राज्य में 51 कोविड के मरीज है जो हल्के लक्षण के पाए गए है और होम आइसोलेशन में ही इलाजरत हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर है और नजर रखी हुई हैं, उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से कोविड वैक्सीन, ब्लड सेपरेशन मशीन समेत अन्य संसाधनों का आग्रह किया।
मौके पर निम्न बिन्दुओं पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा हुई :
मंत्री बन्ना गुप्ता ने निम्न मुद्दों को झारखंड की तरफ से रखा जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडवियाने सकरात्मक पहल करने का आश्वासन दिया :
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तमिलनाडु के दौरे के दौरान चेन्नई हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक एकीकृत टर्मिनल भवन सहित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
पुलिस ने कहा कि यात्रा के मद्देनजर पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है, जबकि वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाने को कहा गया है; क्योंकि यातायात मार्ग में बदलाव किया गया है। अपने आगमन के बाद मोदी नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे, जिसका पहला चरण पूरा हो चुका है। इससे यात्रियों की संख्या बढ़कर 3.5 करोड़ प्रति वर्ष होने की उम्मीद है।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा था कि यह चेन्नई के बुनियादी ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य होगा। यह संपर्क को बढ़ावा देगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचायेगा। चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, नया एकीकृत टर्मिनल 2.20 लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है और तमिलनाडु में बढ़ते हवाई यातायात की जरूरतों को पूरा करेगा।
एकीकृत नये टर्मिनल के उद्घाटन के अलावा, मोदी चेन्नई और कोयम्बटूर के बीच वंदे भारत ट्रेन को यहां डॉ एम जी आर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखायेंगे। दक्षिण रेलवे ने बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन दोनों शहरों के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की योजना बनाई है।
बाद में, मोदी कामराजार सलाई (बीच रोड) पर विवेकानंदर इल्लम में रामकृष्ण मठ के 125वें वार्षिक समारोह में भाग लेंगे और पल्लवरम में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री अर्जुन मुंडा से नई दिल्ली में भेंट की।
दोनों के बीच राज्य में जनजातियों के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के संदर्भ में व्यापक चर्चा हुई।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी घमासान के कारण संसद का बजट सत्र पूरी तरह से हंगामें की भेंट चढ़ गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद नहीं चलने के लिए सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने ही सदन में विघ्न डालने का काम किया और संसद को नहीं चलने दिया। वहीं सरकार की तरफ से पलटवार करते हुए केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके साथियों ने सदन को चलने नहीं दिया, गलत तरीके से डिस्टर्ब किया।
उन्होंने काले कपड़े पहनकर सदन में आने को संसद का अपमान बताते हुए कहा कि यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण अवस्था है। एक कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए कांग्रेस पार्टी और उसके साथियों ने जो किया है वो देश देख रहा है।
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाने के बाद सरकार की तरफ से सत्र में हुए कामकाज की जानकारी देने के लिए सामने आए संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सदन नहीं चलने देने के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार बताते हुए आरोप लगाया कि असली मुद्दा अडानी नहीं बल्कि कुछ और है, वे चाहते हैं कि राहुल गांधी के लिए अलग कानून बने।
खड़गे के आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए मेघवाल ने यह भी कहा कि बजट पर चर्चा के लिए सत्ता पक्ष अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार था लेकिन विपक्ष अपनी मांग से पीछे हटकर चर्चा के लिए तैयार नहीं हुआ।
सरकार और विपक्ष के आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच्चाई यही है कि हंगामे के कारण , संसद के बजट जैसे महत्वपूर्ण सत्र के दौरान भी सुचारू ढंग से कामकाज नहीं हो पाया।
पूरे बजट सत्र के दौरान, लोक सभा में जहां सिर्फ 34 प्रतिशत ही कामकाज हो पाया, वहीं उच्च सदन राज्य सभा में तो हालात इससे भी बुरे रहे। बजट सत्र के दौरान, राज्य सभा की उत्पादकता सिर्फ 24.4 प्रतिशत ही रही।राज्य सभा में हंगामे के कारण 103 घंटे और 30 मिनट का समय बर्बाद हुआ।
सत्र के दौरान, लोक सभा में वित्त विधेयक, 2023 सहित कुल 6 विधेयक पारित हुए वहीं राज्य सभा ने भी वित्त विधेयक, 2023 सहित कुल 6 विधेयकों को पारित किया गया या लौटाया गया। संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित किये गये या लौटाये गये विधेयकों की कुल संख्या भी 6 ही है। सत्र के दौरान, लोक सभा में कुल 8 विधेयक को पुनर्स्थापित किया गया।
बता दें कि, संसद के बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी, 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिये गये अभिभाषण से शुरू हुई थी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चला था। एक महीने के अवकाश के बाद बजट सत्र का दूसरा चरण 13 मार्च को शुरू हुआ। जिसका समापन आज , 6 अप्रैल को हो गया। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही को गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
बजट सत्र के पहले भाग के दौरान, लोक सभा और राज्य सभा की कुल 10 बैठक हुई। सत्र के दूसरे भाग के दौरान, दोनों सदनों की 15 बैठकें हुई। पूरे बजट सत्र के दौरान, कुल मिलाकर 25 बैठकें हुई।
सरकार के मुताबिक, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोक सभा में 13 घंटे 44 मिनट और राज्य सभा में 12 घंटे 42 मिनट चर्चा हुई। चर्चा के दौरान, लोक सभा में 143 सांसदों और राज्य सभा में 48 सांसदों ने अपनी-अपनी बात रखी।
वहीं वर्ष 2023-24 के केंद्रीय बजट पर दोनों सदनों में सत्र के पहले भाग के दौरान सामान्य चर्चा हुई। बजट पर लोक सभा में 14 घंटे 45 मिनट की सामान्य चर्चा हुई जिसमें 145 सांसदों ने भाग लिया। वहीं राज्य सभा में इसके लिए आवंटित 12 घंटे के स्थान पर सिर्फ 2 घंटे 21 मिनट ही चर्चा हो पायी, जिसमें सिर्फ 12 सांसद ही शामिल हो पाये। हंगामे और नारेबाजी के बीच ही संसद के सदनों में संपूर्ण वित्तीय कार्य 31 मार्च, 2023 से पहले पूरा कर लिया गया था।
वन (संरक्षण) अधिनियम, 1980 में संशोधन करने के लिए वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक, 2023 को लोक सभा में पुनर्स्थापन करने के बाद दोनों सदनों में प्रस्ताव स्वीकृत होने पर संसद के दोनों सदनों की संयुक्त समिति के पास भेजा गया। वहीं भारत में प्रतिस्पर्धा विनियमन को सुदृढ़ करने का उपबंध करने वाले प्रतिस्पर्धा (संशोधन) विधेयक, 2023 को भी इस सत्र के दौरान संसद के दोनों सदनों ने पारित किया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य के कुछ प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला किया गया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी सूचना में कार्यपालक दंडाधिकारी खूंटी सदर के पद पर पदस्थापित श्रीमती उषा मुंडू झारखंड प्रशासनिक सेवा को हस्तांतरित करते हुए अगले आदेश तक अवर सचिव ग्रामीण विकास विभाग झारखंड रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं लातेहार सदर के कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती प्रीति सिन्हा को हस्तांतरित करते हुए अगले आदेश तक अवर सचिव महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग झारखंड रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी रामगढ़ सदर के पद पर पदस्थापित श्रीमती ऐनी रिंकू कुजूर को ग्रामीण विकास विभाग में अवर सचिव आपदा प्रबंधन विभाग झारखंड रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी कामडारा गुमला के पद पर पदस्थापित श्रीमती अमृता प्रियंका एक्का की सेवा ग्रामीण विकास विभाग से वापस लेते हुए अगले आदेश तक सहायक निदेशक डॉ रामदयाल मुंडा जनजाति कल्याण संस्थान रांची के पद पर किया गया है।
कार्यपालक अधिकारी के पद पर गोड्डा में पदस्थापित सुश्री रीना कुजूर कार्यपालक अधिकारी रामगढ़ के पद पर किया गया है। सुश्री रीना कुजूर को रामगढ़ जिला के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी बनाया गया है।
गोड्डा में पदस्थापित कार्यपालक दंडाधिकारी कोमल कुमारी का तबादला खूंटी जिला में कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में किया गया है।
टीम एबीएन, साहिबगंज/ रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम बुधवार को जिला खनन कार्यालय पहुंची और खनन पदाधिकारी विभूति कुमार के कार्यालय में कागजातों की जांच शुरू की। आरएस पांडेय के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम आधा घंटा तक खनन कार्यालय में कागजात को खंगालने के बाद महादेवगंज की तरफ रवाना हो गई।
ईडी की टीम अवैध खनन से जुड़े 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के लिए महादेवगंज सहित अन्य इलाकों में पहुंची। ईडी अधिकारियों के साथ मंडरो के सीओ और सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक ईडी मंडरो प्रखंड में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन के आरोप में यह कार्रवाई कर रही है। ईडी को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के समक्ष रिपोर्ट पेश करनी है।
ईडी की टीम ने खनन कार्यालय में खदान और क्रशर के कागजात की जांच की। इस मामले में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और पत्थर कारोबारी बच्चू यादव जेल में हैं। इस मामले में कई अन्य आरोपित फरार हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse