टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन दिल्ली दौरे पर पहुंच गये हैं। उनहोंने यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर बधाई दी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम हेमंत सोरेन ने खड़गे से लोकसभा चुनाव 2024 की रणनीति को लेकर भी चर्चा की और विपक्षी एकजुटता के बारे में भी बातचीत की।
मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की तस्वीरों को ट्वीटर पर शेयर करते हुए हेमंत सोरेन ने लिखा- आज नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय मल्लिकार्जुन खड़गे जी से मुलाकात कर उन्हें कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी। मुलाकात के दौरान आदरणीय खड़गे जी के साथ वर्तमान एवं भविष्य के राजनीतिक परिदृश्यों पर चर्चा भी हुई। झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने आज यानि सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। हेमंत सोरेन ने कहा है कि उन्होंने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर उन्हें बधाई दी। इसके अलावा वर्तमान एवं भविष्य के राजनीतिक को लेकर भी चर्चा की गयी। माना जा रहा है कि सोरेन ने पिछले दिनों विपक्षी दलों की एकता की मुहिम लेकर रांची में बिहार के सीएम नीतीश कुमार एवं डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ हुई बातचीत से कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत कराया।
गौरतलब है कि जब बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी ने रांची में हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी तो उस समय झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस के कोई मंत्री या नेता मौजूद नहीं थे। ऐसे में तभी से इस तरह के कयास लगाये जा रहे थे कि झारखंड में नीतीश और हेमंत सोरेन के बीच दोस्ती को लेकर कांग्रेस सहज नहीं है। हालांकि, नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन ने उस समय साझा प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए ये जरूर कहा था कि बीजेपी के खिलाफ पूरे देश में विपक्षी एकता की कोशिश चल रही है और आने वाले चुनावों में इस एकता का असर दिखेगा।
टीम एबीएन, रांची। जमीन घोटाला मामले में ईडी इस माह के अंत तक फर्जी दस्तावेज के आधार पर अवैध ढंग से बेची गई सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन को जब्त करेगी। इसके अलावा सदर थाना क्षेत्र के चेशायर होम रोड में स्थित एक एकड़ की विवादित जमीन को भी ईडी जब्त करेगी। दोनों जमीन की जब्ती के बाद सभी दावेदारों को नोटिस जारी कर ईडी उनसे जमीन से संबंधित दस्तावेज मांगेगी।
इसके बाद ईडी विधिवत अनुसंधान में यह तय करेगी कि जमीन पर मालिकाना हक किसका होगा। ईडी के अधिकारिक सूत्रों की मानें तो जमीन की जब्ती की कार्रवाई दो हफ्ते के भीतर होनी है। इसके बाद ईडी सेना को नोटिस कर उनसे जमीन के संबंध में जानकारी लेगी। ईडी जमीन की खरीददार जगतबंधु टी इस्टेट कंपनी को भी नोटिस जारी कर जानकारी लेगी कि उसके पक्ष में उक्त जमीन का म्यूटेशन कैसे और किस परिस्थिति में हुआ।
बता दें कि सेना के कब्जे वाली उक्त जमीन के दस्तावेज में छेड़छाड़ करते हुए फर्जी मालिक बनकर प्रदीप बागची ने वर्ष 2021 में जगतबंधु टी इस्टेट के मालिक दिलीप घोष को सात करोड़ रुपये में उक्त जमीन बेच दी थी, जबकि उस वक्त उस जमीन की सरकारी दर से कीमत करीब 20 करोड़ रुपये थी।
जमीन के दावेदार जयंत करनाड को भी जारी की जायेगी नोटिस
इतना ही नहीं जमीन के मूल्य के तौर पर दिलीप घोष ने प्रदीप बागची के खाते में केवल 25 लाख रुपये ही स्थानांतरित किए थे। शेष राशि को फर्जी चेक के माध्यम से भुगतान दिखाया गया था।
ईडी जगतबंधु टी इस्टेट के अलावा जमीन के दावेदार जयंत करनाड को भी नोटिस करेगी और उन्हें भी जमीन का पूरा दस्तावेज सौंपने के लिए कहेगी। इसके बाद ईडी अपने स्तर से उस जमीन के कागजात की जांच करायेगी। इसके बाद जमीन का मालिकाना हक निर्धारित होगा।
जमीन के अलग-अलग दावेदारों से की जायेगी पूछताछ
चेशायर होम रोड की एक एकड़ जमीन मामले में भी ईडी यही कदम उठाने जा रही है। वहां भी जमीन की जब्ती के बाद उस जमीन के सभी अलग-अलग दावेदारों से अपने-अपने दस्तावेज दिखाने के लिए ईडी नोटिस करेगी।
रांची के पूर्व उपायुक्त निलंबित आइएएस छवि रंजन से जमीन घोटाले में ईडी की पूछताछ जारी है। उनसे सातवें दिन भी ईडी ने पूछताछ की, लेकिन उन्होंने ईडी को सहयोग नहीं किया।
ईडी के पास है छवि रंजन के खिलाफ पर्याप्त सबूत
ईडी के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि छवि रंजन के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य है। इसके बावजूद वे ईडी के अधिकारी को पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर ईडी जल्द ही छवि रंजन के विरुद्ध कोर्ट को इसकी पूरी जानकारी देगी।
टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। पश्चिम सिंहभूम जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल के अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के जिला स्तरीय/क्षेत्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में समर अभियान, पोषण ट्रैकर एप्प तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान अंतर्गत संचालित क्रियाकलापों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सर्वप्रथम समाज कल्याण विभाग तहत आगामी 15 मई से 22 मई 2023 तक आयोजित होने वाले वृद्धि निगरानी सप्ताह का समारोह पूर्वक आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। इस क्रम में बताया गया कि अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र में 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं एवं 14 वर्ष से 18 वर्ष तक की सभी किशोरी बालिकाओं की वृद्धि निगरानी (उम्र, वजन, लंबाई/ऊंचाई) केंद्र पर करते हुए सभी आंकड़ों को पोषण ट्रैकर एवं समर एप्प पर शत्-प्रतिशत प्रविष्ट किया जाना है।
इसके अलावा अभियान के निमित्त आयोजित समारोह के दौरान क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, आमजन को आमंत्रित कर उक्त के संदर्भ में वृहद प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाये।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त के द्वारा समर अभियान अंतर्गत संचालित गतिविधियों के तहत सर्वे के दौरान चिह्नित बच्चों के हाइट/वेट का संपूर्ण डाटा पोर्टल पर अपलोड करने तथा एसएएम/ एमएएम/अंडरवेट बच्चों का प्रत्येक 15 दिनों पर डाटा संकलित करने एवं जिन चिन्हित बच्चों का फॉलोअप प्रारंभ नहीं हुआ है, उनका फॉलोअप प्रारंभ करते हुए समर एप्प पर डाटा प्रविष्ट करने का निर्देश दिया गया।
पोषण ट्रैकर एप्प के तहत परियोजना बार समीक्षा के दौरान सेविका के माध्यम से निर्धारित लाभुक वर्ग का वजन माप कर ट्रैकर एप में अपलोड करने तथा जिन परियोजनाओं में जिला के औसत से कम डाटा अपलोड किया गया है, उन सभी को आगामी 1 सप्ताह के भीतर कार्य को पूर्ण करने तथा बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को दिये जाने वाले टेक होम राशन वितरण की एंट्री एप्प पर करने हेतु निर्देशित किया गया।
उपायुक्त के द्वारा एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान विभिन्न आयु वर्ग को दिए जाने वाली आईएफए टेबलेट/सिरप का शत प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करते हुए निगरानी में इसके सेवन को प्राथमिकता देने और शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रीय पदाधिकारियों से हस्ताक्षरित प्रतिवेदन प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की पहली बोट एंबुलेंस सेवा अगले सप्ताह साहिबगंज जिले से शुरू होने जा रही है। यह सुविधा दियारा क्षेत्र में रहने वाले दो लाख से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने में मदद करेगी। दियारा क्षेत्र में गंगा नदी के पार कई पंचायतें स्थित हैं। मानसून के दौरान जलाशय के किनारे रहने वाले लोग क्षेत्र के जलमग्न होने के कारण पीड़ित होते हैं। यह क्षेत्र लगभग दुर्गम हो जाता है।
मानसून के दौरान रुक जाते हैं स्वास्थ्य कार्यक्रम
साहिबगंज के उपायुक्त (डीसी) राम निवास यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि मानसून के दौरान क्षेत्र में टीकाकरण सहित कई स्वास्थ्य कार्यक्रम रुक जाते हैं। इसलिए उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए बोट एम्बुलेंस सेवा शुरू करने का फैसला किया गया है। साहिबगंज प्रशासन ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के तहत फंड से दो बोट एंबुलेंस खरीदी हैं। ये नावें शुक्रवार को साहिबगंज पहुंचीं। प्रत्येक बोट एम्बुलेंस की कीमत 29.17 लाख रुपये है।
15 मई से शुरू हो जायेगी सेवा
उन्होंने कहा, अगर हम एम्बुलेंस में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे ऑक्सीजन सिलेंडर, ईसीजी उपकरण, रोगियों के लिए केबिन, लैब तकनीशियन और अन्य की गणना करते हैं, तो यह लगभग 48 लाख रुपये होगा।
अधिकारी ने बताया कि एंबुलेंस को आधिकारिक तौर पर 15 मई को सेवा में उतारा जाएगा। एक एम्बुलेंस का इस्तेमाल राजमहल और दूसरी का इस्तेमाल साहिबगंज इलाके में किया जायेगा।
देवघर के एम्स को छोड़कर संथाल परगना क्षेत्र में शायद ही कोई स्वास्थ्य सुविधा है। आपात स्थिति में मरीजों को बिहार के पूर्णिया और पश्चिम बंगाल के मालदा ले जाने के लिए भी बोट एंबुलेंस का इस्तेमाल किया जायेगा।
नौकाओं की देखरेख करेगी आपूर्ति करने वाली एजेंसी
अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में अगर कोई व्यक्ति दियारा इलाके में बीमार पड़ता है तो उसे पारंपरिक नौका से गंगा पार कर अस्पताल लाया जाता है। बोट एम्बुलेंस छह लोगों को ले जा सकती है। यादव ने कहा कि जिस एजेंसी ने नौकाओं की आपूर्ति की है, वह अगले दो वर्षों तक इसके संचालन और रखरखाव का ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने चालक और प्रयोगशाला तकनीशियन भी उपलब्ध कराए हैं।
अग्निशामक यंत्र- मास्टहेड लाइट से लैस होंगी नौकाएं
साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने बताया, बोट एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार, ईसीजी, ऑक्सीजन इनहेलर, फ्लो मीटर होगा। एक अधिकारी ने बताया कि नौकाएं जीपीएस सक्षम होंगी और रात में नौवहन के लिए अग्निशामक यंत्र और मास्टहेड लाइट से लैस होंगी। झारखंड सरकार ने हाल ही में रांची से एयर एंबुलेंस सेवा शुरू की थी।
टीम एबीएन, रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर मंडल के नुआगां स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जायेगा। इस कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। ट्रेन संख्या 18175/18176 हटिया- झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस 15 से 18 मई तक रद्द रहेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 18106 जयनगर- राउरकेला 14 और 17 मई को राउरकेला के स्थान पर हटिया तक ही आयेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 18105 राउरकेला-जयनगर एक्सप्रेस 16 एवं 18 मई को राउरकेला के स्थान पर हटिया से प्रस्थान करेगी।
ट्रेन संख्या 22845 पुणे-हटिया एक्सप्रेस 14 एवं 17 मई को अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से पुणे से प्रस्थान करेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस 15 मई को अपने निर्धारित समय से एक घंटा विलंब से सूरत से प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 15, 16 व 18 मई को अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से संबलपुर से प्रस्थान करेगी।
ट्रेन संख्या 18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस 14 और 16 मई को अपने निर्धारित समय से चार घंटे विलंब से जम्मूतवी से प्रस्थान करेगी। रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 18626/18625 हटिया-पूर्णिया कोर्ट- हटिया एक्सप्रेस व ट्रेन संख्या 13304/13303 रांची-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव झालदा स्टेशन पर दिया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। शनिवार से 17 जून तक अलग-अलग दिनों में आसनसोल-वाराणसी मेमू एक्सप्रेस दोनों ओर से रद्द रहेगी। जालियांवाला बाग, पुरुषोत्तम, पूर्वा व हटिया से पूर्णिया कोर्ट के बीच चलने वाली कोशी एक्सप्रेस विलंब से चलेगी। धनबाद रेल मंडल के टनकुप्पा से बंधुआ स्टेशन के बीच डेडीकेटेड फ्रेट कारिडोर फीडर ब्रिज निर्माण के लिए अलग-अलग दिनों में ट्रैफिक ब्लाक लिया जायेगा।
ब्लाक के दिनों में धनबाद-गया रेल मार्ग पर ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इससे पहले छह मई से ही ट्रैफिक ब्लाक प्रस्तावित था। क्रेन उपलब्ध न होने से छह व नौ मई का ब्लाक स्थगित हो गया था। जबलपुर से हावड़ा जाने वाली शक्तिपुंज एक्सप्रेस के शुक्रवार रात 10:20 के बदले पांच घंटे विलंब से अल सुबह 3:20 पर खुलने की सूचना जारी की गयी।
इस वजह से शनिवार की शाम आने वाली ट्रेन विलंब से आयेगी। इसके देर रात 10:50 पर धनबाद आने की संभावना है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों को 14वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मई के अंतिम सप्ताह में पंजीकृत किसानों के खाते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2,000 रुपये की किस्त ट्रांसफर कर सकते हैं।
26 से 31 मई के बीच किसानों के खाते में 14वीं किश्त आ सकती है। हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। झारखंड के किसानों के खाते में भी उसी दिन पैसे आ जायेंगे। झारखंड में 31,01,604 किसान पीएम किसान योजना के तहत पंजीकृत हैं।
बता दें कि कृषि मंत्रालय की ओर से अभी तक पीएम किसान की 13वीं किस्त की राशि मिली है। फरवरी में 13वीं किश्त दी गयी थी लेकिन किसानों को 14वीं किस्त का इंतजार है। फिलहाल, 14वी किश्त की तारीख की घोषणा नहीं की गयी है। लेकिन कयास लगाये जा रहे हैं कि इसी महीने पैसे किसानों के बैंक अकाउंट में आ जायेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों को खेती-किसानी के लिए हर साल तीन किस्त में 6,000 रुपये का भुगतान करती है। एक किस्त में 2,000 रुपये पीएम किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसानों के बैंक अकाउंट में सीधे ट्रांसफर किये जाते हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार ने इस योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गयी थी, लेकिन दिसंबर 2018 से ही लागू है।
टीम एबीएन, लोहरदगा। झारखंड विधानसभा पुस्तकालय विकास समिति का लोहरदगा भ्रमण कार्यक्रम आज विकास समिति की सभापति अपर्णा सेनगुप्ता पहुंची। लोहरदगा बैठक लोहरदगा के परिसदन भवन आयोजित की गयी है, जहां जिले के उपायुक्त पुलिस अधीक्षक अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित हुए।
बैठक के बाद समिति के सभापति अपर्णा सेनगुप्ता ने बताया कि आज झारखंड विधानसभा पुस्तकालय विकास समिति की बैठक में जिले में लाइब्रेरी की स्थिति एवं सरकार की योजनाओं का धरातल पर किस तरह काम हो रहा है इस पर चर्चा एवं समीक्षा की जायेगी। इसके बाद जिले की अन्य योजनाओं पर भी समीक्षा की जानी है।
उन्होंने बताया कि अभी गर्मी का मौसम चल रहा है। इसके मद्देनजर पेयजल की व्यवस्था पर भी समीक्षा की जायेगी। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाएं एवं आवंटन राशियों का किस तरह से उपयोग किया जा रहा है और जो योजनाएं दी गयी है, उसकी जानकारी प्राप्त की जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse