टीम एबीएन, रांची। यात्रीगण कृपया ध्यान दें! भारतीय रेलवे ने आनंद मार्ग धर्म महासम्मेलन को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है। दरअसल, जारी अपडेट के अनुसार 19 ट्रेनों का ठहराव पुनदाग में होगा। पुनदाग स्टेशन पर एक मिनट के लिए ट्रेन रुकेगी। रेलवे ने दिनांक 31/05/2023 से दिनांक 07/06/2023 तक निम्नांकित ट्रेनों का पुनदाग स्टेशन पर ठहराव की अनुमति दी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड में बिजली का करंट लगने से 6 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही धनबाद त्रासदी में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपए दिए जाने की घोषणा की है।
दरअसल, पूर्व मध्य रेलवे के झारखंड के धनबाद रेल मंडल के हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग पर धनबाद और गोमो स्टेशन के बीच निचितपुर रेल फाटक के पास करंट की चपेट में आने से मौके पर 6 लोगों की मौत हो गई।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि मजदूर पोल गाड़ रहे थे और काम के दौरान पोल डगमगा कर 25000 वोल्ट के ओवरहेड तार से छू गया। इसके बाद करंट की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गयी। घटना के बाद ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है। इस घटना में 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जोहार पोर्टल पर अपलोड झारखंड की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा एक जून को करेंगे। इस बाबत राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव व विभागाध्यक्षों को पत्र लिखा है ओर जोहार पोर्टल पर अपने विभाग से संबंधित सारी परियोजनाओं की प्रगति को अपलोड करने का समय दिया है।
प्रोजेक्ट भवन में होने वाली इस समीक्षा में राज्य के मुख्यमंत्री मुख्य रूप से पथ निर्माण विभाग, भवन निर्माण, पेयजल, ग्रामीण कार्य, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की गति की जानकारी प्राप्त करेंगे। अधिकारियों को इस वित्तीय वर्ष 2023-24 में समय-सीमा पर काम करने के लिए लक्ष्य भी देंगे।
यह भी देखा जायेगा कि तीन-चार से जो योजनाएं चल रही हैं, वह अभी तक क्यों नहीं पूरी हुई। सीएस ने विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं को पूरा करने में बाधा आ रही है उसकी पूरी विवरणी भी जोहार पोर्टल में अपलोड करें।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने सरकारी योजनाओं को गति देने के लिए जोहार परियोजना पोर्टल शुरू किया है, जिसमें नियमित रूप से सभी विभागों को परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अपलोड करना है। मुख्य सचिव हर माह इसकी समीक्षा करते हैं।
इसका मुख्य उद्देश्य परियोजनाओं को गति प्रदान करना और समय पर पूरा कराना है। विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्या को दूर करने के लिए सामंजस्य बैठाकर काम करना है। वनभूमि क्लीयरेंस, जमीन अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग इत्यादि को समय पर कराने के लिए भी यह पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
टीम एबीएन, रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कांग्रेस के पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के ठिकानों समेत रांची में 12 जगहों पर छापेमारी कर रही है। मंगलवार की सुबह ईडी की टीम सभी ठिकानों पर पहुंचकर एक साथ छापेमारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल चार नवंबर को आयकर विभाग ने कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव और अनूप सिंह के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान आयकर विभाग ने अनूप सिंह और प्रदीप यादव के कुछ करीबियों के यहां भी सर्च किया था। विधायक प्रदीप यादव के घर इनकम टैक्स की छापेमारी के दौरान कई दस्तावेज बरामद किये गये थे।
दस्तावेजों की जांच के बाद आयकर विभाग ने इन मामलों की जांच के लिए केस को ईडी को रेफर कर दिया था। उसी केस के आधार पर ईडी मामले की जांच में जुटी हुई थी।
रांची के चेशायर होम रोड में रहने वाले बिल्डर शिवकुमार के ठिकाने पर भी ईडी की टीम पहुंचकर छापेमारी कर रही है। रांची के डोरंडा में विधायक प्रदीप यादव के घर में भी छापेमारी की जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी में हुए करोड़ों रुपये के जमीन घोटाले में ईडी की जांच में हर दिन नए तथ्य सामने आ रहे हैं। ईडी अब नए तथ्यों पर अपने जांच की दिशा को आगे बढ़ा रही है। इस मामले में अब ईडी रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस के द्वारा कोलकाता में दर्ज एफआईआर को भी टेकओवर करेगी।
रांची के वैसे आपराधिक गिरोह जो कोलकाता जाकर कागजों की हेरफेर कराते थे, उनके खिलाफ अब नए सिरे से जांच होगी। इस हेराफेरी को लेकर कोलकाता में भी रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस ने अपने कार्यालय की जांच करायी तो पाया कि वहां भी कई कागजों में हेरफेर की गई है, जबकि कई सारे दस्तावेज भी गायब कर दिए गए हैं।
ऐसे में रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करायी है। इस केस के दर्ज होने के बाद रांची के ईडी जोनल कार्यालय ने अब उस केस को टेकओवर करने का फैसला लिया है।
वर्तमान में सदर और बरियातू थाने में दर्ज केस के आधार पर ईडी की टीम ने ईसीआईआर दर्ज कर जमीन घोटाले में मनी लाउंड्रिंग की जांच शुरू की थी। अब कोलकाता में दर्ज केस में भी ईडी ने ईसीआईआर दर्ज करने का फैसला लिया है।
जांच की दिशा आगे बढ़ने पर इस मामले में अन्य कई और लोग भी आरोपी बनाए जा सकते हैं। रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस आफिस में गड़बड़ी के मामले में ईडी ने एडिशनल रजिस्ट्रार त्रिदीप मिश्रा से पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद और ईडी की फोरेंसिक रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आने के बाद कोलकाता के आईजी रजिस्ट्रार ने इस मामले में टीम गठित कर जांच करायी थी।
जांच टीम ने कोलकाता के रजिस्ट्री आफिस और रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस में कागजातों का मिलान कराया तो फजीर्वाड़ा सामने आ गया। सेना की बरियातू स्थित 4.55 एकड़ जमीन और चेशायर होम रोड की एक एकड़ जमीन में छेड़छाड़ की पुष्टि भी एश्योरेंस आफ रजिस्ट्रार कार्यालय की जांच में सामने आयी है।
जिसके बाद इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ जालसाजी, आपराधिक साजिश रचने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एश्योरेंस आफ रजिस्ट्रार ने रांची की कई जमीन की जांच में भी गड़बड़ी पायी है। ऐसे में उन सारे लोगों के खिलाफ आगे ईडी का शिकंजा कस सकता है, जिन्होंने जमीन की खरीद-बिक्री फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की है।
टीम एबीएन, गुमला। जिला के सभी प्रखंड कार्यालय परिसर में आगामी 29 व 30 मई को ऋण माफी, फसल राहत, केसीसी, ई-केवाईसी, सुखाड़ राहत इत्यादि से जुड़ी समस्याओं के निवारण के लिए शिविर का आयोजन किया जायेगा। उपायुक्त सुशांत गौरव के निर्देशानुसार आगामी खरीफ फसल को देखते हुए जिला प्रशासन के कृषकों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी लाभ, केसीसी एवं ऋण उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की जा रही है।
स्टॉल पर किसानों को केसीसी आवेदन भरने से संबंधित पूर्ण जानकारी साझा करते हुए आवेदन भरवाया जायेगा। इस कार्य के लिए बीपीएम, जेएसएलपीएस प्रज्ञा केन्द्र संचालक तथा संबंधित बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि कैंप में किसानों की सहायता करेंगे। कैंप में उपस्थित कर्मी प्राप्त आवेदनों की जांच करते हुए सत्यापित करेंगे एवं सृजित आवेदनों को कैंप तिथि के अगले तीन कार्य दिवस के अंदर संबंधित बैंक शाखा को उपलब्ध कराया जायेगा।
जिला कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने बताया कि खरीफ मौसम आने वाला है। किसानों को सहायता करने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया जा रहा है। किसानों को खेती करने के लिए पूंजी की आवश्यकता होती है।
पूंजी के लिए केसीसी ऋण समय से मिल जाये इसलिए आगामी 29 एवं 30 मई को प्रखंड स्तर पर शिविर का आयोजन किया जायेगा। केसीसी ऋण के लिए 30000 आवेदन सृजित करने का लक्ष्य है। बैंकों से समन्वय करके इनको स्वीकृति कराने का काम हम लोग अगले फेज में करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। श्री जय कुमार राम, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-287/20), तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, माण्डू, रामगढ़ को आरोप मुक्त किया जाता है।
श्री राजीव कुमार मिश्रा, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-476/20), तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ के विरूद्ध संचयात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि पर रोक का दण्ड अधिरोपित किया है।
श्री राजीव कुमार मिश्रा, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-476/20 ), तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ के विरूद्ध तीन वेतन वृद्धि असंचयात्मक प्रभाव से रोक का दण्ड अधिरोपित करने के निर्णय लिया है।
श्री मनोज कुमार, झा0प्र0से0, तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, कुरडेग, सिमडेगा के विरुद्ध झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-14(6) के अन्तर्गत संचयात्मक प्रभाव से दो वेतन वृद्धि का दंड अधिरोपित किया है।
श्री हीरक मन्ना केरकेट्टा, झा0प्र0से0, तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, महुआडांड़, लातेहार के विरूद्ध झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-17(2) के तहत् विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। जेयूटी सभागार नामकुम में आयोजित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइआइटी) रांची के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, माननीय राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान रांची के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अरुण जैन एवं निदेशक विष्णु प्रिये सहित अन्य गणमान्य सम्मिलित हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं के बीच मेडल एवं उपाधि प्रमाण पत्र का वितरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची का द्वितीय दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है। आज काफी खुशी का दिन है। आज सिर्फ उन छात्र-छात्राओं का ही नहीं जो इस संस्थान से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर निकल रहे हैं बल्कि आज पूरे राज्यवासियों के लिए भी खुशी का दिन है क्योंकि जेटीयू नामकुम के इस सभागार में आयोजित दीक्षांत समारोह के मौके पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी की गरिमामयी उपस्थिति हमसभी के बीच है। मैं अपनी ओर से राष्ट्रपति महोदया को कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं।
राज्य में कई जानी-मानी शिक्षण संस्थाएं स्थापित हुईं
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड प्रदेश एक ऐसा प्रदेश है जहां आज से 100 वर्ष पहले से अधिक समय से अनेक गतिविधियां होती रही हैं। विशेषकर खनिज संपदाओं को लेकर झारखंड की अलग पहचान रही है। झारखंड में उद्योग की असीम संभावनाएं हमेशा रही हैं। राज्य में उद्योग के विस्तार का पुराना इतिहास रहा है।
बड़े-बड़े उद्योग इसी राज्य में लगे हैं। एचईसी, बोकारो स्टील, टाटा स्टील, बिरला एलुमिनियम इंडस्ट्री, कोल इंडिया सहित कई विभिन्न उद्योग संस्थाओं ने इस राज्य में अपनी गतिविधियां चला रखा है। यही वजह है कि यहां बाहर से बड़े पैमाने पर लोगों का आना-जाना रहा है।
इस राज्य से अन्य राज्यों के लोगों का नाता-रिश्ता बना। इसी क्रम में झारखंड में शिक्षा का भी विस्तार हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते-बढ़ते कई जाने-माने शिक्षण संस्थाएं झारखंड में स्थापित हुईं। आईआईएम, बीआईटी मेसरा, बीआईटी सिंदरी, एक्सआईएसएस, एनआईटी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाएं राज्य में स्थापित हुई हैं, इसी कड़ी में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइआइटी) भी जुड़ा है।
झारखंड के बच्चे-बच्चियों ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अलग पहचान बनायी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी झारखंड के बच्चे-बच्चियों ने देश में अलग पहचान बनाई है। यूपीएससी परीक्षाओं में भी झारखंड के छात्र-छात्राओं ने राज्य का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी का समय। आज बहुत सी कंपनियां मानवरहित उत्पादन पर जोर दे रही हैं।
वर्तमान समय में मशीन आपरेटेड उद्योग लग रही हैं। मोबाइल, गाड़ी, कागज-कलम सभी चीजें अब मशीनों से बन रही हैं। उद्योग पहले मजदूर चलाते थे। आज प्रत्येक क्षेत्र में कंपटीशन का दौर है। कंपटीशन के आधार पर व्यवस्थाएं खड़ी हो रही हैं।
ट्रिपल आईटी से प्राप्त शिक्षा आपके करियर में मील का पत्थर साबित होगा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज दीक्षांत समारोह में सम्मिलित सभी मेडल विजेता एवं उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची से बेहतर शिक्षा मिली है। आने वाले समय में इस संस्थान से प्राप्त हुए शिक्षा आपके कैरियर में मील का पत्थर साबित होगा ऐसा मुझे विश्वास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो राज्य सरकार क्षमता विकास को लेकर कई कार्य कर रही है इसी कड़ी में राज्य में डिजिटल स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव है। डिजिटल स्किल यूनिवर्सिटी के प्रारंभ होने से कम-पढ़े लिखे नौजवान युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार से जोड़ा जा सकेगा। अंत में आप सभी छात्र छात्राओं को मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं अशेष शुभकामनाएं...।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse