राज काज

View All
Published / 2023-06-10 11:57:50
सीएम हेमन्त सोरेन से मिला श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल

  • अंडमान और निकोबार में रहने वाले झारखंड के आदिवासी मूलवासी श्रमिकों के प्रतिनिधि मिले

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के अंडमान निकोबार प्रवास के दौरान उनसे आज वहां रह रहे झारखंड के आदिवासियों- मूलवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अंडमान निकोबार द्वीप समूह में रोजगार और अन्य विषयों से संबंधित अनुभवों को साझा किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि कई दशकों से झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से श्रमिक यहां मजदूरी करते आते रहे हैं। इनमें से कई अंडमान और निकोबार प्रशासन के पुनर्वास योजनाओं के तहत यहां बस चुके हैं। इनमें से अधिकांश श्रमिक निर्माण कार्य से जुड़े हैं। प्रतिनिधिमंडल ने अंडमान-निकोबार मुख्यमंत्री के साथ सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और शैक्षिक विकास, लोगों के लिए पारगमन आवास, हवाई किराये में वृद्धि आदि से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की।

इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी कुछ मांगो से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान अंडमान- निकोबार में फंसे झारखंड के 180 प्रवासी श्रमिकों को एयर लिफ्ट करा कर उनके सकुशल घर वापसी कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Published / 2023-06-10 11:48:35
स्मार्ट सिटी के विस्थापितों को मिली जमीन

  • सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

टीम एबीएन, रांची। रांची स्मार्ट सिटी के प्रभावित लोगों व विस्थापित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से भूमि बंदोबस्ती का पर्चा दिया गया। नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे की उपस्थिति में कुल 25 प्रभावित परिवारों में से 22 को पर्चा दिया गया। 

श्री चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर विकास योजनाओं के दौरान किसी को भी विस्थापित करने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। स्मार्ट सिटी के विस्थापितों को मकान बनाने के लिए 10-10 डिसमिल जमीन का पट्टा दिया गया है। श्री चौबे ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए आंबेडकर योजना की तर्ज पर जुडको के सीएसआर फंड से आवास का निर्माण भी कराया जायेगा। 

एक आवास के निर्माण पर 1.30 लाख रुपये खर्च किये जायेंगे। समेकित प्रोजेक्ट बना कर सभी विस्थापितों को जमीन पर आवास बना कर दिया जायेगा। मौके पर सूडा के निदेशक अमित कुमार, रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता राजेश बरवार, नामकुम सीओ विनोद प्रजापति, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार, पीआरओ अमित कुमार, प्रबंधक रविशंकर पांडे आदि मौजूद थे। 

स्मार्ट सिटी के विस्थापित जमीन का पट्टा पाकर खुश नजर आये। सभी ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। विस्थापित डेविड आइंद ने बताया कि घर तोड़े जाने की वजह से शादी रुक गयी थी। पट्टा मिलने के बाद अब शादी पक्की हो गयी। डेविड और उनकी होने वाली पत्नी हलयानी भुइयां ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उम्मीद जतायी कि सरकार की सहायता से जल्द ही घर भी बन जायेगा।

Published / 2023-06-09 22:13:50
इस महीने मिस्र का दौरा कर सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। मिस्र और भारत द्वारा अपने संबंधों को सामरिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाये जाने के छह महीने बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस महीने मिस्र की यात्रा करने की संभावना है। राजनयिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मोदी के 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी अफ्रीकी देश की पहली यात्रा होगी।

सूत्रों ने बताया कि इस यात्रा से व्यापार, निवेश, कृषि और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी की मिस्र की यात्रा को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है। भारत अरब जगत और अफ्रीका में राजनीतिक रूप से अहम भूमिका निभाने वाले मिस्र के साथ संबंधों को विस्तार देने का इच्छुक है। इस देश को अफ्रीका और यूरोप के बाजार के एक बड़े प्रवेश द्वार के तौर पर भी देखा जाता है।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने जनवरी में भारत की यात्रा की थी और इस दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों को सामरिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था। मोदी और सीसी के बीच वार्ता के दौरान द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा करीब सात अरब डॉलर से आगामी पांच साल में 12 अरब डॉलर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया था। सीसी (68) को 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। सूत्रों ने बताया कि मोदी की मिस्र की यात्रा अमेरिका की उनकी यात्रा के साथ ही होगी।

मिस्र पारंपरिक रूप से अफ्रीकी महाद्वीप में भारत के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदारों में से एक रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मिस्र में 450 से अधिक भारतीय कंपनी पंजीकृत हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लगभग 50 कंपनी ऐसी हैं, जिनका संयुक्त निवेश तीन अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। भारत और मिस्र के बीच रक्षा और सामरिक संबंध पिछले कुछ वर्षों में प्रगाढ़ हुए हैं। 

दोनों देशों की सेनाओं ने इस साल जनवरी में पहला संयुक्त अभ्यास किया था। मिस्र भारत से तेजस हल्के लड़ाकू विमान, रडार, सैन्य हेलीकॉप्टर और अन्य उपकरण खरीदने में पहले ही दिलचस्पी दिखा चुका है। भारतीय वायुसेना ने पिछले साल जुलाई में मिस्र में तीन सुखोई-30 एमकेआई विमान और दो सी-17 परिवहन विमान के साथ एक महीने के सामरिक नेतृत्व कार्यक्रम में भाग लिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सितंबर में मिस्र की तीन दिवसीय यात्रा की थी।

Published / 2023-06-09 19:58:42
11 जून को होगा वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल रन

छह घंटे में पटना से रांची पहुंचेगी ट्रेन

टीम एबीएन, रांची। रेल मंत्रालय ने बिहार और झारखंड के लोगों को बड़ा गिफ्ट दिया है। बहुत जल्द पटना और रांची के बीच आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी। यह ट्रेन महज छह घंटे में पटना से रांची पहुंच जायेगी। इसके ट्रायल रन का शिड्यूल भी जारी हो गया है। 

पटना से 11 जून को सुबह 6.55 बजे ट्रायल रन शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 8.20 बजे गया पहुंचेगी। बरकाकाना पहुंचने का टाइम 11.30 रहेगा। दोपहर 1 बजे यह ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस दौरान जहानाबाद स्टेशन, कोडरमा, हजारीबाग और मेसरा में भी ट्रेन रूकेगी। अभी तक की प्लानिंग के मुताबिक गया में 10 मिनट और बरकाकाना में 5 मिनट ट्रेन रूकेगी।

11 जून को ही रांची रेलवे स्टेशन से 14.20 बजे ( 2 बजकर 20 मिनट) वंदे भारत ट्रेन पटना के लिए रवाना होगी। टाटीसिल्वे में बिना रूके 3.30 बजे बरकाकाना पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7 बजे गया और फिर 20.25 बजे (शाम 8 बजकर 25 मिनट) पटना पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन को मेसरा, हजारीबाग, कोडरमा और जहानाबाद में प्रस्तावित स्टॉपेज पर रोका जायेगा।

इस बाबत पूर्व मध्य रेलवे के सीपीटीएम ने दानापुर, मुगलसराय और धनबाद डिवीजन के सीनियर डिविजनल ऑपरेशंस मैनेजर को पत्र जारी कर व्यवस्ता सुनिश्चित करने को कहा गया है। पत्र के मुताबिक दानापुर के एक ट्रैफिक इंसपेक्टर को पटना से गया तक फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करने को कहा गया है। जबकि धनबाद डिवीजन को गया से रांची जाने और लौटने के दौरान फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करना है।

Published / 2023-06-09 19:50:55
पलामू : त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने को लेकर दिया गया प्रशिक्षण

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। नगरपालिका आम निर्वाचन 2023 को लेकर त्रुटि रहित मतदाता सूची की तैयारी के लिए पलामू के समाहरणालय के ब्लॉक ए स्थित द्वितीय तल सभागार में प्रतिनियुक्त दल के पर्यवेक्षक एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त पलामू आंजनेयुलू दोड्डे के दिशा-निर्देश पर किया गया। 

नगर पालिका आम निर्वाचन 2023 के तहत पलामू जिला अंतर्गत पांच नगरपालिकाओं यथा मेदिनीनगर नगर निकम, विश्रामपुर नगर परिषद वर्ग ख, हुसैनाबाद नगर पंचायतों, छतरपुर नगर पंचायत एवं हरिहरगंज नगर पंचायत का आम निर्वाचन प्रस्तावित है। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं त्रुटि रहित निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में पलामू जिला की एक अलग व खास पहचान रही है। 

निष्पक्ष निर्वाचन के लिए त्रुटि रहित मतदाता सूची का होना आवश्यक है। आज का यह अहम प्रशिक्षण मतदाता सूची की विधिवत तैयारी को लेकर आयोजित की गयी है। मतदाता सूची विखंडन कार्यक्रम समयबद्ध कार्यक्रम है, जिसे निर्धारित अवधि में ही सभी कार्य संपन्न कराना है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की चूक व शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। 

उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार राज्य में नगर पालिकाओं के आम निर्वाचन हेतु मूल रूप में विधानसभा की मतदाता सूची जिसकी अर्हता तिथि 1.1. 2023 एवं प्रकाशन की तिथि 5.1. 2023 है का ही विखंडीकरण कार्य किया जाना है।

प्रशिक्षक मनु प्रसाद तिवारी ने मतदाता सूची विखंडी करण करने संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित करते हुए कहा कि मतदाता सूची /पूरक सूची को ही प्रथमत: वार्ड वार विखंडित किया जाना है तथा इनके योग से जैसा सन्दर्भ होगा महापौर /अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची तैयार की जानी है। 

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए तैयार की गयी मतदाता सूची में मतदाता का नाम आयु,माता- पिता /पति का नाम, पता तथा ईपीक संख्या आदि जिस रूप में दर्ज है ठीक उसी प्रकार बिना किसी परिवर्तन के वार्ड के लिए विखंडित मतदाता सूची में लाया जायेगा। इतना ही नहीं प्रकाशित मतदाता सूची से अलग किसी भी मतदाता का नाम जोड़ना, विलोपित करना या नाम में किसी भी प्रकार का संशोधन करना अनुमान्य नहीं होगा। 

यह भी ध्यान में रखा जायेगा कि एक ही निवास स्थान में रहने वाले परिवार के सभी मतदाता का नाम एक ही वार्ड के एक ही मतदान केंद्र के मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। मतदाता सूची के विखंडीकरण हेतु आधार पत्रक का प्रपत्र तैयार करने की विधिवत जानकारी दी गयी।

साथ ही परिशिष्ट 1, 2,3,4 एवं परिशिष्ट 5 प्रपत्र को सम्यक रूप से भरने की विधिवत जानकारी दी गयी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला ऑपरेटर शशी मोहन सिंह ने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी ऑपरेटरों को डेटाबेस भरने की संपूर्ण जानकारी दी।

Published / 2023-06-09 19:36:41
जब तक आदिम जनजाति का विकास नहीं होगा, राज्य का विकास असंभव : राज्यपाल

  • यहां किसी प्रकार की अवैधानिक कार्य नहीं होने दिया जायेगा : राज्यपाल
  • आप सभी को आपका यथोचित हक मिलेगा : सीपी राधाकृष्णन

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पलामू जिलांतर्गत रामगढ़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत भवन में सुरंगाही टोला के ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए कहा कि जब तक आदिम जनजाति का विकास नहीं होगा, राज्य का विकास नहीं होगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आप सबके उत्थान हेतु कई योजनाएं संचालित है, आप सभी को इन योजनाओं का लाभ उठाना होगा। 

उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल आने से पूर्व स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सचिव के साथ समीक्षा की थी। विद्यालय में शिक्षकों एवं अस्पताल में चिकित्सों की कमी व अनुपस्थिति पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विद्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति के साथ अस्पताल में चिकित्सों व चिकित्साकर्मियों की भी बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि कार्य न करने पर वेतन न मिले। 

उन्होंने कहा कि यहां प्राथमिक अस्पताल के निर्माण हेतु प्रयास किया जायेगा। राज्यपाल महोदय ने स्वयं सेवा सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षको की कमी के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि राज्य में शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। अब यहां शिक्षकों की समस्या नहीं होगी। 

उन्होंने जल की समस्या के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि उनके द्वारा आज ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चेकडैम के निर्माण व वर्षा जल संचयन हेतु अधिकारियों को निदेशित किया गया। 
राज्यपाल ने उक्त अवसर पलामू में लिफ्ट एरिगेशन के तहत कार्य करने की बात कही। उन्होंने सभी को जागरूक होने होते हुए कहा तथा नशापान से दूर रहने हेतु कहा। 

उन्होंने सभी से अपने बच्चों को शिक्षित करने हेतु आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यहां किसी प्रकार की अवैधानिक कार्य नहीं होने दिया जायेगा। आप सभी को आपका यथोचित हक प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि मन में विश्वास हो तो सफलता प्राप्त होगी। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत ब्रिटेन को पीछे करते हुए विश्व की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। समग्र विकास लोगों के लिए आवश्यक है। माताओं-बहनों को फ्री में गैस कनेक्शन प्रदान कराया जा रहा है। 

उक्त अवसर पर राज्यपाल द्वारा आदिम जनजाति पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना की स्वीकृति पत्र लाभुकों को प्रदान किया। साथ में ही बिरसा आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना, सावित्रीबाई फुले योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिया गया। 

मनरेगा के तहत नये लाभुकों को जॉब कार्ड प्रदान किये गये। वहीं लाभुकों के मध्य विभिन्न योजनान्तर्गत परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। राज्यपाल ने नावाडीह पंचायत भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने सभी का स्वागत करते हुए नावाडीह पंचायत के सुरंगाही टोला एवं रामगढ़ प्रखंड की आदिम जनजातियों की बसावट के बारे में ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन उप विकास आयुक्त रवि आनंद ने किया।

मौके पर पलामू जोन के आईजी राजकुमार लकड़ा, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, सहायक समाहर्ता श्रीकांत विस्पुते, अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, रामगढ़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी पार्थ नंदन, नजारत उपसमाहर्ता शैलेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी तथा मुखिया दयानंद प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य पिंकी सुरीन, उप मुखिया ललन यादव,  वार्ड सदस्य कौशल्या देवी, संजय सोरेन, लालधनी तुरी आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

दी गयी खेल सामग्री

नावाडीह पंचायत भवन में सुरंगाही टोला के ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान माननीय राज्यपाल, झारखंड के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खेल सामग्री की मांग की थी। माननीय राज्यपाल ने उन्हें इसे उपलब्ध कराने की आश्वासन दिया था। इसी के आलोक में पलामू जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेल सामग्री की व्यवस्था करायी। 

राज्यपाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को प्रखंड क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए स्थानीय परिसदन में खेल सामग्री का वितरण किया गया। मौके पर उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे, पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा आदि थे।

Published / 2023-06-09 19:01:38
झारखंड : राज्यपाल ने दो लाभुकों को सौंपा चेक

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। माननीय राज्यपाल, झारखंड सीपी राधाकृष्णन पलामू के परिसदन में सुनीता कुमारी, पति स्व गोविंद कुमार सिंह एवं उर्मिला देवी, पति स्व श्यामदेव सिंह को अपने विवेकाधीन अनुदान मद से 1-1 लाख का चेक एवं विधवा सम्मान पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया।

साथ ही सुनीता कुमारी को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ दिया। ज्ञात हो कि उर्मिला देवी को इस आवास योजना को पूर्व में ही लाभ प्राप्त है। 
 राज्यपाल महोदय ने उक्त अवसर पर उपायुक्त से कहा कि उनके आजीविका, इनके बच्चों की शिक्षा, बालिका की विवाह हेतु सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के तहत लाभ से आच्छादित किया जाय।

विदित हो कि धनबाद रेल मंडल में निचितपुर हॉल्ट के पास पोल खड़ा करने के क्रम में हाईटेंशन तार गिर जाने से इनके पति की मृत्यु हो गयी थी।

Published / 2023-06-08 21:18:43
महाराष्ट्र और राजस्थान के तर्ज पर मुआवजे के लिए एनएचएआई से करेंगे बात : राज्यपाल

  • झारखंड में नहीं बदला जा सकता जमीन का नेचर : सीपी राधाकृष्णन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पलामू दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने आयोजित संवाद कार्यक्रम में कहा कि झारखंड में जमीन के नेचर को नहीं बदला जा सकता है। यही वजह है कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया मुआवजे की राशि जमीन के खरीद बिक्री के आधार पर तय करती है। 

उन्होंने कहा कि वे कोशिश करेंगे कि झारखंड के किसानों को महाराष्ट्र और राजस्थान के तर्ज पर मुआवजे की राशि मिले। इसके लिए वे नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया से बातचीत करेंगे। संवाद कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा जमीन अधिग्रहण के मुआवजे से संबंधित समस्याओं को उठाया। जिसके बाद राजपाल ने कहा कि विकास कार्यों के लिए किसानों के ही जमीन का अधिग्रहण किया जाता है, बिना अधिग्रहण के विकास कार्यों को पूरा नहीं किया जा सकता है। 

राज्यपाल ने कहा कि किसान सही दिशा में जायेंगे तो देश भी सही दिशा में जायेगा। किसान सही गलत का फैसला भावनाओ में बह कर नही करें बल्कि मेरिट के आधार पर सही गलत का फैसला करें। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि यह साफ है कि रेलवे लाइन, पावरग्रिड, नेशनल हाइवे के लिए किसानों से जमीन का अधिग्रहण होता है। 

उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जिस तरह से राजस्थान और महाराष्ट्र में लोगों को जमीन का मुआवजा मिलता है उसी तरह झारखंड के लोगों को मिले इसके लिए वे बात करेंगे। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, स्वाथ्य, कृषि, सिंचाई उनकी प्राथमिकता है।

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पलामू के सदर प्रखंड के लहलहे पंचायत में लोगों के साथ संवाद स्थापित किया। इस दौरान पलामू जोन के आईजी राजकुमार लकड़ा, डीसी ए दोड्डे, एसपी चंदन कुमार सिन्हा, डीडीसी रवि आनंद, सहायक समाहर्ता विस्फुते श्रीकांत मौजूद रहे। इससे पहले राज्यपाल सड़क मार्ग से पलामू के लहलहे पंचायत पहुंचे थे। जहां जैप के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

दरअसल, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय पलामू प्रमंडल के दौरे पर हैं। गुरुवार को राज्यपाल लातेहार और पलामू में है, जबकि शुक्रवार को पलामू के साथ-साथ गढ़वा के दौरे पर रहेंगे। राज्यपाल के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। राज्यपाल के आगमन को लेकर सीआरपीएफ, जैप और आईआरबी के जवानों को तैनात किया गया है। 

इसके अलावा पांच कंपनी अतिरिक्त बल की भी तैनाती की गयी है। राज्यपाल गुरुवार की रात पलामू परिसदन में गुजारेंगे। उसके बाद राज्यपाल शुक्रवार की सुबह परिसदन में कई पीड़ित परिवारों के बीच मुआवजा और सहायता राशि का वितरण करेंगे।

Page 164 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse