राज काज

View All
Published / 2023-06-22 09:02:28
व्हाइट हाउस पहुंचे पीएम मोदी का जो बाइडेन ने किया जोरदार स्वागत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस पहुंच गये हैं, जहां वह संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन की मेजबानी में राजकीय रात्रिभोज में भाग लेंगे। वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस पहुंचने पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन ने उनका स्वागत किया। अपनी यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाशिंगटन के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे।

राजकीय रात्रिभोज के दौरान पीएम राष्ट्रपति जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ बातचीत करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और भारत के दौरे पर आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ उच्च स्तरीय वार्ता की पूर्व संध्या पर विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि अमेरिका भारत को एक महान शक्ति के रूप में देखता है।

हाउस की यात्रा से पहले, पीएम मोदी ने एप्लाइड मैटेरियल्स के अध्यक्ष और सीईओ गैरी ई डिकर्सन, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष-सीईओ संजय मेहरोत्रा और जनरल इलेक्ट्रिक के अध्यक्ष और सीईओ एच लॉरेंस कल्प जूनियर से मुलाकात की।

Published / 2023-06-21 18:53:40
झारखंड प्रशासनिक सेवा की अधिकारी ज्योत्सना सिंह के तीन वेतन वृद्धि पर रोक

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा की अधिकारी ज्योत्सना सिंह को अधिरोपित संचायत्मक प्रभाव से 3 वेतन वृद्धि पर रोक का दंड एवं उक्त दंड के विरूद्ध समर्पित अपील अभ्यावेदन को अस्वीकृत करने संबंधित विभागीय संकल्प को झारखंड उच्च न्यायलय  द्वारा एलपीए संख्या 467/2022 में पारित आदेश के आलोक में  रद्द किया  है।

Published / 2023-06-21 18:35:06
झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई करेगी राज्य सरकार

टीम एबीएन, रांची। वीरेंद्र किंडो प्रखंड विकास पदाधिकारी मणिका लातेहार के विरुद्ध प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के क्रियान्वयन में अभिरुचि नहीं लेने लापरवाही बरतने तथा वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने का आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया है। 

वंदना भारती तत्कालीन अंचल अधिकारी गोविंदपुर धनबाद के विरुद्ध जमीन के नामांतरण वादों के निष्पादन में सरकारी हितों के प्रतिकूल कार्य करने राजस्व कार्यो के निष्पादन में गंभीर अनियमितता एवं स्वेच्छाचारीता का अवैध रूप से आनलाइन जमाबंदी कायम करना तथा बाद में कुछ जमाबंदी को विहित प्रक्रिया के विरुद्ध आनलाइन डिलीट करना एवं पुन: उसे आनलाइन प्रविष्टि करना बहुमूल्य सरकारी भूमि व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने एवं निजी स्वार्थ के लिए विभागीय निर्देशों का उल्लंघन करने संबंधी आरोप जैसा कि उपायुक्त धनबाद द्वारा गठित आरोप पत्र  केमें प्रतिवेदित है प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया है। सेवानिवृत्त आइएएस श्री अरविंद कुमार को विभागीय संचालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Published / 2023-06-21 18:33:56
किसानों को महाजन (कर्ज) से उबारेगा केसीसी : आयुक्त

  • किसानों को केसीसी कार्ड जारी करने में गंभीरता दिखायें बैंक अधिकारी
  • बैंक अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लें और टीम वर्क में काम कर केसीसी योजना से करें अच्छादित
  • प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त ने गढ़वा जिले में किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति की समीक्षा की

टीम एबीएन, गढ़वा/ रांची। पलामू  के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड किसानों को महाजन (कर्ज) से उबारेगा। अधिक से अधिक किसानों को केसीसी जारी कर उन्हें लाभान्वित करें। केसीसी जारी करने में शिथिलता नहीं बरतें। 

इसकी गंभीरता को समझें, व्यक्तिगत रूचि लें और टीम वर्क के साथ काम कर किसानों को केसीसी योजना से आच्छादित करना सुनिश्चित करें। आयुक्त आज गढ़वा जिले के सभागार में जिले के पदाधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर केसीसी जारी करने की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

आयुक्त ने केसीसी के लंबित 3883 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर अगले एक माह में 3 हजार केसीसी वितरण करने का सख्त निदेश दिया। साथ ही 15 अगस्त तक सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन कर केसीसी जारी करने का निदेश दिया। उन्होंने बैंक अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जिले के किसानों के उत्थान में बैंकों की भूमिका नहीं रहने से उन्हें जिले में कार्य करने की सार्थकता नहीं रहेगी। 

उन्होंने कहा कि अगले एक माह में गढ़वा का स्थान राज्य में 12 वें स्थान पर लाना सुनिश्चित करें। किसानों को केसीसी का लाभ देकर उनकी कठिनाइयों को दूर करें। किसानों को लाभ मिलेगा, तो वे दूसरे जिले या राज्यों में पलायन नहीं करेंगे। किसान रोजगार सृजन कर आर्थिक रूप से सबल होंगे। 

आयुक्त ने नीलाम पत्र पदाधिकारियों को नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में तेजी लाते हुए 15 अगस्त तक समाप्त करने का निदेश दिया। गढ़वा उपायुक्त शेखर जमुआर ने कहा कि किसानों से ज्यादा-से-ज्यादा आवेदन प्राप्त करें और नये लाभुकों को केसीसी कार्ड वितरण योजना से जोड़ने का कार्य करें। प्रखंड विकास पदाधिकारियों से समन्वय कर अधिकाधिक केसीसी जारी करें। बैठक में उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

बैठक में आयुक्त के अलावा उपायुक्त शेखर जमुआर, उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, अपर समाहर्ता, पंकज कुमार सिंह, गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम, डीडीएम नाबार्ड लक्ष्मण कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक इंदु भूषण लाल, जिला कृषि पदाधिकारी शिवशंकर प्रसाद, जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी, गोपनीय प्रभारी विकास कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय समेत विभिन्न बैंकों के बैंक प्रबंधक, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2023-06-21 09:38:11
अगले साल भारत आयेंगे पीएम मोदी के फैन एलन मस्क

  • पीएम मोदी के साथ बैठक पर बोले एलन मस्क- मैं उनका फैन, मोदी को वास्तव में अपने देश की चिंता

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका पहुंच चुके है। अमेरिका पहुंचने के बाद पीएम मोदी अमेरिका की कई बड़ी हस्तियों से मुलाकात की है। इसमें टेस्ला के सीईओ एलन मस्क भी शामिल रहे। 

पीएम मोदी के साथ बैठक करने के बाद अब टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वो भारत के भविष्य को लेकर बहुत एक्साइटेड हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने कहा कि वो पीएम मोदी के प्रशंसक भी हैं।

मस्क ने कहा, दुनिया के किसी भी बड़े देशों की तुलना में भारत में ज्यादा संभावनाएं हैं। पीएम मोदी वास्तव में भारत का परवाह करते हैं। वो हमें अपने देश में निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हमारी मुलाकात बहुत अच्छी रही और मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं। 

पीएम मोदी सच में भारत के लिए बेहतर सोच रखते हैं। वो कंपनियों को भारत में निवेश के लिए सपोर्ट करना चाहते है ताकि उससे भारत को लाभ पहुंचे। मैं अगले साल भारत आने की प्लानिंग कर रहा हूं।

पीएम मोदी भारतीय समयानुसार कल यानी मंगलवार रात को अमेरिका पहुंचे। अमेरिका पहुंचते ही पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत हुआ। भारी संख्या में भारती अमेरिकी पीएम मोदी के स्वागत के लिए न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर जुटे हुए थे। इसके बाद पीएम मोदी की अमेरिका की बड़ी हस्तियों के साथ मुलाकात का दौर शुरू हुआ।

न्यूयॉर्क में पीएम मोदी एलन मस्क के अलावा और भी कई निवेशकों। प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों से मुलाकात की। पीएम से मिलने के बाद निबंधकार और सांख्यिकीविद् प्रोफेसर नसीम निकोलस तालेब ने कहा कि हमारी मीटिंग अद्भुत रही।

 मैंने कोरोना की तैयारियों को लेकर भारत की सराहना की है। खासकर जिस कुशलता से भारत ने कोरोना से निपटा है वो काबिले तारीफ है। मोदी के एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क पैलेस पहुंचने के बाद वहां पहले से इंतजार कर रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

पीएम मोदी भी लोगों के बीच गये और उनका अभिवादन किया। पीएम मोदी चार दिनों तक अमेरिका में रहेंगे। जहां, वो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। भारत के लिए पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम है क्योंकि इस दौरान दोनों देश के बीच रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।

Published / 2023-06-21 09:33:00
आज संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे मोदी

  • पीएम मोदी यूएन मुख्यालय में करेंगे योग
  • रक्षा मंत्री ने आईएनएस विक्रांत में कार्यक्रम में लिया हिस्सा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश और दुनिया में आज योग दिवस की धूम है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में योग कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। 

इतना ही नहीं केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने भी योग दिवस पर अलग-अलग जगह जाकर योग से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तक शामिल हैं।

पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा- हमारे ऋषियों ने योग को परिभाषित करते हुए कहा है कि जो जोड़ता है वो योग है। इसलिए योग का ये प्रसार उस विचार का विस्तार है जो पूरे संसार को एक परिवार के रूप में समाहित करता है। योग के विस्तार का अर्थ है वसुधैव कुटुंबकम की भावना का विस्तार।

 इसलिए इस साल भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 समिट की थीम भी वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर रखी गयी है। आज दुनिया में करोड़ों लोग योगा फॉर वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर एक साथ योग कर रहे हैं।

Published / 2023-06-20 20:57:09
46% बढ़ेगा केंद्रीय कर्मियों और पेंशनरों का डीए-डीआर

  • जल्द भरने वाली है केंद्रीय कर्मियों और पेंशनरों की जेब

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (सीएफपीआई) के तहत जारी आंकड़े बता रहे हैं कि कर्मियों को चार फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इसके बाद कर्मियों के महंगाई भत्ते की दर 46 फीसदी हो जायेगी। 

केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनरों के लिए महंगाई राहत की दरों में वृद्धि करने की तैयारी कर ली है। मौजूदा समय में केंद्रीय कर्मचारियों को 42 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (सीएफपीआई) के तहत जारी आंकड़े बता रहे हैं कि कर्मियों को चार फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। 

इसके बाद कर्मियों के महंगाई भत्ते की दर 46 फीसदी हो जायेगी। सरकार के सूत्रों का कहना है कि इस बार डीए/डीआर की घोषणा होने में ज्यादा देरी नहीं होगी। ऐसी संभावना है कि अगस्त से पहले ही केंद्र सरकार यह घोषणा कर देगी। 

पिछली बार 38 से 42 फीसदी हो गया था डीए 

पिछली बार डीए/डीआर की दर मार्च में 38 से 42 फीसदी की गयी थी। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह घोषणा करते हुए कहा था कि इससे केंद्र के 12815 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उस वक्त किसी कर्मचारी का वेतन 18 हजार रुपये था और उसके डीए में चार फीसदी की वृद्धि हुई, तो 42 प्रतिशत महंगाई भत्ते के हिसाब से उसके वेतन में प्रति माह लगभग 720 रुपये बढ़ गये थे। इसी तरह एक लाख रुपये मूल वेतन पाने वाले कर्मियों को हर माह 4000 रुपये से ज्यादा का फायदा हुआ। 

46 फीसदी डीए, अब होगी वेतन में इतनी बढ़ोतरी 

अगर किसी कर्मचारी का मूल वेतन 18 हजार रुपये है, तो 46 फीसदी महंगाई भत्ते के हिसाब से उसके वेतन में हर माह लगभग 720 रुपये बढ़ जाएंगे। यानी अब डीए की कुल राशि 8280 रुपये होगी। जिन कर्मियों को का मूल वेतन 25 हजार रुपये है, तो उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये का फायदा होगा। 

46 फीसदी के हिसाब से उनका डीए 11500 रुपये हो जायेगा। जिस कर्मी की बेसिक सेलरी 35 हजार रुपये है, तो उसे प्रतिमाह 1400 रुपये ज्यादा मिलेंगे। 46 फीसदी के हिसाब से उसका डीए 20700 रुपये होगा। ऐसे कर्मी, जिन्हें 52 हजार रुपये की बेसिक सेलरी मिलती है, डीए बढ़ोतरी पर उन्हें हर माह 2080 रुपये से ज्यादा का लाभ होगा। 

46 फीसदी के हिसाब से डीए राशि 23920 हो जायेगी। इसके अलावा 70 हजार रुपये की बेसिक सेलरी वाले कर्मचारी को लगभग 2800 रुपये का फायदा होगा। 46 फीसदी के हिसाब से डीए की राशि 32200 रुपये होगी। 

सेलरी के हिसाब से होगा ये फायदा 

किसी कर्मचारी की सेलरी 85,500 रुपये है, तो 46 फीसदी डीए के हिसाब से उसे 3420 रुपये का इजाफा होगा। 46 फीसदी के हिसाब से वह राशि 39330 रुपये हो जायेगी। डीए की दर 46 फीसदी होने के बाद एक लाख रुपये की बेसिक सेलरी वाले कर्मियों के खाते में हर माह 4000 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी होगी। 46 फीसदी के हिसाब से डीए राशि 46000 रुपये हो जायेगी। 

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा हाल ही में अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़े जारी किये गये हैं। उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक (सीएफपीआई) के तहत महंगाई दर भी बतायी गयी है। 

सूचकांक के मुताबिक, अप्रैल 2023 (अंतिम) के तहत सीपीआई (सामान्य) में ग्रामीण क्षेत्रों का आंकड़ा 178.8 फीसदी, शहरी क्षेत्र का 177.4 और संयुक्त 178.1 फीसदी रहा है। अगर इसकी तुलना मई 2023 (अस्थायी) के ग्रामीण क्षेत्र की बात करें, तो वह आंकड़ा 179.7 और शहरी क्षेत्र में 178.1 फीसदी रहा है। 

संयुक्त तौर पर यह संख्या 179.0 रही है। सीएफपीआई के तहत, अप्रैल 2023 में ग्रामीण क्षेत्रों का आंकड़ा 173.7 फीसदी, शहरी क्षेत्र का 180.0 और संयुक्त 175.9 फीसदी रहा है। मई 2023 (अस्थायी) के आंकड़े बताते हैं, ग्रामीण क्षेत्र में सीएफपीआई 174.9 रहा है। शहरी क्षेत्र में 181.1 फीसदी और संयुक्त तौर पर यह संख्या 177.1 रही है।

Published / 2023-06-20 19:13:05
योग दिवस का बैज लगाकर सीएम को योग कैंप मेकन के लिए आमंत्रण

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयुष निदेशक झारखंड डॉ फजलुस शमी एवं संयोजक झारखण्ड राज्य आयुष परामर्शदात्री समिति डॉ राजीव कुमार ने मुलाकात की। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने रांची के मेकन स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को डॉ फजलुस शमी एवं डॉ राजीव कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का बैज लगाया तथा मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेकन ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। 

कार्यक्रम में लगभग 4 हजार लोग एक साथ शामिल होंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य के प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से उन्हें झारखंड के प्रत्येक जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किए जाने को लेकर शुभकामनाएं दीं।

Page 160 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse