टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी नयी योजनाओं का शुभारंभ और कई मोबाइल ऐप की लांचिंग करेंगे। साथ ही राज्य को 206 नयी एंबुलेंस की सौगात देंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नामकुम स्थित परिसर से मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर इन एंबुलेंस को रवाना करेंगे।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इन नयी एंबुलेंस की खरीद करीब साल भर पहले ही हो चुकी थी। तब से अब तक ये स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में खड़ी थीं। इन नयी एंबुलेंस का उपयोग जल्द शुरू करने की मांग बजट सत्र के दौरान विधानसभा में भी उठायी गयी थी। नयी एंबुलेंस में बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम और एडवांस लाइफ स्पोर्ट सिस्टम (एएलएस) तो है ही, पहली बार नियोनेटल एंबुलेंस भी स्वास्थ्य विभाग को दी जा रही हैं।
रांची सहित सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग के बेड़े में शामिल की जानेवाली इन एंबुलेंस में आपातकालीन उपकरणों के साथ दक्ष पारामेडिकल स्टाफ तैनात होंगे। झारखंड में वर्ष 2017 से डायल 108 के तहत निःशुल्क एंबुलेंस सेवा संचालित की जा रही है़ इसके तहत 287 बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम, जबकि 50 एडवांस लाइफ स्पोर्ट सिस्टम से लैस एंबुलेंस सेवा दे रही हैं।
सेवा की शुरुआत से अब तक राज्य भर में 1,48, 383 दुर्घटना में घायल लोगों को, जबकि 8.46 लाख सामान्य मरीजों (3.5 लाख प्रसूता समेत) को अस्पताल तक पहुंचा गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देवघर का सालाना श्रावणी मेला पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। देश विदेश से भक्त यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। 3 जुलाई को इसकी शुरुआत हो चुकी है। इस बार यह मेला पूरे दो महीने तक रहने वाला है।
सावन में देवघर में होने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा से लेकर यातायात तक की व्यवस्था दुरुस्त की गयी है। श्रावणी मेला के दौरान बाहर से रिजर्व में आयी बसों को शहर के बाहर रोक दिया जायेगा। वहीं, ट्रकों को बदले हुए रूट से चलाया जायेगा।
श्रद्धालु कई बड़ी-बड़ी गाड़ियों से बाबा धाम पहुंचते हैं। इन गाड़ियों से शहर में जाम की स्थिति पैदा होती है। लिहाजा ऐसी गाड़ियों को शहर में एंट्री नहीं दी जायेगी।
बैजनाथपुर मोड़ से आने वाली भाड़ी वाहन शहीद आश्रम से बाएं मुड़कर कुंडा होते हुए आगे जायेगी। वहीं दुमका की ओर से आने वाली बड़ी गाड़ियां हिंडोलावरन से तपोवन होते हुए चरकीपहाड़ी से कुंडा मोड़ और बस स्टैंड जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री रहे स्व जगरनाथ महतो के निधन के 88वें दिन बाद उनकी पत्नी बेबी देवी ने सोमवार को झारखंड सरकार में 11वें मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्हें राजभवन के दरबार हॉल में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेता और मंत्रियों ने हिस्सा लिया। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मंत्री बेबी देवी महतो को उत्पाद विभाग आवंटित कर दिया गया।
मंत्री बनाये जाने के साथ ही राजभवन से निकलकर बेबी देवी अपने विभागीय सचिव वनय कुमार चौबे और राज्य के निबंधन मंत्री हफिजुल हसन, झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और कांग्रेस विधायक अनूप सिंह तथा अपने बेटे राजू के साथ उत्पाद भवन पहुंची और विभाग में कार्यभार संभाला। शपथग्रहण के पहले उन्होंने मां छिन्न मस्तिका मंदिर जाकर मां के दर्शन किये और आशीर्वाद भी लिया।
राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने राज्यपाल की अनुमति से संविधान की धारा 164 (1) के हवाले से शपथ ग्रहण के लिए वारंट पढ़ा। राज्यपाल के प्रधान सचिव नितीन मदन कुलकर्णी ने बेबी देवी को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।
राज्यपाल राजभवन स्थित दरबार हॉल में बेबी देवी को झारखंड मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों ने बेबी देवी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बेबी देवी महतो ने कहा कि वह अपने स्व. पति के अधूरे सपनों को पूरा करेंगी। शपथ ग्रहण से पूर्व उन्होंने गुरुजी शिबू सोरेन का आशीर्वाद भी लिया।
खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मेन गेट की जगह दूसरे गेट से राजभवन में प्रवेश किया। इस दौरान राजभवन के बाहर ऊहापोह वाली स्थिति बनी रही। किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि ऐसा क्यों हुआ। बेबी देवी का शपथ ग्रहण समारोह दरबार हॉल में आयोजित हुआ, वहां जगह की कमी है। ऐसे में सेलेक्टिव लोगों को ही आने की अनुमति थी।
टीम एबीएन, रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि एक-एक उपभोक्ता परिवार तक निर्बाध एवं गुणात्मक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में हमारी सरकार कृतसंकल्प है। निर्बाध बिजली आपूर्ति सरकार का लक्ष्य है, क्योंकि बिना बिजली के राज्य के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। इसी कड़ी में सोमवार को 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन, जरमुंडी एवं संबंधित द्विपथ लीलो संचरण लाइन का ऊर्जान्वयन किया गया।
इस ग्रिड सब-स्टेशन का उदघाटन कर आनलाईन सोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि अब दुमका एवं देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्र जैसे बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुंडी, सोनारायथाड़ी आदि में बिजली की समस्या से लोगों को छुटकारा मिलेगा। आने वाले समय में यह ग्रिड सब-स्टेशन अलग-अलग ग्रिडों से भी जुड़ेगा। बिजली की महत्ता से आज कोई भी अपरिचित नहीं है।
सीएम ने कहा कि दुमका एवं देवघर जिला में बिजली में जो कमी आ रही थी, अब वहां निर्बाध बिजली सप्लाई की जा सकेगी। 80 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलने से इन क्षेत्रों के लाखों लोग प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि देवघर एवं दुमका जिले में बाबा बासुकीनाथ एवं श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ-साथ इस महत्वपूर्ण समय में यहां पावर ग्रिड सब-स्टेशन का भी शुभारंभ हो रहा है।
यह ग्रिड सब-स्टेशन आज से यहां की जनता की सेवा के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बिजली ग्रिड सब-स्टेशन, मकान के पिलर की तरह होता है। ग्रिड सब-स्टेशन बनने से बिजली सप्लाई में आ रही रुकावटें और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जा सकेगा।
श्री सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार बेहतर बिजली आपूर्ति के साथ-साथ वैसे उपभोक्ता परिवार जिनकी मासिक खपत एक सौ यूनिट से कम है उन्हें मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। हमारी सरकार जनकल्याण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
बिजली बिल बकायेदार परिवारों को किस्तों में धीरे-धीरे बिजली बिल के पैसे चुकाने का भी प्रावधान राज्य सरकार ने किया है। उन्होंने समारोह स्थल पर उपस्थित लोगों से अपील किया कि बेहतर एवं गुणात्मक बिजली सेवा बहाल करने में जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि दुमका एवं देवघर जिला के लिए आज विशेष दिन है। आज इस परियोजना का शुभारंभ राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सीएम के नेतृत्व में राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में निरंतर ऐतिहासिक काम किया जा रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक राजकीय श्रावणी मेला का मंत्रोच्चारण के साथ सोमवार को शुभारंभ हो गया। मंगलवार से श्रावण मास शुरू हो रहा है। भारत समेत नेपाल और भूटान तक से श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए देवघर आते हैं।
सोमवार को देवघर और बिहार के बांका जिले की सीमा पर स्थित दुम्मा में झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री बादल पत्रलेख ने मेले का उद्घाटन किया। मेला का विधि-विधान पूर्वक शुभारंभ कराने के लिए 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा की गयी।
मंदिर में पूजा-अर्चना कर झारखंड की खुशहाली की कामना की गयी। मंत्री ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन की अगुवाई में हम सभी मिलकर बाबा के भक्तों का स्वागत करेंगे। देवघर अपने भव्य स्वरूप के साथ बाबाधाम आने वाले सभी कांवरियों के अभिनंदन के लिए तैयार है।
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को और भव्य बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। इस साल ज्यादा भक्तों के आने की संभावना है। उसी के अनुरूप प्रशासन की तैयारी भी होनी चाहिए। मंत्री से अधिकारियों से कहा कि भक्तोें को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही श्रावणी मेले को को लेकर रांची स्थित पहाड़ी मंदिर समेत राज्य के तमाम शिवालयों में सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है।
इस वर्ष मलमास को लेकर दो महीने तक सावन होगा। इस दौरान दो बार 15-15 दिनों के लिए मेले का आयोजन किया गया है। बीच में पड़ने वाले मलमास के महीने में मेला का आयोजन नहीं होगा। इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। सोमवार को गुरु पूर्णिमा होने के कारण मंदिर प्रांगण में भी कांवरियों की भारी भीड़ रही।
सावन माह में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार भी स्पर्श पूजा को बंद करवाकर जलार्पण के लिए अरघा की व्यवस्था की गयी है। सोमवार को स्पर्श पूजा का अंतिम दिन है। कांवरिया पथ पर भी कांवरियों का पहुंचना शुरू हो चुका है। भारी बारिश के बाद भी लगी लंबी कतार देखने को मिल रही है।
कुल मिलाकर अब बाबा नगरी बोलबम के नारों से गुंजायमान हो रही है। बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में वीआईपी, वीवीआईपी और आउट आफ टर्न दर्शन पर पूरी तरह से रोक लग गयी है। मंत्री बादल पत्रलेख ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश मार्ग और निकास, सुरक्षा व्यवस्था, पूजा-अर्चना करने की व्यवस्था सहित अन्य स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने देवघर जिला प्रशासन और सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को हरेक दिन की व्यवस्था पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को पर्यटन मंत्री के प्रतिनिधि संजय शर्मा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान एवं धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक ने भी संबोधित किया। कांवरिया पथ पर गंगा नदी की बालू बिछायी गयी है, ताकि श्रद्धालुओं को चलने में असुविधा न हो।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वेदांता इलेक्ट्रोस्टील के सीईओ आशीष कुमार गुप्ता ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के एक-एक उपभोक्ता परिवार तक निर्बाध एवं गुणात्मक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में हमारी सरकार कृतसंकल्प है। इसी कड़ी में आज 132/33 केवी (2 गुणा 50 एमवीए) ग्रिड सब-स्टेशन, जरमुंडी एवं संबंधित द्विपथ लिलो संचरण लाइन का ऊर्जान्वयन किया जा रहा है।
इस ग्रिड सब-स्टेशन के उद्घाटन होने से दुमका एवं देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्र जैसे बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुंडी, सोनारायथाड़ी आदि में बिजली की समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगा। आने वाले समय में यह ग्रिड सब-स्टेशन अलग-अलग ग्रिडों से भी जुड़ेगा। बिजली की महत्ता से आज कोई भी अपरिचित नहीं है।
बिना बिजली के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। उक्त बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन जरमुंडी एवं 132 केवी द्विपथ लिलो संचरण लाइन का आनलाइन उद्घाटन करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आज झारखण्ड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड एवं झारखण्ड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों, कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को निर्बाध एवं गुणात्मक बिजली पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया है।
मैं उद्घाटन समारोह स्थल पर उपस्थित सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं आप सभी सम्मानित नागरिकों को इस कार्य के सफल संपादन में सहयोग प्रदान करने हेतु धन्यवाद देता हूं।
निर्बाध बिजली आपूर्ति लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुमका एवं देवघर जिला में बिजली में जो कमी आ रही थी, अब वहां निर्बाध बिजली सप्लाई की जा सकेगी। अब 80 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलने से बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुंडी, सोनारायथाड़ी आदि क्षेत्रों में निर्बाध एवं क्वालिटी बिजली आपूर्ति होगी। इन क्षेत्रों के लाखों लोग प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे एवं बिजली के वर्त्तमान लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज काफी शुभ दिन है। देवघर एवं दुमका जिले में बाबा बासुकीनाथ एवं श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ-साथ इस महत्वपूर्ण समय में यहां पावर ग्रिड सब-स्टेशन का भी शुभारंभ हो रहा है। यह ग्रिड सब-स्टेशन आज से यहां की जनता की सेवा के लिए कार्य करेगा।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बिजली ग्रिड सब-स्टेशन मकान के पिलर की तरह होता है। राज्य में निर्बाध बिजली के आपूर्ति हेतु बड़े पैमाने पर क्षेत्रवार बिजली ग्रिड सब-स्टेशन बनाने का कार्य राज्य सरकार कर रही है। ग्रिड सब-स्टेशन बनने से बिजली सप्लाई में आ रही रुकावटें और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जा सकेगा।
उपभोक्ता परिवारों को 100 यूनिट बिजली मुफ्त दे रही राज्य सरकार
उद्घाटन स्थल पर उपस्थित जनमानस को आनलाइन संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार बेहतर बिजली आपूर्ति के साथ-साथ वैसे उपभोक्ता परिवार जिनकी मासिक खपत एक सौ यूनिट से कम है उन्हें मुफ्त बिजली उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनकल्याण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
हमारी सरकार ने बकाये बिजली बिल पर भी राहत देने का कार्य किया है। बिजली बिल बकायेदार परिवारों को किस्तों में धीरे-धीरे बिजली बिल के पैसे चुकाने का भी प्रावधान राज्य सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह स्थल पर उपस्थित लोगों से अपील किया कि बेहतर एवं गुणात्मक बिजली सेवा बहाल करने में जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ग्रामीण भी वैसे असामाजिक तत्वों पर ध्यान रखें जो बिजली व्यवस्थाओं पर चोट पहुंचाने का काम करते हैं। अक्सर असामाजिक तत्वों द्वारा तार चोरी सहित के विभिन्न तरह के नुकसान पहुंचाने की सूचनाएं प्राप्त होती हैं। इन सभी चीजों पर रोक लगाने हेतु आम जनता का ध्यान होना भी आवश्यक है।
बिजली के क्षेत्र में राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कर रही कार्य
मौके पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने उद्घाटन स्थल से अपने स्वागत संबोधन में कहा कि दुमका एवं देवघर जिला के लिए आज विशेष दिन है। जरमुंडी के तालझारी में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन जरमुंडी एवं 132 केवी द्विपथ लिलो संचरण लाइन का उद्घाटन होना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दशार्ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में निरंतर ऐतिहासिक काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है। अब इन क्षेत्रों में उपभोक्ता परिवारों को बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। वर्तमान सरकार से राज्य वासियों को काफी अपेक्षा और उम्मीदें हैं। मुझे विश्वास है कि राज्य सरकार आम जनमानस की अपेक्षाओं और उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
मौके पर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक केके वर्मा आनलाइन उपस्थित थे। वहीं उद्घाटन समारोह स्थल में उपायुक्त दुमका रविशंकर शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आम जनता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। बेबी देवी ने हेमंत सरकार के 11वें मंत्री के रुप में शपथ लिया है। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलायी। राजभवन पहुंचने से पहले बेबी देवी ने झामुमो प्रमुख गुरुजी शिबू सोरेन से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के असामयिक निधन के बाद उनकी पत्नी बेबी देवी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री बनाने का फैसला शनिवार को लिया। जिसके बाद आज राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse