टीम एबीएन, रांची। रांची से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट हेहल से साकी के बीच में चट्टान गिरने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिवर्तित कर दिया गया था। चट्टान को रेलवे ट्रैक से हटाने के बाद फिर से वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित रूट बरकाकाना, सिधवार, हेहल, साकी, टाटीसिलवे होकर चलने लगी है।
ट्रेन में सफर करने वाले यात्री अब फिर से चार टनल और खूबसूरत वादियों का आनंद उठाते हुए रांची से पटना और पटना से रांची तक का सफर कर रहे हैं। पटना-रांची-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित रुट टाटीसिलवे-सांकी-बड़काकाना रूट पर चलने लगी है।
ट्रेन नंबर 22349-22350 वंदे भारत ट्रेन का रूट टाटीसिलवे, साकी और बरकाकाना होकर निर्धारित था, लेकिन साकी से हेहल के बीच लैंड स्लाइड की वजह से यात्रियों की सुरक्षा के को देखते हुए इस रूट पर सवारी गाड़ी का परिचालन बंद कर दिया गया था। साथ ही वंदे भारत एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया था।
टीम एबीएन, रांची। छठ महापर्व को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 19 नवंबर को सुबह आठ से रात ग्यारह और 20 नवंबर को रात दो से सुबह दस बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है।
ट्रैफिक एसपी कुमार गौरव ने इससे संबंधित आदेश जारी किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि भारी वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। ट्रैफिक एसपी ने बताया कि छठ घाटों के आसपास वाहन पार्किंग के लिए भी स्थल निर्धारित किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। कांके रोड मिसिर गोंदा जतरा टांड़ में 18 नवंबर को जतरा पूजा थी। इसे देखते हुए दिन के दो बजे से कांके रोड का एक तरफ का रोड चांदनी चौक से रिलायंस मार्ट तक बंद रहा।
रिलायंस मार्ट कांके रोड से सीसीएल गांधीनगर मुख्य गेट तक दायां लेन जतरा झांकी के लिए निर्धारित किया गया था। वहीं कांके रोड के चांदनी चौक से राममंदिर चौक तक वाहन बायें लेन का प्रयोग करेंगे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के रवि कुमार से आज छोटे पर्दे के चर्चित टीवी सीरियल "भाभी जी घर पर हैं" के कलाकार श्री विजय सिंह ने उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। उन्हें जल्द ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के द्वारा झारखंड राज्य में निर्वाचन संबंधी जागरूकता के कार्यो के लिए स्टेट आइकन नियुक्त किया जायेगा।
झारखण्ड के ही रहने वाले श्री विजय सिंह "भाभी जी घर पर हैं" धारावाहिक में संस्कारी मास्टर जी की भूमिका में लोगों को संस्कार सिखाते नजर आते हैं। अब जल्द ही वे झारखंड में मतदाता जागरूकता के लिए स्टेट आइकॉन के रूप में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर एक्टर श्री विजय सिंह ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे अपने गृह राज्य के लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने और राज्य में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए काम आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले लोक सभा चुनाव तक वे अपने आडियो वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को मतदाता पंजीकरण व मतदान हेतु जागरूक और प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अवर सचिव देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय संजय कुमार, मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आज झारखंड मंत्रालय में जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) की 26वीं बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में टीएसी द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रो० स्टीफन मरांडी, सदस्य झारखंड विधान सभा-सह-सदस्य जनजातीय परामर्शदातृ परिषद की अध्यक्षता में गठित उप समिति के कार्यकाल को अगले 1 वर्ष के लिए अवधि विस्तार दिए जाने संबंधी प्रस्ताव पर सहमति दी गई।
बैठक में जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) द्वारा सीएनटी एक्ट के अंतर्गत 26 जनवरी 1950 के समय राज्य के भीतर जो जिले और थाने स्थापित थे, उन्हीं को जिला और थाना मानते हुए धारा-46 के तहत जमीन-खरीद बिक्री हेतु मान्यता प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सम्यक विचारोंपरांत टीएसी द्वारा बोकारो जिला स्थित आदिवासी संतालियों के धार्मिक धरोहर लुगू पहाड़ पर दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित LUGU PAHAR HYDEL PUMPED STORAGE PROJECT को किसी भी हाल में स्थापित नहीं होने दिए जाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
इस संबंध में मुख्यमंत्री-सह-अध्यक्ष जनजातीय परामर्शदातृ परिषद श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार हर हाल में आदिवासी समुदाय की आस्था और विश्वास का धार्मिक धरोहर लुगू पहाड़ को संरक्षित करने का काम करेगी। हमारी सरकार किसी भी समुदाय के भावनाओं से खिलवाड़ नहीं होने देगी।
जन भावना के अनुरूप टीएसी द्वारा LUGU PAHAR HYDEL PUMPED STORAGE PROJECT को लुगु पहाड़ में नही स्थापित होने दिए जाने के संबंध में आज की बैठक में लिया गया निर्णय महत्वपूर्ण है।
बैठक में वर्तमान राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 15 नवंबर से 29 दिसंबर 2023 तक राज्यव्यापी अभियान आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधिगण एवं प्रभारी मंत्री को अपनी महती भूमिका निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार" के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में बिरसा आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप योजना, जाति/आय/जन्म/मृत्यु/ दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना आदि का लाभ शत प्रतिशत लाभुकों को सुनिश्चित कराया जा सके इस निमित्त गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वन अधिकार अंतर्गत अबुआ बीर अबुआ दिशोम अभियान के अंतर्गत राज्य के वैसे आश्रित जो वनों पर निर्भर हैं उनके बीच व्यक्तिगत एवं सामुदायिक पट्टे का वितरण तेज गति से किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में झारखंड में पेसा कानून लागू किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में जनजातीय परामर्शदातृ परिषद (टीएसी) के सदस्यों से राज्य में बेहतर पेसा कानून लागू किया जा सके इस निमित्त उनके लिखित सुझाव भी मांगे गए। बैठक में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 पर चर्चा सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विकासात्मक मुद्दों पर गहन विचार विमर्श-किया गया।
अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री-सह-टीएसी के उपाध्यक्ष चम्पई सोरेन, विधायक-सह-टीएसी सदस्य प्रो. स्टीफन मरांडी, सीता सोरेन, दीपक बिरुआ, भूषण तिर्की, सुखराम उरांव, दशरथ गगराई, विकास कुमार मुंडा, राजेश कच्छप, सोनाराम सिंकू, शिल्पी नेहा तिर्की, मनोनीत सदस्य विश्वनाथ सिंह सरदार, जमल मुंडा, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के निर्देश पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगामी लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 की तैयारियों के क्रम में पोस्टल बैलट, ईवीएम और वीवीपैट, चुनाव सामग्री आदि से संबंधित जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण में सभी जिलों के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर हेतु नामित प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।
धुर्वा स्थित विभागीय सभागार में आयोजित इस कार्यशाला के अवसर पर पदाधिकारियों को अभिप्रेरित करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पोस्टल बैलट से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों, प्रक्रियाओं तथा बारीकियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही ईवीएम और वीवीपैट से जुड़े विषयों पर भी उन्होंने विस्तार से बताया।
कार्यशाला में पोस्टल बैलेट, ईडीसी, ईटीपीबीएस से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ-साथ डाक मत-पत्र की मदद से मताधिकार का प्रयोग करने वाले सभी कोटि के मतदाताओं के लिए निर्धारित प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता आदि के संबंध में नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर्स ने भी अपने-अपने व्याख्यान दिये।
श्री कुमार ने कहा कि प्राय: हर चुनाव में हमारे चुनाव कर्मी तथा सुरक्षा बल के जवान चुनाव कर्तव्य निर्वहन के चलते अपने खुद के मताधिकार का प्रयोग करने से छूट जाते हैं। जबकि लोकतंत्र में एक-एक मत का बहुत महत्व है।
इसलिए इस बार अभी से पोस्टल बैलट को लेकर तैयारी एवं प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में यथासंभव कोई भी कर्मचारी अपना मताधिकार करने से छूटने न पाये।
मौके पर सभी जिलों से आये प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ उप सचिव राजस्व विभाग महेंद्र कुमार, एनएलएमटी राजेश रंजन वर्मा, ओएसडी गीता चौबे, अवर सचिव देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार, बीडीओ पदमा सह एनएलएमटी मृत्युंजय कुमार, तकनीकी विशेषज्ञ उमाशंकर सिंह सहित कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रेलवे अगले चार साल में जीरो वेटिंग लिस्ट आरक्षण यानी सबको कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल कर लेगी और इसके लिए वह वर्ष 2027 तक 3000 नयी ट्रेनों को जोड़ कर एक हजार करोड़ यात्रियों की परिवहन क्षमता विकसित करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है।
रेलवे बोर्ड के सूत्रों ने आज यहां बताया कि भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के 450 रैक, हर साल करीब 5500 एलएचबी कोच बन रहे हैं जिनसे पुश-पुल तकनीक वाले अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के करीब सवा दो सौ रैक प्रति वर्ष की दर से रेलवे के नेटवर्क में जोड़ने हैं।
इसके अलावा अन्य 1600 से 1700 ट्रेनों को अगले चार से पांच साल में पटरियों पर उतारना है। इसके लिए रेलवे के नेटवर्क की क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। दूसरी, तीसरी एवं चौथी लाइन बिछाने के साथ गाड़ियों की गति बढ़ा कर फेरे बढ़ाने के लिए द्रुत गति से काम किया जा रहा है और इसीलिए रेलवे के पूंजीगत व्यय को 2.41 लाख करोड़ रुपये किया गया है।
अगले पांच साल में रेलवे नेटवर्क में करीब 27 से 30 हजार किलोमीटर नयी पटरियां बिछ जायेंगी। सूत्रों ने कहा कि रेलवे ने क्षमता विस्तार के तात्कालिक उपाय के तौर पर दोनों ओर इंजन वाले पुश पुल ट्रेन सेट अमृत भारत एक्सप्रेस के रैक तैयार कराने की योजना बनायी है।
सूत्रों ने कहा कि इस समय देश में करीब 69 हजार एलएचबी कोच उपलब्ध हैं। इन्हें भी पुश पुल ट्रेन सेट में तब्दील किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पुश पुल ट्रेन सेट में आटोमैटिक दरवाजों के साथ ही सेमी परमानेंट कपलर लगाये जायेंगे और गैंगवे को चौड़ा बनाया जायेगा।
इससे गाड़ी में चलते एवं रुकते समय झटके लगने की समस्या समाप्त हो जायेगी। सूत्रों के अनुसार इसके दो प्रोटो टाइप बन कर तैयार हो गये हैं। इससे गाड़ी के रुकने एवं फिर से गति पकड़ने यानी एक्सीलरेशन-डिएक्सीलरेशन में सामान्य गाड़ी से आधा वक्त लगता है।
इसके परीक्षण में दिल्ली एवं हावड़ा के बीच समान रफ्तार पर चलने वाली गाड़ी के समय में दो घंटे 20 मिनट की बचत दर्ज की गयी है। दिल्ली चेन्नई और दिल्ली बेंगलुरु की दूरी में पांच से छह घंटे की बचत हो सकती है। पटरियों के क्षमता विस्तार से जहां गाड़ियों की परिचालन गति और औसत गति दोनों में और अधिक सुधार आयेगा।
टीम एबीएन, रांची। छठ को लेकर रांची नगर निगम विशेष सफाई अभियान चला रहा है। 72 छठ घाटों की सफाई के अलावा रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। घाटों की ओर जाने वाली सड़क को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
निगम प्रशासक अमित कुमार ने अधिक गहराई वाले घाटों को चिह्नित करते हुए बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया है, ताकि छठ घाटों पर कोई अप्रिय घटना न हो। इसके अलावा निगम विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था कर रहा है।
महापर्व के दौरान यदि किसी घाट पर कोई असुविधा होती है, आमजन 0651-2200011 या 9431104429 पर फोन कर इसकी सूचना निगम के कंट्रोल रूम में दे सकते हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse