टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने शनिवार को लगभग हर साल सुखाड़ झेलने वाले पलामू जिले को पलामू पाईपलाइन सिंचाई योजना की सौगात दी। 456.6 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना का शिलान्यास करने के बाद चंपाई सोरेन ने ऐलान किया कि झारखंड को आदर्श झारखंड बनायेंगे। शहर और गांव की दूरी मिटा देंगे।
वर्ष 2027 तक झारखंड में सबके पास अपना पक्का मकान होगा। उन्होंने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपलब्धियां और उनकी दूरदर्शिता के बारे में भी बात की।
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि डेढ़-दो साल में पलामू पाईपलाइन सिंचाई योजना पूरी हो जायेगी। इसके बाद पलामू के खेतों को 12 महीने तक पानी मिलने लगेगा।
इसके साथ ही पलामू में सुखाड़ की समस्या खत्म हो जायेगी। हमारी सरकार पलामू में हर खेत तक पाईपलाइन से पानी पहुंचायेगी। इसके बाद पलामू भी हरा-भरा रहेगा। पलामू के किसानों को कभी सुखाड़ की समस्या नहीं झेलनी होगी।
हेमंत सोरेन की जगह मुख्यमंत्री की कमान संभालने वाले चंपाई सोरेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड के युवा सम्राट हेमंत सोरेन ने गांव और शहर की दूरी मिटाने का सपना देखा था। उनके सपने को यह सरकार जरूरी पूरा करेगी।
चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में अब किसी को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। गांव के लोगों को शहर जाने और वहां से घर लौटने में दिक्कत न हो, इसके लिए हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना लेकर आये थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार इस योजना को शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के शुरू हो जाने के बाद गांव के लोग मुफ्त में बस से शहर तक जा सकेंगे।
पेंशनभोगी बुजुर्ग हों या स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे, किसी को बस में किराया नहीं देना होगा। नि:शक्त हों या गरीब परिवार के लोग, सभी मुफ्त में इस बस में यात्रा कर सकेंगे।
झारखंड में सबका होगा अपना पक्का मकान
झारखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक झारखंड में सबका अपना पक्का मकान होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास देने से इंकार कर दिया, तो हेमंत सोरेन ने अपने दम पर लोगों को पक्का मकान देने का फैसला किया। इसके लिए अबुआ आवास योजना लेकर आये।
20 लाख लोगों को देंगे अबुआ आवास
चंपाई सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार ने झारखंड के 20 लाख परिवारों को अबुआ आवास देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री आवास दो कमरे का है।
हमारी सरकार ने अबुआ आवास योजना के तहत तीन कमरे का पक्का मकान देने का फैसला किया है। चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के लिए केंद्र सरकार और ईडी पर बार-बार सवाल उठाये।
टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक सोमवार दिनांक 12 फरवरी 2024 को अपराह्न 4 बजे से प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि बिजली सब्सिडी में जल्द बढ़ोतरी की जायेगी। बिजली उपभोक्ताओं को अब 100 यूनिट की बजाय 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने के साथ सभी वंचित टोलों में बिजली पहुंचायी जायेगी। इस संबंध में ऊर्जा विभाग को प्रस्ताव तैयार करने का उन्होंने निर्देश दिया। मुख्यमंत्री आज झारखंड मंत्रालय में वित्तीय वर्ष 2023- 24 के राजस्व प्राप्ति और व्यय को लेकर विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव/ सचिव के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के बजटीय प्रावधान और वास्तविक प्राप्ति तथा खर्च की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को के आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को विभिन्न योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि यहां की ज्यादा से ज्यादा जनता को इसका लाभ दे सकें। मुख्यमंत्री ने जनहित से जुड़ी तमाम योजनाओं को समय पूरा करने को भी कहा। उन्होंने स्वीकृत योजनाओं का कार्य जल्द शुरू करने और लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वित्तीय प्रबंधन को और भी बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब दो महीने से कम का समय बचा है। ऐसे में सभी विभाग अपने बजट की राशि के खर्चे में तेजी लाएं ताकि जो लक्ष्य निर्धारित है, उसे पूरा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विभागवार केंद्र प्रायोजित योजनाओं के उपलब्धियां की जानकारी ली। वित्त विभाग ने मुख्यमंत्री को बताया कि केंद्र सरकार से केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए जो राशि मिली है, उसे खर्च करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिये जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस राशि के खर्च के बाद अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर पिछले वर्ष 24 नवंबर से 26 दिसंबर तक आयोजित शिविरों में विभिन्न योजनाओं से संबंधित जो आवेदन मिले हैं, उसकी अद्यतन जानकारी ली. इस क्रम में निष्पादित, अस्वीकृत और लंबित आवेदनों के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि आवेदन लंबित नहीं रहे, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें और जिस आवेदन को अस्वीकृत किया गया है, उसकी वजह भी बतायी जानी चाहिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आपकी योजना -आपकी सरकार -आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 59 लाख 28 हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं जिनमें से 60 प्रतिशत से ज्यादा का निष्पादन किया जा चुका है।
इस बैठक में मुख्य सचिव एल खियांग्ते, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे एवं विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव / सचिव उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की इंटर और मैट्रिक की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। निर्धारित समय से सभी केंद्रों पर परीक्षा शुरू हो गयी है। विद्यार्थी समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और केंद्र पर मौजूद निरीक्षकों ने विद्यार्थियों को जांच के बाद परीक्षा केंद्र में घुसने की अनुमति दी।
राजधानी रांची में कुल 51 केंद्र बनाये गये हैं। शिवनारायण मारवाड़ी कन्या +2 स्कूल के केंद्र अधीक्षक प्रिय रंजन ने बताया कि आज की परीक्षा 9:45 से 12:30 तक है। लेकिन अन्य दिनों में परीक्षा का समय 9:45 से 1:00 बजे तक होगा। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा 2 बजे से होगी। परीक्षा के पहले दिन वोकेशनल और रीजनल लैंग्वेज की परीक्षा है, इसलिए आधे घंटे कम परीक्षा का समय निर्धारित किया गया है।
केंद्रीय अधीक्षक प्रिय रंजन ने बताया कि 6 फरवरी से 26 फरवरी तक मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित की जा रही है। हर केंद्र में फर्स्ट सीटिंग में मैट्रिक की परीक्षा होगी तो वहीं सेकंड सीटिंग में इंटर की परीक्षा होगी।
वहीं जिला प्रशासन की तरफ से परीक्षा केंद्र के आसपास धारा 144 के अंतर्गत 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गयी है। प्रशासन की तरफ से सख्त आदेश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्र के आसपास पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों को एक जगह जमा नहीं होना है। परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार नहीं करना है ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में दिक्कत ना हो।
परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवाल्वर, बम और बारूद लेकर घूमने पर सख्त मनाही है, लेकिन सुरक्षा में लगे सरकारी कर्मचारी और पदाधिकारी के लिए यह आदेश लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने सख्त आदेश दिया है कि परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी तरह की बैठक या आमसभा का आयोजन नहीं किया जा सकता है। रांची में बनाये गये 51 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं ताकि सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त परीक्षा हो।
टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक शुक्रवार, दिनांक 2 फरवरी,2024 को अपराह्न 1.30 बजे से प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा आज संसद में अंतरिम बजट पेश किया जाना है। मगर इससे पहले लोगों को महंगाई का झटका लगा है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर दी है।
गैस कंपनियों के द्वारा सिलेंडर की कीमतों में 14 रुपये का इजाफा किया गया है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1755 रुपये से बढ़कर 1769.50 रुपये हो गयी है।
इसके अलावा, 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 1708.50 से बढ़कर 1722 रुपये हो गया है। वहीं, चेन्नई में कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1924.50 से बढ़कर 1937 रुपये हो गयी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के चलते एयरलाइंस कंपनियों ने अयोध्या के लिए फ्लाइट की संख्या बढ़ायी है।
एक फरवरी से अयोध्या के लिए दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद,जयपुर, पटना, दरभंगा, मुंबई और बेंगलुरू से अतिरिक्त फ्लाइट चलेंगी।
दिल्ली से अयोध्या, अहमदाबाद से अयोध्या के लिए बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन फ्लाइट उड़ान भरेगी। अयोध्या से मुंबई के लिए प्रतिदिन फ्लाइट उड़ान भरेगी।
टीम एबीएन, रांची। नयी दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तीन ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दबिश के बाद झामुमो नेता मंगलवार (30 जनवरी) को राजधानी रांची में नजर आए। मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने विधायकों के साथ बैठक भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से चार तस्वीरों के साथ एक्स पर एक पोस्ट डाला गया, जिसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायकों की बैठक शुरू।
बैठक में हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। यह पहला मौका है, जब कल्पना सोरेन विधायकों की बैठक में शामिल हुईं हैं। इसके साथ ही चर्चा शुरू हो गई है कि हेमंत सोरेन अपने पद से इस्तीफा देकर सरकार की कमान कल्पना सोरेन को सौंप सकते हैं।
मुख्यमंत्री के सामने आने से पहले राज्य में बड़ी राजनीतिक हलचल के बीच मंगलवार को कांग्रेस और झामुमो विधायकों की बैठक सर्किट हाउस में हुई। बैठक में मंत्री हफीजुल हसन समेत कई विधायक मौजूद थे। हालांकि, बैठक के तुरंत बाद सभी मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री आवास रवाना हो गये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse