राज काज

View All
Published / 2024-03-24 14:29:50
झारखंड : 8000 जवान होली में रखेंगे शांति व्यवस्था

  • होली के दौरान सुरक्षा की तैयारी पूरी, झारखंड में होगी 8000 अतिरिक्त फोर्स की तैनाती

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से तैयारी पूरी कर ली गयी है। सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से राज्य के सभी जिलों में करीब आठ हजार अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गयी है।

सभी जिलों के एसपी को सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलर्ट भी किया गया है।।किसी प्रकार की गंभीर घटना की सूचना पुलिस मुख्यालय कंट्रोल रूम को देने को कहा गया है। राज्य के पांच जिले जो पुलिस की नजर में विशेष रूप से संवेदनशील हैं, वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये हैं।

रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह और लोहरदगा में वहां की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है। इन पांच जिलों में एक-एक कंपनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को तैनात किया गया है। जबकि रांची, जमशेदपुर, गिरिडीह और हजारीबाग में एक-एक कंपनी रैप की तैनाती की गयी है। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में अश्रु गैस दस्ता को लगाया गया है।

शहर में यातायात नियम उल्लंघन को लेकर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाये गये अभियान में शनिवार को 251 लोगों का चालान काटा गया। इस दौरान नो हेलमेट, नो डीएल, ब्लैक फिल्म व अवैध रूप से पार्किंग किये गये वाहनों का गूगल मैप से फोटो खींचकर चालान किया गया।

वहीं चौक-चौराहों पर अवैध रूप से लगाये गये ऑटो, ई-रिक्शा, ठेला-खोमचा वालों के खिलाफ गोंदा थाना अंतर्गत जाकिर हुसैन पार्क से न्यू मार्केट चौक तक और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में अरगोड़ा चौक से अशोक नगर तक अभियान चलाया गया। वहीं चुटिया थाना क्षेत्र में सुजाता चौक से फिरायालाल चौक और लालपुर थाना क्षेत्र में रिम्स चौक से करम टोली चौक तक अभियान चलाया गया।

Published / 2024-03-20 21:05:48
पुतिन को पीएम मोदी ने दी बधाई

यूक्रेन के मुद्दे को बातचीत हल करने की राय दोहराया

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को टेलीफोन पर वहां चुनाव में उनकी पुन: जीत पर बधाई दी और रुस की जनता की शांति और समृद्धि की कामना व्यक्त की। मोदी ने रुसी राष्ट्रपति से बाचतीत में रुस-यूक्रेन संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीतिक तरीके से हल करने के भारत के मत को दोहराया। 

प्रधानमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक श्री मोदी और श्री पुतिन फोन पर वार्ता के दौरान आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच विशिष्ट रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रयास करने पर सहमत हुए। विज्ञप्ति के अनुसार दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न मुद्दों में प्रगति की भी समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। 

बयान में कहा गया है कि रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने इसके संभावित समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने के भारत के मत को दोहराया। भारत इस संघर्ष को लेकर शुरू से अपनी इस राय पर कायम है।

Published / 2024-03-19 21:56:03
मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करने लातेहार-मनिका पहुंचे पलामू आयुक्त

आयुक्त ने मतदान केन्द्रों का किया भ्रमण, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार/मनिका, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा आगामी लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दृष्टिगत दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए चुनावी प्रक्रिया को सुगम बनाने के निमित्त उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं का आकलन और मूल्यांकन करने आज लातेहार पहुंचे। 

आयुक्त ने 73 मनिका एवं 74 लातेहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए की जाने वाली गतिविधियों यथा इनके निबंधन, मतदान दिवस पर परिवहन की सुविधा, मतदान केन्द्रों की संरचना, मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर, चेयर की व्यवस्था, वोलेंटियर का सहयोग लेने तथा मतदान केंद्रों पर सुलभ शौचालय, पेयजल, चिकित्सा किट आदि बुनियादी सुविधाओं का आकलन और मूल्यांकन किया। 

भ्रमण के दौरान उन्होंने मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों के तहत किये जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निदेश दिया। भ्रमण के दौरान लातेहार एवं मनिका विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले कुछ मतदान केंद्रों के मतदान कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। 

वहीं मतदान कक्ष का दरवाजा-खिड़की, पंखा को ठीक कराने, मतदान कक्ष में अंदर फर्श एवं छत की मामूली टूट एवं समय रहते दुरुस्त कराने का निदेश दिया। मतदान केंद्रों पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था रखने की निर्देश दिया। 

उन्होंने पुरूष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय एवं रनिंग वाटर की समुचित व्यवस्था करते हुए शौचालय को क्रियाशील बनाने एवं ब्लीचिंग पाउडर डालकर उसे स्वच्छ रखने तथा शौचालय को इंगित प्रोपर संकेतक/साइनेज लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों से लातेहार नगर पंचायत के पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कराते हुए उनके क्षेत्र अंतर्गत मतदान केन्द्रों के शौचालय एवं अन्य अपशिष्टों को हटवाते हुए स्वच्छ रखने का निर्देश दिया। 

आयुक्त के भ्रमण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, लातेहार की उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, मनिका के अंचल अधिकारी संतोष शुक्ला एवं संबंधित मतदान केन्द्रों पर बीएलओ आदि उपस्थित थे।  

73 मनिका विधानसभा के इन मतदान केंद्रों का किया भ्रमण 

आयुक्त बाल किशुन मुंडा ने लातेहार जिले के 73 मनिका विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्र संख्या 111 राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय, मनिका, मतदान केन्द्र संख्या 113 एवं 114 राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मतदान केन्द्र संख्या 164 राजकीय मध्य विद्यालय सिंजो, मतदान केंद्र संख्या 177 एवं 178 राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय होटवाग एवं मतदान केंद्र संख्या 179 राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डुड़ंगीकला का भ्रमण किया। 

लातेहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों का किया भ्रमण 

आयुक्त ने 74 लातेहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 183 राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, उदयपुरा, मतदान केंद्र संख्या 194 राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय चंदनडीह, मतदान केन्द्र संख्या 199 एवं 200 राजकीयकृत मध्य विद्यालय लातेहार बाजार, मतदान केंद्र संख्या 211 एवं 212 उत्क्रमित उच्च विद्यालय करकट का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया।

Published / 2024-03-16 22:04:18
53 एजेंडों पर चंपई कैबिनेट की बैठक में लगी मुहर

स्कूली बच्चों के लिए बड़ा एलान 

टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव की घोषणा के करीब तीन घंटे पहले झारखंड में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कई निर्णयों पर मुहर लगी है। इस दौरान कुल 53 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। वहीं, चंपई सोरेन ने कैबिनेट बैठक के दौरान स्कूली छात्रों के लिए बड़ा एलान किया है। 

सरकार नि:शुल्क विद्यालय योजना के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के 37.7 लाख बच्चों को नि:शुल्क स्कूल बैग उपलब्ध कराएगी। इस योजना पर 57 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा सरकार ने जरूरतमंद महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने की योजना भी मंजूर की है। 

कैबिनेट ने कुल 53 प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए अलग-अलग जिलों में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करीब 700 करोड़ से भी अधिक की राशि की स्वीकृति दी है। 

साहेबगंज मेगा जलापूर्ति योजना के लिए 200 करोड़, रांची के अनगड़ा में पुल के लिए 112 करोड़, किसान समृद्धि योजना के लिए 80 करोड़, पांकी में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए 53 करोड़, दुमका-मोहनपुर पथ के लिए 77 करोड़, गढ़वा के चकला पथ के लिए 69 करोड़, बेरमो में बाइपास रोड के लिए 90 करोड़, देवीपुर में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए 37 करोड़ की योजनाओं को कैबिनेट ने मंजूर किया है। 

वहीं प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत जनजाति क्षेत्र में 91 आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित करने की मंजूरी दी गयी है। एक अहम फैसले के अनुसार झारखंड में शिक्षक पात्रता नियमावली 2024 के गठन को मंजूरी दी गयी है। 

बताया गया है कि इससे राज्य में शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी आ सकेगी। वहीं राज्य में मिलेट की खेती 40 हजार हेक्टेयर से बढ़ाकर 5 लाख हेक्टेयर में करने की योजना को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

Published / 2024-03-16 12:13:02
झारखंड कैबिनेट की बैठक आज

टीम एबीएन, रांची। झारखंड कैबिनेट की बैठक शनिवार (16 मार्च 2024) को दिन में 12 बजे से होगी. बैठक प्रोजेक्ट भवन के मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी। 

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से यह सूचना दी गयी है। लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले होने जा रही कैबिनेट की बैठक में चंपाई सोरेन की सरकार के कैबिनेट में कई बड़े फैसले हो सकते हैं।

Published / 2024-03-15 22:01:59
पलामू आयुक्त बने एनपीयू के कुलपति, ग्रहण किया प्रभार

टीम एबीएन, पलामू। पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) मेदिनीनगर, पलामू के कुलपति बनाये गये हैं। राजभवन से जारी अधिसूचना के आलोक में श्री मुंडा ने आज कुलपति के रूप में स्वत: प्रभार ग्रहण किया। 

इसके पूर्व प्रो डॉ तपन कुमार शांडिल्य नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति थे।

Published / 2024-03-14 20:58:51
पूर्व राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति को सौंपी एक देश-एक चुनाव संबंधी रिपोर्ट

रामनाथ कोविंद कमेटी ने राष्ट्रपति को सौंपी रिपोर्ट, 18626 पन्नों का ड्राफ्ट तैयार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक देश एक चुनाव को लेकर कोविंद कमेटी ने 18,626 पन्नों का ड्राफ्ट तैयार किया है, जो 8 खंडों में है। इसे तैयार करने के लिए 191 दिन शोध कार्य किए गए, तब जाकर तैयार किया गया। समिति देश में एक साथ चुनाव कराने के लिए संविधान के अंतिम पांच अनुच्छेदों में संशोधन की सिफारिश कर सकती है।

प्रस्तावित रिपोर्ट लोकसभा, राज्य विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनाव कराने के लिए एक एकल मतदाता सूची पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। पिछले सितंबर में गठित समिति को मौजूदा संवैधानिक ढांचे को ध्यान में रखते हुए लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के लिए एक साथ चुनाव कराने के लिए संभावनाएं तलाशने और सिफारिशें करने का काम सौंपा गया है।

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली इस समिति में गृह मंत्री अमित शाह, राज्यसभा में विपक्ष के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद, वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, पूर्व लोकसभा महासचिव सुभाष कश्यप और वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे भी शामिल हैं। 

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी को भी समिति का सदस्य बनाया गया था, लेकिन उन्होंने समिति को पूरी तरह से छलावा करार देते हुए मना कर दिया। विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य हैं।

Published / 2024-03-11 19:51:19
अग्नि-5 के बहाने पीएम ने बढ़ाया वैज्ञानिकों का हौसला

प्रधानमंत्री मोदी ने अग्नि-5 के परीक्षण को लेकर वैज्ञानिकों को दी बधाई; नहीं होगा देश के नाम संबोधन

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्नि-5 मिसाइल के टेस्ट परीक्षण को लेकर डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया- मिशन दिव्यास्त्र के लिए डीआरडीओ के वैज्ञानिकों पर हमें गर्व है, जिन्होंने स्वदेशी अग्नि-5 मिसाइल के पहले फ्लाइट टेस्ट किया। 

यह मिसाइल मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेड री-एंट्री व्हिकल तकनीक से लैस है। इससे पहले खबरें आयी कि पीएम मोदी देश को संबोधित करने वाले हैं। इस दौरान कई तरह के कयास लगाये जाने लगे। 

कहा जाने लगा कि पीएम मोदी सीएए, एमएसपी जैसे मुद्दों पर बड़ा एलान कर सकते हैं। हालांकि, पीएम मोदी ने ट्वीट के बाद इस अटकलों पर विराम लग गया और यह बात साफ हो गयी कि पीएम मोदी आज देश को संबोधित नहीं करेंगे।

Page 112 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse