टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के मंत्री आलमगीर आलम के ओएसडी संजीव लाल और उसके नौकर के ठिकानों पर छापेमारी के दूसरे दिन ईडी की टीम अब सात नये ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि सोमवार को हुए ईडी की रेड में 35 करोड़ रुपये बरामद किये गये थे।
इस मामले में मंत्री आलमगीर आलम के ओएसडी संजीव लाल और उसके नौकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। संजीव लाल और उनके नौकर जहांगीर को कोर्ट में पेश किया गया है। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे से ईडी ने सात नए ठिकानों पर एक साथ रेड शुरू की है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार रांची के सिंह मोड़ के पास रहने वाले एक बिल्डर के साथ साथ रांची के रातू और आईटीआई बस स्टैंड के पास रहने वाले दो बिल्डरों के यहां रेड चल रही है। मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची में ईडी के रेड में एक बार फिर से करोड़ों रुपये बरामद किये गये हैं।
मंगलवार को ईडी की टीम ने रांची के डोरंडा इलाके में रहने वाले कांट्रेक्टर राजू सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की है। मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार राजू सिंह के यहां से करोड़ों रुपये नगद बरामद किये गये हैं। बरामद कैश की गिनती के लिए बैंक से नोट गिनने वाली मशीन मंगवायी गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार आज (मंगलवार) रांची में ईडी ने कल की छापेमारी के बाद कुल 5 नये जगहों पर छापेमारी की है। आज ठेकेदार राजीव कुमार सिंह के पास से 1।5 करोड़ रुपए बरामद किये गये हैं। बताया जा रहा है कि उसके माध्यम से 10 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी का लेन-देन हुआ है।
टीम एबीएन, रांची। पांचवें चरण में झारखंड के चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। अब तक इन सीटों पर 14 प्रत्याशियों के द्वारा नामांकन भरा जा चुका है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि इन सीटों पर नामांकन की अंतिम तारीख 3 मई तक है। यहां 20 मई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
बात यदि गांडेय विधानसभा उपचुनाव की करें तो अब तक 2 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। छठे चरण में होने वाले चुनाव को लेकर अब तक 12 नामांकन 8 प्रत्याशियों के द्वारा दाखिल किये गये हैं। गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में इस चरण में चुनाव होने हैं। जिसके लिए 6 मई तक नामांकन पर्चा भरा जायेगा।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्यभर में लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए चलाये जा रहे अभियान के तहत 30 अप्रैल तक 71 करोड़ 11 लाख के अवैध सामान जब्त किये गये हैं। जिसमें 29 अप्रैल को 1 करोड़ 13 लाख का सामान और कैश शामिल हैं। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा ने स्वीप के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि आयोग का उद्देश्य यह है कि ज्यादा से ज्यादा मतदान हो इसके लिए कई कदम उठाये गये हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 29521 मतदान केंद्रों पर पोलिंग अवेयरनेस ग्रुप का गठन हो चुका है। इसके तहत उस मतदान केंद्र के आसपास के 5 से 10 लोगों का समूह बनाया गया है, जो न केवल स्थानीय लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेगा बल्कि मतदाता सूची में नाम में किसी प्रकार की त्रुटि या उसमें जोड़ने के अलावे बीएलओ को सहयोग करने का काम करेंगे।
लोकसभा चुनाव का दूसरा चरण अरूण गोविल-राहुल गांधी की प्रतिष्ठा दांव पर एबीएन सेंट्रल डेस्क। दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनावी शोर बुधवार की शाम थम जाएगा। इसके बाद कोई सार्वजनिक सभा नहीं होगी और प्रत्याशी और उनके स्टार प्रचारक अगले 48 घंटे तक घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। दूसरे चरण में 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, अभिनेत्री हेमा मालिनी, रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल समेत 1,206 प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले चरण के कम मतदान को देखते हुए चुनाव आयोग ने अपने कर्मियों को लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने इस बार से एक नया प्रयोग भी किया है, उसने शहरी इलाकों की बहुमंजिली इमारतों में वहीं पर मतदान की व्यवस्था की है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है, लेकिन अगर समय खत्म होने के बाद भी लोग लाइन में रह जाते हैं तो उनका वोट भी डलवाया जायेगा। दूसरे चरण में वायनाड से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मथुरा से हेमा मालिनी, मेरठ से अरुण गोविल मैदान में हैं। तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर से है। जम्मू लोकसभा सीट से भाजपा के जुगल किशोर का मुकाबला कांग्रेस के रमन भल्ला से है, यहां गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी ने जीएम सरुरी को चुनावी मैदान में उतार कर मुकाबले को त्रिकोणीय करने का प्रयास किया है। यहां पर कुल 22 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। तीसरे चरण में 12 राज्यों की 95 सीटों पर 1,352 प्रत्याशी लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की लड़ाई में कुल 1,352 प्रत्याशी मैदान में रह गये हैं। इस चरण में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैलीं लोकसभा की 95 सीटों पर 7 मई को मतदान होगा। गुजरात में लोकसभा की 26 सीटों पर सबसे अधिक 658 उम्मीदवार हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, 95 सीटों के लिए 2,963 नामांकन दाखिल किये गये थे। मप्र की बेतूल सीट से आठ उम्मीदवार भी शामिल हैं, जहां दूसरे चरण में ही मतदान होना था, लेकिन प्रत्याशी के निधन के कारण मतदान टाल दिया गया था। मतपत्रों की जांच में 1,563 नामांकन सही पाये गये थे। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 22 अप्रैल के बाद अब मैदान में सिर्फ 1,352 प्रत्याशी रह गये हैं। गुजरात की सूरत से भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गया है, क्योंकि कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया था और बाकी उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया था।
टीम एबीएन, रांची। रांची में ई-रिक्शा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ई-रिक्शा के कारण हर रोड में जाम लग रहा है। ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम भी ई-रिक्शा पर कार्रवाई नहीं कर पा रही है। रोक के बावजूद ई-रिक्शा मेन रोड में धड़ल्ले से चल रहे है़। दो साल पहले निगम ने उनके लिए रूट तय किया था।
सभी ई-रिक्शा चालकों को रूट के अनुसार ही परिचालन करने को कहा गया था। लेकिन वह व्यवस्था भी टांय-टांय फिस्स हो गयी। वर्तमान में 6500 से अधिक ई-रिक्शा शहर में चलते हैं। हर रोड में ई-रिक्शा लोगों के लिए आंतक बन गया है। इनके कारण कई बार दुर्घटना होती है, क्योंकि सवारी मिलते ही वह रोड के बीच में ही अचानक वाहन रोक देते हैं। इस कारण उसके पीछे चलने वाले वाहन चालक उसे बचाने या टकराने से दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो रहे है।
ट्रैफिक पुलिस भी उनके सामने विवश नजर आती है। ई-रिक्शा चालकों ने तो अब विभिन्न गली के मोड़ पर भी स्टैंड बना लिया है। बाइलेन में ई-रिक्शा का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके कारण लोग हमेशा जाम से परेशान रहते हैं। मेन रोड सहित अधिकतर रोड में ई-रिक्शा वालों का कब्जा है।
चडरी व दुर्गा बाड़ी के पीछे स्टेट लाइब्ररी रोड में तो इनका पूरी तरह कब्जा है। ई-रिक्शा चालकों ने वहां स्टैंड बना दिया है। वहां से मुख्य रूप से ई-रिक्शा वाले रातू रोड, कचहरी, कांके रोड के लिए सवारी बैठाते हैं। राजधानी में कांटाटोली, रातू रोड, सिरमटोली से मेकन तक तीन फ्लाई ओवर का निर्माण हो रहा है।
इन सड़कों पर जाम होने के कारण लोग वैकल्पिक रोड के रूप में बाइलेन का प्रयोग करते हैं, लेकिन बाइलेन पर भी ई-रिक्शा वालों ने कब्जा कर रखा है। ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली ने कहा है कि ई-रिक्शा व बिना परमिट के आटो चलानेवालों के खिलाफ इस सप्ताह अभियान चलाया जायेगा।
टीम एबीएन, गढ़वा/ रांची। पलामू लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार गढ़वा पहुंचे। के रवि कुमार ने गढ़वा समाहरणालय में जिले अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पलामू लोकसभा में चुनावी मतदान 13 मई को है।
इसे लेकर के रवि कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चुनाव को लेकर कई दिशा- निर्देश दिये। के रवि ने बताया कि कुछ कमियां भी देखी गयी है, जिसे पूरा करने का आदेश दे दिया गया है और इस बार शांतिपूर्ण मतदान होगा।
वहीं, बता दें कि झारखंड में 4 लोकसभा सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। उस समय पूरे देश में चौथे चरण का मतदान चल रहा होगा। 13 मई को झारखंड की 4 लोकसभा सीटों पर वोट होना है, जिसमें सिंहभूम (एसटी), खूंटी (एसटी), लोहरदगा (एसटी) और पलामू (एससी) लोकसभा शामिल हैं। इन 4 लोकसभा क्षेत्र में कुल 63,99,582 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इनमें 32,12,549 पुरुष, 31,86,991 महिला और 42 थर्ड जेंडर वोटर हैं। सबसे ज्यादा 33 थर्ड जेंडर वोटर सिंहभूम (एसटी) लोकसभा क्षेत्र में हैं। इन 4 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 23 विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
टीम एबीएन, पलामू। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में पलामू सीट से दूसरे दिन भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। पलामू लोकसभा सीट से शुक्रवार को दो नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इस तरह दो दिनों में अब तक कुल छह नामांकन पत्र बिक चुके हैं। शुक्रवार को सीपीआई के अभय भुइयां और लोकहित अधिकार पार्टी के सनन कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा।
पलामू लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विष्णुदयाल राम, राजद की ममता भुइयां, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के वृंदा राम और भागीदारी पी के सत्येन्द्र कुमार पासवान ने नामांकन पत्र खरीदा था। पलामू डीसी सह निर्वाची पदाधिकारी शशि रंजन शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में बैठे रहे और प्रत्याशियों का इंतजार करते रहे।
गुरुवार को चुनाव की अधिसूचना जारी होते के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गयी। नामांकन प्रक्रिया को लेकर मॉक ड्रिल किया गया। दरअसल, लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 25 अप्रैल तक चलेगी। 29 अप्रैल तक नामांकन वापस लिये जा सकेंगे।
पलामू लोकसभा सीट के लिए 13 मई को मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। समाहरणालय परिसर में 6 दंडाधिकारियों के साथ सबसे अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है। नामांकन स्थल पर 100 मीटर के दायरे में प्रत्याशियों के केवल तीन वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी गयी है।
मस्क की पीएम से मुलाकात 22 अप्रैल को, अरबों डॉलर का निवेश
एबीएन सेंट्रल डेस्क। ई-वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क सोमवार 22 अप्रैल को भारत दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह यहां दो से तीन अरब डॉलर के निवेश की घोषणा कर सकते हैं। इसके जरिये यहां एक फैक्टरी निर्माण किया जायेगा।
इस दौरे में सोमवार को ही मस्क की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होनी है। हालांकि मस्क के भारत दौरे और इस दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं साझा की जा रहा है।
मस्क ने सोशल मीडिया पर यह बताया है कि वह भारत आने वाले हैं और वहां पीएम मोदी से मिलेंगे। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन निर्माता देश है लेकिन ई वाहन उद्योग यहां अब भी शैशव काल में ही है। 2023 में देश में कुल वाहन बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी सिर्फ दो फीसदी थी लेकिन सरकार 2023 तक इस हिस्सेदारी को 30 फीसदी तक ले जाने की योजना बना रही है।
मस्क के दौरे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि टेस्ला के मालिक भारत में अपने निवेश की राशि का खुलासा भले ही करें लेकिन यह निवेश कब तक होगा और देश के किस राज्य में होगा इसका खुलासा शायद अभी न किया जाये।
मस्क लंबे समय से भारत में ई वाहनों पर भारी-भरकम आयात शुल्क कम करने की मांग कर रहे हैं। भारत सरकार ने इस वर्ष मार्च में ईवाहन के कुछ मॉडलों पर आयात शुल्क 100 फीसदी से घटाकर 15 फीसदी करने की घोषणा की है बशर्ते कार निर्माता भारत में फैक्टरी लगाने के लिए कम से कम 50 करोड़ डॉलर का निवेश करें।
टीम एबीएन, रांची। जमीन घोटाले मामले में ईडी के द्वारा एक बार फिर राजधानी के साथ साथ कई अन्य जिलों में रेड की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी की अलग अलग टीमें रांची के तुपुदाना, बरियातू, मोरहाबादी और पंडरा इलाके में छापेमारी कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी की टीम झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अंतु तिर्की समेत अन्य नेताओं के यहां भी छापेमारी कर रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची में कुल 9 जगहों पर ईड की रेड जारी है। ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मामले में गिरफ्तार जमीन दलाल सद्दाम से पूछताछ के बाद नए सिरे से छापेमारी की जा रही है।
ईडी की छापेमारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अंतु तिर्की के यहां भी चल रही है। ईडी की टीम मंगलवार सुबह 6.30 बजे झामुमो के नेता अंतु तुर्की के बरियातू स्थित आवास पर पहुंची। इसके बाद अंतु तिर्की के घर पर कागजात खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि अंतु तिर्की का आवास झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यालय के ठीक पास में ही है।
इसके अलावा विपिन सिंह के मोरहाबादी स्थित आवास, खेलगांव स्थित शेखर कुशवाहा के ठिकाने के साथ साथ कोकर में प्रियरंजन सहाय के ठिकाने पर भी ईडी की कार्रवाई चल रही है। बता दें इससे पहले भी जमीन घोटाले मामले में विपिन सिंह, शेखर कुशवाहा और प्रियरंजन सहाय के यहां ईडी द्वारा छापेमारी की गयी थी। एक बार फिर से इनके यहां दबिश दी गयी है।
ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मामले में गिरफ्तार सद्दाम से पूछताछ के बाद नए सिरे से छापेमारी की जा रही है। ईडी ने सद्दाम को रिमांड पर लेकर पांच दिनों तक पूछताछ की थी, उसी पूछताछ के बाद अंतु तिर्की सहित कई अन्य के यहां छापमेरी की जा रही है।
बता दें कि राजधानी रांची में सेना की जमीन के साथ साथ जमीन घोटाले से जुड़े केस में ईडी ने बीते साल कार्रवाई की थी। जिसमें रांची के पूर्व डीसी और आईएएस छवि रंजन, बड़गाईं अंचल के सीओ मनोज कुमार समेत अलग-अलग अंचल के राजस्व कर्मचारियों और जमीन माफियाओं के ठिकाने पर छापेमारी की थी।
छापेमारी के दौरान ईडी को भारी पैमानें पर जमीन के डीड, रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज, कई सरकारी कागजात मिले थे। कोलकाता से जमीन के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रांची में अरबों की जमीन की खरीद बिक्री में गड़बड़ी और उससे मनी लाउंड्रिंग के साक्ष्य ईडी को मिले थे।
इस दौरान ईडी ने एक साथ रांची, सिमडेगा, हजारीबाग, बिहार के गोपालगंज, पश्चिम बंगाल के आसनसोल और कोलकाता में छापेमारी की थी। ईडी ने सेना की जमीन खरीद में गड़बड़ी, चेशायर रोड होम स्थित जमीन की खरीद में गड़बड़ी में दर्ज सदर थाना के केस के आधार पर ईसीआईआर दर्ज किया था। सेना की जमीन और चेशायर होम रोड की जमीन की खरीद बिकी के लिए कोलकाता से कागजात बनाये गये थे। इन सब मे सद्दाम की भूमिका भी सामने आयी थी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse