राज काज

View All
Published / 2024-07-04 19:01:33
फिर सीएम बने हेमंत, राज्यपाल ने दिलायी शपथ

टीम एबीएन, रांची। हेमंत सोरेन ने आज झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। माननीय राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर कई सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Published / 2024-06-30 20:56:09
घर-घर तक पहुंच रही हैं राज्य सरकार की योजनाएं : चंपई सोरेन

  • मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हूल दिवस पर अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू की पवित्र भूमि भोगनाडीह में आयोजित समारोह में हुए शामिल, वीर शहीदों को किया नमन, दी श्रद्धांजलि।  
  • मुख्यमंत्री ने कहा- अपने वीर शहीदों के इतिहास, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर  समाज और राज्य को मजबूत बनाने का लें संकल्प  
  • मुख्यमंत्री बोले- पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है कि आदिवासी -मूलवासी सुरक्षित हैं  
  • मुख्यमंत्री ने कहा- हमारे पूर्वजों ने अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, सभ्यता और जल, जंगल- जमीन की खातिर दे दी शहादत  

...और क्या बोले मुख्यमंत्री 

  1. हमारे पूर्वजों ने अन्याय शोषण और गुलामी को कभी नहीं स्वीकारा  
  2. अपने पूर्वजों और अमर वीर-शहीदों के सपनों का बना रहे झारखंड  
  3. आदिवासियों-मूलवासियों, गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को कर रहे सशक्त  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, भोगनाडीह, बरहेट, साहिबगंज। हूल जोहार। 1855 में आज ही के दिन भोगनाडीह से अमर वीर शहीद सिदो कान्हू के नेतृत्व में आदिवासियों ने अन्याय, शोषण और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका था। आज पूरा देश अपने इन महानायकों को नमन कर रहा है। यह प्रेरणा दिवस है। हम सभी अपने अमर शहीद सिदो कान्हू, चांद-भैरव और फूलो -झानो  के इतिहास, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने समाज और राज्य को मजबूत बनाने का संकल्प लें। उनके आदर्शों के अनुरूप झारखंड को संवारना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज हूल दिवस के अवसर पर अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू की पावन धरती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

पूर्वजों के संघर्ष और शहादत का ही परिणाम है कि आदिवासी-मूलवासी सुरक्षित हैं  

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों और शहीदों की धरती है। इस प्रदेश के कोने-कोने से अनेक महानायक निकले हैं, जिन्होंने अन्याय-शोषण तथा गुलामी को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, सभ्यता और जल, जंगल, जमीन बचाये रखने के लिए लम्बा संघर्ष किया। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ उलगुलान कर अंग्रेजों की जड़ें हिला दी। अपने संकल्प पर अडिग रहते हुए शहीद हो गये। इन पूर्वजों के बलिदान का परिणाम है कि आज आदिवासी-मूलवासी सुरक्षित हैं। 

बदल रहा है झारखंड, प्रगति की राह पर बढ़ रहा आगे  

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में झारखंड में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। हमारी सरकार की नीतियों कार्यक्रमों और योजनाओं से राज्य विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वारा अभियान के दौरान लाखों आवेदन हमें मिले इन आवेदनों के माध्यम से हमें जनता की विभिन्न समस्याओं की पूरी गहराई से जानकारी मिली। लोगों की समस्याओं के आधार पर ही हम योजनाओं को बना रहे हैं, ताकि इसका लाभ हर किसी को मिल सके। 

आर्थिक- सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टिकोण से राज्य को कर रहे मजबूत  

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड तभी आगे बढ़ेगा, जब यहां की आर्थिक सामाजिक और शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी। इसी सोच के साथ हमारी सरकार कार्य कर रही है। आदिवासियों मूलवासियों, गरीबों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ो और अल्पसंख्यकों को सशक्त बना रहें हैं। अपनी इन व्यवस्थाओं को मजबूत कर ही हम राज्य को नयी दिशा और दशा दे सकते हैं। 

यहां के खनिज संसाधनों पर आदिवासियों मूलवासियों का पहला अधिकार  

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खनिज और प्राकृतिक संसाधनों की भरपूरता है। इस लिहाज से झारखंड काफी धनी है, लेकिन यहां के लोग आज भी गरीब हैं। यहां के खनिज संसाधनों से दूसरे राज्य आगे बढ़ रहे हैं लेकिन झारखंड पिछड़ा राज्य में ही गिना जाता है। अब इसमें बदलाव देखने को मिल रहा है। हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि झारखंड को विकसित राज्य बनाना है।    

हर क्षेत्र के लिए राज्य सरकार की है योजनाएं  

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सरकार की अनेकों योजनाएं हैं जिसका लाभ यहां के लोगों को मिल रहा है। चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, उद्योग,खेल या और कोई सेक्टर हर किसी के लिए योजनाएं हैं आप इन योजनाओं से जुड़े और अपने को सशक्त बनाने के साथ राज्य के विकास में भागीदार बनें। 

अपनी अस्मिता और पहचान को खोने नहीं देंगे : हेमंत सोरेन 

पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को हूल दिवस की बधाई दी। कहा-हम वर्षों से हूल दिवस मनाते चले आ रहे हैं। आज इस अवसर पर संकल्प लेकर राज्य के विकास में जो भी चुनौतियां सामने आएगी उसका मुकाबला पूरी ताकत के साथ किया जायेगा। हमें अपने हक और अधिकार को हर हाल में लेना है और इसके खिलाफ साजिश रचनेवालों को जवाब देना है। हमें जल- जंगल और जमीन को हर हाल में बचाना है, क्योंकि इसी की खातिर हमारे पूर्वजों ने बलिदान दी थी। हम अपनी अस्मिता और पहचान को किसी कीमत पर मिटने नहीं देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में हमने झारखंड में बदलाव लाने का काम किया है। अब सरकार हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांव से चलती है। हमारी योजनाएं धरातल पर उतरती है जिसका लाभ समाज का अंतिम पंक्ति का व्यक्ति भी उठा रहा है। युवाओं को रोजगार देने के क्षेत्र में भी सरकार कई कदम उठाए हैं। झारखंड की संपदा में पहला हक झारखंड वासियों का है।  इसी सोच के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है।

396 योजनाओं की मिली सौगात

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 29026.745 लाख रुपए की  कुल 396 योजनाओं का उद्घाटन - शिलान्यास किया इसमें 11284.854 लाख रुपये की 165 योजनाओं का उद्घाटन और 17741.731 लाख रुपये की 231 योजनाओं की आधारशिला रखी। मौके पर उन्होंने कुल 37212 लाभुकों के बीच 9289.745 लाख रुपये की परिसंपत्तियां बांटी।

ये भी रहे उपस्थित

मौके पर मंत्री बसंत सोरेन, सांसद विजय हांसदा, विधायक स्टीफन मरांडी, विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, आयुक्त संथाल परगना प्रमंडल लालचंद डाडेल, पुलिस उप महानिरिक्षक संजीव कुमार और साहिबगंज जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Published / 2024-06-27 20:57:18
झारखंड : स्मार्ट सिटी में खुलेगा राज्य का तीसरा प्राइवेट मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रखी आधारशिला

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में निर्माणाधीन स्मार्ट सिटी में प्रदेश का तीसरा प्राइवेट मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बृहस्पतिवार (27 जून) को नये मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की आधारिशला रखी। उन्होंने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्राइवेट मेडिकल कॉलेज से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा तो मिलेगी ही, राज्य के विकास को भी नयी दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन कहा कि स्वास्थ्य समेत किसी भी क्षेत्र में निवेश करने वालों को राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज कराने अब अन्य राज्यों में नहीं जाना होगा। लोगों को अपने ही राज्य में बेहतर इलाज मिले, इसके लिए सरकार प्रयासरत है।

Published / 2024-06-26 21:12:26
विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार जल्द बनायेगी नीति : चंपई सोरेन

  • मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने धनबाद वासियों को दी कई  सौगातें,  लगभग 313 करोड़ 96 लाख रुपये की 333 योजनाओं का हुआ उद्घाटन- शिलान्यास, 23540  लाभुकों के बीच  करीब  69 करोड़ 73 लाख रुपए की बांटी परिसंपत्तियां  
  • मुख्यमंत्री का ऐलान - अगले महीने से एक नई स्वास्थ्य योजना की होगी शुरुआत, 15 लाख रुपये तक का इलाज होगा मुफ्त  

...और क्या बोले सीएम 

  1. राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए व्यवस्था की हर कड़ी को कर रहे हैं मजबूत  
  2. समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाएं, हर परिवार तक पहुंच रहा पेंशन और राशन   
  3. अगले तीन  महीने में 40 हजार युवाओं को मिलेगा सरकारी नौकरी  

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। झारखंड विकास के हर मोर्चे पर तीव्र गति से आगे बढ़े, इस सोच और प्रतिबद्धता के साथ हमारी सरकार कार्य कर रही है। पिछले साढ़े चार वर्षों में तमाम विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच हमारी सरकार राज्य को संवारने और नयी दिशा देने का काम बखूबी करती आ रही है। आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री  चंपाई सोरेन आज धनबाद में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास और लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

अगले महीने एक नयी स्वास्थ्य योजना का मिलेगा तोहफा 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की जनता को अगले महीने एक नयी स्वास्थ्य योजना की सौगात मिलेगी । इस योजना के तहत आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों को 15 लाख रुपए तक इलाज की मुफ्त सुविधा मिलेगी। सिर्फ राशन कार्ड के आधार पर लोग इस स्वास्थ्य योजना का लाभ ले सकेंगे। 

नौकरियों के खुल चुके हैं द्वार, स्वरोजगार के लिए भी सरकार कर रही आर्थिक मदद  

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अगले तीन महीनें में 40 हजार युवाओं के हाथ में सरकारी नौकरी होगी । इसके लिए संबंधित आयोग को नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दे दिया गया है। निजी क्षेत्र की कंपनियों में स्थानीय युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि जो युवा स्वरोजगार के इच्छुक हैं, उन्हें मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आर्थिक मदद की जा रही है। 

व्यवस्था की हर कड़ी को कर रहे हैं मजबूत  

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए व्यवस्था की हर कड़ी का मजबूत होना जरूरी है। हमारी सरकार यहां की आर्थिक-सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर कर रहे हैं। युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम हो रहा है। हमारी सरकार आदिवासी- मूलवासी, किसान, मजदूर, गरीब, महिला, बुजुर्ग, दिव्यांग, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समेत हर वर्ग एवं तबके को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, ताकि इन सभी की भागीदारी से राज्य को नयी दिशा मिल सके।  

योजनाओं का लाभ देने में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं  

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भावनाओं और उम्मीदों के अनुरूप हमारी सरकारी योजनाएं बना रही है। योजनाओं का लाभ देने में कोई भेदभाव नहीं है। हर व्यक्ति के हितों का पूरा ख्याल रखा जाता है। उन्होंने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए हमने आपकी समस्याओं को जाना और उसे दूर करने के साथ वैसी योजनाओं को लेकर आपके बीच आये, जिससे यहां की जनता सशक्त हो रही है। 

कोई भी ऐसा परिवार नहीं है जहां सरकार की कोई ना कोई योजना नहीं पहुंची हो 

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि आज राज्य का कोई भी ऐसा परिवार नहीं है, जहां सरकार की कोई ना कोई योजनाएं नहीं पहुंची हो। आज हर परिवार में पेंशन और राशन पहुंच रहा है। किसानों को सशक्त करने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। किसानों के दो लाख रुपये तक का लोन भी माफ किया जायेगा। राज्य के दूर- दराज इलाकों और जंगल- झाड़ तथा नदियों-पठारों की तलहटी में रहने वाले गरीबों के घर भी रोशन रहें।

इसके लिए 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। अब 25 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से कम उम्र की बहन- बेटियों को भी सरकार आर्थिक सहायता करने जा रही है। ऐसी और भी अनेकों योजनाएं हैं जो समाज के हाशिये पर बैठे लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए शुरू की गयी है। 

विस्थापितों के दर्द को दूर करने का प्रयास 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य है, जहां विस्थापन आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। यहां विभिन्न परियोजनाओं और खनन कार्यों के नाम पर आदिवासियों- मूलवासियों की जमीन का बड़े पैमाने पर अधिग्रहण तो कर लिया गया लेकिन रैयतों को उसका उचित लाभ नहीं मिल सका। आज भी विस्थापित कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। हमारी सरकार जल्द ही विस्थापितों के कल्याण और हित में नीति बनाएगी ताकि उनका जो हक और अधिकार है, वह मिल सके। 

गांव और प्रखंडों के स्कूलों में भी मिलेगा क्वालिटी एजुकेशन  

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जा रहे हैं, जहां बच्चों को निजी विद्यालयों की तर्ज पर क्वालिटी एजुकेशन मिलेगा। कोई भी बच्चा -बच्ची पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित ना रहे, इसके लिए छात्रवृत्ति राशि में तीन गुना इजाफा के साथ सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना संचालित है। 

उच्च शिक्षा हासिल करने में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बने, इसके लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की गयी है। यहां के आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के बच्चों को विदेश में पढ़ने का पूरा खर्च सरकार दे रही है। यहां के गरीब बच्चे इंजीनियर, डॉक्टर और अफसर बनें, उन्हें कोचिंग और पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। हम शिक्षा का ऐसा दीया जलायेंगे जो कभी नहीं बुझेगा। 

कई योजनाओं का मिला तोहफा  

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 313 करोड़ 96 लाख 24 हजार 500 रुपये की 333 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया। इसमें  165 करोड़ 50 लाख 22 हजार 800  रुपये की 167 योजनाओं का शिलान्यास एवं 148 करोड़ 46  लाख 01 हजार 700 रुपये की 166  योजनाओं की आधारशिला रखी। वहीं, 23540 लाभुकों के बीच 69 करोड़ 73 लाख 99 हजार 11 रुपये की परिसंपतियों का वितरण किया। 

इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बादल,  विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह,  जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार झा तथा जिले के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

Published / 2024-06-25 21:06:20
अगले माह रूस की यात्रा करेंगे पीएम मोदी!

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने रूस की यात्रा कर सकते हैं। यह 2019 के बाद उनकी लगभग पांच साल बाद रूस देश की यात्रा होगी। क्रेमिलन ने प्रस्तावित यात्रा की पुष्टि की है। हालांकि भारत की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

रूसी राष्ट्रपति के सहायक यूरी उशाकोव ने एक बयान में कहा है कि वे केवल इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि हम भारत के प्रधान मंत्री की यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। अभी तारीखों के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। यह दोनों पक्षों की सहमति के बाद घोषित होंगी। मोदी की रूस की यात्रा से उनके और राष्ट्रपति पुतिन के बीच तीन साल के अंतराल के बाद भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता होगी। 

भारत के प्रधानमंत्री और रूस के राष्ट्रपति के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी में सर्वोच्च संस्थागत संवाद तंत्र है। अब तक दोनों देशों के बीच 21 बार यह सम्मेलन हो चुका है जो एक बार रूस और एक बार भारत में आयोजित होता है।

Published / 2024-06-25 19:10:10
एक नया कीर्तिमान गढ़ने की दहलीज पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

इस दिन पेश हो सकता है बजट, निर्मला सीतारमण तोड़ेंगी बड़ा रिकॉर्ड

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अगले महीने 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट पेश करने के साथ, वित्त मंत्री सीतारमण एक नया रिकॉर्ड बनायेंगी। वह देश के इतिहास में पहली वित्त मंत्री बन जायेंगी, जो लगातार सात बजट पेश करेंगी। वर्तमान में, वह पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड की बराबरी कर रही हैं, जिन्होंने लगातार छह बजट पेश किये थे।

अगले तीन हफ्तों में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नयी एनडीए सरकार का पूर्व बजट पेश कर सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है वित्त मंत्री 23 या 24 जुलाई को वित्त वर्ष 2025 बजट पेश कर सकती हैं। हालांकि, वार्षिक बजट पेश होने की तारीख पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के आम चुनाव के बाद केंद्र में तीसरा कार्यकाल हासिल करने के साथ, अब सभी की निगाहें आगामी केंद्रीय बजट पर हैं। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही बजट पेश किया जायेगा। सूत्रों के अनुसार, मानसून सत्र 22 जुलाई से शुरू होने की संभावना है और 9 अगस्त तक चलेगा। 

इस बीच, 18वीं लोकसभा का पहला सत्र, जो 24 जून को शुरू हुआ, 4 जुलाई तक चलेगा। निर्मला सीतारमण ने 12 जून को आधिकारिक तौर पर वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। उसके बाद से बजट की तैयारियों में जुट गयी हैं।

19 जून से शुरू हुई बजट पूर्व बैठक की शुरुआत

19 जून को, वित्त मंत्री ने आगामी आम बजट 2024-25 के संबंध में प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ पहले बजट-पूर्व परामर्श की अध्यक्षता की। उसके बाद निर्मला सीतारमण ने वित्तीय और पूंजी बाजार क्षेत्र के प्रमुख विशेषज्ञों के साथ दूसरी बजट-पूर्व बैठक की। 

वित्त मंत्री सीतारमण ने उद्योग जगत के लीडर्स और फेशरेशंस के साथ तीसरी बजट पूर्व परामर्श बैठक की। बैठक के बाद, पीएचडीसीसीआई ने मंत्रालय को मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने, कंजंप्शन डिमांड का समर्थन करने और टैक्स स्लैब में मिड इनकम ग्रुप्स को राहत प्रदान करने का सुझाव दिया।

Published / 2024-06-24 20:35:14
शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लायें : सीएम

  • मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा की 
  • मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए कई अहम दिशा-निर्देश 

...और क्या बोले सीएम चंपई सोरेन 

  1. प्रारंभिक विद्यालयों में समृद्ध जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं की पढ़ाई जल्द प्रारंभ करें 
  2. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की संख्या बढ़ायें 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अध्ययन कार्य प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने समीक्षा के क्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 15 अगस्त 2024 तक इंटरमीडिएट स्तरीय प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 11 हजार पदों पर नियुक्ति तथा स्नातक स्तरीय प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 15 हजार पदों की बहाली आगामी 5 सितम्बर 2024 तक हर हाल में हो यह सुनिश्चित करें। शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। 

हमारी सरकार ने शिक्षक बहाली हेतु जो लक्ष्य रखा है, उसी अनुरूप कार्य प्रगति में तेजी लाते हुए लक्ष्य को हासिल करना है, इस निमित्त  शिक्षक बहाली की सभी प्रक्रियाओं को यथाशीघ्र पूरी कर ली जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हमारी सरकार राज्य में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को निरंतर मजबूत करने का कार्य कर रही है। स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी की वजह से पठन-पाठन में बाधा नही पहुंचे यह हमसभी की नैतिक जिम्मेवारी है। 

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लायें 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में समृद्ध जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्राथमिक विद्यालयों में जनजातीय एवं क्षेत्रीय विषयों की पढ़ाई प्रारंभ हो सके इस हेतु जनजातीय भाषा के 3538 एवं क्षेत्रीय भाषाओं के 8418 पदों पर जो नियुक्ति की जानी है, इसकी सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करें। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सदृश्य वादों में पारित न्यायादेश के आलोक में अंतिम काउंसलिंग के आधार पर चयनित 1511 प्रारंभिक शिक्षकों को जल्द नियुक्ति पत्र दी जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य के भीतर वैसे स्कूल जिसे कठिन भौगोलिक समस्याओं के कारणों से बंद किया गया था, उन विद्यालयों को फिर से प्रारंभ करने हेतु विभाग द्वारा आवश्यक कार्य योजना बनायी जाये।

पाठ्य पुस्तक, पोशाक, छात्रवृत्ति राशि, साइकिल वितरण कार्यों को ससमय पूरा करने का निर्देश

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक, पोशाक वितरण, मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना एवं साइकिल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को ससमय पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री के समक्ष अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक आपूर्ति एवं वितरण का कार्य जारी है। निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोशाक वितरण कार्य में तेजी लाते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करें। मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को वर्ष 2023-24 एवं  2024-25 की छात्रवृत्ति राशि अनिवार्य रूप से उनके बैंक खातों में डीबीटी कर दिए जायें। मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि  वित्तीय वर्ष 2023-24 की छात्रवृत्ति राशि कक्षा 1 से 12 तक के पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी किया जा रहा है। वहीं वर्ष 2024-25 के लिए राशि की प्राप्ति होने के उपरांत डीबीटी किए जाने की कार्रवाई की प्रारंभ कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने छात्रवृत्ति राशि एवं साइकिल वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की संख्या बढ़ाने की कार्य योजना में तेजी लायें

मुख्यमंत्री ने सीएम स्कूल आफ एक्सीलेंस विद्यालयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की संख्या बढ़ाने की कार्य योजना में तेजी लायें। राज्य के स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को हर हाल में सुदृढ़ करना है। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में बिजली, पानी, शौचालय तथा स्कूल परिसरों के साफ सफाई में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए यह अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाये। 

अध्यनरत विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा एवं स्मार्ट क्लास की पढ़ाई की व्यवस्था में कोई बाधा नही पहुंचनी चाहिए, यह सुनिश्चित की जाये। मुख्यमंत्री ने समग्र शिक्षा अंतर्गत व्यावसायिक शिक्षा, निपुण समागम-2024, विद्यालय प्रमाणीकरण, मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावी छात्रों के बीच पुरस्कार वितरण, समावेशी शिक्षा मध्यान्ह भोजन योजना सहित विभाग द्वारा किए जा रहे अन्य कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश भी दिये। 

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक (सर्व शिक्षा अभियान) आदित्य रंजन, निदेशक प्राथमिक शिक्षा शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद जयंत मिश्रा सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Published / 2024-06-23 21:38:02
बाबा धाम से काशी विश्वनाथा धाम के लिए सीधे वंदे भारत एक्सप्रेस

बाबा धाम से सीधे जुड़ेगा काशी विश्वनाथा धाम

सावन के पहले शुरू होगी रांची-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

टीम एबीएन, रांची। 22 जुलाई से सावन मास की शुरुआत हो रही है। इस दौरान शिव भक्त विशेष रूप से देश के विभिन्न इलाकों में स्थित ज्योतिर्लिंग में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। 

अभी तक झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम से वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम तक कोई सीधी ट्रेन नहीं थी। लेकिन, अब ये दिक्कत दूर होने वाली है। क्योंकि, सावन के पहले रांची से गोरखपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू हो जाएगी, जिससे न सिर्फ झारखंड बल्कि यूपी और बिहार के शिव भक्तों को भी काफी राहत मिलेगी।

बाबा धाम से काशी विश्वनाथ धाम की सीधी ट्रेन

रेलवे ने शिव भक्तों को सावन से पहले बड़ी सौगात देने की घोषणा की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 15 मार्च को रांची से गोरखपुर तक वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी थी। लेकिन, लोकसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने की वजह से परिचालन शुरू नहीं हो पाया था। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सावन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

रांची से गोरखपुर तक इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

वंदे भारत ट्रेन रांची से खुलेगी और मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चितरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, गया, किउल, मोकामा, पटना साहिब, पटना, पाटलिपुत्र, दीघा, छपरा, सीवान, भटनी और देवरिया सदर होकर गोरखपुर तक जायेगी। इस बंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का अनुभव कर पायेंगे।

Page 104 of 351

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse