टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों पर कार्रवाई की है। एक अधिकारी को निलंबन मुक्त किया है।
बाल किशोर महतो, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-438/20), तत्कालीन अंचल अधिकारी, चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम, सम्प्रति-निलंबित को निलंबन से मुक्त किया है।
विजयेन्द्र कुमार, झा0प्र0से0 (को0 क्र0-09/20), तत्का0 प्र0 वि0 पदा0, प्रतापपुर, चतरा के विरूद्ध असंचयात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि पर रोक का दण्ड अधिरोपित किया जाता है।
प्रकाश कुमार, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-135/20), तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर राँची को भविष्य में सचेत रहने की चेतावनी के साथ आरोप मुक्त किया जाता है।
मनोज कुमार, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-250/20), तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बारियातु, लातेहार के विरूद्ध झारखण्ड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-14(i) के तहत निन्दन का दंड अधिरोपित किया गया है।
बंधन लांग, (द्वितीय बैच, कोटि क्रमांक- 84/20) झा0प्र0से0, तत्कालीन प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रतापपुर, चतरा द्वारा समर्पित द्वितीय कारण पृच्छा को अस्वीकार करते हुए उनके विरूद्ध झारखण्ड सरकारी सेवक असंचयात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि पर रोक का दण्ड अधिरोपित किया जाता है।
नितीन शिवम गुप्ता, झा0प्र0से0 (चतुर्थ बैच, कोटि क्रमांक-320/20), तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी, मझिआँव, गढ़वा के विरूद्ध निंदन के दंड को यथावत रखा जाता है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 30 प्रस्तावों पर मुहर लगी। मंत्रिपरिषद ने राज्य के मंत्री समेत अधिकारियों को मोबाइल की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री बहन बेटी मई-कुई स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के नामकरण में संशोधन की स्वीकृति दी गयी। अब यह झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के नाम से जानी जायेगी।
झारखंड कैबिनेट से राजकीय श्रावणी मेला-2024 में विधि-व्यवस्था को लेकर 20 जुलाई से 19 अगस्त तक 27 अस्थायी मेला ओपी एवं 17 अस्थायी यातायात ओपी के गठन की स्वीकृति दी गयी है। हजारीबाग के शेख भिखारी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के तहत नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए पद सृजन करने की स्वीकृति दी गयी।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार के त्वरित कार्रवाई एवं सतत प्रयास से कैमरून, दक्षिण अफ्रीका में फंसे झारखंड के 27 प्रवासी श्रमिकों का आज सुबह सकुशल घर वापसी हो गई है।
सभी 27 प्रवासी श्रमिक बॉम्बे मेल ट्रेन नंबर 12322 सुबह 04 बजकर 19 मिनट पर पारसनाथ स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर जिला प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया गया। विदित हो कि झारखंड सरकार ने वापस लौटे 27 प्रवासी मजदूरों की सकुशल वापसी के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था, उसके बाद विदेश मंत्रालय की सक्रियता से मजदूरों की वापसी संभव हो सकी।
सकुशल अपने राज्य झारखंड लौटे सभी श्रमिकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त किया है। इस दौरान सभी श्रमिकों ने कहा कि मुख्यमंत्री के त्वरित कार्रवाई एवं सतत प्रयास से हमलोग आज अपने घर सकुशल लौटे हैं। लौटने वालों श्रमिकों में 18 बोकारो, 4 गिरिडीह तथा 5 हजारीबाग जिले के श्रमिक शामिल हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मंत्रालय के सभागार में बुधवार को होटल ताज और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के बीच एमओयू हुआ। इसके तहत राजधानी रांची के धुर्वा स्थित कोर कैपिटल में होटल खुलेगा। सीएम हेमंत सोरेन और टाटा स्टील के सीईओ टीवी नरेंद्रन की मौजूदगी में एमओयू संपन्न हुआ।
आज रांची में प्रोजेक्ट भवन सभागार में झारखंड सरकार तथा द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (अ टाटा इंटरप्राइज) के बीच ताज होटल के निर्माण हेतु एमओयू हुआ। आप सभी को इस अवसर पर हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
टाटा समूह ने देश के विकास में अहम योगदान दिया है, वहीं झारखण्ड का भी देश को आगे बढ़ाने में योगदान कम नहीं है। यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। टाटा समूह के साथ झारखण्ड का रिश्ता भी बहुत पुराना है, यह रिश्ता और मजबूत होगा। हम मिलकर देश और राज्य के विकास में आगे बढ़ेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। रामगढ़ पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब डीजीपी ने आधी रात को जिले के एसपी डॉ विमल कुमार का अचानक तबादला कर दिया है जबकि रामगढ़ टाउन थाना प्रभारी अजय कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि रामगढ़ टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय कुमार साहू को डीजीपी अजय कुमार सिंह ने सस्पेंड कर दिया है। डीजीपी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बीते रविवार को एक एएसआई (यातायात) की मौत हो गयी।
थाना प्रभारी अजय कुमार साहू पर आरोप है कि वह एएसआई पर किसी प्रकार दबाव लगातार बना रहे थे। साथ ही डीजीपी अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में उनसे अपना एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर वह कौन सी बात है, जिसे लेकर थाना प्रभारी उस एसआई राहुल कुमार सिंह पर दवाब बना रहे थे, जिनकी अस्वभाविक मौत हो गयी, जिसके लिए थाना प्रभारी को जिम्मेदार ठहराया गया।
बता दें कि यातायात थाना रामगढ़ में पदस्थापित एएसआई राहुल कुमार सिंह का बीते रविवार की शाम आकस्मिक निधन हो गया था। वे रामगढ़-बरकाकाना मार्ग पर बंजारी मंदिर चेक पोस्ट पर तैनात थे। बताया गया कि शाम करीब 6.30 बजे उन्हें अचानक उल्टी हुई। इस दौरान वे वहीं पर जमीन पर गिर गये। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाईकोर्ट के सीनियर जज जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को एक्टिंग चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। इससे संबंधित अधिसूचना केंद्रीय कानून मंत्रालय ने जारी कर दी है। दरअसल, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विद्युत रंजन षाडंगी 20 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं।
शुक्रवार को उनका अंतिम कार्य दिवस है। जब तक नये चीफ जस्टिस की घोषणा नहीं हो जाती है तब तक अदालत के सबसे सीनियर जज सुजीत प्रसाद कार्यभार संभालेंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विद्युत रंजन सारंगी ने मुख्य न्यायधीश के रूप में शपथ ली थी। 20 जुलाई को वह रिटायर हो रहे हैं। 19 जुलाई को हाईकोर्ट परिसर में उन्हें विदाई दी जायेगी। इससे पहले वे ओडिशा हाईकोर्ट में न्यायाधीश थे।
उन्होंने लंबे समय तक ओडिशा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस की है। 20 जुलाई 1962 को ओड़िशा में जन्मे डॉ वीआर सारंगी ने बीजेबी कॉलेज भुवनेश्वर से कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उत्कल यूनिवर्सिटी के एमएस लॉ कॉलेज कटक से एलएलबी आॅनर्स गोल्ड मेडल के साथ पास किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। अगले सोमवा से सावन का महीना शुरू होनेवाला है। सोमवार को सावन का पहला व्रत है। झारखंड में सावन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसके चलते श्रावणी मेले में आने वाले शिवभक्तों को स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर प्रशासन की तरफ से कड़े इंतजाम किये जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा 35 स्थायी व अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाये जायेंगे ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जाये। इस मामले में सिविल सर्जन डॉ रंजन सिन्हा ने पत्र जारी करते हुए कहा कि 17 जुलाई तक मेला कार्यालय में योगदान करने के साथ ही शिविर के लिए आवंटित सामग्री, दवा आदि के साथ 18 जुलाई से अपने आवंटित मेला स्वास्थ्य शिविरों को संचालित करेंगे।
दुम्मा, सोमनाथ भवन, नावाडीह, बांका, आध्यात्मिक भवन, सरासनी, खिजूरिया, हिंदी विद्यापीठ, बरमसिया, बीएड कॉलेज, जलसार, नेहरू पार्क, शिवगंगा, क्यू कॉम्प्लेक्स, बाबा मंदिर, सुविधा केंद्र, पुराना सदर अस्पताल, कोठिया बस स्टैंड, कुमैठा स्टेडियम, बाधमारा बस स्टैंड, नंदन पहाड़, हथगगढ़ बस स्टैंड, सदर अस्पताल देवघर, देवघर रेलवे स्टेशन, प्राइवेट बस स्टैंड, बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन, जसीडीह रेलवे स्टेशन, एपीएचसी तपोवन, एपीएचसी खड़गडीहा स्वाथ्य केंद्र, त्रिकुट पहाड़ ,स्वास्थ्य उपकेंद्र घोरमारा, मारवाड़ी कांवर संघ, प्राइवेट बस स्टैंड रिखिया, स्वास्थ्य केंद्र चौपा मोड़, दर्दमारा बस स्टैंड स्थानों पर शिविर लगाये जायेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र की मोदी सरकार की तर्ज पर हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने अग्निवीरों के लिए बड़ा फैसला लिया है। हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल, फोरेस्ट व माइनिंग गार्ड, जेल वार्डन व एसपीओ (स्पेशल पुलिस आफिसर) की भर्ती में सेना से चार वर्ष बाद लौटने वाले अग्निवीरों को दस प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। सीधी भर्ती में अग्निवीरों को यह सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं, सरकारी नौकरियों में प्रवेश के लिए तय उम्र सीमा में भी अग्निवीरों को छूट मिलेगी।
अग्निवीरों के पहले बैच को उम्र में पांच वर्षों की छूट दी जाएगी। इसके बाद के बैच के लिए यह छूट तीन वर्षों के लिए होगी। इतना ही नहीं, सरकार ने ग्रुप-सी और ग्रुप-डी यानी तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों में भी अग्निवीरों के लिए आरक्षण लागू करने का निर्णय लिया है। बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीएम नायब सिंह सैनी ने यह घोषणा की। मौके पर मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, पब्लिक रिलेशन के महानिदेशक मनदीप सिंह बराड़ व सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे भी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर बड़ा दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पीएम नरेंद्र मोदी की लोकहित की योजना है और इसके माध्यम से स्किल और एक्टिव युवा तैयार होंगे। 14 जून, 2022 को लागू की गयी इस योजना के तहत भारतीय सेनाओं में चार वर्षों के लिए अग्निवीर भर्ती किए जा रहे हैं। चार वर्षों की सर्विस के बाद कुल अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत स्थायी होंगे और बाकी के रिटायर हो जायेंगे।
केंद्र सरकार ने पिछले दिनों ही फैसला किया है कि चार वर्षों के बाद रिटायर होने वाले अग्निवीरों को अर्द्ध-सैनिक बलों की भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। इसी तर्ज पर हरियाणा सरकार पुलिस में कांस्टेबल, वन विभाग में फोरेस्ट गार्ड, माइनिंग गार्ड, जेल विभाग में जेल वार्डन तथा स्पेशल पुलिस आफिसर (एसपीओ) की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया है। यहां बता दें कि एसपीओ के तहत सेना व अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों को नियुक्त किया जाता है।
सीएम ने कहा कि अग्निवीरों को ग्रुप-सी के सिविल पदों के लिए सीधी भर्ती में पांच प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। वहीं ग्रुप-डी के पदों में एक प्रतिशत आरक्षण की सुविधा होगी। ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के पदों में निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्षों की छूट मिलेगी। नायब सैनी ने कहा कि अगर कोई उद्योगपति अग्निवीरों को 30 हजार रुपये से अधिक मासिक वेतन पर नौकरी देता है तो ऐसे उद्योगपतियों को सरकार की ओर से सालाना 60 हजार रुपये की सब्सिडी दी जायेगी।
अग्निवीरों को सेना से लौटने के बाद प्राइवेट सेक्टर में आसानी से नौकरी मिल सके, इसके लिए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आर्म लाइसेंस मिलेंगे। इसी तरह से विभिन्न विभागों तथा बोर्ड-निगमों में तैनाती चाहने वाले अग्निवीरों को मैरिट स्कोर में प्राथमिकता दी जायेगी। अगर कोई अग्निवीर अपना खुद का उद्योग लगाना चाहता है तो सरकार उसे पांच लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण मुहैया करायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse