राज काज

View All
Published / 2022-04-19 12:27:38
पलाश ब्राण्ड के लिए बनेगी विशेष मार्केटिंग एवं ब्रांडिग रणनीति : डॉ मनीष रंजन

टीम एबीएन, रांची। ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को पलाश ब्राण्ड के जरिए बेहतर मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग से जोड़ने के लिए ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत झारखण्ड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसाईटी ने अंतर्रराष्ट्रीय संस्था वूमेन ऑन विंग्स के साथ एमओयू किया। पलाश उत्पादों के बेहतर ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष रणनीति बनाने के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता ग्रामीण विकास सचिव डॉ मनीष रंजन ने किया। मौके पर सचिव, ग्रामीण विकास विभाग डॉ मनीष रंजन ने कहा कि गरीबी उन्मूलन की दिशा में पलाश ब्रांड महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाज़ार उपलब्ध कराने एवं ग्रामीण महिलों को उद्यम से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास है पलाश l उन्होंने कहा कि वूमेन ऑफ विंग्स के साथ पार्टनरशिप से पलाश उत्पादों को बेहतर बाजार एवं कीमत मिल सकेगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। डॉ मनीष रंजन ने इस पहल को एक सकारात्मक प्रयास बताते हुए आने वाले दिनों में पलाश उत्पादों की गुणवत्ता पर और ध्यान देने की बात कही। झारखण्ड स्टेट लाईवलीहुड प्रमोशन सोसाईटी के सीईओ सूरज कुमार ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि वूमेन ऑन विंग्स के साथ एमओयू से पलाश ब्राण्ड को एक नई पहचान मिलेगी। इस पहल से पलाश ब्राण्ड को और बेहतर बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों एवं अनुभवी टीम का साथ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सखी मंडल की बहनों के उत्पादों के जरिए उनकी आमदनी बढ़ाने में यह एमओयू मील का पत्थर साबित होगा। पलाश ब्राण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में वूमेन ऑन विंग्स का तकनीकी सहयोग अपेक्षित है जिससे आगामी वर्षों में पलाश ब्राण्ड के बाजार को नई उंचाई मिलेगी। वूमेन ऑन विंग्स की संयुक्त प्रबंध निदेशक- इंडिया -शिल्पा मित्तल सिंह एवं रोनाल्ड वेंन हेट होफ्फ़ ने कहा वूमेन ऑन विंग्स की टीम के लिय पलाश जैसे नवीनतम प्रयास के साथ जुड़ना काफी महत्वपूर्ण है, वर्तमान में पलाश ब्रांड के तर्ज पर किसी भी अन्य राज्य ने कार्य नहीं किया है l ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड के नेतृत्व में ग्रामीण उत्पादों को एक ब्रांड में जोड़कर बाज़ार में लाना और काफी कम समय में 60 से अधिक उत्पादों एवं 226 पलाश मार्ट के साथ आगे बढ़ना काफी सराहनीय है l हमारी पूरी टीम का प्रयास होगा कि अधिक से अधिक सहयोग के साथ हम पलाश ब्रांड को बेहतर रणनीति एवं प्रक्रिया से संवर्धित कर सके l हमारी साझेदारी से ग्रामीण महिलाओं आजीविका के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध हो सकेंगे एवं उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। पलाश ब्राण्डिंग एवं मार्केटिंग के लिए विशेष रणनीति तैयार कर नई दिशा देने के लिए वूमेन ऑन विंग्स के साथ आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में विस्तार से चर्चा की गई। नीदरलैंड की संस्था वूमेन ऑन विंग्स के साथ गैर वित्तीय साझेदारी का मुख्य उद्देश्य पलाश ब्रांड को तकनीकी रूप से सहयोग कर ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ना है l पलाश ब्रांड को बाज़ार में बेहतर पहचान बनाने एवं इसके उत्पादों को आम जन तक पहुंचाने हेतु रणनीति, प्रक्रिया, प्रबंधन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग आदि में वूमेन ऑफ विंग्स संस्था सहयोग करेगी।

Published / 2022-04-19 12:20:39
राजस्व बढ़ाने के लिए अब सर्किल रेट पर होल्डिंग टैक्स वसूलेगा नगर परिषद

टीम एबीएन, कोडरमा। झुमरी तिलैया नगर परिषद में राजस्व बढ़ाने को लेकर मंगलवार को कार्यपालक पदाधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि अब सर्किल के आधार पर होल्डिंग टैक्स की वसूली की जाएगी। एक अप्रैल से फिलहाल होल्डिंग टैक्स नहीं लिया जा रहा है। अब नए दर के साथ उपभोक्ताओं से यह टैक्स लिया जाएगा। बैठक में भी बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली का लक्ष्य एक करोड़ 97 लाख रुपया था, इसके विपरीत 2 करोड़ 94 लाख रुपए की वसूली की गई। लक्ष्य के अपेक्षा 126 प्रतिशत अधिक राजस्व की वसूली की गई है। बैठक में बताया गया कि प्रॉपर्टी के तहत वसूली का लक्ष्य एक करोड़ 92 लाख रुपये निर्धारित किया गया था। जबकि वसूली दो करोड़ 48 लाख रुपए की गई। वहीं ट्रेड लाइसेंस के लिए चार लाख का लक्ष्य था इसके विपरीत 13 लाख रुपये की वसूली हुई। जबकि जल कर के रूप में 68 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसके विरुद्ध में 37 लाख की वसूली हो पाई। ट्रेड लाइसेंस को मिशन मोड पर रखा गया है और बताया गया कि आने वाले दिनों में ट्रेड लाइसेंस नहीं लेने वालों पर विधि संवत कार्रवाई की जाएगी। वहीं अब होल्डिंग का नया दर निर्धारण होगा। पानी का कनेक्शन लेने के लिए अब 7000 रुपये जमा करने होंगे। आवेदन के बाद एक जांच टीम रिपोर्ट तैयार करेगी,उसके बाद पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं वाटर मीटर लगाने की योजना चल रही है। पानी का कनेक्शन लेने वाले नए पुराने सभी लोगों के घर में मीटर लगाया जाएगा। उपभोक्ता जितना पानी का उपयोग करेंगे उसी के अनुसार उनसे बिल वसूला जाएगा। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता विनीत कुमार, सिटी मैनेजर प्रशांत भारती, सतीश कुमार, टैक्स वसूली कंपनी के एवं पदाधिकारी पंकज गोयल, नवीन शर्मा, विकास कुमार और स्थानीय परियोजना प्रबंधक विनोद रवानी मौजूद थे।

Published / 2022-04-18 17:43:30
एमएम नरवणे की जगह लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे होंगे नए आर्मी चीफ

एबीएन सेंट्रल डेस्क। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे थल सेना के अगले प्रमुख होंगे और वह जनरल एमएम नरवणे का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल इस महीने के अंत में पूरा हो रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे अभी थल सेना के उप-प्रमुख हैं। थल सेना का उप-प्रमुख बनने से पहले वह थल सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। इस कमान पर सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा की रक्षा की जिम्मेदारी है। जनरल नरवणे का कार्यकाल 30 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे को दिसंबर 1982 में "बॉम्बे सैपर्स" में कमीशन मिला था। उन्होंने अपने बेहतरीन करियर में कई अहम पदों पर काम किया और विभिन्न इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में भाग लिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर में आॅपरेशन पराक्रम के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली। इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में एक पर्वतीय डिवीजन और पूर्वोत्तर में एक कोर की भी कमान संभाली। उन्होंने इथोपिया और इरिट्रिया में संयुक्त राष्ट्र मिशन में मुख्य इंजीनियर के रूप में भी कार्य किया है। वह जून 2020 से मई 2021 तक अंडमान निकोबार कमांड के कमांडर-इन-चीफ थे। उनकी शानदार सेवा के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, विशिष्ट सेवा पदक, थल सेना प्रमुख से प्रशस्ति पत्र आदि से सम्मानित किया जा चुका है।

Published / 2022-04-18 17:33:01
आलाधिकारियों संग सीएम हेमन्त ने की कई विभागों की समीक्षा

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान राज्य के तमाम आलाधिकारियों ने सीएम हेमंत सोरेन को विभाग के काम की जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें नागरिकों को बचाना है, जलप्रपात में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करें और पतरातू डैम में पर्यटकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पतरातू डैम इलाके में निर्मित पार्क, पर्यटकों के आगमन, निमार्णाधीन गेस्ट हाउस, आइलैंड में बन रहे कैफेटेरिया की वर्तमान स्थिति के बारे में भी जाना। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के कार्य प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव अमिताभ कौशल, निदेशक पर्यटन राहुल कुमार आदि उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक स्थलों की श्रृंखला है। कला-संस्कृति है, बस इन्हें प्रमोट करने की जरूरत है। यह सब कार्य पर्यटन के जरिये ही होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य को विश्व मानचित्र पर लाने का कार्य करें। उद्योग विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पर्यटन के क्षेत्र में निवेश के लिए निवेशकों को आमंत्रित करें। पतरातू डैम में सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश: समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पतरातू डैम में संचालित बोट में बैठने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग संचालकों को बोट उपलब्ध कराए। लोगों की सुरक्षा के लिए रेस्क्यू बोट की भी व्यवस्था करे ताकि विपरीत परिस्थितियों का सामना किया जा सके। हर तरह की बोट की व्यवस्था पर्यटकों के लिए विभाग करे। बोट की गुणवत्ता का पूरा ध्यान विभाग रखे। मौके पर मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम में पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। पर्यटकों के लिए वन भूमि पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश: मुख्यमंत्री ने पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग के साथ बैठक करने का भी निर्देश दिया है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव के नेतृत्व में बैठक कर सभी अड़चनों को यथाशीघ्र दूर करें। डैम के आसपास स्थित वन भूमि और वनों का उपयोग पर्यटकों को सुविधा और मनोरंजन सेवा उपलब्ध कराने के लिए करें। इसके लिए वन विभाग से समन्वय बनाएं। मुख्यमंत्री ने मसानजोर डैम के पास गेस्ट हाउस बनाने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष जल प्रपात में युवाओं की जान जा रही है। हमें नागरिकों को बचाना है। फॉल में घटना वाली जगहों को चिन्हित करें और पानी के अंदर चट्टानों में बन चुके होल को बंद करें ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा पर्यटक मित्रों की मदद पर्यटन स्थलों पर लें। विभाग उनके साथ सेमिनार आयोजित कर उनके साथ समन्वय बनाए।

Published / 2022-04-18 06:07:08
आज से बदल गया बैंकों का समय, जानें नया टाइमटेबल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बीते रविवार को मार्केटिंग समय में बदलाव के साथ-साथ बैंक के समय में भी बदलाव किया है। जहां मार्केट में ट्रेडिंग का समय 10 बजे की बजाय अब 9 बजे कर दिया गया है वहीं आज से बैंक भी सुबह 9 बजे से खुलेंगे। आरबीआई की ओर से सोमवार 18 अप्रैल 2022 से देश में बैंकों के खुलने का नया समय लागू होगा। इससे बैंकिग कामकाज निपटाने के लिए ग्राहकों को 1 घंटा और अधिक मिलेगा। हालांकि, बैंकों के बंद होने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मतलब बैंक पहले के टाइम से ही बंद होंगे। बैंको के लगातार 4 दिन तक बंद होने के बाद ग्राहकों को नई खुशखबरी मिली है। रेगुलेटेड मार्केट वाले बाजार कारोबार का समय भी बदला RBI के रेगुलेटेड मार्केट वाले बाजार कारोबार के समय में भी बदलाव किया गया है यानी आज से विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव्स, रुपया ब्याज दर डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स में रेपो सहित विदेशी मुद्रा (FCY)/ भारतीय रुपया (INR) ट्रेड्स जैसे RBI विनियमित बाजारों में ट्रेडिंग अपने पूर्व-कोविड समय यानी सुबह 10 बजे के बजाय 9 बजे सुबह से शुरू होंगे। यह कारोबार दोपहर के 3:30 बजे तक चलेगा। इसके पहले कारोबार सुबह 10 बजे से दोपहर के 4 बजे तक चलता था। कोरोना के कारण घटाया था समय : कोरोना वायरस महामारी के चलते RBI ने बैंकिंग कार्य समय को कम कर दिया था। इसके पीछे उद्देश्य था कि बैंक में एक ही दिन में ज्यादा लोगों की भीड़ ना हो और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा सके लेकिन इसे अब फिर से सामान्य कर दिया गया है। देश में SBI समेत 7 सरकारी बैंक हैं। इनके अलावा देश में 20 से ज्यादा प्राइवेट बैंक हैं। इन सभी बैंकों पर नया नियम लागू होगा। ये हैं सरकारी बैंक : • पंजाब नेशनल बैंक, • इंडियन बैंक, • भारतीय स्टेट बैंक, • केनरा बैंक, • यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, • इंडियन ओवरसीज बैंक, • यूको बैंक। ग्राहकों को मिल रही है यह सुविधा : बता दें हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों को कार्ड़लेस ट्रांजैक्शन शुरू करने के निर्देश दिए हैं यानि बहुत जल्द सभी बैंक के ग्राहकों को एटीएम से कार्डलेस ट्रांजेक्शन की सुविधा मिलेगी।

Published / 2022-04-18 06:01:27
रांची में बिजली संकट से निपटने के लिए शाम 6 से रात 10 बजे तक पावर सब स्टेशन में रहेंगे इंजीनयर

टीम एबीएन, रांची। राजधानी में बिजली संकट पिछले कई दिनों से गंभीर समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच लगातार रांची में पावर कट से लोग परेशान हैं। अब इसी समस्या के समाधान के लिए ऊर्जा विभाग की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई है। लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सभी पावर सब स्टेशन पर देर शाम तक मौजूद रहेंगे। राजधानी रांची में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों को पत्र भेजकर यह निर्देश दिया गया है कि शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक पावर सब स्टेशन में अधिकारियों का रहना अनिवार्य होगा। क्योंकि इस समय में सबसे ज्यादा लोड शेडिंग की समस्या देखी जाती है। विद्युत आपूर्ति क्षेत्र रांची के प्रबंधक पीके श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग द्वारा किए गए तय समय में सभी सब स्टेशनों पर सहायक व कनीय विद्युत अभियंता मौजूद रहेंगे। वहीं उन्होंने बताया कि यदि अधिकारी दिशा निर्देश अनुसार समय पर सब स्टेशनों पर मौजूद नहीं रहेंगे तो संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि नई व्यवस्था के तहत राजधानी के किसी भी फीडर का शट डाउन संबंधित प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर की अनुमति के बगैर नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सब स्टेशनों पर तैनात किए गए अधिकारियों को शहर में लगे विभिन्न ट्रांसफार्मर पर भी पैनी नजर रखनी पड़ेगी। ताकि यदि किसी भी क्षेत्र में लंबे समय के लिए बिजली जाती है, तो उन्हें तुरंत ही वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बिजली की सुविधा मुहैया कराई जाए।

Published / 2022-04-18 05:56:54
अब रेलवे नहीं पूछ रही पिन कोड और डाकघर का पता, पहले की तरह बुक होने लगे टिकट

टीम एबीएन, कोडरमा। ट्रेनों में आरक्षण कराने से पहले गंतव्य शहर का पिन कोड, जिला, राज्य और डाकघर का पता ढूंढ़ने की मशक्कत नहीं करनी होगी। पहले की तरह अब यात्री आसानी से टिकट बुक करा सकेंगे। रेलवे ने गंतव्य का पता और अन्य ब्योरा लेने का आदेश वापस ले लिया है। रेलवे बोर्ड के निदेशक यात्री विपणन विपुल सिंघल के आदेश के बाद कोडरमा सहित रेलवे टिकट आरक्षण में पुरानी व्यवस्था से लागू कर दी गई है। मालूम हो कि 22 मार्च 2020 से ट्रेनों के बंद होने बाद जब 11 मई 2020 से एक-एक ट्रेनें चलीं तो रेलवे ने हर यात्री के लिए गंतव्य शहर का पिन कोड, डाकघर, जिला और राज्य की जानकारी आरक्षण फार्म में देना अनिवार्य कर दिया था। तकरीबन दो साल से रेल आरक्षण में यह व्यवस्था प्रभावी रही। इससे आम यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। खास तौर पर प्रवासी कामगार और कम पढ़े-लिखे यात्रियों के लिए गंतव्य शहर का पूरा पता, पिन कोड और डाकघर की जानकारी देना काफी मुश्किलों भरा था। इसे लेकर रेलवे आरक्षण काउंटर पर हर दिन हंगामे की स्थिति बन रही थी। गृह मंत्रालय ने 31 मार्च के बाद से कोरोना से जुड़ी पाबंदियां वापस ले ली है। इसके मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है कि आरक्षित टिकटों की बुकिंग के दौरान गंतव्य का पता पूछने के प्रावधानों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। इधर, टिकट काउन्टर पर यात्री को पिनकोड व अन्य जानकारी के लिए गुगल के जरिये या अन्य स्त्रोत से जानकारी लेकर फार्म भरते थे। अब यात्रियों से इससे राहत मिलने लगी है।

Published / 2022-04-17 14:21:42
ईस्टर पर सीएम हेमंत ने दी झारखंडवासियों को शुभकामनाएं

टीम एबीएन, रांची। झारखंड समेत पूरे विश्व में ईस्टर का त्योहार आज पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईस्टर के पावन पर्व की सभी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और बधाई दी। सोरेन ने कहा कि प्रेम, क्षमा और करुणा का यह पर्व आप सभी को सुख, शांति, समृद्धि और स्वस्थ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।

Page 300 of 349

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse