टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में आज झामुमो, कांग्रेस और राजद के मंत्रियों एवं विधायकों की बैठक हुई। मुख्यमंत्री श्री सोरेन की अध्यक्षता वाली यह बैठक राज्य के विकास को लेकर कई मायनों में महत्वपूर्ण थी। बैठक में मंत्री एवं विधायकों ने मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्रवार कम बारिश की वजह से सुखाड़ की स्थिति पर गहन चर्चा एवं विचार-विमर्श किया। सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर जो समस्याएं आ रही हैं, उनका जल्द समाधान किया जाए। इसके अलावा कई और महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सत्ता पक्ष के मंत्रियों एवं विधायकों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर पूर्ण रूप से राज्य सरकार द्वारा सहयोग किए जाने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन आकांक्षाओं की सरकार है। बिना कोई भेदभाव के राज्य के सभी वर्ग-समुदाय के लोगों के लिए मिलजुल कर काम करना है। राज्य में विकास की गति को तेज करने के उद्देश्य से सरकार की हर योजनाओं को गांव-गांव, घर-घर तथा विकास की बाट जो रहे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। बैठक में मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, सत्यानंद भोक्ता, चंपाई सोरेन, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी, बन्ना गुप्ता, बादल, मिथिलेश ठाकुर, हफीजुल हसन अंसारी, सांसद विजय हांसदा, विधायक सीता सोरेन, विधायक लोबिन हेंब्रम, सविता महतो, मथुरा प्रसाद महतो, दिनेश विलियम मरांडी, स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, दीपक बिरुआ, सुदिव्य कुमार सोनू, रामदास सोरेन, संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, निरल पुरती, सुखराम उरांव, दशरथ गागराई, विकास सिंह मुंडा, जिगा सुशरण होरो, भूषण तिर्की, बैद्यनाथ राम, प्रदीप यादव, दीपिका पांडे सिंह, उमाशंकर अकेला, अंबा प्रसाद, जय मंगल, सोनाराम सिंकू, राम चंद्र सिंह समेत झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण हम भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को इतने हर्षोल्लास से नहीं मना पा रहे थे। 2 साल बाद हम एक साथ फिर से एकत्रित हुए हैं। यह परंपरा ऐसे ही आगे बढ़ते रहे। वह आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही-हांडी प्रतियोगिता के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खुशी का दिन है। भगवान श्री कृष्ण हमसब पर अपना आशीर्वाद बनाये रखें। उनकी कृपा से अगले वर्ष भी हम इसी प्रकार एकत्रित होकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाएं। दही-हांडी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के लिए 25 फीट और महिला वर्ग के लिए 20 फीट पर हांडी रखी गई, जिसे फोड़ने के लिए राज्य के विभिन्न स्थानों से टीम आई थी। प्रत्येक टीम को हांडी फोड़ने के लिए 5 मिनट का समय दिया गया।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जन्माष्टमी पर पथ निर्माण विभाग की तीन बड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. 665.69 करोड़ की लागत से राजधानी के सिरोमटोली फ्लाईओवर, ओरमांझी से नामकुम फोरलेन सड़क और अरगोड़ा से कटहल मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण योजना की शुरुआत करेंगे। जन्माष्टमी पर सिरमटोली में दोपहर 1 बजे से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 665.69 करोड़ की तीन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पथ निर्माण विभाग की जिन परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, उसमें सिरोमटोली फ्लाईओवर, ओरमांझी से नामकुम फोरलेन सड़क और अरगोड़ा से कटहल मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण योजना शामिल है। इस कार्यक्रम मेंं ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल को आमंत्रित किया गया है। इसमें कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप को भी आमंत्रित किया गया है, मगर वो कैशकांड में फंसे होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे। वहीं मेयर आशा लकड़ा के दिल्ली में पार्टी के कार्यक्रम में होने की सूचना है, जिस वजह से वो भी शामिल नहीं हो सकेंगी। पथ निर्माण विभाग की तीनों परियोजनाओं पर 665.69 करोड़ खर्च होगा। सिरोमटोली चौक के नजदीक पटेल चौक और राजेंद्र चौक होते हुए मेकॉन गोलंबर तक फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी लंबाई 2.34 किलोमीटर होगी। इस परियोजना पर 339.69 करोड़ खर्च होंगे। इस काम को पूरा करने का जिम्मा एलएंडटी को दिया गया है। वहीं ओरमांझी से नामकुम फोरलेन सड़क, यानी विकास से बूटी मोड़, कोकर चौक और कांटा टोली चौक होते हुए दुर्गा सोरेन चौक नामकुम तक सड़क को फोरलेन करने की योजना है। इसकी लंबाई 15.21 किलोमीटर है, जिसपर 129 करोड़ की लागत आएगी। यह फोरलेन सड़क बनाई जाएगी और अरगोड़ा से कटहल मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण योजना पर 197 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक की सड़क को चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाना है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है। ये हलचल खदान लीज मामले में चुनाव आयोग के द्वारा अगले कुछ दिनों फैसला लेने को लेकर है। चुनाव आयोग में खदान लीज मामले को लेकर सुनवाई पूरी हो चुकी है। ऐसे में फैसला को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सत्ताधारी दल ने भी संभावित फैसले को लेकर भविष्य की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को रांची में जमे रहने को कहा है। वहीं झामुमो और राजद के विधायक भी रांची पहुंचने लगे हैं। 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास पर सत्ताधारी दल की बैठक बुलायी गई है। UPA की इस बैठक में जेएमएम, कांग्रेस और राजद के विधायक शामिल होंगे। इधर, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा है कि रांची में रहने का निर्देश अफवाह है। इस वक्त देश भर में कांग्रेस का महंगाई पर चर्चा कार्यक्रम चल रहा है। झारखंड में भी कांग्रेस के विधायकों को इस बावत अपने – अपने विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया है। यही वजह है कि लगभग सभी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में है। इधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के मुताबिक राज्य की भ्रष्ट सरकार की विदाई नजदीक है। उन्हें इस बात का भरोसा है कि चुनाव आयोग के द्वारा खदान लीज मामले में मुख्यमंत्री की सदस्यता रद्द कर दी जायेगी। सदस्यता रद्द होने के साथ सरकार के अंदर का असंतोष और बढ़ जायेगा। हेमंत सोरेन के लिये बहुमत का आंकड़ा 41 जुटा पाना संभव नहीं होगा। यही वजह है कि इस वक्त सत्ताधारी दल बेचैन है।
टीम एबीएन, रांची। रांची जेल में बंद झारखंड की चर्चित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा पर 90 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। अभिषेक झा चर्चित पल्स अस्पताल के डायरेक्टर हैं, उनके खिलाफ कोर्ट कंप्लेन के माध्यम से रांची के बरियातू थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पेशे से इंटीरियर डिजाइनर अभिनदंन सिंह ने कोर्ट कम्प्लेन दर्ज कराई था, जिसके आधार पर बरियातू थाने में अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में अभिनंदन सिंह ने बताया है कि अभिषेक झा ने उन्हें पल्स अस्पताल में इंटीरियर और फॉल सीलिंग के लिए एक करोड़ 9 लाख रुपये का काम दिया था। इसके लिए बाकायदा एग्रीमेंट भी किया गया। एग्रीमेंट के अनुसार अभिषेक झा ने शिकायतकर्ता को एडवांस के रूप में एक लाख रुपये दिए थे। इसके अलावा 5 चेक के माध्यम से 18 लाख रुपये दिए। काम शुरू होने के बाद अभिषेक झा ने इंटीरियर डिजाइनर को कहा था कि उनके अस्पताल का उद्घाटन फरवरी 2020 में होना है, इसलिए वह सारी रकम दो-तीन महीने के बाद क्लीयर करेंगे। अभिनंदन ने बताया कि भरोसा मिलने पर वर्क आर्डर के अलावा अलग से भी अभिषेक झा ने कई काम करवाए लेकिन जब पैसे की मांग की गई तो वे आनाकानी करते रहे। पैसे की मांग को लेकर वे कई बार पल्स अस्पताल भी गए लेकिन बकाया 90 लाख का भुगतान नहीं किया गया। अभिनंदन के अनुसार उन्होंने रजिस्ट्री पोस्ट के जरिये पत्र भेजकर 7 दिनों के अंदर पैसे देने की मांग की थी लेकिन उन्हें पैसे का भुगतान नहीं किया गया। इसी वजह से उन्होंने कोर्ट के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज करवाई है। रांची का पल्स अस्पताल हमेशा से विवादों में रहा है। हाल में ही जब आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, उस दौरान ईडी की टीम ने पल्स अस्पताल में भी छापेमारी की थी। कई तरह के विवाद सामने आने के बावजूद अस्पताल का बाकी निर्माण वर्तमान समय में भी जारी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कॉरपोरेट मामलों के सचिव राजेश वर्मा को बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सचिव नियुक्त किया गया। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गई। वर्मा ओडिशा कैडर के 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने राष्ट्रपति के सचिव के रूप में वर्मा की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में चल रहे विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बैठक की। इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉफ्रेसिंग के जरिए जुड़े। प्रोजेक्ट भवन में हुई इस बैठक में कृषि सचिव अबु बकर सिद्यिकी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद थे। योजना विभाग की इस बैठक में कार्मिक, स्कूली शिक्षा, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि सहित विभिन्न विभागों के कामकाज और योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सुखाड़ को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने योजनाओं को जमीन पर उतारने में आ रही किसी भी तरह की परेशानी के बारे में जानने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने समन्वय बनाकर विभागीय स्तर पर आ रही परेशानी को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित योजनाओं को पूरा करने में तेजी लाने के निर्देश भी दिया गया। सुखाड़ को लेकर आपदा प्रबंधन की बैठक भी होनी थी जो नहीं हो सकी। हालांकि योजना विभाग की समीक्षा बैठक में इसपर चर्चा जरूर हुई। बाद में आपदा सचिव अमिताभ कौशल और कृषि सचिव अबु बकर सिद्दीकी मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से मुलाकात कर इस पर चर्चा की। माना जा रहा है कि कुछ जिलों से रिपोर्ट नहीं आने की वजह से बैठक टालना पड़ा है। एक दो दिनों में जिलों से रिपोर्ट आने के बाद आपदा प्राधिकरण की बैठक होगी। कृषि सचिव अबु बकर सिद्यिकी ने कहा है कि जल्द ही केंद्र को रिपोर्ट भेजी जायेगी। मालूम हो कि झारखंड को इस बार मॉनसून की दगाबाजी झेलने को मिली है। राज्य के जिलों में इस बार औसत से 40% कम बारिश हुई है। इसका परिणाम यह हुआ कि राज्य के अधिकांश जिले सूखे की चपेट में है। जानकारी के अनुसार राज्य में 18 लाख हेक्टेयर भूमि पर हर साल धान की खेती होती थी। लेकिन इस बार 5 लाख हेक्टेयर से भी कम भूमि पर धान की खेती हो पाई है जो अनुमान से लगभग 30% ही है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने राज्य वासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण हम भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को इतने हर्षोल्लास से नहीं मना पा रहे थे। आज 2 साल बाद हम एक साथ फिर से एकत्रित हुए हैं। यह परंपरा ऐसे ही आगे बढ़ते रहे। वह आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही-हांडी प्रतियोगिता के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खुशी का दिन है। भगवान श्री कृष्ण हमसब पर अपना आशीर्वाद बनाये रखें। उनकी कृपा से अगले वर्ष भी हम इसी प्रकार एकत्रित होकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनायें। दही-हांडी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के लिए 25 फीट और महिला वर्ग के लिए 20 फीट पर हांडी रखी गई, जिसे फोड़ने हेतु राज्य के विभिन्न स्थानों से टीम आयी थी। प्रत्येक टीम को हांडी फोड़ने के लिए पांच मिनट का समय दिया गया। मौके पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक बेरमो कुमार जयमंगल सिंह, समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse