टीम एबीएन, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल, सीबीएसई और आईसीएसई में पढ़ रहे 10वीं और 12वीं कक्षा में स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, इस साल टॉप करने वाले स्टूडेंट्स को लैपटॉप, स्मार्ट फोन और 3 लाख का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 10वीं और 12वीं के टॉप थ्री में आने वाले स्टूडेंट्स को दिया जाएगा। इस बारे में प्रस्ताव तैयार करके मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के लिए भेजा जायेगा। इसके बाद इसे कैबिनेट की मंजूरी ले जायेगी। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग इस प्रस्ताव की तैयारी कर रहा है। वहीं जैक से शिक्षा विभाग ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के तीनों संकायों के टॉप थ्री में आने वाले स्टूडेंट्स की लिस्ट मंगा ली है। इसके साथ ही सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से भी ऐसे स्टूडेंट्स की लिस्ट मांगी गई हैं जिन्होंने झारखंड में टॉप थ्री में जगह बनाई है। रिपोर्ट्स की माने तो झारखंड सरकार, राज्य के स्थापना दिवस के दिन टॉपर्स को सम्मानित किया जा सकता है। अगर लिस्ट तैयार होने में देर होती है तो अलग से तारीख तय की जायेगी। उम्मीद है कि प्रति छात्र 50 से 60 हजार का लैपटॉप व 15 से 20 हजार का स्मार्ट फोन दिया जा सकता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि सेवानिवृत्ति कोष निकाय ईपीएफओ का दायरा मौजूदा 6.5 करोड़ सदस्यों से बढ़ाकर 10 करोड़ सदस्यों तक किया जायेगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 70वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक समारोह में यादव ने कहा, ईपीएफओ की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे का विस्तार किया जायेगा। इसे 6.5 करोड़ सदस्यों से बढ़ाकर 10 करोड़ किया जाएगा। उन्होंने ईपीएफओ के विजन 2047 दस्तावेज का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि ईपीएफओ की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अपने मुकदमों को कम करना और प्रसार को बढ़ाना है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को काबू करने के तमाम जतन फेल हो गए हैं। हालात बेकाबू हो चले हैं। ग्रैप के तीसरे चरण की पाबंदियां बेमानी साबित हुई हैं लिहाजा दिल्ली में इसका चौथा चरण लागू कर दिया गया है। घुटन भरे माहौल के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिये गये हैं। दिल्ली में सांसों का संकट गहराता जा रहा है। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी से दिल्ली-एनसीआर का दम घुटने लगा है। हालात की गंभीरता देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के चौथे चरण को लागू कर दिया गया है। इसके तहत दिल्ली और आसपास के जिलों में बीएस-6 को छोड़कर अन्य डीजल वाहनों पर रोक लगाई गई है। वहीं, गौतमबुद्धनगर में पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूल 8 नवंबर तक बंद कर दिए गए हैं। स्कूल चाहें तो इन बच्चों की आॅनलाइन क्लास ले सकते हैं। सांसों पर गहरा रहे संकट के बीच दिल्ली बृहस्पतिवार को चरखी दादरी के बाद देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में 450 व चरखी दादरी का 460 रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले एक नवंबर को पहली बार दिल्ली-एनसीआर की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंची थी। तब दिल्ली 424 एक्यूआई के साथ देशभर में सबसे प्रदूषित शहर रहा था। पराली के दमघोंटू धुएं से लोगों ने आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ महसूस की। वायु मानक एजेंसियों का पूवार्नुमान है कि पांच नवंबर तक हवा की सेहत सुधरने की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ बनने और हवा की रफ्तार बढ़ने से राहत की उम्मीद है। दिल्ली में पाबंदियां : दिल्ली में इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को छोड़कर ट्रकों के प्रवेश पर रोक, हाईवे, फ्लाईओवर, पावर ट्रांसमिशन, ओवरब्रिज और पाइपलाइन के निर्माण बंद, जरूरी सामान के निर्माण करने के अलावा सभी उद्योग बंद पर, जरूरी वस्तुएं ढोने वाले वाहनों को पाबंदी से छूट। नोएडा में पाबंदियां : ग्रैप की पाबंदियों के अलावा हॉट मिक्स प्लांट, आरएमसी प्लांट और स्टोन क्रशर का संचालन पूरी तरह बंद, 500 मीटर से बड़ी साइटों को डस्ट एप पर पंजीकृत कराने का निर्देश, 5,000 वर्गमीटर से बड़े निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन अनिवार्य।
टीम एबीएन, पलामू/ रांची। पलामू में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का जिलास्तरीय आयोजन पुलिस लाइन स्टेडियम में 4 नवंबर को होगा। इस कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन भाग लेंगे। आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित पलामू जिला आगमन तथा मेगा परिसंपत्ति वितरण एवं योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन को लेकर पुलिस लाइन स्टेडियम में व्यापक तैयारी की गयी है। कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही जिला स्तर के आंकड़ों एवं आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के अद्यतन प्रगति से संबंधित एक बुकलेट का भी लोकार्पण किया जाएगा। मेगा परिसंपत्ति वितरण के तहत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों को आॅन-स्पॉट दिया जाएगा। साथ ही उनके बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया जायेगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर 3 नवंबर की शाम आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस लाइन स्टेडियम में उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त मेघा भारद्वाज, प्रशिक्षु आईएएस विस्पुते श्रीकांत यशवंत, अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह,आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, नजारात उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन स्टेडियम का निरीक्षण कर अबतक किए गए तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही शीघ्र तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया। उपायुक्त पलामू आंजनेयुलू दोड्डे ने सभी पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को भी निर्देशित किया कि वे प्रतिनियुक्ति स्थानों पर पूरी तन्मयता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें और जारी संयुक्त आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चिन्हित लाभुक, जिन्हें योजनाओं का आॅन -स्पॉट लाभ दिया जायेगा, उन लाभुकों को मुख्य मंच तक व्यवस्थित तरीके से लायें और उन्हें पुन: निर्धारित स्थल पर बैठाना सुनिश्चित करायें। सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान अलर्ट मोड में रहें। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम स्थल के लिए तीन द्वार है। एक पब्लिक/जेनरल गेट है। दूसरा वीआईपी व मीडिया एवं तीसरा वीवीआईपी गेट है। वीआईपी गेट पर बिना पास किसी का प्रवेश नहीं हो। गेट पर अवांक्षित स्थिति उत्पन्न नहीं होने दें। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात किए गए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस कर्मियों को दिशा-निर्देश दिया। वीआईपी, प्रेस, लाभुक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य जनसामान्य व्यक्तियों के प्रवेश सहित अन्य जानकारी दी। साथ ही मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस कर्मियों को जानकारी दी गई कि आमंत्रण पत्र ही वीआईपी का पास के रूप में मान्य है। साथ ही प्रेस/ मीडिया के बंधुओं को अलग से पास निर्गत किया गया है, जिनका प्रवेश आयुक्त कार्यालय के सामने वाले पुलिस लाइन स्टेडियम के वीआईपी द्वार से होना है। कार्ड एवं पास देखकर ही वीआईपी द्वार से प्रवेश दिलाया जाए। ड्यूटी पर तैनात सभी व्यक्तियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपना कर्तव्य निर्वहन का निर्देश दिया गया। उन्हें यह भी कहा गया कि आमजनों को किसी तरह की कोई असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी के साथ संवेदनशीलता की भावना रखें और समय के साथ पूरी अनुशासन में रहते हुए ड्यूटी करें। उप विकास आयुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि अधिकारी एवं जवान सक्रियता से भीड़ नियंत्रित करें। किसी लाभुक एवं जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोगों के आगमन पर सभी जगह शांतिपूर्ण तरीके से बैठना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को किसी तरह कोई कठिनाई नहीं हो। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय कर्तव्य निर्वहन की बातें कही। नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त वरीय एवं कनीय अधिकारियों को समन्वय स्थापित करते हुए बेहतर तरीके से कर्तव्य निर्वहन की स्पष्ट जानकारी दी। विभिन्न माध्यमों से होगा प्रसारण : आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का लाइव प्रसारण Jhargov.tv पर किया जायेगा। इसके साथ ही @DC_Palamu के फेसबुक एवं यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। साथ ही जिले के अन्य संबंधित पंचायतों में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया जैसे- व्हाट्सएप, यूट्यूब, फेसबुक आदि माध्यमों से प्रसारण किया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूर्वाह्न 11 बजे विज्ञान भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में मोदी प्रधानमंत्री सीवीसी के नये शिकायत प्रबंधन प्रणाली पोर्टल का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के मुताबिक पोटर्ल की परिकल्पना नागरिकों को उनकी शिकायतों की स्थिति के बारे में नियमित अपडेट के माध्यम से शुरू से अंत तक जानकारी प्रदान करने के लिए की गयी है। बयान के अनुसार प्रधानमंत्री नैतिकता और अच्छे व्यवहार पर सचित्र पुस्तिकाओं की एक श्रृंखला का लोकार्पण करेंगे जो निवारक सतर्कता के बारे में श्रेष्ठ प्रथाओं का संकलन है। वह इस अवसर पर सार्वजनिक खरीदारी पर विजय-वाणी का विशेष अंक भी जारी करेंगे। केंद्रीय सतर्कता आयोग हर साल सतर्कता जागरुकता सप्ताह आयोजित करता है। इस वर्ष, यह 31 अक्टूबर से छह नवंबर तक एक विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत विषय के साथ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री इस विषय पर सीवीसी द्वारा आयोजित एक राष्ट्रव्यापी निबंध प्रतियोगिता के दौरान सर्वश्रेष्ठ निबंध लिखने वाले पांच छात्रों को भी पुरस्कार देंगे।
एबीएन बिजनेस डेस्क। वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी छमाही या रबी सत्र में किसानों को फॉस्फेटिक और पोटाश (पीएंडके) उर्वरकों के लिए 51,875 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। सरकार ने बुधवार को इस संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने 2022-23 रबी सत्र में पीएंडके उर्वरकों के लिए पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) दरों को मंजूरी दी। सीसीईए ने नाइट्रोजन (एन) के लिए 98.02 रुपये प्रति किलोग्राम, फास्फोरस (पी) के लिए 66.93 रुपये प्रति किलोग्राम, पोटाश (के) के लिए 23.65 रुपये प्रति किलोग्राम और सल्फर (एस) के लिए 6.12 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी को मंजूरी दी है। बयान में कहा गया, एनबीएस रबी-2022 (एक अक्टूबर 2022 से 31 मार्च 2023 तक) में मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित सब्सिडी 51,875 करोड़ रुपये होगी, जिसमें माल ढुलाई सब्सिडी के जरिये स्वदेशी उर्वरक (एसएसपी) के लिए समर्थन शामिल है। बयान में आगे कहा गया, उर्वरक और कच्चे माल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव को मोटेतौर पर केंद्र सरकार द्वारा वहन किया गया है। सरकार ने अप्रैल से शुरू हुए वित्त वर्ष के पहले छह महीनों (खरीफ सत्र) में पीएंडके उर्वरकों के लिए 60,939.23 करोड़ रुपये की सब्सिडी को मंजूरी दी थी। एनबीएस योजना अप्रैल, 2010 से लागू है। योजना के तहत सरकार वार्षिक आधार पर नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश और सल्फर जैसे पोषक तत्वों पर सब्सिडी की एक निश्चित दर तय करती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। निर्वाचन आयोग ने गुरुवार 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। संभावना है कि निर्वाचन आयोग आज गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। 2017 में अपनाई गई परंपरा का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग ने इस महीने की शुरुआत में हिमाचल प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों की तारीखों के साथ गुजरात के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं की थी। हिमाचल में 12 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 8 दिसंबर को की जाएगी। आयोग ने हिमाचल प्रदेश के लिए मतगणना की तारीख को मतदान के करीब एक महीने बाद रखते हुए स्पष्ट संकेत दिया था कि गुजरात चुनाव के वोटों की गिनती भी 8 दिसंबर को होगी। 2017 में दोनों राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर चुनाव की घोषणा की गई थी, लेकिन मतगणना 18 दिसंबर को एक साथ हुई थी। दरअसल, गुजरात में बाढ़ के चलते निर्वाचन आयोग को राज्य में हिमाचल चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद मतदान कराना पड़ा था। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में साल 1998, 2007 और 2012 में एक साथ चुनाव हुए थे। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी 2023 को खत्म हो रहा है।
टीम एबीएन, रांची। अरगोड़ा की रहने वाली अन्तर्राष्ट्रीय योग खिलाड़ी सुश्री अर्चना कुमारी को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डाक्टरेट की उपाधि से देव संस्कृति विश्वविद्यालय (गायत्री कुंज, शांतिकुंज, हरिद्वार, उत्तराखंड) के दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया। दीक्षांत समारोह विश्वद्यिलय के कैम्पस में दिनांक-1 नवंबर 2022 को आयोजित किया गया था। समारोह में कुलाधिपति डॉ प्रणव पाण्ड्या, डॉ शैलबाला पाण्ड्या (अध्यक्ष अखिल विश्व गायत्री परिवार) मौजूद थे। डॉ अर्चना कुमारी ने योग विषय में ऐ स्टडी ऑफ द इफेक्ट ऑफ द यौगिक इंटरवेंशन ऑन इमोशनल इंटेलिजेंसी अमंग कॉलेज गोइंग स्टूडेंट्स नामक शीर्षक पर अपना शोध प्रस्तुत किया। डॉ अर्चना ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय (गायत्री कुंज, शांतिकुंज, हरिद्वार, उत्तराखंड) के डॉ कामता प्रसाद साहू एसोसिएट प्रोफेसर के निदेशन में अपना शोध कार्य पूरा किया। उनके शोध कार्य पूरा होने पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ प्रणव पाण्ड्या ने डॉ अर्चना को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डॉ अर्चना फिलहाल झारखण्ड सरकार के आयुष विभाग में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत है। इसके अलावा वह योग के क्षेत्र में कई राष्ट्रीय और अन्तराष्ट्रीय पदक विजेता रह चुकी है। योग के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के कारण उन्हें झारखण्ड गवर्नर, मुख्यमंत्री, सांसद आदि के द्वारा कई बार सम्मानित किया जा चुका है। उनके द्वारा लिखित योग पर आधारित दो पुस्तकें - योग- एक दृष्टि में (2019 में) तथा अभ्यासम् - प्रारंभिक योग अभ्यास क्रम (2021 में) प्रकाशित हो चुकी है। डॉ अर्चना कुमारी, (योग विशेषज्ञा) 1. शैक्षणिक योग्यता :- (योग विषय में) पीएचडी- योग विज्ञान (देव संस्कृति विश्वविद्यालय ( गायत्री कुंज, शांतिकुंज, हरिद्वार, उत्तराखंड ) एमफिल - योग विज्ञान (बरकतुल्लाह विश्व विद्यालय, भोपाल) पीजी- योग विज्ञान (देव संस्कृति विश्वविद्यालय (गायत्री कुंज, शांतिकुंज, हरिद्वार, उत्तराखंड) 2. उपलब्धियां:- (अन्तर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय) प्रथम स्थान : पहली वर्ल्ड यूथ कप योगा चैंपियनशिप 2011 काठमाण्डू (नेपाल) प्रथम स्थान दूसरी एशिया कप योगा चैंपियनशिप 2011 हांगकांग द्वितीय स्थान : पहली एशिया कप योगा चैंपियनशिप 2010 बैंकॉक (थाईलैंड) द्वितीय स्थान : नेशनल योगा चैंपियनशिप 2010 बेलूर (कोलकत्ता) प्रथम स्थान : झारखंड स्टेट योगा चैंपियनशिप 2009 रांची झारखण्ड। 30 से अधिक अलग-अलग प्रकार के अन्तर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय योगा चैंपियनशिप में भागीदारी और पद विजेता। 3. सम्मान :- अक्टूबर 2010, झारखण्ड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुण्डा द्वारा सम्मानित। जून 2011, विधायक सी.पी. सिंह द्वारा सम्मानित। अप्रैल 2013, झारखण्ड के राज्यपाल, डॉ सैय्यद अहमद द्वारा सम्मानित। जून 2015, झारखण्ड मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा सम्मानित। मई 2016, झारखण्ड विधानसभा स्पीकर दिनेश उरांव द्वारा सम्मनित । मई 2018, झारखण्ड के राज्यपाल, द्रौपदी मुर्मू के द्वारा सम्मानित। जून 2018, झारखण्ड मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा सम्मानित। 4. कार्य अनुभव :- झारखण्ड के सरकारी संस्थानों - शिक्षा विभाग, गृह विभाग (झारखण्ड जगुआर एवं झारखण्ड सशस्त्र बल-10 महिला बटालियन), खेल विभाग (साझा) आदि में योग प्रशिक्षण देने का कार्यानुभव। वर्त्तमान में राज्य योग केन्द्र, आयुष निदेशालय, स्वास्थ्य विभाग में योग चिकित्सक-सह-योग प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत। 5. शोध कार्य :- 20 से अधिक अलग-अलग प्रकार के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय योग सेमिनार में भागीदारी। 12 से अधिक शोध पत्र, राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय योग पत्रिका में प्रकाशित। योग पर आधारित पुस्तक योग- एक दृष्टि में (2019 में) तथा अभ्यासम् - प्रारंभिक योग अभ्यास क्रम (2021 में) प्रकाशित।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse