राज काज

View All
Published / 2022-11-24 20:39:34
दिल्ली : ट्रेड फेयर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन

झारखंड राज्य दिवस समारोह का किया उद्घाटन

 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 41वें ट्रेड फेयर में पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड राज्य दिवस समारोह का उद्घाटन किया। प्रगति मैदान के ट्रेड फेयर में पहले से ही उद्योग विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झारखंड गैलरी में झारखंड के उत्पादों के साथ प्रदर्शनी लगाई गई है। 
सीएम हेमंत सोरेन ने दिल्ली के प्रगति मैदान व्यापार मेला में झारखंड राज्य दिवस समारोह का उद्घाटन किया। यह समारोह प्रगति मैदान स्थित एम्फी थिएटर में आयोजित हुआ। ट्रेड फेयर में ना सिर्फ झारखंड के रेशमी परिधान लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं, बल्कि राज्य सरकार द्वारा राज्य में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार सृजन के लिए किये जा रहे कार्यों की झांकी लोगों को आकर्षित कर रही है। 
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन प्रगति मैदान में इसका जायजा लेंगे। मेले में कृषि, पशुपालन विभाग द्वारा जैविक कृषि का स्टाल, वन विभाग का स्टाल, जेरेडा का स्टाल, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के स्टाल में प्रदर्शित विभिन्न शिल्पकारों के हस्तनिर्मित लकड़ी, बांस से निर्मित नेम प्लेट, पेन स्टैंड, टी कोस्टर, सर्विस प्लेट, मूर्ति आदि से संबंधित स्टॉल लगाये गये हैं। 
इसके अलावा झारखंड जैविक कृषि प्राधिकार ने स्टाल के माध्यम से जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी की है। मेला में आनेवालों को जैविक कृषि से सम्बंधित बुकलेट, फिल्म के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। झारखंड जैविक कृषि प्राधिकार के डॉ एम शिवा ने कहा कि वर्तमान में करीब 97000 कृषक ओफाज से जुड़े है और 1 लाख हेक्टेयर भूमि से अधिक जैविक खेती के अंतर्गत है। 
आने वाले दिनों में 20 लाख हेक्टेयर भूमि में जैविक खेती किया जाना प्रस्तावित है। इसके द्वारा लोगों को विषमुक्त और सुरक्षित खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य है। इन्हीं उद्देश्य के साथ झारखंड राज्य में जैविक खेती का कार्य किया जा रहा है। गौरतलब है कि 27 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में झारखंड पार्टनर स्टेट के तौर पर शामिल है। मेले में झारखंड के स्थानीय बुनकरों, ट्राइबल शिल्पकारों द्वारा प्रदर्शित पारम्परिक आदिवासी जैकेट, शर्ट्स, टॉवल, गमछा, टोपी आदि दर्शकों के द्वारा बहुत पसंद किया जा रहा है।

Published / 2022-11-24 18:47:32
रांची : राज्यपाल ने किया तीन दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन

टीम एबीएन, रांची। राजधानी के मोरहाबादी मैदान में तीन दिवसीय एक्सपो कार्यक्रम की शुरुआत हुई। राज्यपाल रमेश बैस ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस एक्सपो कार्यक्रम में 3 दिनों तक कई तरह के स्टॉल लगाये जायेंगे। उद्घाटन के मौके पर झारखंड चेंबर के अध्यक्ष सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।  
राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में जूनियर चैंबर इंटरनेशनल रांची की तरफ से एक्सपो मेला का आयोजन किया गया जिसमें देश के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। जूनियर चैंबर इंटरनेशनल रांची के संचालक सिद्धार्थ चौधरी बताते हैं कि इसमें कुल 300 स्टाल लगाये गये हैं और करीब 8 से 10 हैंगर बनाये गये हैं।  
एक्सपो मेला में लगाये गये सभी स्टालों में सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि राज्य के बाहर के व्यापारी आकर अपने प्रोडक्ट का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मेले में महिला व्यापारी एवं नये व्यापारियों के लिए स्टार्टअप की भी व्यवस्था की गई है।

Published / 2022-11-24 18:05:51
बढ़ेगी ताकत... नौसेना को मिला मोरमुगाओ युद्धपोत

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अत्याधुनिक मिसाइल और अन्य हथियारों से लैस मोरमुगाओ युद्धपोत आज नौसेना को मिल गया जिससे उसकी मारक क्षमता कई गुना बढ गयी है। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) ने नौसेना को परियोजना 15 बी श्रेणी का दूसरा पोत विध्वंसक यानी यार्ड 12705 (मोरमुगाओ) गुरूवार को सुपुर्द किया। 
स्वदेशी इस्पात से बनाया गया यह पोत नौसेना के सबसे बड़े विध्वंसकों में एक है जिसकी लंबाई 164 मीटर और वजन 75000 टन से अधिक है। यह पोत समुद्री युद्ध के पूर्ण स्पेक्ट्रम में फैले विभिन्न प्रकार के कार्यों और मिशनों को पूरा करने में सक्षम है। इसे सतह से सतह पर मार करने वाली सुपरसोनिक ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल और लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली ‘बराक-8’ मिसाइलों से लैस किया गया है। पानी के अंदर युद्ध करने के लिए इसमें स्वदेशी पनडुब्बी रोधी हथियार और सेंसर, हेवी वेट टॉरपीडो ट्यूब लॉन्चर और रॉकेट लॉन्चर लगाया गया है।  
नौसेना के अन्य विध्वंसक और पोतों की तुलना में यह अधिक बहुमुखी है तथा दुश्मन पनडुब्बियों, युद्धपोतों, युद्धपोत रोधी मिसाइलों और लड़ाकू विमानों के विरुद्ध मोरमुगाओ की क्षमता इसे सहायक जहाजों के बिना संचालित करने में और नौसेना टास्क फोर्स के फ्लैगशिप के रूप में कार्य करने में सक्षम बनाती है। इस युद्धपोत पर 312 नाविकों तथा अधिकारियों को तैनात किया जा सकता है। यह एक बार में 4000 समुद्री मील की दूरी तय करने की क्षमता रखता है और 42 दिन तक संचालन कर सकता है। दो हेलिकॉप्टरों से लैस होने से पोत की क्षमता बढ जाती है।  
यह 30 समुद्री मील यानी करीब 55 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से चलने में सक्षम है। इस श्रेणी के युद्धपोतों में 72 प्रतिशत साजो सामान स्वदेशी है। इस श्रेणी का पहला युद्धपोत विशाखापत्तनम पिछले वर्ष 21 नवंबर को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया था। तीसरा जहाज (इम्फाल) 20 अप्रैल 2019 को लॉन्च किया गया था और चौथे जहाज (सूरत) को 17 मई 2022 को लॉन्च किया गया था।

Published / 2022-11-24 15:35:50
सीएम ने दी स्वीकृति... अब सीओ एवं अन्य के विरूद्ध होगी एसीबी जांच

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, धनबाद आई.आर. संख्या-40/2017 (दुमका), दिनांक- 30.11.2017 श्रीमती हेमा प्रसाद, तत्कालीन अंचलाधिकारी एवं अन्य के विरूद्ध जामताड़ा जिला के मिहिजाम थाना अन्तर्गत बुटकेरिया मौजा में अवैध रूप से जमीन की खरीद बिक्री किये जाने से संबंधित मिहिजाम थाना काण्ड संख्या-47 / 2016, दिनांक-17.06.2016, जो वर्त्तमान में अनुसंधान अन्तर्गत है, को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन दिया है।

फरार रहने की स्थिति में कुर्की जब्ती का निर्देश

मामले में श्रीमती हेमा प्रसाद, तत्कालीन अंचलाधिकारी जामताड़ा, इस्माईल टुडू तत्कालीन अंचल निरीक्षक तथा अन्य के विरुद्ध पीई दर्ज करने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। प्रतिवेदन के अनुसार, इस संबंध में जामताड़ा थाना में आईपीसी की धारा 420/ 406/ 409/ 468/ 471 एवं 120- बी के तहत काण्ड संख्या- 47/16 दर्ज किया गया है। प्रतिवेदन से यह स्पष्ट होता है कि इस काण्ड में सभी नौ प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध मामला सत्य पाते हुये अविलम्ब गिरफ्तार करने तथा फरार रहने की स्थिति में कुर्की जब्ती की कार्रवाई करने एवं उचित माध्यम से अभियोजन स्वीकृति प्राप्त करने हेतु प्रतिवेदन समर्पित करने तथा पर्यवेक्षण में लंबित अन्य निर्देशो का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।

Published / 2022-11-24 14:37:08
यूपीएससी की लगी मुहर : अब राज्य वन सेवा के आठ पदाधिकारी होंगे भारतीय वन सेवा में प्रोन्नत

टीम एबीएन, रांची। झारखंड राज्य वन सेवा के आठ पदाधिकारियों को भारतीय वन सेवा के लिये यूपीएससी ने मुहर लगा दी है। दिल्ली में यूपीएससी की बैठक में राज्य वन सेवा के सुनील कुमार, एसपी सिंह, ओमप्रकाश, शशि कुमार, अरविंद कुमार गुप्ता, शिव कुमार प्रसाद, अजय कुमार और तारकनाथ के नामों पर मुहर लगाकर भारतीय वन सेवा में प्रोन्नत करने की सिफारिश कर दी है। बैठक में यूपीएससी के दो सदस्यों सहित राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन एल ख्यांगते व प्रधान वन्य संरक्षक संजय श्रीवास्तव उपस्थित थे।

Published / 2022-11-24 14:33:42
झारखंड : 28 के बदले अब एक दिसंबर को होगी मंत्रिपरिषद् की बैठक

टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि सोमवार दिनांक 28 नवम्बर अपराह्न 4 बजे से होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक अब गुरुवार, दिनांक 1 दिसम्बर 2022 को अपराह्न 4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।

Published / 2022-11-24 09:56:22
खसरे के टीके से चूके 4 करोड़ मासूम, भारत सरकार की पहल पर स्वास्थ्य टीमें तैनात

एबीएन हेल्थ डेस्क। भारत में बच्चों में तेजी से खसरे की बीमारी फैल रही है। रांची, अहमदाबाद और मलप्पुरम में बच्चों में खसरे के मामलों में वृद्धि देखी गई है। वहीं इस बीमारी से कई बच्चों की मौत भी हो चुकी है। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संयुक्त राज्य रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) द्वारा संयुक्त प्रकाशन रिपोर्ट में सामने आया है कि कोरोना  की शुरुआत के बाद से खसरा टीकाकरण कवरेज में लगातार गिरावट आई है। 2021 में, दुनियाभर में लगभग 4 करोड़ बच्चे खसरे के टीके की खुराक से चूक गए। 2.5 करोड़ बच्चों ने अपनी पहली खुराक ही नहीं ली जबकि 1.47 करोड़ बच्चे अपनी दूसरी खुराक से चूक गये।

डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में, दुनिया भर में खसरे के अनुमानित 90 लाख मामले सामने आये हैं और 1,28,000 मौतें हुईं। 22 देशों ने भयंकर प्रकोप का सामना किया है। टीके के कवरेज में कमी, खसरे की निगरानी में कमी, और कोरोना के साथ-साथ 2022 में लगातार बड़े प्रकोपों के कारण टीकाकरण में रुकावट और देरी का मतलब है कि दुनिया के हर क्षेत्र में खसरा एक खतरा है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने कहा कोरोना महामारी के दौरान खसरा के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम बुरी तरह से बाधित हो गए थे। लाखों बच्चे खसरे की तरह घातक बीमारियों के खिलाफ टीकाकरण से चूक गए थे। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रमों को वापस पटरी पर लाना होगा तभी इस बीमारी पर फिर से काबू पाया जा सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि खसरे के मामलों में वृद्धि का जायजा लेने के लिए झारखंड के रांची, गुजरात के अहमदाबाद और केरल के मलप्पुरम में अलग-अलग उच्च-स्तरीय बहु विशेषज्ञों को तैनात करने का निर्णय लिया है। ये दल सार्वजनिक स्वास्थ्य उपाय करने में राज्य स्वास्थ्य प्रशासन की सहायता करेंगी और अपेक्षित नियंत्रण और नियंत्रण उपायों के संचालन में सहयोग करेंगे।

मंत्रालय ने बताया कि रांची जाने वाले केंद्रीय दल में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी), नई दिल्ली और राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएलएच), नई दिल्ली और कलावती सरन बाल अस्पताल, नई दिल्ली और क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय के विशेषज्ञ शामिल हैं। अहमदाबाद के विशेषज्ञ अहमदाबाद जाने वाली केंद्रीय टीम में शामिल होंगे और मलप्पुरम की टीम में तिरुवनंतपुरम के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च पांडिचेरी और लेडी हाडिर्ंग मेडिकल कॉलेज नई दिल्ली के विशेषज्ञों को भी केंद्रीय दल का सदस्य बनाया गया है। तीनों राज्यों के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक अपनी यात्राओं के संबंध में संबंधित टीमों के साथ समन्वय करेंगे। तीनों केंद्रीय दल तीनों शहरों में जमीनी स्तर का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।

Published / 2022-11-23 23:10:32
उद्योग विभाग के कार्यक्रम में भाग लेने सीएम गये दिल्ली

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 23 तारीख को देर शाम दिल्ली रवाना हो गये। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में उद्योग विभाग के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। दिल्ली में पहले से ही उद्योग विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झारखंड गैलरी में झारखंड के उत्पादों के साथ प्रदर्शनी लगाई गई है।

मुख्यमंत्री ने दोपहर तक विधानसभा में आयोजित सेमिनार में हिस्सा लिया। उसके बाद झारखंड ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में हिस्सा लिया और उसके बाद दिल्ली रवाना हो गये। दिल्ली जाने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वह दिल्ली गए हैं।

Page 234 of 349

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse